सिगड़ी ग्राम पंचायत में 24X7 जलापूर्ति योजना को लेकर घर-घर सर्वे अभियान जारी
-पेयजल कनेक्शन की स्थिति जांच कर कमियां दूर करेगा विभाग
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिला महेंद्रगढ़ की एकमात्र चयनित ग्राम पंचायत सीगड़ी में 24&7 जलापूर्ति योजना को सफल बनाने के लिए आवश्यक गतिविधियां लगातार जारी हैं।
जिला सलाहकार मंगतुराम सरसवा ने बताया कि 1 मई से 7 मई तक बीआरसी मोहित कुमार की अगुवाई में घर-घर जाकर पेयजल कनेक्शनों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 202 घरों का सर्वे किया गया है। इनमें से 192 घर आबाद पाए गए, जबकि 10 घर बंद मिले।
192 घरों के पेयजल कनेक्शनों की जांच में पाया गया कि 46 घरों में नल कनेक्शन स्टैंड पोस्ट की स्थिति में नहीं थे तथा पाइप जमीन में पड़े हुए थे, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। वहीं 146 घरों में स्टैंड पोस्ट पाए गए, लेकिन उनमें से 49 घरों के नलों पर टोंटी नहीं लगी हुई थी। केवल 97 कनेक्शन ऐसे पाए गए, जिनमें स्टैंड पोस्ट भी सही स्थिति में थे तथा टोंटी भी लगी हुई थी।
सर्वे के दौरान 3 अस्वच्छ कनेक्शन भी मिले, जो गंदे पानी की निकासी के पास पाए गए। ऐसे कनेक्शनों को दुरुस्त करवाने के लिए संबंधित उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है।
विभागीय टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को 24म7 जलापूर्ति योजना के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें बताया गया कि नल खोलो, जल भरो जैसी व्यवस्था को सफल बनाने के लिए उपभोक्ताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। सभी नल कनेक्शन अच्छी स्थिति में होने चाहिए तथा प्रत्येक नल पर टोंटी लगी हो, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। साथ ही किसी भी कनेक्शन को गंदी नाली से जोडऩे या लीकेज की स्थिति से बचने के लिए भी जागरूक किया गया।
ग्राम पंचायत एवं ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सदस्यों को भी निगरानी एवं जन-जागरूकता के लिए प्रेरित किया गया। सर्वे में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए विभाग द्वारा ग्राम पंचायत एवं उपभोक्ताओं के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं।
जिला सलाहकार ने बताया कि जो उपभोक्ता इस योजना में सहयोग नहीं करेंगे, पेयजल की बर्बादी करेंगे या नलों पर टोंटी नहीं लगाएंगे, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने में सभी सहयोग करें, ताकि सीगड़ी ग्राम पंचायत को जल्द से जल्द 24&7 पेयजल आपूर्ति वाला गांव बनाया जा सके।
इस अवसर पर बीआरसी मोहित कुमार, पंप चालक तुलसीराम, जलकर्मी नरबीर एवं कुलदीप उपस्थित रहे।
एक घर में एक ही कनेक्शन होगा मान्य : अमित जैन
कार्यकारी अभियंता अमित जैन ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2022 में प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर घर नल से जल सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी। उस समय सीगड़ी ग्राम पंचायत में कुल 253 उपभोक्ता दर्ज थे। इसके बाद गांव में जुड़े नए उपभोक्ताओं को भी विभागीय रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के पास एक से अधिक कनेक्शन पाए जाएंगे, उन्हें चिन्हित कर हटाया जाएगा, ताकि एक घर-एक कनेक्शन के आधार पर 24म7 पेयजल आपूर्ति योजना को सफल बनाया जा सके।
फोटों कैप्शन 06:घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को जागरूक करती विभागीय टीम।
नगर पालिका चुनाव
-कनीना 10 मई को होगा मतदान और 13 मई को खुलेगा भाग्य
-सभी प्रत्याशियों ने किया दिनरात एक
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। कनीना के वार्ड 14 के उप चुनाव को लेकर सरगर्मियां पूरे यौवन पर हैं। चूंकि मतदान में महज 2 दिन का समय बाकी है। 10 में को मतदान होगा, मतदान के लिए एकमात्र केंद्र बनाया गया है। कान्हा सिंह धर्मशाला, रेवाड़ी रोड़ कनीना में मतदान चलेगा लेकिन मतदान के तीन दिन बाद 13 मई को मतगणना होगी, तभी भाग्य का फैसले का पता लगेगा। फिलहाल 6 प्रत्याशी मैदान में है और सभी जी जान एक करके अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। कोई किसी का समर्थन लेकर, कोई किसी के पैर पड़कर, कोई किसी का रिश्तेदारियों में जाकर अपने-अपने वोट पका रहे हैं। एक और जहां भीषण गर्मी पड़ रही है वहीं वोट चाहने वाले इस भीषण गर्मी को भी कुछ नहीं समझते हुए आगे बढ़ रहे हैं और घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। सबसे बड़ी विशेषता है कि इसमें 6 प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी ऐसा भी है जिन्होंने पहले भी चुनाव लड़ा है बाकी पांच प्रत्याशी नय है जो पहली बार चुनाव मैदान में खड़े हुए हैं। 670 वोटर है और जिन्हें निर्णय लेना है कि किसको वोट देकर विजयी बनाया जाए।
उल्लेखनीय है कि यह उपचुनाव एक प्रत्याशी की दुर्घटना मौत के बाद हो रहे हैं। एक और यहां मतदाता अभी तक किसी प्रत्याशी को स्पष्ट रूप से नहीं चाह रहे हैं। ऐसे में प्रत्याशी भी परेशान है क्योंकि वोटर सभी प्रत्याशियों को वोट देने की बात कर रहे हैं। जब मतदान होगा तब भी पता नहीं चल पाएगा कि कौन जीत हासिल करेगा। महज मतगणना के बाद ही पता चल पाएगा कि उपचुनाव में कौन बड़ी जीत पाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह वार्ड 14 पहली बार बना था और इसके चुनाव भी पहली बार हुए थे जिसमें प्रत्याशी जीता वह प्रधान भी रह चुका था किंतु अचानक दुर्घटना मौत के बाद अब उपचुनाव हो रहे हैं। यह वार्ड केवल सड़क के आसपास वोटरों से बना है। सड़क के आसपास वोटर की शामिल किए गए जिनमें गाहड़ा रोड़, कोसली रोड़, करीरा रोड़, रेवाड़ी रोड़ के वो वोटर वोट डालेंगे जो 14 में शामिल किए गए हैं। इस वार्ड की हालत बहुत बदतर है क्योंकि विकास कार्यों के नाम पर किसी ने कोई विकास नहीं करवाया। यही कारण है कि यह वार्ड ऐसे प्रत्याशी की तलाश में हैं जो विकास कार्यों पर जोर दे। इस चुनाव में सभी युवा पीढ़ी के प्रत्याशी मैदान में है। सबसे बड़ी विशेषता है कि कोई भी बुजुर्ग प्रत्याशी नहीं है। आए दिन हालात बदल रहे हैं। जहां कहीं भी जाए बस वार्ड 14 के चुनावों की चर्चा चल रही है। हुक्कों पर,किसान चौपाल में, ताश खेलने वालों में हर जगह वार्ड की चर्चा है किंतु वोटर स्पष्ट रूप से यह नहीं कह पा रहा है कि किसकी तरफ वोट देगा? ऐसे में यह उपचुनाव अपने आप में बहुत अहमियत रखता है। जहां एक प्रत्याशी पर उच्च नेताओं का हाथ है वहीं एक प्रत्याशी ऐसा भी मैदान में है जो सामान्य परिवार से संबंध रखता हैं वहीं अमीर परिवार से संबंध रखने वाले प्रत्याशी मैदान में है तो कहीं शिक्षक भी इस चुनाव मैदान में खड़े हैं।
वोटर चुनावी रंग में रंगते जा रहे हैं और जहां मतदान की तिथि नजदीक आ रही है वोटर भी उत्सुक होते जा रहे हैं। उधर प्रत्याशी और उनके समर्थक दिन रात एक किए हुए हैं। रात को, दिन को, दोपहर को ,हर समय वोटर के पास जा रहे हैं क्योंकि केवल उपचुनाव है इसलिए सभी प्रत्याशियों के समर्थक भी सड़कों पर घूमते और वोट मांगते नजर आ रहे हैं। सभी प्रत्याशियों के कार्यालय भी रेवाड़ी सड़क मार्ग पर खोले हुए हैं। ऐसा नहीं लगता कि उपचुनाव है अपितु ऐसा लगता है कि यह तो एमएलए और एमपी का चुनाव हो रहा है किंतु परिणाम आने पर ही पता चल पाएगा कि कौन बाजी मार पाता है।
फोटो कैप्शन: नगर पालिका कनीना
पितामह कान्हा सिंह राजकीय महाविद्यालय, कनीना में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
- विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, कंप्यूटर सेल और आनलाइन वेरिफिकेशन कमेटी गठित
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। पितामह कान्हा सिंह राजकीय महाविद्यालय, कनीना में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक कक्षाओं में प्रवेश हेतु आनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 7 मई 2026 से विधिवत आरंभ हो गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
महाविद्यालय की ओर से प्रवेश प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु आनलाइन वेरिफिकेशन कमेटी का गठन कर दिया गया है। यह कमेटी विद्यार्थियों द्वारा भरे गए आनलाइन आवेदन फॉर्म की बारीकी से जांच करेगी। यदि किसी आवेदन पत्र में कोई त्रुटि अथवा दस्तावेजों में कमी पाई जाती है तो संबंधित विद्यार्थी के फार्म पर आब्जेक्शन लगाकर उसे समय रहते ठीक करवाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के संचालन हेतु प्राणी विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर एवं नोडल अधिकारी (एडमिशन) डा. नीतू यादव को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सहायता के लिए महाविद्यालय परिसर में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके साथ-साथ एक कंप्यूटर सेल का भी गठन किया गया है, जहां विद्यार्थियों को आनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं दस्तावेज अपलोड करने में सहायता प्रदान की जाएगी।
डा. नीतू यादव ने बताया कि महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु कुल 640 सीटें निर्धारित की गई हैं। वहीं बीकाम में 160 सीटें, बीएससी फिजिकल साइंस में 320 सीटें तथा बीएससी लाइफ साइंस में 80 सीटें निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार महाविद्यालय में बीए, बीकाम एवं बीएससी की कुल 1200 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय का विशाल एवं आकर्षक परिसर विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करता है। पिछले शैक्षणिक सत्र में यहां लगभग 2100 विद्यार्थी अध्ययनरत थे। महाविद्यालय में लगभग 50 फैकल्टी सदस्य कार्यरत हैं, जिनके अतिरिक्त अनुभवी नॉन-टीचिंग स्टाफ भी विद्यार्थियों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहता है।
डा. नीतू यादव ने कहा कि महाविद्यालय में फिजिक्स, केमिस्ट्री, ज्योग्राफी, जूलॉजी, बॉटनी सहित विभिन्न विषयों की आधुनिक एवं सुसज्जित प्रयोगशालाएं उपलब्ध हैं, जिनमें विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रायोगिक शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय का विशाल पुस्तकालय विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च अध्ययन हेतु समृद्ध अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराता है।
महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एनसीसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों की भी उत्कृष्ट व्यवस्था उपलब्ध है। महाविद्यालय में लड़कों के लिए एनसीसी संचालित की जाती है, जिसमें विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। तीन वर्ष की प्रशिक्षण अवधि पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों को एनसीसी का 'सीÓ सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है, जो विभिन्न सरकारी नौकरियों एवं रक्षा सेवाओं में विशेष लाभ प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना भी सक्रिय रूप से संचालित है। इसके अंतर्गत 100 छात्र तथा 100 छात्राओं को एनएसएस में शामिल किया जाता है। एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा, स्वच्छता, जागरूकता एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित की जाती है। महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
फोटो कैप्शन: डा. नीतू यादव
कनीना बस स्टैंड पर चलाया साइबर जागरूकता अभियान; पुलिस ने आमजन को साइबर ठगों से सतर्क रहने के दिए टिप्स
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। आम नागरिकों, यात्रियों और वाहन चालकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा कनीना बस स्टैंड पर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट ठगी के बारे में लोगों को आगाह किया, जिसमें जालसाज खुद को पुलिस या जांच अधिकारी बताकर लोगों को वीडियो काल करते हैं और उन्हें फर्जी मुकदमों का डर दिखाकर पैसे ऐंठते हैं। इसके अलावा, अधिकारियों ने टेलीग्राम ऐप पर मिलने वाले टास्क फ्रॉड के प्रति भी सचेत किया। इस फ्राड में लोगों को घर बैठे लाइक या रिव्यू करने जैसे आसान कामों से कमाई का लालच दिया जाता है और बाद में निवेश के नाम पर उनके बैंक खाते खाली कर दिए जाते हैं। साथ ही, व्हाट्स एप या एसएमएस पर अनजान नंबरों से आने वाली किसी भी डॉट एपीके फाइल को डाउनलोड न करने की हिदायत दी गई, क्योंकि ऐसी फाइलें मोबाइल फोन को हैक करके आपकी निजी और बैंकिंग जानकारी चुरा लेती हैं।
उपस्थित लोगों को पुलिस ने बताया कि आधुनिक डिजिटल युग में सतर्कता ही बचाव है। उन्होंने बताया कि तकनीक सुविधाओं के लिए है, लेकिन जरा सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डर या लालच में आकर किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, बैंक खाते का विवरण, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति गलती से साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
फोटो कैप्शन 04: साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए पुलिस
श्री सोमनाथ मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के 75 वर्ष पूर्ण होने पर मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
-11 मई को देशभर के शिवालयों में मनेगा भव्य उत्सव
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। भारत की आध्यात्मिक चेतना के केंद्र बिंदु, श्री सोमनाथ मंदिर के वर्तमान स्वरूप के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आगामी 11 मई को संपूर्ण देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाने जा रहा है। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जिला महेंद्रगढ़ में भी इस पर्व को धूमधाम से मनाने की तैयारी है।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि यह पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की अटूट आस्था और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण का प्रतीक है। इस विशेष दिन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख शिव मंदिरों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है।
इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण गुजरात के सोमनाथ में आयोजित होने वाला राष्ट्रीय कार्यक्रम होगा। इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। सरकार की योजना है कि जन-जन को इस गौरवशाली पल का साक्षी बनाया जाए। इसके लिए सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशनों और मॉल की डिजिटल स्क्रीन पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की जा रही है। इस राष्ट्रव्यापी उत्सव में काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर और केदारनाथ जैसे ज्योतिर्लिंगों सहित देश के अन्य सभी प्रमुख शिवालयों को दीपमालाओं और फूलों से सजाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर कलश यात्राओं का आयोजन होगा, जिसमें महिलाओं की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नदियों के पवित्र जल के संग्रहण और अर्पण की परंपरा को भी पुनर्जीवित किया जाएगा।
नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे के लिए इस अवसर पर भजन-कीर्तन, ओंकार जाप और शिव तांडव जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर हैशटैग्स के जरिए युवा अपनी आस्था को डिजिटल प्लेटफार्म पर साझा कर सकेंगे। यह पर्व न केवल सोमनाथ की ऐतिहासिक गाथा को दोहराएगा, बल्कि अमृत काल में भारत की सांस्कृतिक एकता और अखंडता को भी एक नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
नगरपालिका कनीना उपचुनाव (वार्ड-14)
-उपचुनाव को लेकर स्ट्रॉन्ग रूम एवं डिस्पैच सेंटर का किया निरीक्षण
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। नगरपालिका कनीना के वार्ड संख्या-14 में होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर आज एसडीएम कनीना एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना स्थित स्ट्रांग रूम एवं डिस्पैच सेंटर का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
डा. जितेंद्र सिंह ने बताया कि उपचुनाव के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम एवं डिस्पैच सेंटर पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए प्रत्येक कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने बताया कि आगामी 9 मई को इसी स्थल से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनों एवं चुनाव सामग्री सहित रवाना किया जाएगा। 10 मई को निर्धारित मतदान केंद्र पितामह कान्हसिंह धर्मशाला में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। मतदान उपरांत सभी पोलिंग पार्टियां पुन: राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना में चुनाव सामग्री जमा करवाएंगी।
फोटो कैप्शन 05: स्ट्रांग रूम एवं डिस्पैच सेंटर का दौरा करते एसडीएम कनीना एवं रिटर्निंग अधिकारी डा. जितेंद्र सिंह।
नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार, सतनाली में 4.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ युवक गिरफ्तार।
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। पुलिस अधीक्षक दीपक के कड़े निर्देशानुसार और मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए, सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने थाना सतनाली क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक को अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी के कब्जे से 4.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम गश्त और जांच पड़ताल के दौरान गौशाला मोड़ सतनाली के पास मौजूद थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि सतनाली का रहने वाला चेतन अपनी दुकान के ऊपर बने कमरे में अवैध नशीले पदार्थ का धंधा करता है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा तुरंत एक रेडिंग पार्टी तैयार की गई और बतलाए हुए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कमरे में मौजूद आरोपी चेतन को मौके पर ही काबू कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के नियमों के तहत राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया गया। जिनकी मौजूदगी में आरोपी चेतन की तलाशी ली गई, तो उसके पास से सिल्वर पेपर में लिपटा हुआ 4.80 ग्राम मादक पदार्थ (चिट्टा/हेरोइन) बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को पुलिस ने वजन कर सील कर दिया और कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सतनाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हरियाणा सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत : आरती सिंह राव
-खातोदड़ा में खुलेगा नया स्वास्थ्य केंद्र
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। महेंद्रगढ़ जिला के गांव खातोदड़ा में नया स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गांव खातोदड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित किया जाएगा। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक को उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में न जाना पड़े। नए स्वास्थ्य केंद्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य रोगों का उपचार, प्राथमिक जांच तथा आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर नए अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सुविधाएं विकसित कर रही है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है, जिससे आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से महेंद्रगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना-
-यह ट्रेन 15 को महाराष्ट्र जाएगी
-सरकार उठाएगी तीर्थ यात्रा का पूरा खर्च
-पात्र श्रद्धालु अब 10 तक कर सकते हैं सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को पवित्र तीर्थ स्थल तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) के दर्शन के लिए अब स्पेशल ट्रेन 15 मई को सिरसा से चलेगी। यह ट्रेन सिरसा के बाद, भट्टू मंडी (फतेहाबाद), हिसार, हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली से होते हुए महाराष्ट्र जाएगी।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि इस यात्रा के इच्छुक श्रद्धालु 10 मई तक सरल हरियाणा पोर्टल पर नजदीकी सीएससी सेंटर या अपने स्मार्ट फोन से पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है और उनकी पारिवारिक आय एक लाख 80 हजार रुपए से कम है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क होगी और पात्र श्रद्धालुओं को रहने व खाने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस यात्रा का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए कुछ नियम निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकरण करवाने वाले सभी लाभार्थियों को 11 मई को दोपहर 12 बजे तक पुराने लघु सचिवालय में स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय नारनौल में अपनी सूचना देना अनिवार्य होगी, ताकि यात्रा संबंधी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने जिले के पात्र बुजुर्गों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पवित्र धाम के दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।
योजना का लाभ उठाने के लिए यह होगी पात्रता-
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आवेदन करने के लिए कुछ आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं, जिनमें वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य सरकारी आईडी), परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), शारीरिक रूप से यात्रा के लिए फिट होने की स्वयं घोषणा तथा पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने की घोषणा शामिल है। आवेदक का हरियाणा का निवासी होना और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी के जन्म दिन पर हुआ हवन
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, प्रमुख शिक्षाविद डीपीएस. चौहान के जन्मदिन पर गांव धनौन्दा में यज्ञ हवन कर उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की। यज्ञ ब्रह्मा आर्य समाज धनौन्दा के प्रधान संतलाल आर्य ने यज्ञ सम्पन्न करवाया।
अतरलाल एडवोकेट ने कहा कि डीपीएस. चौहान ने अपने कार्यकाल में इलाके में अनेक स्कूल व कालेजों को खोलने में महत्वपूर्ण योगदान देकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने शिक्षा प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए केन्द्र सरकार से उन्हें पदमश्री अवार्ड से सम्मानित करने की मांग की। उनके गौरवशाली व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके स्वस्थ, उज्ज्वल व दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मीर सिंह वैद्य, गुरूदत, मुकेश तंवर, परमजीत, राजबीर, नवीन जांगड़ा, सुभाष यादव, मंजीत, आशुतोष शास्त्री आदि अनेक शिक्षाविद् व गणमान्य उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 02: शिक्षाविद् डीपीएस. चौहान के जन्मदिन पर यज्ञ करते
20 वर्षीय लड़की गुम, गुमशुदगी का मामला दर्ज
-7 मई को होनी थी शादी
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। कनीना उप-मंडल के एक गांव से 20 वर्षीय लड़की गुम हो गई। उसके पिता ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाते हुए कहा है कि उसकी लड़की 20 वर्षीय है जो बीती रात को बिना बताए कहीं गायब हो गई। उसकी शादी 7 मई को राजस्थान में निर्धारित की गई थी। उन्होंने कहा है कि वह मेहनत मजदूरी करता हूं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे कहीं छुपा रखा है। कनीना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है।
दादा ने पोती के गुमशुदगी का मामला करवाया दर्ज
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। कनीना उप-मंडल के एक गांव से एक लड़की के गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया है। लड़की 6 मई को गायब हो गई। उसके दादा ने अपनी पोती के गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाते हुए कहा है कि उसकी पोती बिना बताए 6 मई को कहीं गायब हो गई। हर जगह तलाश की किंतु कहीं नहीं मिली।
कनीना खास रेलवे स्टेशन पर छाया रहता है अंधेरा
-ट्रेन आने पर दुर्घटना की आशंका
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। कनीना खास रेलवे स्टेशन पर यूं तो ट्रेन न रुकने से कनीनावासी परेशान हैं और उन्हें महेंद्रगढ़ या रेवाड़ी जाकर ट्रेन पकडऩी पड़ रही है। उपमंडल होते हुए भी कनीना की यह दुर्गति बनी हुई है। वहीं रेलवे स्टेशन पर अंधेरा छाए रहने से लोग परेशान है।
जब ट्रेन आती है तब भी कुछ नहीं दिखाई देता जिससे कोई भी दुर्घटना घट सकती है। ट्रेन से सफर करने वाले यथार्थ, रमेश, सुरेश, दिनेश कुमार एवं अमीश कुमार आदि ने बताया कि वो रविवार की सुबह सवेरे दिल्ली जाने के लिए तैयार थे किंतु पहले तो कनीना की बिजली सप्लाई बंद थी। कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और वर्षा के कारण कीचड़ में पैर लग रहे थे। तत्पश्चात बिजली सप्लाई होने के बाद भी कनीना खास रेलवे स्टेशन अंधेरे में डूबा रहा। ट्रेन भी मुश्किल से दिखाई दे रही थी। जब मौसम खराब होता है और अंधेरा छाए रहता है तो ऐसी स्थिति में ट्रेन से सफर करना जोखिम भरा कार्य बन जाता है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि कम से कम कनीना खास रेलवे स्टेशन की शुद्ध ली जाए। सभी ट्रेनों का ठहराव भी किया जाए, लाइट की उचित व्यवस्था की जाए। फोटो कैप्शन 01: कनीना खास रेलवे स्टेशन पर छाया अंधेरा
गेहूं की खरीद जारी, सरसों की पहले ही हो चुकी है बंद
*********************************************
************************************************
********************************************
कनीना की आवाज। कनीना की नई अनाज मंडी स्थित चेलावास में सरसों की खरीद पहले ही बंद हो चुकी है जबकि गेहूं की खरीद अभी भी जारी है। विस्तृत जानकारी देते हुए डाटा इंट्री आपरेटर अशोक कुमार ने बताया कि अब तक 86259 क्विटल गेहूं खरीदा जा चुका है और 74684 क्विंटल की लिफ्टिंग हो चुकी है। गेहूं की खरीद 15 मई तक निर्धारित की गई है जबकि सरसों की खरीद मई तक निर्धारित की गई थी जो बंद हो चुकी है। सरसों की खरीद 31327 क्विंटल प्राइवेट तथा 11368 की क्विंटल सरकारी तौर पर खरीदी गई।









































