Thursday, January 2, 2020


विश्व बंधुत्व की भावना को आगे बढ़ाने में सोशल मीडिया की भूमिका
होशियार सिंह, कनीना।

 एक वक्त था जब दादा-दादी अपने बच्चों को कहानियां सुनाते थे। उस वक्त रेडियो, टीवी एवं मोबाइल आदि नहीं थे। दादा दादी ही उनके लिए मोबाइल रेडियों एवं टीवी का काम करते थे। तत्पश्चात विज्ञान की तकनीकी के चलते रेडियो, टीवी, समाचारपत्रों का बोलबाला हुआ।  जिनकी सहायता से विभिन्न प्रकार की समस्याएं एवं सुझाव, समाज की भावनाएं एवं विचार आगे बढऩे लगे। तत्पश्चात दादा दादी की अहमियत कुछ कम हो गई। उसके बाद तो मोबाइल फोन आया जिसने सब कुछ ही बदल कर रख दिया। मोबाइल फोन ने प्रिंट मीडिया से अलग संसार जिसे वर्चूवल संसार कहा जाता है, तैयार कर दिया। तब से मोबाइल पर फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि प्रयोग किए जाने लगे तब से प्रिंट मीडिया को एकदम अलग करके रख दिया और शुरू हुआ इनका अपना प्रभाव आज परिवार के सदस्य जो दूर दूर हो गए थे इनके जरिए एकता के सूत्र में बंधते चले गए।
समाज में ऐसे उदाहरण देखने को मिलते हैं जिनको सोशल मीडिया ने उन्नत बनाने में या किसी समस्या के समाधान में अहम भूमिका निभाई है। यदि कई भ्रष्टाचार है तो उसे उजागर करने में भी भूमिका निभाता है वहीं अच्छाई को भी पल में हर कान तक पहुंचाता है। एक जमाना था जब गांव और छोटे कस्बों की सूचना सरकार तक तथा आमजन तक नहीं पहुंच पाती थी। अब हर छोटे से गांव छोटी आबादी या ढाणी आदि में रहने वाले लोग भी अपनी समस्या अपने सुझाव सोशल मीडिया के जरिए तुरंत सरकार तक पहुंचा देते हैं। यही कारण है कि सोशल मीडिया अपार सफलता पा रहा है। चाहे भ्रष्टाचार मिटाना हो या अन्ना हजारे के आंदोलन को जन जन तक पहुंचाना हो सोशल मीडिया ने अहम भूमिका निभाई है। जहां चुनाव के दौरान 2014 में सोशल मीडिया का जमकर उपयोग किया गया 2019 में एक बार फिर से सोशल मीडिया पर राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपना संदेश पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जिसके चलते जहां मतदान प्रतिशत बढ़ा वहीं युवा वर्ग चुनाव के प्रति अधिक जागरूक हुआ है। निर्भया कांड में निर्भया को न्याय दिलाने के लिए सोशल मीडिया ने अहम भूमिका निभाई जिसके चलते बेहतर कानून बना, एक नया ज्यादा प्रभावशाली कानून बना। लोकप्रियता के प्रसार में सोशल मीडिया एक सुंदर प्लेटफार्म है जहां व्यक्ति किसी उत्पाद को ज्यादा लोकप्रिय बना सकता है। एक जमाना था जब फिल्मों के ट्रेलर, टीवी प्रोग्राम, सरकार की गतिविधियां जन जन पहुंचाने में बहुत वक्त लगता था किंतु आजकल फिल्मों का ट्रेलर हो या टीवी कार्यक्रम या फिर सरकार की उपलब्धि हो तुरंत आमजन तक पहुंच जाती है। अब तो सोशल मीडिया और आगे बढ़ गया है और वीडियो एवं ओडियो चैट भी सोशल मीडिया में आ गए हैं जिसके चलते प्रभावशाली ढंग से अपनी बात पहुंचाई जा सकती है। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम ऐसे ही प्रमुख प्लेटफार्म हैं।
               होशियार सिंह लेखक एवं पत्रकार
                  कनीना जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा

                   फोन 09416348400

No comments:

Post a Comment