Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Saturday, June 13, 2026



 

विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर 14 जून को
***************************************
**********************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
सेवा भारती कनीना एवं उजाला सिग्नस अस्पताल रेवाड़ी के तत्वावधान में 14 जून को कनीना मंडी स्थित लाल शिवलाल धर्मशाला में हृदय रोग, स्त्री रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग एवं सामान्य रोगों की जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा।
 विस्तृत जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद के योगेश अग्रवाल ने बताया कि इंटरनल दवा विशेषज्ञ डा. राकेश केसरी व सामान्य रोग विशेषज्ञ डा. हर्ष होंगे। इस मौके पर नेत्र रोग विशेषज्ञ भी पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि परामर्श के अलावा बीपी, ब्लड शुगर आदि मुफ्त जांच की जाएगी। उन्होंने बताया की छाती में दर्द, सांस फूलना, अत्यधिक मोटापा, अत्यधिक पसीना, 40 वर्ष से अधिक में तंबाकू, धूम्रपान सेवन करने वाले, रक्तचाप से पीडि़त, अधिक घबराहट ,बेचैनी हृदय संबंधित, पारिवारिक रोग प्रवृत्ति, आलसी जीवन शैली आदि लोग हृदय संबंधी डा. से जरूर मिले। उन्हें मुक्त सलाह दी जाएगी।



जवाहर नवोदय विद्यालय करीरा में कक्षा 11 की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
***************************************
**********************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा (महेंद्रगढ़) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, कक्षा 10 में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार कर रिक्त सीटों को भरा जाएगा। विद्यालय में करीब 10 सीटें रिक्त हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर विद्यालय की ई-मेल आईडी पर या आवेदन पत्र  सीधे जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा, महेंद्रगढ़ में भी जमा करवा सकते  है।
विद्यालय प्राचार्य बीएम रावत ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित करें।
यह पहल कक्षा 11 की रिक्त सीटों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में अध्ययन का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र विद्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।


किसानों खेतों से फव्वारा नोजल हुए चोरी
-अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज
***************************************
**********************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना उप-मंडल के गांव रामबास में 11-12 जून की रात को अज्ञात चोर किसानों के खेतों से फव्वारा सेट के नोजल चोरी कर ले गए। कनीना पुलिस में सुनील कुमार रामबास ने दी शिकायत में कहा है कि 11-12 जून की रात को उनके खेतों में बाजर/चारा फसल में फव्वारा सेट लगे थे। अज्ञात चोर पीतल के 12 नोजल चोरी कर ले गए। 12 जून को सुबह खेतों में जाने पर पता लगा कि अज्ञात चोर फव्वारा सेट की नोजल चोरी कर ले गया। इसी रात को कई किसानों के भी यहां चोरी हो गई। जिनमें ईश्वर के 14 नोजल, अशोक कुमार 8 नोजल, राजपाल 20 नोजल, पवन कुमार 11 नोजल, सतबीर सिंह 10 नोजल अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। कनीना पुलिस ने अज्ञात चोरो के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


अतिक्रमण सिर चढ़कर बोल रहा है कनीना में
--जोहड़ों एवं बणियों का अस्तित्व संकट में
***************************************
**********************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
  कहने को तो नगर पालिका के पास जगह का अभाव है किंतु सैकड़ों एकड़ जमीन पर अतिक्रमण किया हुआ है जिसको छुड़वाया जाए तो पालिका की आय ही नहीं बढ़ेगी अपितु जमीन की कमी नहीं रहेगी। यदि यूं ही कनीना में अतिक्रमण चलता रहा तो कनीना के 6 जोहड़ों और आधा दर्जन बणियों का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।
कनीना की सभी बणियों का आकार घटता ही जा रहा है। आधा दर्जन बणिया हैं जिनमें से कोई भी बणी अपने वास्तविक आकार से आधी भी नहीं बची है। सरकार एवं प्रशासन ने कभी इन बणिया की पैमाइश नहीं करवाई है। यही कारण है कि बणिया में पक्के मकान, ट्यूबवेल एवं अतिक्रमण करके पेड़ों को नष्ट कर दिया है वहीं जमीन को कब्जा लिया है। एक ऐसे प्रशासक की जरूरत है जो सभी बणियों के अवैध कब्जे हटवा सके ताकि अरबों रुपये की जमीन कनीना पालिका के पास होगी। कनीना का विकास तभी संभव होगा।
  कनीना में करीब छह बणिया होती थी जिनमें से रणास, पीपलवाली, बड़ी बणी, छोटी बणी, मानका आदि प्रमुख थी। जहां बड़ी बणी में शिक्षण संस्थान, वाटर स्टोर केंद्र, गौशाला, आवास बनने के अतिरिक्त चारों ओर से अतिक्रमण के चलते बस नाम की बड़ी बणी रह गई है। इस बणी में पेड़ों को भारी क्षति हुई है और अभी भी अतिक्रमण जारी है। उधर छोटी बणी का अस्तित्व ही समाप्त कर दिया है। यहां मोलडऩाथ आश्रम स्थित है।  रणास की बणी में कोई पेड़ नहीं बचा है यहां सीवर ट्रिटमेंट प्लांट लगा दिया गया है वहीं चारों ओर से अतिक्रमण हो चुका है। मानका एवं पीपलवाली बणी अब सिकुड़ती जा रही हैं। इन दोनों बणियों में जमीन पर कब्जा करके पक्के घर बनाकर ठाठ से रह रहे हैं। एसटीपी भी रणास और पीपलवाली दोनों बणियों में बना हुआ है। पीपलवाली बणी में तो कोई जगह नहीं बची है। एसटीपी का पानी फैल चुका है और जाल के पेड़ जल्द ही खत्म हो जाएंगे। सबसे अधिक अतिक्रमण इन दोनो बणियों पर हुआ है और अभी भी जारी है। इन बणिया में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, ट्यूबवेल, आवास बनाने तथा किसानों द्वारा अतिक्रमण के चलते आधी से भी कम रह गई हैं। पीपलवाली बणी में तो सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए गंदा जल स्टोर किया जा रहा है। नगरपालिका ने विगत दशकों से इन बणिया की न तो सुध ली है और न पैमाइश करवाई है। अगर सभी बणिया की सुध ली जाए तो प्राप्त जमीन को बोली पर छोड़कर करोड़ों रुपये की आय प्राप्त हो सकती है वहीं जंगली जीवों का संरक्षण हो सकता है।
कुछ जन अवैध पक्के मकान बनाकर बिजली कनेक्शन, पानी आदि सभी सुविधाएं लेकर के सरकार को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
  मिली जानकारी अनुसार कनीना पालिका के करीब 335 कनाल 16 मरला जमीन कृषि योग्य है वहीं कोटिया गांव के पास रणास की बेणी(जंगल)32 कनाल पांच मरला है जहां सीवर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लग चुका है वहीं बड़ी बेणी करीब 800 कनाल की है जिसमें से 58 एकड़ डीएवी को 99 सालों के पट्टे पर, पांच एकड़ गौशाला के लिए तथा दस एकड़ वन विभाग एवं वाटर सप्लाई हेतु दिया हुआ है, 115 प्लाट भी बने हुए हैं। करोड़ों की लागत से कान्ह सिंह पार्क भी बना है। पीपलावाली बणी 125 कनाल, मानका वाली बणी 82 कनाल, दस मरला है। उधर धार्मिक स्थानों की होड़ भी बणियों में बढ़ गई है।
कनीना में हर गली और मोहल्ले अतिक्रमण पूरे यौवन पर है। जहां कनीना मंडी मार्ग, कनीना बस स्टैंड के समक्ष रेवाड़ी महेंद्रगढ़ भारी अतिक्रमण हो रहा है। प्रशासन जब भी अतिक्रमण हटाता है पीछे-पीछे दोबारा अतिक्रमण कर लिया जाता है। सड़क मार्ग संकीर्ण बना दिए हैं। कहीं भी निकलने की जगह नहीं है। यहां तक की एसडीएम कार्यालय समक्ष एवं न्यायिक परिसर के बाहर अधिक संख्या में वाहन खड़े देखे जा सकते हैं। कहीं भी देखे अतिक्रमण सिर चढ़कर बोलता है। वाहन चालक भी परेशान है चूंकि वाहनों का सड़क से गुजरना कठिन हो गया है। पुलिस का कोई अधिकारी या कर्मचारी तैनाती पर नहीं होता है। मनमर्जी लोग इधर-उधर वाहनों को खड़ा कर देते हैं क्योंकि वाहन पार्किंग का प्रबंध नहीं है। निजी स्तर पर जरूर है परंतु वह बस स्टैंड के दूर पड़ता है  और वहां अधिक वाहन नहीं खड़े किए जा सकते। ऐसे में नगर पालिका बनते ही कनीना में वाहनों के पार्कों की व्यवस्था होनी चाहिए, अतिक्रमण हटाना भी जरूरी बन गया है। इस संबंध में कुछ लोगों से बात की गई जिनके विचार इस प्रकार--
**कम से कम कनीना बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन के पास पार्कों की व्यवस्था सरकारी तौर पर की जाए। अधिक संख्या में जहां वाहन खड़े हो सके। जहां एसडीएम कार्यालय, न्यायिक परिसर के आसपास, बस स्टैंड के आसपास तथा रेलवे स्टेशन के आसपास इस प्रकार के पार्कों की व्यवस्था हो जाए तो लोग चैन से अपने वाहन खड़ा कर सकेंगे। वरना वाहनों के चोरी होने का भी खतरा बना रहता है।  सड़क संकीर्ण होती जा रही हैं। ऐसे में इधर-उधर वाहन खड़े करने तथा अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाए।           --मनोज कुमार एडवोकेट
कनीना के बस स्टैंड के समक्ष से गुजरने वाला महेंद्रगढ़-रेवाड़ी मार्ग अति व्यस्त मार्ग है। यहां पर कम से कम एक पुलिसकर्मी की हमेशा तैनाती होनी चाहिए जो वाहनों के आवागमन पर काबू कर सके। वाहन चालक इधर-उधर वाहनों को खड़ा कर जाते हैं उनको नियमित कर सके। इसी प्रकार कनीना में वाहन पार्क बनाना चाहिए जहां पर लोग अपने वाहनों को खड़ा कर सके। कनीना में जहां भी कहीं अतिक्रमण है उसे तुरंत प्रभाव से हटना चाहिए क्योंकि अतिक्रमण के चलते प्रशासन को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि अतिक्रमण हटा दिया जाए तो नगरपालिका की आय बढ़ेगी। अधिक आय होने का मतलब कनीना के विकास कार्यों पर विकास कार्य बढ़ पाएंगे।
    --डा. अजीत शर्मा
फोटो कैप्शन: अजीत शर्मा एवं मनोज एडवोकेट
फोटो कैप्शन 01: पीपलवाली बणी में एसटीपी जल से हुई जोहड़ की दुर्दशा



सुहाने मौसम के बीच उत्साहपूर्वक हुआ योगाभ्यास, तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
***************************************
**********************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पीकेएसडी कालेज, कनीना में आयोजित तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद सैकड़ों योग साधकों ने पूरे हर्षोल्लास एवं ऊर्जा के साथ योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
शिविर के समापन अवसर पर कालेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश यादव, ब्लाक समिति के वाइस चेयरमैन रमेश महलावत, नगर पार्षद नितेश कुमार बंसल, कार्यवाहक प्राचार्य डा. हरिओम भारद्वाज एवं रिंपी यादव चेयरपर्सन ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आध्यात्मिक गीत योगी बनो, सच्चरित्र बनो, योगी जीवन है प्यारा से किया गया। इसके उपरांत आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक पवन कुमार ने उपस्थित साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया।
खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश यादव ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि योग दिवस के मुख्य आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों एवं विभागीय कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि 20 जून को फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा।
इस अवसर पर आयुष विभाग से कपिल कुमार, कैलाश खटाना, सविता देवी, अजीत सिंह, सहित सहित सैकड़ों योग साधकों ने भाग लिया और नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया। मंच संचालक एवं नोडल अधिकारी नरेश कौशिक, कार्यक्रम संयोजक डा. शशि मोरवाल, डा. नेहा यादव, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 02: योग करते हुए साधक









No comments: