Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Thursday, October 15, 2026



 


राज्य एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं के दो इंक्रीमेंट का लाभ रिटायरमेंट व उसके बाद तक देने के आदेश
 -पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट ने पुरस्कृत  शिक्षकों के इंक्रीमेंट काटने के आदेशों को किया रद्द
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
 हरियाणा के राज्य एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेता शिक्षकों को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट ने पुरस्कार के साथ मिले दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियों (इंक्रीमेंट) का लाभ वापस लेने और शिक्षकों का वेतन घटाकर दोबारा निर्धारित करने संबंधी विभागीय आदेश रद्द कर दिए हैं।
अदालत ने स्पष्ट किया कि विशेष पुरस्कार योजना के तहत दिए गए प्रोत्साहन को सामान्य वेतन नियमों के आधार पर स्वयं समाप्त नहीं किया जा सकता। फैसले से उन शिक्षकों को राहत मिलेगी, जिनका वेतन दो इंक्रीमेंट वापस लेकर कम कर दिया गया था। सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की अदालत ने पंचकुला की रिटायर्ड प्राचार्या इंद्रा सांगवान, विज्ञान शिक्षक  होशियार सिंह सहित 18 से अधिक याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। याचिकाकर्ता धनौंदा शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न वर्षों में हरियाणा सरकार की ओर से राजकीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए गए थे।
जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ की अदालत ने  18 से अधिक याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। याचिकाकर्ता शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न वर्षों में हरियाणा सरकार की ओर से राजकीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए गए थे।
पुरस्कार नीति के तहत उनके वेतन में दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियों का लाभ दिया गया था। बाद में शिक्षा विभाग ने वित्त विभाग के 12 नवंबर 2024 के स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए इस लाभ को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभाग का तर्क था कि हरियाणा सिविल सेवा (वेतन) नियम, 2016 के नियम 37 के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वेतनवृद्धियों पर निर्धारित शर्तें इन मामलों में भी लागू होती हैं। इसके बाद शिक्षकों का वेतन दोबारा निर्धारित कर दिया गया और उन्हें पहले मिल रहा लाभ समाप्त कर दिया गया। इस कार्रवाई को शिक्षकों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
हाईकोर्ट ने मामले पर विचार करते हुए हरियाणा सरकार की पुरस्कार योजना और सामान्य वेतन नियमों के बीच अंतर को महत्वपूर्ण माना। अदालत ने कहा कि क्या सामान्य वेतन नियमों के प्रावधानों के आधार पर पुरस्कार योजना के तहत दिए गए प्रोत्साहन को वापस लिया जा सकता है।
अदालत ने माना कि राजकीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना और उनका मनोबल बढ़ाना है। इसके तहत दी जाने वाली वेतनवृद्धियों का आधार और उद्देश्य सामान्य वेतन नियमों के तहत मिलने वाली अग्रिम वेतनवृद्धियों से अलग है।
जब तक पुरस्कार नीति से संबंधित नियमों की शर्तें स्पष्ट रूप से लागू नहीं होतीं, तब तक विशेष योजना पर सामान्य वेतन नियमों को स्वत: लागू नहीं किया जा सकता।
अदालत के आदेश के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों की गणना भी संशोधित वेतन के आधार पर करनी होगी।




अब आइडिया से बनेगी पहचान, कॉलेज की छात्राओं को बताए गए स्टार्टअप और पीएमएफएमई के गुर
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की युवाओं को नवाचार और स्वरोजगार से जोडऩे की मंशा के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला महेन्द्रगढ़ में गुरुवार को सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज अभियान चलाया गया। राजकीय महिला महाविद्यालय, अटेली में हुए इस कार्यक्रम का आयोजन जिला उद्योग केन्द्र और जिला एमएसएमई केन्द्र ने मिलकर किया।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग की ओर से औद्योगिक विस्तार अधिकारी श्री अजय यादव ने एमएसएमई विभाग की योजनाओं और उद्योग एवं उद्योग विभाग की स्टार्टअप योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने खासतौर पर प्रधानमंत्री फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज (पीएमएफएमई) योजना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी कोई भी इकाई लगाने के लिए एक करोड़ रुपये तक के ऋण की व्यवस्था है। इस पर 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी भी ली जा सकती है। इस योजना में आटा चक्की, तेल मिल, मसाला उद्योग और बेकरी जैसी इकाइयां लगाई जा सकती हैं।
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के जिला संयोजक श्री अजीत सिंह ने प्रतियोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये का इनाम मिलेगा। राज्य स्तर पर पहले तीन प्रतिभागियों को पांच लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए एक खास पहल है। इसका मकसद रोजमर्रा की वास्तविक समस्याओं के तकनीकी और व्यावहारिक समाधान खोजना है। सफल प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था की गई है। उद्योग जगत से जुड़े लोग भी अपने नवाचार संबंधी आइडिया साझा कर सकते हैं।
इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य  प्रवीण यादव, जिला सह संयोजक श्री अश्वनी यादव, श्री सुरेश, श्री अनील, आईईओ डॉ. सुनील कुमार और सहायक कमल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 कनीना क्षेत्र में हुई हल्की बूंदाबांदी
-भावी फसल के लिए मिलेगा लाभ

**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक एमएम, हल्की वर्षा हुई। वर्षा से जहां कुछ नुकसान की संभावना है वही भावी फसलों के लिए लाभप्रद साबित होगी।  इस समय किसान तेजी से बाजरे की पैदावार लेने में लगे हुए हैं। ऐसे में उनके कार्य में थोड़े समय के लिए विघ्न पड़ा किंतु भावी फसल/ रबी की फसल की तैयारी में जुटे किसानों को इससे लाभ मिलेगा। ताप में गिरावट आएगी जो सरसों के लिए बेहतर होगा। अभी भी चारा देने वाली फसलें एवं सब्जी देने वाली फसलें खड़ी हुई है।






नहीं हो पाई सरकारी तौर पर बाजरे की खरीद -प्राइवेट एजेंसी ने खरीदा जमकर बाजरा
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना क्षेत्र में आज भी सरकारी तौर पर कोई बाजरे की खरीद नहीं हो पाई। प्राइवेट एजेंसी खूब बाजरा खरीद रही है।
 सरकारी तौर पर बाजरे की खरीद एजेंसी हैफेड के मैनेजर जगराम यादव ने बताया कि आज भी कोई बाजरे की सरकारी खरीद नहीं हो पाई किंतु प्राइवेट एजेंसी में जमकर बाजरा खरीदा जा रहा है। लंबी कतार किसानों के वाहनों की देखने को मिली। पूर्ण चंद प्रधान ने बताया कि प्रतिदिन भारी संख्या में किसान अपने वाहनों में बाजरा ला रहे हैं और 2300  रुपये से अधिक भाव उनको प्रति क्विंटल के हिसाब से मिल रहे हैं। किसान खुश है।
फोटो कैप्शन 05: कनीना मंडी में बाजरे खरीद


17 अक्टूबर को लगेगा माता मेला
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
 17 अक्टूबर को अश्विन शुक्ल सप्तमी को घड़ी महासर में माता का मेला लगेगा। विस्तृत जानकारी देते हुए राकेश कुमार माता के भक्त ने बताया कि इस मेले से 2 दिन पूर्व भगवती की सवामणि की जाएगी तथा पंचमी व छठ की रात्रि को जागरण भी आयोजित होगा। विशाल मेला 17 अक्टूबर को दिनभर चलेगा।




राम वनवास की लीला देख भावुक हुए दर्शक, दशरथ-केकई के संवाद ने मोहा मन
-श्री आदर्श रामलीला कनीना के मंच पर पिता-पुत्र के बिछोह का मार्मिक मंचन
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना में चल रही श्री आदर्श रामलीला के मंच पर बुधवार रात राम वनवास की मार्मिक लीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम की 13 दिवसीय रामलीला के छठे दिन राजा दशरथ और महारानी केकैई के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पिता-पुत्र के बिछोह और श्रीराम के वन जाने के प्रसंग को देखकर कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बीच-बीच में पंडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ-
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डेरा प्रमुख कनीना गुरु बुलबुल महंत और उनके चेले खुशी महंत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पैक्स सोसाइटी प्रतिनिधि चेयरमैन सुरेंद्र सिंह धनखड़ छितरोली और प्रदीप सोनी भडफ़ ने शिरकत की। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच संचालन उप-प्रधान दिनेश यादव और मनोज रोहिल्ला ने किया।
दशरथ-केकई के संवाद ने दर्शकों को किया भावुक-
राम वनवास की लीला में प्रवक्ता राहुल शर्मा ने राजा दशरथ का किरदार निभाया। वह 36 वर्ष पूर्व रामलीला के मंच पर अपने हास्य-व्यंग्य से धाक जमाने वाले स्व.मास्टर जगदीश शर्मा के पौत्र हैं। राहुल शर्मा ने राजा दशरथ की पीड़ा, पुत्र वियोग और विवशता को अपने अभिनय के माध्यम से जीवंत कर दिया। उनके मार्मिक संवादों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
महारानी केकई के किरदार में मुकेश कपूर ने प्रभावशाली अभिनय किया। दशरथ और केकई के बीच हुए संवादों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, कौशल्या माता के किरदार में अमित जांगड़ा ने अपने मार्मिक संवादों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। माता कौशल्या की भावनाओं और पुत्र वियोग की पीड़ा को उनके अभिनय ने मंच पर जीवंत कर दिया।
भगवान श्रीराम के रूप में शिवकुमार शर्मा ने अपनी भूमिका निभाई। वनवास स्वीकार करते हुए श्रीराम के धैर्य और मर्यादा का मंचन दर्शकों को भावविभोर कर गया। लक्ष्मण के किरदार में प्रवक्ता सचिन शर्मा ने जोशपूर्ण संवादों और श्रीराम के साथ वन जाने की विनम्र प्रार्थना से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। सीता का किरदार शुभम ने निभाया।
कार्यक्रम में श्याम मित्र मंडल के प्रधान अनिल गर्ग, व्यापार मंडल के पूर्व उपप्रधान रविन्द्र बंसल, विक्की पंसारी, शिब्बू पंसारी, सुभाष मित्तल, सुरेंद्र शर्मा, रामलीला कमेटी के प्रधान मोहित जेलदार, बाबा मोलडऩाथ कमेटी के प्रधान दिनेश यादव, रामकिशन, रामा शर्मा, सुरेंद्र मिनिया और कृष्ण पहलवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: 06: मथरा तथा 07 में श्री आदर्श रामलीला के मंच पर राम वनवास की लीला का मंचन करते कलाकार।



31 अक्टूबर को जुटेगा साहित्य मनीषियों का महाकुंभ
-129 साहित्यकारों और पत्रकारों को किया जाएगा सम्मानित
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
 जबलपुर में 31 अक्टूबर को अपरान्ह 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक साहित्य मनीषियों का महाकुंभ जुटने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रियाशील  कादंबरी संस्था की ओर से 129 साहित्यकारों एवं पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।
 विस्तृत जानकारी देते हुए संस्था के अध्यक्ष आचार्य भगवत दुबे, महासचिव राजेश पाठक 'प्रवीण' तथा यशोवर्धन पाठक कोषाध्यक्ष ने बताया कि इस मौके पर मुख्य अतिथि राकेश सिंह, मंत्री लोक निर्माण विभाग मध्य प्रदेश शासन होंगे  वही श्रीमां साध्वी विभानंद गिरि नईदिल्ली  मंगल आशीष देंगी। साथ में डा. कैलाश गुप्ता, अशोक मनोध्याय, डा. राजेश धीरावाणी, आचार्य रामनाथ साहू 'ननकी' आदि भी उपस्थित रहेंगे। समारोह में देश के विविध अंचलों के साहित्यकारों द्वारा सृजित 14 कृतियों का विमोचन भी किया जाएगा तथा 129 देश और विदेश से आए हुए साहित्यकारों और पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा।संस्था द्वारा चार लाख 18 हजार 200 रुपये की राशि के 129 स्मृति पुरस्कार दिए जाएंगे जिनमें एक पुरस्कार के 21 हजार रुपये, चार पुरस्कार ग्यारह ग्यारह हजार के, 32 पुरस्कार 5000- 5000 रुपये के तथा 92 पुरस्कार 2100-2100 रुपये के दिए जाएंगे। कादंबरी परिवार विगत कई वर्षों से यह सम्मान समारोह हर वर्ष आयोजित करता आ रहा है।समारोह में कादम्बरी की स्मारिका का भी विमोचन होगा। प्रथम सोपान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।




वैदिक यज्ञ अनुष्ठान के साथ सीगड़ा के स्वास्थ्य सब-सेंटर के नवनिर्मित भवन का हुआ भव्य शुभारंभ
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज। 
आर्य समाज महेंद्रगढ़ व वेद प्रचार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सीगड़ा में स्वास्थ्य सब-सेंटर के नवनिर्मित भवन का पावन वैदिक यज्ञ एवं वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में नारनौल से डिप्टी सीएमओ डा. दिनेश कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच राजेंद्र सिंह ने की। यह यज्ञ अनुष्ठान सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक बलबीर सिंह खोला के ब्रह्मत्व और  पुरोहित पंडित भूपेंद्र सिंह आर्य के कुशल सानिध्य से संपन्न हुआ।
यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में इसी सेंटर में कार्यरत एमपीएचडब्ल्यू ऋषि राज आर्य व उनकी सहधर्मिणी गीता आर्या, अनिल कुमार व उनकी सहधर्मिणी हेमलता तथा सीएचओ अरुण कुमार व उनकी सहधर्मिणी अंकिता देवी ने बैठकर आहुतियां प्रदान कीं। यज्ञोपरांत सभी यजमानों को महर्षि दयानंद सरस्वती द्वारा रचित अमर ग्रंथ सत्यार्थ प्रकाश व गायत्री पटका सस्नेह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एमपीएचडब्ल्यू ऋषि राज आर्य ने इस नए भवन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सब-सेंटर के इस नवनिर्मित भवन से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों को आधुनिक व बेहतर माहौल में प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्य अतिथि डा. दिनेश कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा और स्वास्थ्य के इस नए भवन की शुरुआत वैदिक यज्ञ से होना अत्यंत उत्तम है, जिससे यहां आने वाले मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को एक सकारात्मक व आरोग्य वातावरण मिलेगा।
फोटो कैप्शन 03: हवन करते हुए



88 मरीजों की की गई स्क्रीनिंग
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आज आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीगड़ा में विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करना तथा संभावित 88 कांटेक्ट टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।
शिविर के दौरान सीएचओ अरुण चौधरी, एमपीएचडबल्यू ऋषिराज द्वारा लोगों की टीबी से संबंधित लक्षणों की जांच एवं स्क्रीनिंग की गई। लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना तथा भूख कम लगना जैसे लक्षणों के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बताया कि टीबी एक इलाज योग्य बीमारी है और समय पर जांच एवं पूरा उपचार लेने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने में देरी न करें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
फोटो कैप्शन 02: मरीजों की स्क्रीनिंग करते हुए


मिसाइल मैन डा.एपीजे अब्दुल कलाम को किया याद
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगिहार में गुरुवार को विश्व छात्र दिवस मनाया गया इस अवसर पर विद्यार्थियों के प्रेरणा स्रोत भारत रत्न मिसाइल मैन डा. एपीजे अब्दुल कलाम को उनके जन्मदिन दिवस पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय में अंग्रेजी के प्रवक्ता मदन मोहन कौशिक ने विद्यार्थियों को मिसाइल मैन डा. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन तथा पृथ्वी तथा अग्नि मिसाइल बनाने में उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया तथा उनके जीवन के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का भी वर्णन किया। उन्होंने बताया कि डा. कलाम, विद्यार्थियों के लिए बहुत बड़े प्रेरणा स्रोत थे जिन्होंने एक साधारण परिवार में जन्म लेकर देश के सर्वोच्च पद तथा सर्वोच्च सम्मान को प्राप्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे डा. कलाम के जीवन से प्रेरणा ग्रहण करें तथा उन्हें अपना आदर्श बनाएं।
 इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता अजय कुमार बंसल, निशा जांगड़ा, कैलाश देवी,शशि कुमारी, पूनम कुमारी,राकेश कुमार, धर्मेंद्र डीपीई,तथा प्रमोद कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 01: छात्र दिवस मनाते हुए

नकदी व कपड़े चोरी, अज्ञात चोर ताला तोड़ कर ले गया सामान
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
 दौंगड़ा जाट के रहने वाली छोटा देवी ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध उनके कपड़े, चांदी के पाजेब, स्पीकर आदि चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा है कि 15 दिन पहले अपने बच्चों के पास दिल्ली चली गई थी और 13 अक्टूबर को पड़ोस की महिला ने फोन किया कि आपके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना पाकर घर जाकर चेक किया तो 10 सूट/कपड़े, दो से तीन हजार रुपये की नकदी, एक जोड़ी चांदी पाजेब और एक गाड़ी का स्पीकर चोरी हो गया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध चोरी का केस दर्ज कर लिया है।



महेंद्रगढ़ जिला में एसआईआर का काम पारदर्शी ढंग से जारी, सभी नोटिस पहुंचे, 99 प्रतिशत से ज्यादा की सुनवाई पूरी
-कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, इस लक्ष्य को लेकर चल रहा जिला प्रशासन : डीसी अनुपमा अंजली
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य को लेकर गुरुवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक में महेंद्रगढ़ जिले में अब तक हुए कार्य की भी समीक्षा की गई।
बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि जिले में एसआईआर का काम बेहद पारदर्शी तरीके से चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य साफ है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से न छूटे।
जिले में अब तक करीब 1.23 लाख नोटिस जारी किए गए, जो सभी संबंधित लोगों तक पहुंचा दिए गए हैं। इनमें से लगभग 1.22 लाख मामलों में सुनवाई हो चुकी है, यानी 99 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो गया है। शेष मामलों का निपटारा भी जल्द करने की तैयारी है।
प्रक्रिया के दौरान फॉर्म 6, 7 और 8 के तहत जिले में 28 हजार से ज्यादा आवेदन मिले। इनमें से करीब 25 हजार आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। दावे और आपत्तियों की सूची चारों निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा हर सप्ताह राजनीतिक दलों के साथ साझा की जा रही है, जबकि दावों और आपत्तियों की सुपर-चेकिंग का काम पूरा हो चुका है।
राजनीतिक दलों की भागीदारी भी इस प्रक्रिया में उल्लेखनीय रही। चारों निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर पर नियमित बैठकें कर इन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
मतदाता सूची की बात करें तो 31 जुलाई 2026 तक जारी प्रारूप सूची में जिले में कुल 6 लाख 85 हजार 653 मतदाता दर्ज हैं। जिले के सभी 772 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी तैनात हैं और उनकी निगरानी के लिए 80 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य समय पर पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।




नागरिक अस्पतालों में अब नहीं लगेगी लाइन, फोन अथवा ऑनलाइन से मिलेगा ओपीडी स्लॉट
-कैशलेस होंगी सभी सेवाएं, पर्ची कटवाने के लिए भी क्यूआर कोड के माध्यम से होगी पेमेंट
-आज से बदलेगा ओपीडी का समय
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
स्वास्थ्य सेवाओं को आम आदमी के लिए सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार एक अहम कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रदेश के सभी अस्पतालों में कैशलेस सुविधा लागू की जाएगी। साथ ही मरीजों को ओपीडी में पर्ची के लिए घंटों कतार में खड़े रहने की परेशानी से भी राहत मिलेगी, क्योंकि वे अपना स्लॉट पहले से बुक करा सकेंगे।
इस व्यवस्था की जानकारी देते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि सरकार ने यह कदम मरीजों को अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया है। उन्होंने कहा कि नई कैशलेस प्रणाली से अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। राज्य के सभी अस्पतालों में मिलने वाली सभी प्रकार की सेवाओं के लिए लगने वाले शुल्क का भुगतान अब क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा सकेगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि ओपीडी के लिए कोई भी नागरिक, बुकिंग क्यूआर कोड के जरिए या ऑनलाइन, दोनों तरीकों से की जा सकेगी। इसके लिए अस्पताल में एक अलग काउंटर भी स्थापित किया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद मरीजों को अपनी बारी के लिए लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके अलावा, 16 अक्टूबर से अस्पताल में ओपीडी के समय में भी बदलाव किया जाएगा। अब ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बजाय सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगी। चिकित्सा अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह परिवर्तन नया नहीं है, बल्कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए प्रत्येक वर्ष किया जाता है।
महेंद्रगढ़ जिला में पारदर्शी तरीके से हो रही बाजरे की खरीद, अब तक 46,964 मीट्रिक टन की खरीद पूरी



घर बैठे बनाएं गेट पास, ई-खरीद ऐप से किसानों को राहत
-अब तक जिले में 19,369 किसानों मंडियों में बेचा बाजरा
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला महेंद्रगढ़ में बाजरे की खरीद पारदर्शी और सुचारू ढंग से की जा रही है। यह जानकारी उपायुक्त अनुपमा अंजली ने वीरवार को प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद दी। कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त ने जिले के सभी एसडीएम के साथ बैठक कर खरीद कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक 19,369 किसानों के गेट पास जारी किए जा चुके हैं। किसानों की सुविधा के लिए सरकार ने ई-खरीद ऐप शुरू किया है, जिस पर उन्हें खरीद से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध हो जाती है। किसान चाहें तो घर बैठे ही अपना गेट पास जारी कर सकते हैं, जिससे उन्हें मंडियों में लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।
खरीद और उठान की स्थिति की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले की अनाज मंडियों में अब तक 50,354 मीट्रिक टन बाजरे की आवक हुई है, जिसमें से 46,964 मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। खरीदे गए बाजरे में से 26,707 मीट्रिक टन का उठान भी हो चुका है, जो कुल खरीद का लगभग 56 प्रतिशत है।
बैठक में उपायुक्त ने सभी एसडीएम और मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि बाजरा बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंडियों में तिरपाल आदि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि मौसम की मार से फसल को नुकसान न पहुंचे।




महेंद्रगढ़ की महिला किसानों ने हमेठी में रखी अपनी बात, प्राकृतिक खेती और बाजरा उत्पादों से आय बढ़ाने पर जोर
-महिला किसान












दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ की प्रगतिशील महिला किसानों का सम्मान
**************************************************************************
**********************************************************************
**************************************************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार द्वारा कृषि में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के तहत आज अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर जींद जिले के गांव हमेठी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला महेंद्रगढ़ से कृषि विभाग की महिला नोडल अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारी सोनिया (खंड बाछोद, अटेली) के नेतृत्व में प्रगतिशील महिला किसानों ने भाग लिया।
महेंद्रगढ़ जिले की ओर से गांव बवानिया की प्रगतिशील महिला किसान बनारसी देवी और रेणु कार्यक्रम में शामिल रहीं। कार्यक्रम में कृषि के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई और कृषि विभाग की योजनाओं के तहत प्राकृतिक खेती को अधिक से अधिक अपनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. सुभाष ने बताया कि प्राकृतिक खेती गाय आधारित खेती है। इसमें गाय के गोबर और गोमूत्र से जीवामृत व घन जीवामृत तैयार किए जाते हैं, जिससे भूमि में जीवाणुओं की संख्या बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से किसान की लागत घटती है और भूमि की सेहत में सुधार होता है। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से किसानों को गाय पर अनुदान दिया जा रहा है। महेंद्रगढ़ जिले के किसान भी इन योजनाओं का लाभ उठाकर प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में महेंद्रगढ़ सहित भाग लेने वाली सभी महिला नोडल अधिकारियों और प्रगतिशील महिला किसानों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने के बाद बनारसी देवी ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले की महिला किसान आपस में समूह बनाकर यहां उगने वाली प्रमुख फसल बाजरा सहित अन्य फसलों के उत्पाद तैयार कर सकती हैं। इन उत्पादों को बाजार में बेचकर वे अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ सकती हैं।
फोटो। महिला किसान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ की प्रगतिशील महिला किसानों का सम्मान



No comments: