Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Saturday, February 7, 2026



 लाइब्रेरी में दिया दान

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
खंड के गाँव ककराला में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। डॉ. राजीव एवं रविंद्र ने अपने पूज्य पिता आदरणीय श्री बनवारी लाल जी की रस्म पगड़ी के अवसर पर बाबा भैंया लाइब्रेरी के लिए ₹21,000 की सहयोग राशि प्रदान की।
इसी क्रम में राजकुमार पुत्र जगदेव (चेयरमैन, एस डी ग्रुप) ने भी अपने विवाह जैसे शुभ अवसर पर लाइब्रेरी मुहिम हेतु ₹11,000 का योगदान देकर समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया था। इन दोनों परिवारों ने अन्य सामाजिक संस्थाओं और गौशाला में सहयोग करते हुए शिक्षा की इस मुहिम में भी अपना योगदान करके नई पहल की है।
लाइब्रेरी प्रबंधन के कॉर्डिनेटर राजसिंह ने बताया कि यह सहयोग गाँव में शिक्षा के प्रसार और युवाओं को बेहतर अध्ययन सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ऐसे सामाजिक योगदान न केवल शिक्षा को मजबूती देते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
बाबा भैंया लाइब्रेरी परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नई पहल गाँव के अन्य लोगों को भी शिक्षा जैसे पवित्र कार्य में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी। इस मौके पर संस्था से मास्टर रामनिवास, ओमप्रकाश, दिनेश सोनी, बॉबी, राममेहर सहित गांव के सभी गणमान्य मौजिज उपस्थित रहे।

 

 

 

श्री कृष्ण गौशाला कनीना में गौसेवा का बना प्रेरणादायी  उदाहरण

***********************************

************************************
कनीना की आवाज
जबसे श्री कृष्ण गौशाला कनीना का प्रधान भगत सिंह ने कार्यभार संभाला है, उनके अथक प्रयासों से अब आम आदमी भी गौशाला में आकर गौरवान्वित महसूस करता है और दिल खोलकर सहयोग भी करने लगा है। आज श्री कृष्ण गौशाला कनीना में गांव कपूरी निवासी ग्राम सचिव राखी एवं उनके भाई प्रदीप बाबू जी द्वारा श्रद्धा भाव से 1-1 गाय को गोद लिया गया। गौवंश को गुड़ भी खिलाया। गौभक्तों द्वारा गोद ली गई गायों के चारे, दवाई, देखरेख एवं संरक्षण की जिम्मेदारी ली गई। इस पुनीत कार्य से गौशाला में रह रही गौमाताओं के संरक्षण को मजबूती मिली है तथा समाज में गौसेवा के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।

इस अवसर पर गौशाला में अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे  जिनमें प्रधान भगत सिंह, बलवान सिंह आर्य, सचिव यश यादव, सतबीर गुगन वाला, मोहन पार्षद, पृथ्वी बोहरा, इंद्रजीत करीरा, मास्टर रामप्रताप, बाबू जी दिलावर तथा ग्राम सचिव अंजली कोटिया प्रमुख रूप से शामिल रहे।
उपस्थित सदस्यों ने गौभक्तों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक कार्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अन्य लोगों से भी आगे आकर गौमाता की सेवा एवं संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
श्री कृष्ण गौशाला कनीना प्रबंधन द्वारा गौभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस प्रकार के प्रयास गौ संरक्षण आंदोलन को नई दिशा प्रदान करते हैं।

 

 

शहीद स्टेडियम खरकड़ावास में उपमंडल प्रशासन बनाम प्रेस का सद्भावना क्रिकेट मैच सम्पन्न

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
उपमंडल के गांव खरकड़ावास स्थित शहीद स्टेडियम में आज उपमंडल प्रशासन 11 और प्रेस 11 के बीच एक भव्य सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और प्रेस के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं सकारात्मक संवाद को सुदृढ़ करना रहा।

उपमंडल प्रशासन की टीम का नेतृत्व एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत ने किया, जबकि टीम के उपकप्तान उमेश सिंह जाखड़ (गिरदावर) रहे। वहीं प्रेस 11 की कमान वरिष्ठ पत्रकार दीपचंद यादव ने संभाली तथा मनोज रोहिल्ला उपकप्तान रहे।
मैच में उपमंडल प्रशासन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस 11 की टीम संघर्ष के बावजूद 113 रन पर सिमट गई। इस प्रकार उपमंडल प्रशासन 11 ने मुकाबला अपने नाम किया।
प्रशासन 11 की ओर से कपिल कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रन की उत्कृष्ट पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। वहीं कप्तान डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत ने उपयोगी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी दमखम दिखाया और एक ही ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट झटककर मैच का रुख पलट दिया, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रेस 11 की ओर से मनोज रोहिल्ला को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया।
मैच में कमेंट्री की जिम्मेदारी प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने निभाई। अंपायर की भूमिका सेवानिवृत्त कैप्टन विजयपाल एवं पूर्व सरपंच बलवान सिंह ने अदा की, जबकि स्कोरर की भूमिका डॉ. मनिंदर सिंह ने निभाई।
टीम विवरण
उपमंडल प्रशासन 11:
कपिल कुमार, प्रदीप कुमार, सोनू (विकेटकीपर), देवेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरि, पवन कुमार, कप्तान डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत, उपकप्तान उमेश सिंह जाखड़।
प्रेस 11:
कप्तान दीपचंद यादव, उपकप्तान मनोज रोहिल्ला, अनिल शर्मा, कर्मवीर सिंह, इंद्रजीत शर्मा, जसवंत सिंह, अभिषेक शर्मा, कपिल राव, निशांत, शैलेंद्र, कुणाल, साहिल एवं योगेश।
मैच के समापन अवसर पर एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह अहलावत ने खिलाड़ियों, पत्रकारों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उपमंडल में इस प्रकार का सद्भावना क्रिकेट मैच पहली बार आयोजित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गांव खरकड़ावास का यह मैदान भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों का साक्षी बनेगा। साथ ही उन्होंने मैदान में कृत्रिम पिच बनवाने के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में गांव के सरपंच प्रतिनिधि सूबेदार राजेंद्र सिंह, उपतहसीलदार कनीना, ग्राम पंचायत के सभी सदस्य रिटायर्ड हवलदार नंदकिशोर खटाना, स्टेनो सुनील कुमार शर्मा, सभी पटवारी एवं गिरदावर, पूर्व सरपंच रामनिवास खेड़ी, ग्राम सचिव तथा प्रेरणा कुमारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।

 

 

दिव्यांग कर्मचारियों के सेवा अधिकारों को लेकर कल जींद में राज्य स्तरीय बैठक

***********************************

************************************
कनीना की आवाज। 
हरियाणा सरकार द्वारा दिव्यांग कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु से संबंधित हालिया गजट नोटिफिकेशन के विरोध एवं दिव्यांग कर्मचारियों के सेवा अधिकारों की रक्षा को लेकर कल जींद में एक राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन किया जा रहा है।

यह बैठक जींद बस स्टैंड के समीप पिंडारा स्थित धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन विकलांग संघ उमंग, सिरसा—जो प्रदेश में देश की नामचीन दिव्यांग हितैषी संस्था के रूप में कार्यरत है—तथा हरियाणा प्रगतिशील दिव्यांग शिक्षा अधिकारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। बैठक में प्रदेश भर में दिव्यांगों के हितों के लिए कार्य करने वाली विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में हालिया गजट नोटिफिकेशन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा तथा दिव्यांग कर्मचारियों के हित में भविष्य की रणनीति एवं आंदोलनात्मक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से यह मांग उठाई जाएगी कि सरकार इस निर्णय पर सहानुभूतिपूर्वक पुनर्विचार करते हुए गजट नोटिफिकेशन को वापस ले तथा दिव्यांग कर्मचारियों को 60 वर्ष की आयु तक सेवा का अधिकार प्रदान करे।
संघ नेताओं ने बताया कि बैठक के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री, माननीय मुख्यमंत्री, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सहित संबंधित विभागों और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को इस विषय में ज्ञापन भेजकर निर्णय को पुनर्स्थापित एवं दिव्यांग-हितैषी बनाने की मांग की जाएगी।
संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र व राज्य सरकारें दिव्यांगजनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए इस विषय पर सकारात्मक और न्यायोचित निर्णय लेंगी।

 

 

बाबा भैंया लाइब्रेरी, ककराला।

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
खंड के गाँव ककराला में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। डॉ. राजीव एवं रविंद्र ने अपने पूज्य पिता आदरणीय श्री बनवारी लाल जी की रस्म पगड़ी के अवसर पर बाबा भैंया लाइब्रेरी के लिए ₹21,000 की सहयोग राशि प्रदान की।

इसी क्रम में राजकुमार पुत्र जगदेव (चेयरमैन, एस डी ग्रुप) ने भी अपने विवाह जैसे शुभ अवसर पर लाइब्रेरी मुहिम हेतु ₹11,000 का योगदान देकर समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया था। इन दोनों परिवारों ने अन्य सामाजिक संस्थाओं और गौशाला में सहयोग करते हुए शिक्षा की इस मुहिम में भी अपना योगदान करके नई पहल की है।

लाइब्रेरी प्रबंधन के कॉर्डिनेटर राजसिंह ने बताया कि यह सहयोग गाँव में शिक्षा के प्रसार और युवाओं को बेहतर अध्ययन सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ऐसे सामाजिक योगदान न केवल शिक्षा को मजबूती देते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहभागिता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
बाबा भैंया लाइब्रेरी परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नई पहल गाँव के अन्य लोगों को भी शिक्षा जैसे पवित्र कार्य में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी। इस मौके पर संस्था से मास्टर रामनिवास, ओमप्रकाश, दिनेश सोनी, बॉबी, राममेहर सहित गांव के सभी गणमान्य मौजिज उपस्थित रहे।

 

 

मंजू मोहनपुर ने पाई सफ़लता

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में कनीना खंड के गाँव मोहनपुर नांगल की बेटी मंजु चौहान ने पीएचडी प्रवेश के लिए परीक्षा को अपने पहले ही प्रयास मे उत्तीर्ण कर लिया है मंजू चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता ठाकुर किरण पाल सिंह माता सन्तोष देवी व निरंतर मेहनत को दिया है. मंजू ने वाणिज्य विषय मे इस प्रतिष्ठान परीक्षा मे 88.90 परसेटाइल स्कोर हासिल किया गाँव की बेटी की इस उपलब्धी पर प्रदीप चौहान बीरेन्द्र सिंह जितेंद्र दयाराम जांगड़ा रोशन पूर्व सरपंच लखमीचंद चौहान रामनिवास यादव नाहर सिंह शर्मा मुकेश यादव अजीत लाम्बा प्रदीप जोशी आदि ने बधाई दे उज्ज्वल भविष्य कि कामना की है

 

 

 

नवोदय विद्यालय परीक्षा संपन्न

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
जवाहर नवोदय विद्यालय महेंद्रगढ़ में आज कक्षा नवमी एवं कक्षा ग्यारहवीं की प्रवेश परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे, जहाँ परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

विद्यालय के प्राचार्य श्री बृजमोहन पाल रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा ग्यारहवीं (XI) के लिए कुल 267 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 156 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 111 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
वहीं कक्षा नवमी (IX) की प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 466 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 346 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी तथा 120 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
प्राचार्य श्री रावत ने बताया कि परीक्षा संचालन के दौरान सभी केंद्रों पर अनुशासन, पारदर्शिता एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना के प्राचार्य सुनील कुमार खुडानिया , राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी के प्राचार्य  नरेश कुमार कौशिक, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रवक्ता गोविंद सिंह, अंग्रेजी प्रवक्ता  सुंदरलाल, सुरेंद्र मोरवाल, फाइन आर्ट प्रवक्ता सुरेंद्र कुमार, तथा मॉडल स्कूल कनीना से भौतिक शास्त्र प्रवक्ता प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
परीक्षा के सफल समापन के पश्चात प्राचार्य  बृजमोहन पाल रावत ने परीक्षा कार्य में सहयोग देने वाले सभी केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

 

बुढ़ों, विधवा तथा दिव्यांगों की पेंशन को बहाल करवाने के लिए आंदोलन करेगी                                                                                

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
बहुजन समाज पार्टी हरियाणा सरकार द्वारा शर्तें लगाकर काटी गई बुढ़ों, विधवा तथा दिव्यांगों की पेंशन को बहाल करवाने के लिए आंदोलन करेगी। उक्त घोषणा बसपा नेता अतरलाल ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए की।

                अतरलाल ने कहा कि उन्हें प्रदेश के कोने-कोने से शिकायत मिली है कि राज्य सरकार द्वारा अनेक शर्तें लगाकर प्रदेश में लगभग साठ हजार बुढ़ों तथा पचास हजार विधवा व विकलांगों की पेंशन काट दी गई है। उन्होंने कहा कि ये बुढ़ों का सम्मान भत्ता है। इस पर बार-बार गैर वाजिब शर्तें लगाकर बुढ़ों की पेंशन काटना सरासर उनके साथ अन्याय है। इसी तरह विधवा व दिव्यांगों पर शर्तें थोपकर उनकी पेंशन काटना गरीब विरोधी कार्य है। उन्होंने कहा कि शर्तें लगाकर बुढ़ापा, विधवा व विकलांग पेंशन काटने से पीड़ित व्यक्तियों को भारी परेशानी हो रही है। सम्मान भत्ता बुढ़ापे में उनका सहारा था जिससे वे अपनी जरूरत की चीजें ले लेते थे। सम्मान भत्ता बंद करने से पीड़ित वृद्धों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने वृद्धों, विधवाओं, दिव्यांगों की काटी गई पेंशन अगले 15 दिनों के अंदर बहाल नहीं की तो बहुजन समाज पार्टी जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालयों के समक्ष धरना प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर महेन्द्रगढ़ - भिवानी लोकसभा प्रभारी पवन ठाकुर, जिला प्रधान प्रमोद कटारिया, अतुल नागर, नांधा, औमप्रकाश यादव ने भी सरकार की किसान, गरीब, श्रमिक विरोधी नितियों की आलोचना करते हुए कार्यकर्ताओं से लामबंद होने की अपील की।

 

 

महेंद्रगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाई हत्या की गुत्थी, जमीनी विवाद में युवक की हत्या करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार।

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने थाना सदर महेंद्रगढ़ क्षेत्र के गांव खातोदड़ा में जमीनी विवाद के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नवीन, मोहित और सोनू के रूप में हुई है, जो सभी गांव खातोदड़ा के ही रहने वाले हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

घटना के संबंध में मृतक सोमदत के भाई प्रदीप ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि 5 फरवरी की शाम उसका भाई सोमदत घर से बाहर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। तलाश करने पर गांव की बनी के पास उसने देखा कि आरोपी नवीन, मोहित और सोनू उसके भाई सोमदत पर लोहे की रॉड, कील लगी फट्टियों और सरियों से हमला कर रहे थे। शिकायतकर्ता को देख आरोपी वहां से भाग निकले और जाते-जाते धमकी दी। गंभीर रूप से घायल सोमदत ने अस्पताल ले जाते समय बताया कि आरोपियों ने जमीनी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया है। इलाज के दौरान 6 फरवरी को सोमदत की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई की और महज कुछ ही समय में वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि यह हत्या जमीनी विवाद को लेकर की गई थी। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।

 

 











 

15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर बाघोत में लगेगा विशाल मेला
-पौराणिक इतिहास समेटे हैं बाघोत                                                                                                                

***********************************

************************************
कनीना की आवाज।
कनीना उपमंडल के गांव बाघोत पर 15 फरवरी को महाशिवरात्रि मेला लगने जा रहा है। वर्ष में दो बार मेला लगता है। सावन त्रयोदशी शिवरात्रि पर कावड़ मेला लगता है। बाघोत जिसे बाघेश्वर धाम नाम से पूरे भारत में जाना जाता है, का पौराणिक महत्व एवं अपने में इतिहास समेटे हुए है।  महाशिवरात्रि पर कांवड़ कम अर्पित की जाती हैं।

 बाघोत का नाम बाघ के आधार पर पड़ा है।
 बाघोत का पुराना नाम हरयेक वन था। यहां पीपलाद ऋषि का आश्रम भी तो यही था। उनके कुल में राजा दलीप के कोई संतान नहीं थी। वे दु:खी थे और दुखी मन से अपने कुलगुरु वशिष्ठ के पास गए। उन्होंने अपना पूरा दु:ख का वृतांत मुनिवर को सुनाया। वशिष्ठ ने उन्हें पीपलाद ऋषि के आश्रम में नंदिनी नामक गाय एवं कपिला नाम की बछिया निराहार रहकर चराने का आदेश दे दिया। राजा ने गाय व बछिया को निराहार रहकर चराते वक्त एक दिन भगवान् भोलेनाथ ने बाघ का रूप बनाकर राजा की परीक्षा लेने का निर्णय लिया। बाघ ने बछिया पर धावा बोल दिया। गाय को बचाने के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने को राजा तैयार हुए। परंतु जब वे ऐसा करने लगे तो  बाघ के स्थान पर शिवभोले खड़े थे। बाघ के कारण ही गांव का नाम बाघोत पड़ा। प्रारंभ में बाघेश्वर शिवालय का निर्माण कणाणा के राजा कल्याण सिंह रैबारी ने करवाया था जिसका समय समय पर उद्धार होता रहा है।
   बाघोत स्थित शिवालय उन भक्तों के लिए भी प्रसिद्ध माना जाता है जिनके कोई संतान नहीं होती है। मेले में आकर दंपति अपने हाथों से एक विशाल वटवृक्ष को कच्चा धागा बांधकर सुंदर संतान होने की कामना करता है। जब संतान हो जाती है तो यहां आकर ही धागा खोलता है। यही कारण है कि शिवलिंग के पास ही खड़ा एक वटवृक्ष कच्चे धागों से लदा मिलता है।
हरियाणा सरकार की पुस्तकों में भी बाघोत का छोटा उल्लेख है वहीं लेखक एचएस यादव की कृति में संपूर्ण इतिहास दिया गया है।
बाघोत के शिवालय का शिवलिंग स्वयंभू होने के कारण यहां अपार भीड़ भक्तों की वर्षभर चलती है। छोटा सा गांव है किंतु ठहरने के लिए अनेक धर्मशालाएं हैं। प्राकृतिक शिवलिंग के भक्त दर्शन कर प्रसन्न हो जाते हैं।
स्वयंभू है शिवलिंग-
बाघोत का शिवलिंग स्वयंभू है। यही कारण है कि शिवरात्रि एवं महाशिवरात्रि पर यहां अपार भीड़ जुटती है। हरिद्वार एवं ऋषिकेश से गंगाजल लाकर अर्पित करते हैं।
मांग रहेगी गाजर एवं बेरों की--
 महाशिवरात्रि पर बेर, गाजर एवं फलों की मांग रहती है। गाजर जो 20 रुपये किलो बिक रही है। वहीं बेर 70 रुपये तो केले 60 रुपये दर्जन बिक रहे हैं। इस दिन व्रत होने से बेलपत्र की भी मांग रहती है। महाशिवरात्रि के दिन महंगे रहने की संभावना है।
  गाजर के अच्छे भाव मिलने की संभावना से  किसानों ने खेतों से गाजर बचा रखी थी और उन्हें बाजार में बेचकर आय माने की संभावना है। उधर  बेहतर बेर की पैदावार लेने वाले बेरों की पैकिंग कर रहे हैं। दूध, बेलपत्र, धतूरा, भाग के पौधों की भी मांग रहती है। दुकानदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि वो बेर, बेलपत्र, बेर एवं अन्य पदार्थों का प्रबंध कर चुके हैं।
 कई जगह लगेंगे मेले-
महाशिवरात्रि पर जहां कनीना एवं बाघोत के अलावा तथा विभिन्न स्थानों पर मेले लगते हैं। विभिन्न गांवों में शिवालय बने हुए हैं जहां महाशिवरात्रि पर मेले लगते हैं। भंडारे भी लगते हैं।
सजाया गया है शिवालय को-
 बाघेश्वर धाम को सजाया गया है। कतारबद्ध भक्तों के खड़े रहने, पेयजल, पुलिस आदि का प्रबंध किया गया है वहीं भंडारे, ठहरने का प्रबंध भी किया गया है। महिपाल सिंह बाघोत ने बताया कि मेले विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती हैं।

No comments: