ताजा समाचार/विडियो/लेख का बेहतर ब्लाग Best Blog for News/Video & Lekh
Thursday, September 10, 2026
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार बढ़ाएगी लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा
-हरियाणा में जुड़ेंगी करीब 17 लाख नई लाभार्थी
-महेंद्रगढ़ में 46709 नई महिलाएं आएंगी योजना के दायरे में
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे में और अधिक लाभार्थियों को लाने जा रही है। इसके लिए सरकार ने योजना की आय सीमा को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये सालाना करने जा रही है। इसके बाद महेंद्रगढ़ जिले में ही 46709 महिलाएं नई पात्र लाभार्थी बन जाएंगी जबकि जिले में पहले से करीब 45000 महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। पूरे हरियाणा में यह आंकड़ा करीब 17 लाख नई लाभार्थियों तक पहुंचने का अनुमान है। नए लाभार्थी 25 सितंबर से अपने मोबाइल के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। श्री खोला वीरवार को नमो कार्यालय में परिवार पहचान पत्र से संबंधित लगाए गए कैंप में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे।
नमो कार्यालय में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे, जिन्होंने परिवार पहचान पत्र से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
डॉ. खोला ने बताया कि पहले लाडो लक्ष्मी योजना के लिए वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये तय थी, जिसे बढ़ाकर अब 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है। इस नए निर्धारण के बाद महेंद्रगढ़ जिले में 46709 महिलाएं नई पात्र लाभार्थी के तौर पर सामने आई हैं, जिनके लिए 25 सितंबर के बाद ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में पहले से ही करीब 45000 महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं, यानी नई पात्र महिलाओं को जोडऩे के बाद जिले में लाभार्थियों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और आय सीमा में यह बढ़ोतरी इसी सोच का एक अहम हिस्सा है।
डॉ. खोला ने यह भी बताया कि परिवार पहचान पत्र में आय वेरिफिकेशन का काम अब ग्राम सभाओं के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने इसे एक बेहद पारदर्शी व्यवस्था बताते हुए कहा कि इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही हरियाणा सरकार का मुख्य लक्ष्य है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव, पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत कलवाड़ी व दयाराम यादव, एडवोकेट राकेश शर्मा के अलावा अन्य पार्टी पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।
मोबाइल टावर से बैटरी चोरी का खुलासा, सीआईए महेंद्रगढ़ ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार के निर्देशानुसार चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने थाना शहर महेंद्रगढ़ में दर्ज मोबाइल टावर से बैटरी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश निवासी ऊंचा थाना खोल, रेवाड़ी, राहुल निवासी ऊंचा थाना खोल, रेवाड़ी, संजय निवासी ढाणा जाखल थाना खोल, रेवाड़ी, इन्द्रजीत निवासी मौहल्ला राता थाना अटेली तथा पंकज निवासी ढाणी जरावता थाना खोल, रेवाड़ी के रूप में हुई है।
मामले में 09 सितंबर 2026 को थाना शहर महेंद्रगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार सैनीपुरा स्थित मोबाइल टावर से दो बैटरियां चोरी हुई थीं। मामले की जांच के दौरान सीआईए महेंद्रगढ़ ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी, चोरीशुदा टावर की दो बैटरियां तथा केबल बरामद की गई हैं। आरोपियों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना शहर महेंद्रगढ़ पुलिस के हवाले किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।
सफाई कर्मियों की काम छोड़ हड़ताल जारी
-मांगे न माने जाने तक रहेगी हड़ताल
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। नगर पालिका सफाई कर्मचारी हरियाणा के आह्वान पर इकाई कनीना की 06 अगस्त से चल रही काम छोड़ हड़ताल अब 36वें दिन भी लगातार जारी रही। सरकार अभी तक कुछ सुनवाई नहीं कर रही है जिसका कर्मियों में रोष है। कनीना में हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान अनिल कुमार मलिक कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि सरकार ने सुनाई नहीं की तो यह हड़ताल आगे बढ़ा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 13 मई का समझौता लागू नहीं किया जिसके कारण पूरे प्रदेश में हड़ताल चार दिन और बढ़ा दी गई है। अब यह हड़ताल 13 सितंबर तक चलेगी।
इस मौके पर कर्मवीर, नवीन, संजय, कुलदीप, रमेश, प्रदीप, सुनील, सोनू, नरेंद्र, रमेश, शशिबाला, बिमला, रतनलाल, सुरेंद्र और अन्य सभी सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 05: सफाई कर्मियों की हड़ताल
कनीना बार एसोसिएशन के चुनाव आज
-216 वोटर डालेंगे वोट
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। कनीना बार एसोसिएशन के प्रधान और उप प्रधान के चुनाव 11 सितंबर को होंगे। मतदान 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा और उसके बाद मतगणना होगी। प्रधान और उपादान के चुनाव में दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं और आमने-सामने की टक्कर है। बाकी सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध चुनाव हो चुका है। मिली जानकारी अनुसार प्रधान पद के लिए देशबंधु और राकेश के बीच आमने-सामने की टक्कर होगी वहीं उप प्रधान के लिए अखिल अग्रवाल और वीरेंद्र जांगड़ा के बीच चुनावी टक्कर होगी। परिणाम मतदान के बाद ही घोषित हो जाएगा।
सांस्कृतिक अहीरवाल ट्रस्ट द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी 12 सितंबर को
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। सांस्कृतिक अहीरवाल ट्रस्ट कनीना खंड स्तर पर एक प्रबुद्ध नागरिक विचार गोष्ठी का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम कनीना -गाहडा मार्ग पर स्थित एआइटी फार्मेसी कालेज परिसर में प्रात: 10 बजे आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए खंड संयोजक सत्येन्द्र शास्त्री ने बताया कि सांस्कृतिक अहीरवाल समसामयिक विषयों पर तथा सामाजिक मुद्दों पर समय-समय पर प्रबुद्ध नागरिकों के बीच अपना विषय रखता है और इसी क्रम में 12 सितंबर को एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस विचार गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में संस्कृतिक अहीरवाल ट्रस्ट के निदेशक सत्यव्रत शास्त्री मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि खंड की टीम ने कनीना खंड में रहने वाले सभी प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों और सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को संपर्क कर आमंत्रित किया है। इस विचार गोष्ठी में कनीना खंड के ऐतिहासिक सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। जिससे कि अहीरवाल के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को विश्व स्तर पर पहचान मिल सकें। उन्होंने बताया कि सभी प्रबुद्ध नागरिक इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने सुझाव और कार्य पद्धति में सहयोग कर सकते हैं। जिससे कि गांव-गांव में आने वाली पीढ़ी और वर्तमान पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत को याद कर पहचान सके और अपनी समृद्ध परंपराओं को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए अपनी भूमिका निभा सके।
फोटो कैप्शन: सत्यव्रत शास्त्री
जी का जंजाल बना उन्हानी पुल निर्माण कार्य,रोज धंसे रहते है भारी वाहन
-राहगीरों को आवागमन में होती है परेशानी।
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। उपमंडल के गांव उन्हानी में महेंद्रगढ़ रोड़ पर नहर पर पुल निर्माण कार्य अब जी का जंजाल बनता जा रहा है। विभाग द्वारा बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर अब जगह जगह वाहन धंसते दिखाई दे रहे है। गुरुवार सुबह भी कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला जब सुबह दो भारी वाहन धंसे हुए दिखाई दिए। संबंधित विभाग ने अक्टूबर माह तक का समय पुल निर्माण में मांगा था। जो अब एक महीना शेष बच गया है। इसी बीच ग्रामीण भी वाहनों से परेशान हो चुके है। ग्रामीणों के अनुसार वाहन चालक गांव के बीच से तेज गति से वाहन लाते हैं ऐसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता है। अब ग्रामीण इसी इंतजार में है कि जल्दी से पुल का कार्य संपूर्ण हो और भारी वाहनों से छुटकारा मिले।
फोटो कैप्शन 04: पुल निर्माण के चलते रास्तों में धंसे वाहन
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा, महेंद्रगढ़ में वार्षिक साधारण सभा 12 सितंबर को
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा, महेंद्रगढ़ में वार्षिक साधारण सभा का आयोजन शनिवार, 12 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
विद्यालय के प्राचार्य बीएम रावत ने बताया कि इस बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अभिभावकों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने समस्त सम्मानित अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे 12 सितंबर 2026 को प्रात: 11 बजे विद्यालय में उपस्थित होकर वार्षिक साधारण सभा में सहभागिता करें तथा विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करें।
विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों से समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
फोटो कैप्शन: बीएम रावत प्राचार्य
श्रीश्याम मंदिर कनीना में मनाई भगवान श्रीकृष्ण की छठी
-श्रद्धालुओं को कढ़ी-चावल का प्रसाद किया वितरित
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज।श्रीश्याम मंदिर कनीना में बुधवार देर शाम भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष आयोजन किया गया तथा दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को सेवक श्री श्याम मंडल द्वारा कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। उन्होंने बताया की मंदिर में आने वाले लगभग 1500 श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर पुजारी प्रदीप शास्त्री ने बताया कि छह दिन पहले जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया था। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार जन्म के छठे दिन भगवान की छठी मनाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से कढ़ी-चावल तैयार किए गए, जो श्री कृष्ण भगवान को अति प्रिय थे। जिन्हें प्रसाद के रूप में मंदिर में दर्शन करने पहुंचे भक्तजनों को वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
छठी के अवसर पर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति भाव से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। तथा मनोकामना पूर्ण हेतु मन्नते भी मांगी।
फोटो कैप्शन 01: श्रीश्याम मंदिर में प्रसाद वितरित करते हुए
ट्रक की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा, गुल रही बिजली
-रात भर लोग बिन बिजली आपूर्ति रहे परेशान
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। कनीना मंडी में ट्रक की टक्कर लगने से बिजली का खंभा टूट गया।गनीमत यह रही कि जान माल की हानि नहीं हुई। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को कनीना मंडी में ककराला मोड़ के पास ट्रक खंभे से टकरा गया और टूटकर ऊपर का हिस्सा मकान से जा टकरा गया। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत बिजली विभाग कनीना में दी। सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने आगे की लाइट काट दी। कनीना मंडी की बिजली पूरी रात गायब रही। लोग रात को बिजली बोर्ड के चक्कर काटते नजर आए। लेकिन कोई समाधान ना निकला। वहीं दूसरी ओर बिजली कर्मचारियों ने कहा कि सुबह दूसरा खंभा लगाया जाएगा तब बिजली सुचारु रूप से संचालित होगी। गुरुवार को दिन में बिजली सप्लाई बहाल हो पाई।
फोटो कैप्शन 02: टूटा हुआ खंभा जिससे बिजली आपूर्ति रही ठप
राज्य स्तरीय साफ्टबाल प्रतियोगिताओं के लिए 96 खिलाड़ी रवाना
- छीथरोली के खिलाडिय़ों ने जिला स्तर पर हासिल किया था प्रथम स्थान
******************************************************
***********************************************************
*******************************************************
कनीना कर आवाज। एसडीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छीथरोली के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के 96 खिलाड़ी राज्य स्तरीय साफ्टबाल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए गुरुवार को कनीना से रवाना हुए। इनमें 48 छात्र खिलाड़ी 11 से 13 सितंबर तक झज्जर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जबकि 48 छात्राएं 15 से 17 सितंबर तक कैथल में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
विद्यालय के चेयरमैन अजमेर सिंह दांगी ने बताया कि इन खिलाडिय़ों ने अगस्त माह में आयोजित जिला स्तरीय साफ्टबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया था। शानदार प्रदर्शन के आधार पर अब खिलाडिय़ों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर खेलने को लेकर खिलाडिय़ों में काफी उत्साह है। खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक हासिल करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी कामनवेल्थ में स्वर्ण पदक जीतने वाली पूर्व छात्रा शर्मिला धनखड़ को अपना आदर्श मानकर आगे बढ़ रहे हैं।
चेयरमैन अजमेर सिंह दांगी ने कहा कि पूर्व छात्रा शर्मिला धनखड़ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां आज विद्यालय के विद्यार्थियों और अन्य खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय के खिलाड़ी भी इसी तरह मेहनत करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी प्रतिदिन सुबह दो घंटे और शाम को दो घंटे नियमित अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ी अपनी फिटनेस, तकनीक और खेल कौशल को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं।
चेयरमैन ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूरी खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
फोटो कैप्शन 03: राज्य स्तरीय खेलों में भाग लेने जाते हुए विद्यार्थी
Subscribe to:
Post Comments (Atom)












No comments:
Post a Comment