ताजा समाचार/विडियो/लेख का बेहतर ब्लाग Best Blog for News/Video & Lekh
Friday, September 11, 2026
हल्की वर्षा ने बढ़ाई किसानों की चिंता
-चल रहा है बाजरे की लावणी का काम
**************************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में सोमवार को जहां 15 एमएम वर्षा हुई थी और शुक्रवार को फिर से हल्की वर्षा हुई जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। चूंकि इस वक्त बाजरे की फसल पकी खड़ी है और किसान स्वयं या मजदूरों से लावणी करवा रहे हैं।
किसान बताते हैं कि वर्षा अभाव में फसलों को पहले ही काफी नुकसान हुआ है। जब बिजाई की गई थी तब भी वर्षा नहीं हुई और अब जब फसल को पानी की जरूरत थी तब भी वर्षा नहीं हुई। किसानों का कहना है कि अब फसल कटाई पर वर्षा होती है। किसान बाजरे की फसल कटाई में लग गए हैं लेकिन दूसरी फसलों में इस वर्षा का लाभ होगा। बाजरे की खड़ी फसल तथा काटकर डाली गई फसल में नुकसान की संभावना बढ़ गई है। विगत वर्ष भी गैर मौसमी वर्षा से बाजरे के भुट्टों में ही बाजरा अंकुरित हो गया था। वैसी ही हालात एक बार फिर बनती जा रही है। वैसे भी वर्षा आगामी रबी फसल के लिए लाभप्रद साबित होगी। किसान मानते हैं कि वर्षा होगी वह रबी फसल के लाभप्रद साबित होगी। इस समय बाजरे के अतिरिक्त कपास, मूंग, चारा देने वाली फसलें, अरहर और सब्जियां उगाई हुई है। किसान लंबे समय से आकाश की ओर टकटकी लगाकर देख रहे थे किंतु वर्षा समय पर नहीं हुई। 11 अगस्त तक अच्छी वर्षा हुई तत्पश्चात कोई वर्षा नहीं हुई और 7 सितंबर को बेहतर वर्षा हुई है। तेज हवा चलने से बाजरे की फसल भी गिर गई थी। अब किसान सात हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से फसल की लावणी करवा रहे हैं और उस पर वर्षा होना नुकसान की संभावना बन रही है। किसान चिंतित हैं। किसान सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार ने बताया कि इस वक्त वर्षा बाजरे की फसल के लिए उचित नहीं है।
फोटो कैप्शन 07: खेतों में पकी खड़ी बाजरे की फसल
बार एसोसिएशन चुनाव में राकेश मानपुर बने प्रधान, वीरेंद्र जांगड़ा उपप्रधान निर्वाचित
-राकेश मानपुरा ने देशबंधु को 43 वोट से हराया, उपप्रधान पद पर वीरेंद्र जांगड़ा को मिले 126 मत
**************************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। कनीना बार एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में कुल 209 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रधान पद पर राकेश मानपुर ने 126 वोट प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी देशबंधु को 43 मतों से पराजित किया। देशबंधु को 83 वोट मिले। इस प्रकार राकेश मानपुर को बार एसोसिएशन का नया प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया।
वहीं उपप्रधान पद के लिए भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वीरेंद्र जांगड़ा को 126 वोट, जबकि अखिल अग्रवाल को 82 वोट मिले। उपप्रधान पद के चुनाव में एक वोट निरस्त हुआ। इस तरह वीरेंद्र जांगड़ा ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उपप्रधान पद हासिल किया। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार जसवास की देखरेख में संपन्न हुई। मतदान के लिए बार रूम में बूथ बनाया गया था। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ, जिसके बाद मतगणना शुरू की गई और परिणाम घोषित किए गए।
बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 216 मतदाता थे। प्रधान और उपप्रधान पद के लिए उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इससे पहले नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद प्रधान पद के लिए राकेश कुमार मानपुर और देशबंधु मैदान में रह गए थे, जबकि उपप्रधान पद के लिए अखिल अग्रवाल और वीरेंद्र जांगड़ा के बीच मुकाबला हुआ। सचिव पद पर भास्कर चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने उन्हें बधाई दी और अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी से बार के हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने की उम्मीद जताई।
फोटो कैप्शन 05: जीते हुए प्रधान एवं उप प्रधान का स्वागत करते हुए
कनीना में संपन्न हुई भाजपा की सेवा संकल्प कार्यशाला
**************************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। सेवा संकल्प के निमित्त कनीना मंडल की कार्यशाला कनीना में संपन्न हुई जिसमें मुख्य वक्ता जिला मंत्री अर्चना ठाकुर रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा समर्पण के 25 वर्ष, 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री गुजरात व प्रधानमंत्री के रूप में पूर्ण होंगे। यह सेवा समर्पण 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे भारतवर्ष में मनाया जाएगा। कनीना मंडल में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत मोदी के 25 सामाजिक कार्यों के बारे में जानकारी दी जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को एक माह चलने वाला कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के सभी संयोजक, मंडल के दोनों महामंत्री, हनुमान यादव अनिल यादव, अरुणा कौशिक, पूजा पार्षद ,नीलम पार्षद, मनीराम भडफ़,किरण पहलवान बाघोत भरपूर कनीना और पार्टी के सभी बूथ अध्यक्ष , सभी शक्ति केंद्र प्रमुख और पार्टी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 06: भाजपा की सेवा संकल्प कार्यशाला में अर्चना ठाकुर
मजदूरों का बंद पड़ा पंजीकरण पोर्टल तत्काल खोलने की मांग की
**************************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। बसपा नेता अतरलाल ने हरियाणा सरकार से भवन निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित निर्माण मजदूरों का बंद पड़ा पंजीकरण पोर्टल तत्काल खोलने की मांग की है।
अतरलाल ने दौंगड़ा जाट, कलवाड़ी, बेवल आदि अनेक गांवों में किसान, मजदूरों की समस्याएं सुनते हुए उक्त मांग उठाई। उन्होंने सरकार पर किसान, मजदूर विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 11 महीनों से मजदूरों का पंजीकरण पोर्टल बंद पड़ा है। जिसके कारण राज्य के हजारों मजदूर पंजीकरण कराने और उनको मिलने वाली विभिन्न सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर श्रमिक बार-बार मांग व प्रदर्शन कर रहे हैं परन्तु सरकार पोर्टल नहीं खोल रही है। जिसके कारण मजदूरों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि मजदूर कल्याण बोर्ड में लगभग सात हजार करोड़ रुपए जमा होने के बावजूद भी सरकार मजदूरों को लाभ नहीं दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने 15 दिन के अंदर पोर्टल नहीं खोला तो बहुजन समाज पार्टी के कार्यकत्र्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और पोर्टल खुलवाकर ही दम लेंगे। इस अवसर पर उनके साथ भागसिंह चेयरमैन, दानसिंह प्रजापत, कैलाश सेठ, जिला प्रधान प्रमोद कटारिया, भिवानी महेन्द्रगढ़ प्रभारी प्रमोद वालिया सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 02: जनसंपर्क के दौरान किसान, मजदूरों से मिलते हुए अतरलाल।
ककराला में ब्लाक स्तरीय विज्ञान नाटक प्रतियोगिता का आयोजन
**************************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) हरियाणा के तत्वावधान में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कनीना द्वारा एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ककराला में ब्लाक स्तरीय विज्ञान
नाटक प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कनीना खंड के
विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों की चयनित टीमों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुनील खुड़ानिया प्रभारी खंड
शिक्षा अधिकारी कार्यालय कनीना ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर
सूबे सिंह भौतिकी विज्ञान प्राध्यापक भोजावास ने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागी टीमों को प्रतियोगिता के नियमों एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस प्रतियोगिता में हिस्सा
लेने वाली टीमों में बीआर ज्ञानद्वीप सुरजनवास ने प्रथम स्थान, देवयानी
विद्यालय बेवल ने द्वितीय स्थान व एसडी विद्यालय ककराला ने तृतीय स्थान
प्राप्त किया।
विद्यालय के चेयरमैन जगदेव यादव ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा पैदा करते हैं। विज्ञान नाटक के माध्यम से विद्यार्थी विज्ञान को केवल पुस्तकीय ज्ञान के रूप में नहीं, बल्कि व्यावहारिक एवं रोचक तरीके से समझने में सक्षम होते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और
अभिव्यक्ति क्षमता को भी विकसित करते हैं।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय विज्ञान एवं समाज रहा, जिसके अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इलेक्ट्रिक वाहन, अंतरतारकीय आवास तथा महासागरों के
संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक ओम प्रकाश, सीईओ आरएस यादव, उप-निदेशक पूर्ण सिंह तथा प्राचार्य अरविंद कुमार तोमर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 03: अव्वल रहे विद्यार्थियों के साथ शिक्षकगण
कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत तीन गांवों में जन जागरूकता कार्यक्रम
**************************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान एवं नशा मुक्त महेंद्रगढ़ अभियान के तहत सतनाली थाना क्षेत्र के गांव ढाढोत, माधोगढ़ एवं बॉस में नशा मुक्ति जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस निरीक्षक शारदा एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद करते हुए नशीले पदार्थों तथा नशीली दवाइयों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के युवाओं को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि नशे की लत से छुटकारा पाने के इच्छुक व्यक्ति अथवा उनके परिजन आवश्यक परामर्श एवं पुनर्वास संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की कि नशे की समस्या से जूझ रहे किसी व्यक्ति को छिपाने के बजाय उसे उपचार एवं पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ाने में सहयोग करें।
फोटो कैप्शन 01: जन जागरूकता अभियान चलाते हुए
अज्ञात चोर मोबाइल, नकदी व आभूषण चोरी कर ले गया
-किराए के मकानों में रह रहे व्यक्तियों के घर से हुई चोरी
*************
*************************
********************************************
**************************************
कनीना की आवाज। कनीना में किराए के मकानों में रह रहे व्यक्तियों के घर से माबाइल,नकदी एवं जेवर अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। दरभंगा, बिहार के गांव पकाही निवासी अशोक कुमार ने कनीना पुलिस में उनके घर से अज्ञात चोर द्वारा चोरी किए जाने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस में उन्होंने बताया कि वह सात -आठ सालों से मेहनत मजदूरी करता है तथा कनीना के परविंद्र नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहता है। 11 सितंबर की सुबह करीब 2:10 पर कोई अज्ञात चोर 8000 रुपए की नकदी, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने की छोटी चेन एक रेडमी मोबाइल चोरी कर ले गया वहीं दूसरे कमरे में रह रहे रामसराय का रियलमी मोबाइल तथा सोनू नामक व्यक्ति का मोबाइल भी चोरी कर ले गया। उन्होंने पुलिस में बताया कि वार्ड तीन में शेखुद्दीन नामक नामक व्यक्ति के घर से भी अज्ञात चोर नकदी, मोबाइल, एक जोड़ी पाजेब चांदी के चोरी कर ले गया। उन्होंने कनीना पुलिस में अज्ञात चोरों को सीसीटीवी कैमरे की सहायता से पकडऩे की मांग की। जिस पर कनीना पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)










No comments:
Post a Comment