Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Tuesday, September 8, 2026



 




साक्षरता दिवस पर भडफ़ में चला डीएवी शिक्षण संस्थान के पुन: संचालन का हस्ताक्षर अभियान
-बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर दिया समर्थन
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को गांव भडफ़ में कनीना के बंद पड़े डीएवी शिक्षण संस्थान को पुन: शुरू करवाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने आगे बढ़कर हस्ताक्षर करते हुए इस जन अभियान को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर हरेंद्र शर्मा ने कहा कि साक्षरता दिवस केवल एक दिन शिक्षा की बात करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हमारे क्षेत्र का कोई भी बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि संयोग से आज ही के दिन भडफ़ के ग्रामीणों द्वारा डीएवी संस्थान को पुन: शुरू करवाने के समर्थन में हस्ताक्षर करना इस बात का संदेश है कि क्षेत्र के लोग अपने बच्चों और आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को लेकर जागरूक हैं।
उन्होंने कहा कि आज हम सिर्फ कागज पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे, बल्कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के पक्ष में अपनी आवाज दर्ज कर रहे हैं। डीएवी संस्थान का पुन: संचालन किसी एक व्यक्ति या गांव की मांग नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की शिक्षा और भविष्य से जुड़ा जनहित का विषय है।
महेश यादव ने कहा कि कनीना क्षेत्र में डीएवी संस्थान का पुन: संचालन केवल एक स्कूल या कालेज खोलने का विषय नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढिय़ों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य देने का प्रयास है। वहीं गोलू ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान पूरी तरह जनहित में है और इसमें हर वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
भडफ़ के ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संस्थान की आवश्यकता है। डीएवी संस्थान के पुन: संचालन से कनीना सहित आसपास के गांवों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकते हैं। ग्रामीणों ने अभियान को आगे भी अपना सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य गांवों और वार्डों में भी जनसमर्थन एवं हस्ताक्षर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। एकत्रित हस्ताक्षरों और जनसमर्थन के माध्यम से संबंधित प्रशासन एवं संस्थाओं के समक्ष डीएवी शिक्षण संस्थान को पुन: शुरू करवाने की मांग मजबूती से रखी जाएगी।
फोटो कैप्शन 07: हस्ताक्षर अभियान शुरू करते हुए हरेंद्र व अन्य







गायों की लंपी रोग से मौत के कारण ग्रामीणों में भारी रोष
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना उप मंडल के गांव धनौंदा के अनेक पशुपालकों की गायों की लंपी रोग से मौत के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। आक्रोशित ग्रामीणों व पशुपालकों ने गांव के बस अड्डे पर इकट्ठे होकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर लेकर लंपी बीमारी की रोकथाम करो और लंपी बीमारी से मरी गायों का मुआवजा दो के जोरदार नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व डा. मुकेश पंच ने किया।
 ग्रामीणों ने कहा कि गांव में अनेक गायों की लंपी रोग के कारण मौत हो चुकी है। पशुपालक मदन, मुकेश, संदीप आदि पशुपालकों की अच्छी नस्ल की दुधारू गायें लंपी रोग से ग्रस्त होकर मृत्यु हो चुकी है, जिसके कारण पशुपालकों में अपने पशुओं को लेकर डर व्याप्त है। पशुपालन विभाग की सुस्ती तथा लापरवाही को लेकर लोगों में रोष है। इसलिए सरकार तक अपनी पीड़ा पहुंचाने के लिए उन्होंने यह रोष प्रदर्शन किया है। बाद में प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा के कृषि व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में लंपी रोग की रोकथाम के लिए कारगर उपाय करने, पीडि़त पशुपालकों को मुआवजा देने तथा लंपी रोग के बारे में पशुपालकों को जागरूक करने की मांगे शामिल हैं।
 इस अवसर पर में भूपेंद्र सिंह, डा. मुकेश, मीर सिंह वैद्य, प्रताप सिंह, प्रवीण, मनोज, हिमांशु, जयपाल, नरेश, संदीप, रविंद्र, नितिन, सुभाष शर्मा, गणेश, मदन, कैलाश सेठ, राजेंद्र सिंह नंबरदार, अनिल, कपिल, धर्मेंद्र, कालू सहित अनेक ग्रामीण और पशुपालक उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 06: किसान रोष प्रदर्शन करते हुए


गोमला-कुंड मार्ग पर मृत अवस्था में मिला व्यक्ति                    -गोमला निवासी अंडों की लगाता था रेहड़ी 
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना उप-मंडल के गांव गोमला निवासी रामबाबू की किसी अज्ञात वाहन की टक्कर में मौत हो गई। जब उसके स्वजनों को सूचना मिली तो मौके पर पहुंचे।
 कृष्ण कुमार गोमला निवासी ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि वह मेहनत मजदूरी करता है और वे तीन भाई है। रामबाबू जो अंडों की रेहड़ी शराब के ठेके के पास लगता था। सूचना मिली कि मृत अवस्था में गोमला से कुंड रोड पर पड़ा है। मौके पर पहुंचे तो रामबाबू मृत अवस्था में मिला जिसका सिर फटा हुआ था। उन्होंने पुलिस में रामबाबू की मौत अज्ञात वाह चालक द्वारा लापरवाही से चलाकर टक्कर मारने से बताई।  अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।



कनीना क्षेत्र में करीब आधा घंटा तेज वर्षा चली, हुई 15 एमएम वर्षा
 -11 अगस्त के बाद हुई इतनी वर्षा
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना क्षेत्र में करीब आधा घंटा तेज वर्षा चली। अभी तक 11 अगस्त के बाद इतनी वर्षा हुई है। बार 11 अगस्त से पहले वर्षा हुई थी, तत्पश्चात सोमवार को वर्षा हुई है। फसल सूख चली है। कनीना क्षेत्र में 15 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई।   
किसान बताते हैं कि वर्षा अभाव में फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जब बिजाई की गई थी तब भी वर्षा नहीं हुई और अब जब फसल को पानी की जरूरत थी तब भी वर्षा नहीं हुई। किसानों का कहना है कि शायद फसल कटाई पर वर्षा होगी। किसान बाजरे की फसल कटाई में लग गए हैं लेकिन दूसरी फसलों में इस वर्षा का लाभ होगा। बाजरे की खड़ी फसल में वर्षा का लाभ नहीं तो नुकसान भी नहीं होगा। वैसे भी वर्षा आगामी रबी फसल के लिए लाभप्रद साबित होगी। किसान मानते हैं कि वर्षा होगी वह लाभप्रद साबित होगी। इस समय बाजरे के अतिरिक्त कपास, मूंग, चारा देने वाली फसलें, अरहर और सब्जियां उगाई हुई है। किसान लंबे समय से आकाश की ओर टकटकी लगाकर देख रहे थे किंतु वर्षा समय पर नहीं हुई। 11 अगस्त तक अच्छी वर्षा हुई तत्पश्चात कोई वर्षा नहीं हुई और आज सोमवार को बेहतर वर्षा हुई है। तेज हवा चलने से बाजरे की फसल भी गिर गई।
इस संबंध में डा. अजय यादव एसडीओ कृषि विभाग ने बताया कि जिन किसानों ने काटकर बाजरे की फसल डाल रखी है उसे नुकसान हो सकता है वरना फसलों को लाभ ही होगा।
फोटो कैप्शन 03 व 04: वर्षा के बाद फसलों को निहारता किसान






जमीनी सौदे के विवाद में महेंद्रगढ़ पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, 46 लाख रुपए की राशि शिकायतकर्ता को वापस दिलाई
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
 आर्थिक अपराध शाखा, नारनौल द्वारा जमीनी सौदे से जुड़े एक मामले में गंभीरता से जांच करते हुए शिकायतकर्ता की 46 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई। मामले में आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार जयपाल निवासी मांडोला, सतनाली द्वारा दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीनी सौदे के नाम पर राशि का लेन-देन किया गया तथा जमीन से संबंधित दस्तावेजों में भी कथित रूप से फर्जीवाड़ा/कूटरचना की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा जमीनी सौदे के संबंध में उससे राशि प्राप्त करने के बाद न तो जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम करवाई गई और न ही उसकी राशि वापस की गई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा, नारनौल द्वारा शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता द्वारा जमीन खरीदने के संबंध में आरोपियों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई थी। दस्तावेजों एवं बैंक रिकॉर्ड के अनुसार दिनांक 15 अप्रैल 2025 को 39 लाख रुपए तथा दिनांक 18 अप्रैल 2025 को 7 लाख रुपये, कुल 46 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की गई थी। पुलिस द्वारा नोटरी दस्तावेजों, बैंक रिकार्ड तथा अन्य संबंधित साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया।
जांच के आधार पर थाना शहर महेंद्रगढ़ में मामला दर्ज किया गया। मामले में नामजद आरोपी कबूल सिंह निवासी झोझू खुर्द, चरखी दादरी को दिनांक 07 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कबूल सिंह के खिलाफ पूर्व में भी 13 अन्य मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, जालसाजी, लड़ाई-झगड़े तथा आम्र्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं, मामले में नामजद आरोपी अभिषेक निवासी नन्दगांव, भिवानी के खिलाफ भी पूर्व में 3 अन्य मुकदमे दर्ज हैं, जो लड़ाई-झगड़े से संबंधित हैं।
मामले में नामजद आरोपी अभिषेक ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत प्राप्त करने के उपरांत दिनांक 07 सितंबर 2026 को जांच में शामिल होकर अपने बयान दर्ज करवाए। पुलिस द्वारा मामले से संबंधित बैंक रिकार्ड एवं अन्य दस्तावेजी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं तथा मामले की जांच जारी है।
आर्थिक अपराध शाखा, नारनौल की प्रभावी जांच एवं कार्रवाई के परिणामस्वरूप शिकायतकर्ता जयपाल को 46 लाख रुपए की राशि वापस प्राप्त हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से जमीनी सौदे से जुड़े आर्थिक विवाद के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में तथ्यों, दस्तावेजों एवं वित्तीय लेन-देन की गहन जांच करते हुए पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।



हड़ताल 34वें दिन भी रही जारी
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर इकाई कनीना ने मंगलवार को 34वें दिन काम छोड़ हड़ताल जारी रही। जिसकी अध्यक्षता इकाई प्रधान अनिल कुमार ने की।
 उन्होंने कहा कि सरकार इन गरीबों की कोई सुनवाई नहीं कर रही है। लंबे समय से संंघर्षरत हैं। इस हड़ताल में सुभाष कुमार, कर्मवीर, रमेश, संजय, राजेश, सुनील, रतनलाल, नवीन, नरेंद्र, सोनू, पवन, बिमल, सहित सभी कर्मी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 05: हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मी


महाराजा अग्रसेन प्रतिमा स्थापित करने के लिए नपा प्रधान को सौंपा मांगपत्र
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
 अग्रवाल समाज द्वारा लंबे समय से लंबित मांग को पुरजोर से उठाते हुए कनीना मंडी के पास नहर के पास प्रस्तावित चौक पर समाजवाद के प्रणेता महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति हेतु एक ज्ञापन नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा। साथ में उन्होंने चौक का नाम अग्रसेन चौक एवं इस मार्ग का नाम अग्रसेन मार्ग रखने की भी मांग की। अग्रवाल समाज के साथ आमजन की भावनाओं का सम्मान करते हुए तथा मांग को पूरा करने के महत्व को समझते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कनीना ने आगामी बैठक में इस प्रस्ताव को रखने तथा अनुमति प्रदान करने का विश्वास दिलाया। अग्रवाल समाज ने उनका आभार जताया।
इस अवसर पर शिवकुमार अग्रवाल, दीपक गुप्ता प्रधान मार्केट कमेटी, विनोद गुप्ता, योगेश अग्रवाल, पूर्ण सिंह सहरावत, महेंद्र कंछल, रविंद्र बंसल, किशोर गर्ग, विक्की पंसारी, महेंद्र मित्तल  नीतिश गुप्ता पार्षद, रमेश कुमार, राजेंद्र गुप्ता सहित अनेक जन उपस्थित रहे।
 फोटो कैप्शन 01: मांग पत्र नपा प्रधान को सौंपते हुए अग्रवाल समाज के लोग


नांगल स्कूल में आयोजित हुए कई कार्यक्रम
- पेंटिंग में श्रेष्ठ बच्चों को किया पुरस्कृत
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
पर्यावरण संरक्षण के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल में प्राचार्य सुरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में में पौधारोपण किया गया। पौधों में दवा-पानी डालकर उनकी देखभाल की तथा पर्यावरण संरक्षण विषय पर लेख और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रयास बालाजी संस्था प्रमुख मनोज मेघनवास विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विष्णु कक्षा छठी प्रथम, मोनिका दूसरे स्थान पर तथा भूमिका कक्षा सातवीं ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
 विजेता बच्चों को प्राचार्य सुरेद्र सिंह ने पुरस्कृत किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए बताया कि किसी भी समस्या से निपटने के लिए जागरूकता जरूरी हैं। बच्चे आने वाले समय में यदि पर्यावरण के प्रति जागरूक होंगे तो पर्यावरण सन्तुलन से होने वाली समस्याओं को को समझ सकेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकेंगे। वायु,जल, जंगल, यदि साफ, है तो प्रदूषण मुक्त वातावरण जीव जगत को मिल सकता है। अत: हमें अधिक से अधिक पौधारोपण कर इनकी देखभाल करनी चाहिए।
 इस अवसर पर जयबीर, अनूप सिंह. छोटे लाल, गुलशन, सुभाष, संतोष, ज्योति, यसवीर, हीरालाल, रविन्द्र सभी स्टाफ सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
फोटो कैप्शन 02: प्राचार्य सहित जन पौधारोपण करते हुए


सांस्कृतिक अहीरवाल ट्रस्ट की बैठक 12 को कनीना में
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
सांस्कृतिक अहीरवाल ट्रस्ट की एक बैठक एआईटी कालेज कनीना में 12 सितंबर को आयोजित की जाएगी। सत्यव्रत आर्य निदेशक सांस्कृतिक अहीरवाल ट्रस्ट ने बताया कि बैठक में सांस्कृतिक अहीरवाल- एक सार्थक प्रयास विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। जिसमें वक्ताओं का  उद्बोधन होगा तथा अब तक ट्रस्ट द्वारा किए गए कार्यों पर चर्चा की जाएगी।






पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा, महेंद्रगढ़ में वार्षिक साधारण सभा 12 सितंबर को
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा, महेंद्रगढ़ में वार्षिक साधारण सभा  का आयोजन शनिवार, 12 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
विद्यालय के प्राचार्य बीएम रावत ने बताया कि इस बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने समस्त सम्मानित अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे 12 सितंबर 2026 को प्रात: 11 बजे विद्यालय में उपस्थित होकर वार्षिक साधारण सभा में सहभागिता करें तथा विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करें।
विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों से समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
फोटो कैप्शन: बीएम रावत प्राचार्य






नारनौल में स्टेज कैरिज परमिट के लिए 30 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित
-लोगों को मिलेंगी परिवहन की बेहतर सुविधाएं
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज। 
जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण नारनौल मनोज कुमार ने बताया कि परिवहन आयुक्त हरियाणा के आदेश अनुसार मोडीफाइड स्टेज कैरिज स्कीम, जो 7 मार्च 2024 को अधिसूचित की गई थी, के तहत नारनौल जिले में स्टेज कैरिज परमिट के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं।
मनोज कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार, परिवहन विभाग की अधिसूचना 2024 में शामिल मार्गों पर ही परमिट देने के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन मार्गों की पूरी सूची कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है, ताकि इच्छुक आवेदक इसे देख सकें।
उन्होंने बताया कि आवेदक को अपने आवेदन कार्यालय में निर्धारित 25 हजार रुपये की नान रिफंडेबल फीस ई-चालान (हैड 0041-00-101-51-51) के माध्यम से जमा करवानी होगी। इसके साथ ही फार्म एचआर नंबर 22 और परफार्मा-1 भरकर जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण कार्यालय के कमरा नंबर एक में जमा करवाना होगा।
यह आवेदन प्रत्येक कार्यदिवस को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए इच्छुक आवेदकों को समय रहते अपने आवेदन जमा करवाने की सलाह दी गई है।
इन मार्गों पर मिलेगा परमिट--
मार्ग संख्या 228 - महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी वाया कनीना
मार्ग संख्या 229-नारनौल से दादरी वाया महेंद्रगढ़
मार्ग संख्या 230 नारनौल से कोसली वाया फैजाबाद, सिहमा, दौंगड़ा, सुंदरह, कनीना
मार्ग संख्या 231- अटेली से महेंद्रगढ़ वाया गुजरवास, कलवाड़ी, दौंगड़ा अहीर तथा भांडोर
मार्ग संख्या 232- नारनौल से कोसली वाया बाछोद, सिहमा, अटेली, दौंगड़ा अहीर, सुंदरह तथा कनीना














जिला में सामुदायिक रेडियो अरावली के माध्यम से
--गांव-गांव तक पहुंचेगा स्वच्छता व सुरक्षित पेयजल का संदेश
******************************************************
**********************************************************
******************************************************
कनीना की आवाज।
केंद्र सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा हरियाणा सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छ व्यवहार को लेकर शुरू होने जा रही एक नई जन-जागरूकता मुहिम स्वच्छ-सुजल गांव की कहानी, रेडियो की जुबानी के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छ गांव से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को रेडियो कार्यक्रम शृंखला का प्रसारण किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला परिषद से उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी नोडल ऑफिसर अंकित चौहान ने बताया कि स्वच्छ-सुजल गांव की कहानी, का प्रसारण रेडियो अरावली के माध्यम से किया जाएगा जिसमें स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत हुई प्रगति को जन जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस कार्यक्रम का मकसद ग्रामीणों को स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण की उपलब्धियों और लाभों की जानकारी देना तथा उन्हें स्वच्छता से जुड़े बेहतर व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में स्थानीय अधिकारियों, विशेषज्ञों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और गांव के प्रभावशाली लोगों के साक्षात्कार, चर्चा, संदेश तथा सफलता की कहानियों को गांवों में जाकर ग्राम पंचायतों और गांव स्तर की जल-स्वच्छता समितियों के स्वच्छता व पेयजल क्षेत्र में किए अच्छे कार्यों को दर्ज कर रेडियो पर प्रसारित किया जाएगा।
स्टेशन निदेशक राज यादव ने बताया कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की आत्मा योजना के तहत चल रहे रेडियो अरावली पर कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित जागरूकता कार्यक्रमों का प्रसारण होता है। सरकारी योजनाओं और ग्रामीण समुदाय के बीच की दूरी कम करना है, ताकि स्वच्छता व सुरक्षित पेयजल सहित जरूरी संदेश लोगों तक उन्हीं की भाषा और अपने परिवेश में असरदार तरीके से पहुंच सकें। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम संपादक बीना ने बताया इस विशेष कार्यक्रम श्रृंखला का प्रसारण देशभर के सामुदायिक रेडियो पर 10 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे तथा पुन: प्रसारण 17 सितंबर 2026 को शाम 4:30 बजे होगा ।
उन्होंने आमजन से कार्यक्रम सुनकर और स्वच्छता के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं प्रतिक्रिया देकर सहभागिता की अपील की।
फोटो कैप्शन: राज यादव

No comments: