Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Tuesday, June 9, 2026



 



15 वर्षों से भी नहीं हट पाए बिजली के तार
-जान को खतरा
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
कस्बे के वार्ड नंबर 01 में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते स्थानीय लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है। क्षेत्र के निवासी लेखराम के घर के बीचों-बीच से गुजर रहे बिजली के तार जमीन से मात्र लगभग 4 फीट की ऊंचाई पर लटके हुए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लेखराम, नरेंद्र कुमार, बलजीत कुमार, नवीन यदुवंशी ने बताया कि यह समस्या पिछले लगभग 15 वर्षों से बनी हुई है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। घर में आने-जाने के दौरान परिवार के सदस्यों को हर समय करंट लगने या अन्य दुर्घटना का डर सताता रहता है।
निवासी लेखराम, नरेंद्र कुमार, बलजीत कुमार, नवीन यादववंशी तथा अन्य क्षेत्रवासियों ने बताया कि घर के बीच से गुजर रहे इन तारों के कारण परिवार को अपने ही घर में प्रवेश करने के लिए जोखिम उठाना पड़ता है। उनका आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी डीएचबीवीएन कनीना के संबंधित अधिकारियों, विशेष रूप से एसडीओ की होगी। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इन खतरनाक तारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
टेढे मेढे पोल-
  उधर कृष्ण कुमार, भरपूर सिंह, होशियार सिंह, करतार सिंह आदि की जमीन में रेवाड़ी सड़क मार्ग पर नहर के कटान के पास टेढ़े मेढ़े पोल गाड़ रखे हैं। न तो दीवार की चिनाई हो पा रही है और न ही पेड़ पौधे बच पा रहे हैं। बार बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। अधिकारी मौन बना हुआ है। उन्होंने बताया कि अब इनके विरुद्ध न्यायालय की शरण ली जाएगी।
फोटो कैप्शन 09: संबंधित है


तीन दिन बाद भी नहीं हो पाया बिजली और पेय जल का समाधान , गुस्साए ग्रामीणों ने महेंद्र गढ़ रेवाड़ी मार्ग किया जाम
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
  उपमंडल के गांव चेलावास और उन्हानी में रविवार को आए तेज अंधड़ से बिजली और पेय जल आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित हो गई।ग्रामीणों के बार बार बिजली विभाग के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान ना हो पाने के कारण बीती रात्रि को सामूहिक सड़क मार्ग बंद करके रोष प्रकट किया । तब जाकर प्रशासन की नींद खुली ओर देखते ही देखते आला अधिकारी ग्रामीणों को आश्वासन देने घटना स्थल पर पहुंच गए। और ग्रामीणों को जल्दी  समाधान करवाने का आश्वासन दिया। जबकि ग्रामीणों का कहना था कि पिछले दो दिनों से बार बार विभाग के चक्कर लगा रहे है मगर कर्मचारी बेसुध होकर सो रहे है। बिना बिजली के पानी मिलना भी असंभव है जिस से इंसान तो क्या पशु भी प्यासे रह रहे है । अधिकारियों के आश्वासन के 2 घंटे के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
बिजली विभाग उप मंडल अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि देर शाम आए तेज अंधकार से कई स्थानों पर बिजली के तार और खंभे गिर गए । जिस कारण अधिक समय लग रहा है ।बहुत जल्द समस्या का समाधान भी कर लिया जाएगा।





पैक्स गुढ़ा कार्यालय पर ड्यूटी के दौरान दरवाजे पर लगा मिला ताला
-पैक्स गुढ़ा के कर्मचारी रहे पूरे दिन नदारद एवं किसान रहे परेशान
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
दी एम-पैक्स लि. गुढ़ा में किसान अपने लेन-देन और खाद लेने के लिए पैक्स कार्यालय गुढ़ा पहुंचे तो गुढ़ा पैक्स पर ताला लटका हुआ मिला। मौके पर पैक्स गुढ़ा कार्यालय के कर्मचारी नदारद मिले। किसान जगदीश शर्मा, परमजीत, नरेन्द्र, रिंकू, रमेश कुमार, सतीश,धीरज सहित अन्य मौके पर उपस्थित किसानों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला उपायुक्त महेन्द्रगढ़ स्थित नारनौल को शिकायत भेजकर त्वरित कार्यवाही करने की मांग की हैं। इस मामले की जानकारी देते हुए पैक्स के निदेशक लक्की राव सीगड़ा ने बताया कि मुझे पैक्स गुढ़ा के किसान उपभोक्ताओं ने फोन करके बताया कि पैक्स गुढ़ा के कार्यालय पर ताला लगा हुआ हैं। मैंने मौके पर जाकर पैक्स के अन्य निदेशकों को भी सूचना दी और पैक्स के सेलमैन ग्यारसीलाल को फोन करके पूछा तो उन्होंने कहा कि मेरा तबादला आठ जून को खतोड़दा पैक्स कर दिया गया हैं। इसके अलावा
पैक्स संबंधित कर्मचारियों एवं सहायक रजिस्ट्रार महेन्द्रगढ़ को फोन करके ताला बन्द होने का कारण जानना चाहा तो उन्होंने फोन ही नही उठाया और जिस कर्मचारी ने फोन उठाया उसने जवाब देना उचित नहीं समझा। पैक्स गुढ़ा के तत्कालीन प्रबंधक को भी 06 जून को हटा दिया गया और उसके स्थान पर कन्हैयालाल को लगाया गया है वह भी पैक्स गुढ़ा में उपस्थित नही था।
इस ताला बंद की घटना से विभाग की बहुत बड़ी लापरवाही सामने आई हैं। पैक्स गुढ़ा में एक ही कर्मचारी नियुक्त था उसका भी बिना किसी कारण से तबादला पैक्स खतोदड़ा कर दिया गया जबकि जानकारी अनुसार पैक्स खतोदड़ा में पहले से ही आवश्यकता से अधिक कर्मचारी लगे हुए हैं।
सीगड़ा ने यह भी कहा कि वह हर कदम पर किसानों के साथ खड़ा हैं। जल्द ही उच्च अधिकारियों से मिलकर पैक्स गुढ़ा की समस्याओं को दूर करवाया जाएगा।
पैक्स गुढ़ा के अंतर्गत 14 गांव के किसान उपभोक्ता समय-समय पर अपना लेन-देन करते हैं। वर्तमान में फसल बुआई का कार्य भी चल रहा हैं। आज किसान यह खाद लेने के लिए पहुंचे और पूरा दिन इंतजार करके वापस लौट गए। पैक्स कार्यालय बन्द होने से किसानों का लेन-देन से सम्बंधित कार्य भी नही हो पाया साथ ही इससे पैक्स गुढ़ा को दस से बारह लाख रुपये का नुकसान हुआ हैं।
उपस्थित किसानों ने जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर पैक्स गुढ़ा को हुए नुकसान की भरपाई करवाने, ड्यूटी पर कोताही बरतने वाले कर्मचारी एवं जवाबदेही अधिकारी सहायक रजिस्ट्रार महेन्द्रगढ़ सुधीर अहलावत पर संज्ञान लेते हुए तुरन्त प्रभाव से कार्यवाही करने की मांग की है । इस संबंध में विकास अधिकारी कोऑपरेटिव बैंक महेंद्रगढ़, जगत सिंह से बात हुई। उन्होंने कहा कि इस समय यह एक ही अधिकारी है जिनके पास दो जगहों का चार्ज है। अब उनका दिन निर्धारित किया जाएगा कि किस दिन कौन से स्थान पर उनकी तैनाती होगी? ऐसे में उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में यह हालात बने हैं। जल्दी तैनाती के दिन निर्धारित कर दिए जाएंगे। फिर इस प्रकार के हालात नहीं बनेंगे।
फोटो कैप्शन 08: नारे लगाते किसान






ढाब आश्रम को भेंट किया टैंकर
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
इस भीषण गर्मी में अतरलाल ने ऋषि उद्दालक ढ़ाब आश्रम स्याणा को वाटर टैंकर भेंट किया है। इससे लोगों को सेवा भाव व दान करने की प्रेरणा मिलेगी। इस टैंकर से जहां आसपास के गांवों में स्वच्छ और मीठा पेयजल पहुंचाया जा सकेगा, वहीं आश्रम के सैकड़ों पेड़ पौधों में समय पर पानी दिया जा सकेगा।
ये विचार ऋषि उद्दालक ढ़ाब आश्रम स्याणा के महंत श्रद्धानंद महाराज ने वाटर टैंकर के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि यह गर्मी से निजात पाने में काम आएगा। इस अवसर पर भंडारा और संकीर्तन का आयोजन किया गया। आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर संकीर्तन का आनंद उठाया और बाबा ढ़ाब वाले के धाम पर माथा टेककर मन्नतें मांगी।
 अतरलाल ने कहा कि भंडारा और संकीर्तन हमारी प्राचीन परंपरा हैं। इनके माध्यम से लोगों को एक साथ बैठने और संवाद करने का अवसर मिलता है। इससे भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बढ़ता है। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया। आश्रम के मंहत श्रद्धानन्द महाराज ने बताया कि ढ़ाब आश्रम महाभारत कालीन है और पांडवों के कुलगुरू ऋषि अयोद धौम्य के प्रमुख शिष्य ऋषि उद्दालक की तपोभूमि रहा है। ऋषि उद्दालक का नाम आरुणि था। गुरू धौम्य के प्रति उनकी अटूट भक्ति और आज्ञाकारिता के कारण उनका नाम अरुणि से उद्दालक प्रसिद्ध हुआ। इस अवसर पर महंत श्रद्धानंद महाराज, रणधीर सिंह, राजेन्द्र सिंह नम्बरदार, मीर सिंह वैद्य, कैलाश सेठ, युद्धवीर सिंह, विजय नम्बरदार, अमित कुमार, हवासिंह थानेदार, राहुल, संदीप, भोला व अशोक नम्बरदार सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 05: ढ़ाब आश्रम स्याणा को  टैंकर भेंट करते हुए






मंगलवार को फिर आया अंधड़, हुई हल्की वर्षा
-बिजली सप्लाई गुल,
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना में जहां गत दिनों आई आंधी और बूंदाबांदी से बहुत अधिक पेड़ों को क्षति पहुंची थी। अभी तक बिजली आपूर्ति एवं पेयजल आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल नहीं हो पाई है किंतु मंगलवार को फिर से आंधी और बूंदाबांदी आई। आंधी और बूंदाबांदी के बाद एक बार फिर से बिजली कट लग गए। वैसे भी जहां सोमवार को कनीना क्षेत्र में पेयजल सप्लाई नहीं हो पाई थी वहीं मंगलवार को कुछ क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई हो पाई है किंतु बार-बार बिजली कटों और अंधड़ ने परेशानी बढ़ा दी है। उल्लेखनीय है कि कनीना में बिजली आपूर्ति की हालत बहुत दयनीय है। बिजली अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसके चलते लोग बेहद परेशान हो चले हैं। जगह-जगह जाम लगाए जा रहे हैं और बिजली आपूर्ति की  मांग की जा रही है।
मंगलवार के अंधड़ ने भी पेड़ पौधों को क्षति पहुंचाई और एक बार आंधी के चलते दिन की रात जैसा आभास हुआ। उल्लेखनीय है कि कनीना क्षेत्र के किसान अच्छी वर्षा होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं किंतु अभी तक अच्छी वर्षा नहीं होने के कारण बाजरे की बिजाई नहीं हो पाई है। सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, आदि ने बताया कि आए दिन बूंदाबांदी हो जाती है किंतु अच्छी वर्षा न होना उनके लिए समस्या बना हुआ है।
 फोटो कैप्शन 7: जाम लगाते हुए




23 वर्षीय विवाहिता लापता , मामला हुआ दर्ज
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
उपमंडल के एक गांव में एक विवाहिता के घर से गुम होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव में 06 जून को एक महिला बिना बताए घर से गायब हो गई। महिला के पति ने बताया कि जब मैं सुबह उठा तो देखा कि मेरी पत्नी कमरे में नहीं थी उसके बाद आस पास तलाश किया लेकिन कही भी कोई सुराग नहीं मिला । वह अपने साथ 5000 रुपए भी साथ ले गई । महिला के 06 साल की बेटी भी है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर  तलाश शुरू कर दी है।




दिनदहाड़े व्यक्ति से  नकदी छीनकर हुए फरार, मामला दर्ज
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
क्षेत्र के सीहोर छितरौली रोड पर  दिन दहाड़े लिफ्ट देने के बहाने से 18000 रुपए लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश वासी सीहोर ने बताया कि उसने 06 जून को पंजाब नेशनल बैंक से 18000 रुपए निकलवाए थे। पैसे निकलवाने के बाद जब वह सीहोर मोड़ पर पहुंचा तो पीछे से दो अंजान युवक आए और उन्होंने कहा कि वो उसे सीहोर छोड़ देंगे। उसके बाद कुछ देर चलने के बाद कैंटीन से थोड़ी आगे जाकर बाइक पंचर होने का बहाना बना कर वहीं उतार दिया । उसके बाद जब पीडि़त ने जेब में हाथ डाला तो उसमें पैसे नहीं थे। उसके बाद पीडि़त ने कनीना थाने में आकर आपबीती बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात युवकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।




जन्मदिन पर गोशाला में लगाई सवामणी एवं दिया दान
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज। 
कहा जाता है कि अच्छे संस्कारों से ही सद्विचारों का जन्म होता है और इन्हीं सद्विचारों से सेवा, सहयोग तथा परोपकार की भावना विकसित होती है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए पूर्व निगरानी कमेटी सदस्य मनोज कुमार यादव एवं उनकी धर्मपत्नी उर्मिला यादव ने अपने परिवार सहित एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
अपने पूज्य पिता मास्टर भूप सिंह यादव (पालड़ी वाले) के 84वें जन्मदिवस के शुभ अवसर पर पूरा परिवार श्री कृष्ण गौशाला, कनीना पहुंचा और गौमाता की सेवा कर जन्मदिन को विशेष एवं पुण्यमय बनाया। परिवार की ओर से गौशाला में गायों के लिए सवामणी करवाई गई। इस अवसर पर भूप सिंह यादव ने स्वयं अपने हाथों से गौवंश को दलिया एवं हरा चारा खिलाकर गौसेवा का पुण्य अर्जित किया। जन्मदिवस समारोह को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए परिवार ने गौशाला के विकास एवं गौवंश के पालन-पोषण हेतु 21,000 रुपये का आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उपस्थित गौभक्तों ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संस्कार और गौभक्ति की प्रेरणा देते हैं। गौशाला के प्रधान भगत सिंह ने पूरे यादव परिवार का गौशाला प्रांगण में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने परिवार द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौशाला का संचालन समाज के सहयोग और गौभक्तों की आस्था से ही संभव हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि जब परिवार अपने सुखद अवसरों को गौसेवा से जोड़ते हैं तो यह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बनता है। इस अवसर पर दिलावर सिंह, मास्टर रामप्रताप, रामपाल यादव, रामसिंह यादव, डॉ नीरज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गौभक्त उपस्थित रहे। सभी ने भूप सिंह यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं कीं तथा परिवार की सेवा भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
फोटो कैप्शन 04: जन्मदिन पर पौधारोपण करते हुए


जमीन विवाद में वृद्ध महिला की हत्या के मामले में तीन ओर आरोपित गिरफ्तार
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज। 
कनीना के गांव चेलावास में जमीन के विवाद के चलते आपसी रंजिश को लेकर एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर कनीना की पुलिस टीम ने तीन ओर आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान ऋतुराज वासी बुडोली रेवाड़ी, विनोद व संदीप वासी चेलावास के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित संदीप को रेलवे स्टेशन रेवाड़ी से पकड़ा और आरोपित ऋतुराज व विनोद को बुडोली रेवाड़ी से पकड़ा है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी संदीप और ऋतुराज को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और आरोपी विनोद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव चेलावास में एक ही परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते रात के समय आरोपितों ने मृतका ओमपती (पत्नी स्वर्गीय राजसिंह) के घर पर कुल्हाड़ी, फरसा और लाठियों जैसे घातक हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान वृद्ध महिला ओमपती को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर अपने कमरे में गिर गईं। वारदात के दौरान जब मृतका का जेठ सुरेंद्र फोन पर सूचना पाकर मौके पर पहुंचा तो आरोपितों ने उस पर भी हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद उसने भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस सहायता नंबर 112 पर कॉल करके घटना की जानकारी दी।
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही थाना शहर कनीना की पुलिस टीम महज कुछ ही मिनटों के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने पीजीआईएमएस रोहतक के लिए रेफर कर दिया। पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायल महिला को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में शिकायतकर्ता सुरेंद्र के बयान के आधार पर थाना शहर कनीना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा अबतक 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फोटो कैप्शन 03: पकड़े गए आरोपित


जन्मदिन पर गोशाला में लगाई सवामणी एवं दिया दान
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
मास्टर भूप सिंह यादव (पालड़ी वाले) के 84वें जन्मदिवस अवसर पर पूरा परिवार श्रीकृष्ण गौशाला, कनीना पहुंचा और गौमाता की सेवा कर  गायों के लिए सवामणी लगाई गई।
 इस मौके पर गोशाला के विकास एवं गौवंश के पालन-पोषण हेतु 21,000 रुपये का आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। इस अवसर पर दिलावर सिंह, मास्टर रामप्रताप, रामपाल यादव, रामसिंह यादव, डा. नीरज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गोभक्त उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 04: गायों के लिए सवमणी के बाद पौधारोपण करते हुए




निर्जला एकादशी पर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी
-25 जून को ही रामकथा शुरू होगी
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर बाबा मोलडऩाथ धाम से कलश यात्रा निकली जाएगी 25 जून 2026 को होने जा रही है। भव्य कलश यात्रा की तैयारी की शुरू प्रधान दिनेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर बाबा मोलडऩाथ धाम से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं युवा बच्चे एवं बुजुर्ग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक होती है। यात्रा में आने वाले श्रद्धालु भक्ति में होकर जय जयकार करते हुए नगर भ्रमण करते हैं।
   मंदिर कमेटी की तरफ से कलश निशुल्क दिए जाते हैं। यात्रा के लिए बाबा मोलडऩाथ मैदान को ट्रैक्टरों की सहायता से समतल  साफ सुथरा किया जा रहा है। प्रधान दिनेश यादव ने बताया कि कलश यात्रा 25 जून सुबह 8:15 शुरू होगी जो नगर भ्रमण करते हुए बाबा मोलडऩाथआश्रम पर ही समाप्त होगी।
 कलश यात्रा के बाद 25 जून से लेकर 2 जुलाई तक श्री राम कथा का मंचन किया जाएगा। कथा वाचक दास सानू दास प्रवेश पंडित करेंगे। 2 जुलाई को पूर्ण आहुति हवन करके श्रीराम कथा का समापन किया जाएगा। प्रधान दिनेश यादव सभी भक्तों से अनुरोध किया कि वह अपनी कलश यात्रा की पर्ची बाबा मोलडऩाथ मंदिर में आकर निशुल्क बनवा सकते हैं।
फोटो कैप्शन 01: कलश यात्रा स्थल की तैयारी करते हुए ट्रैक्टर


तीन दिन से बिजली ना आने से गहराया पेय जल संकट, टैंकर के माध्यम से पानी भरते नजर आए ग्रामीण
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
क्षेत्र के गांव चेलावास में पिछले तीन दिन से बिजली ना आने से पेयजल समस्या पैदा हो गई है। पशुओं के लिए भी पानी की समस्या आ गई है।
ज्ञात हो कि रविवार की शाम को आए तेज अंधकार से जगह जगह पर पेड़ और बिजली के खंभे टूट गए थे जिस कारण बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई समाधान बिजली विभाग की तरफ से नहीं हो पाया। दूसरी ओर ग्रामीण भी दफ्तर के चक्कर लगाते नजर आए। लेकिन विभाग सुस्त नजर आया।
 वही ग्रामीण सुरेंद्र, सूबेदार करतार सिंह, लाल सिंह ने बताया कि जब दिए हुए नंबर पर फोन करते है तो फोन बंद कर देते है उसके बाद टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई। बीती रात्रि को गांव उन्हानी में बिजली और पेय जल सप्लाई न होने से ग्रामीणों ने रेवाड़ी महेंद्रगढ़ रोड़ भी थोड़े समय के लिए जाम किया था।मगर प्रशासन ने आश्वासन देकर खुलवा दिया।
बिजली विभाग के उप मंडल अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि तेज अंधड़ के कारण बिजली के तार और खंभे जगह जगह गिर गए थे बिजली कर्मचारी निरंतर ठीक कर रहे है।जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चालू कर दी जाएगी।


स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया 3.67 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास
-लगभग 3 किलोमीटर लंबे नाले से सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था
***********************************
**************************************
************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को अटेली के कनीना चौक में आयोजित एक कार्यक्रम में कनीना चौक से एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) तक बनने वाले नाले के निर्माण कार्य की शुरुआत की। यह परियोजना करीब 3.67 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगी और इसकी लंबाई लगभग 3 किलोमीटर रहेगी।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता जैसी जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश सरकार शहरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े विकास कार्यों पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि नाला बनने के बाद इलाके की जल निकासी व्यवस्था काफी बेहतर हो जाएगी। खासकर बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और गंदे पानी की निकासी भी आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकास के साथ-साथ साफ-सफाई और लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है।
आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में डीएमसी रणबीर, नगरपालिका अटेली के चेयरमैन संजय गोयल, नगरपालिका कनीना के चेयरमैन जेपी कोटिया, मार्केट कमेटी चेयरमैन दिनेश जेलदार, वाइस चेयरमैन अनिल गुप्ता, सचिव प्रशांत पाराशर, नगरपालिका अभियंता दिनेश, जेई मनीष सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।












फोटो कैप्शन 02: आरती सिंह राव उद्घाटन करते हुए

No comments: