Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Sunday, November 15, 2026



 


आस्था, प्रकृति और लोक संस्कृति का महापर्व है छठ पूजा
- वैदिक काल से चली आ रही है सूर्य उपासना की परंपरा, वर्तमान में देश-विदेश तक बढ़ा पर्व का महत्व
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
छठ पूजा भारत के प्राचीनतम लोकपर्वों में से एक है। यह पर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। समय के साथ इसकी लोकप्रियता देश के अन्य राज्यों सहित विदेशों तक भी पहुंच गई है। हरियाणा के कनीना क्षेत्र में भी पूर्वांचल से आकर बसे परिवार इस पर्व को पूरी आस्था और परंपरा के साथ मनाते हैं।
छठ पूजा का इतिहास अत्यंत प्राचीन माना जाता है। भारतीय धार्मिक परंपराओं में सूर्य को जीवन, ऊर्जा और आरोग्य का प्रमुख स्रोत माना गया है। ऋग्वेद में भी सूर्य उपासना का उल्लेख मिलता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार माता षष्ठी को संतान की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। महाभारत में कुंती और कर्ण की सूर्य उपासना तथा द्रौपदी द्वारा सूर्य की आराधना से जुड़ी कथाएं भी प्रचलित हैं। हालांकि छठ पर्व की शुरुआत के संबंध में कोई एक निश्चित ऐतिहासिक तिथि उपलब्ध नहीं है।
यह पर्व चार दिनों तक चलता है। नहाय-खाय से इसकी शुरुआत होती है। दूसरे दिन खरना किया जाता है। तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं तथा चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करते हैं। इस दौरान ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद का विशेष महत्व रहता है।
वर्तमान परिप्रेक्ष्य में छठ पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक समर्पण का प्रतीक बन चुकी है। इस पर्व में जाति, वर्ग और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग सामूहिक रूप से भाग लेते हैं। जलाशयों और घाटों की सफाई, प्राकृतिक सामग्री का उपयोग तथा सामूहिक सहयोग इसकी विशेष पहचान है।
आज महानगरों से लेकर छोटे कस्बों तक छठ पूजा के आयोजन होने लगे हैं। विदेशों में बसे भारतीय भी इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। छठ पूजा हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, संयम और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती है। यही कारण है कि आधुनिकता के दौर में भी इस प्राचीन लोकपर्व की लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है।




 कनीना में दोपहर तक चली बूंदाबांदी
-फसलों के लिए है लाभप्रद
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना क्षेत्र में रविवार दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे खेतों में खड़ी सरसों की फसल को लाभ मिलने की उम्मीद है। बूंदाबांदी से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
किसानों का कहना है कि सरसों की फसल इस समय शुरुआती अवस्था में है और उसे नमी की आवश्यकता है। ऐसे में हल्की बारिश फसल के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। हालांकि विगत दिनों सरसों की बिजाई के समय हुई बारिश से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा था और कई स्थानों पर दोबारा बिजाई तक करनी पड़ी थी, लेकिन वर्तमान समय में हुई हल्की बूंदाबांदी को किसान फसल के लिए अच्छा मान रहे हैं।
कृषि क्षेत्र में इस समय मिट्टी में नमी बने रहना सरसों की बढ़वार के लिए उपयोगी है। किसानों को उम्मीद है कि मौसम साफ रहने और उचित धूप निकलने से फसल अच्छी बढ़ेगी।
फोटो कैप्शन 15: कनीना क्षेत्र में रविवार को आसमान में छाए बादल और होती हल्की बूंदाबांदी।






बंद पड़ी डीएवी अकादमी को पुन शुरू करवाने के लिए पूर्व सैनिकों ने दिया समर्थन
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
 भूतपूर्व सैनिकों ने डीएवी संस्थान कनीना को दोबारा शुरू करवाने के जन-अभियान को दिया समर्थन
कनीना। कनीना में लंबे समय से बंद पड़े डीएवी संस्थान को पुन: शुरू करवाने के लिए चलाए जा रहे जन अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों ने भी इस मुहिम को अपना समर्थन दिया है।
भूतपूर्व सैनिकों ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव होती है। कनीना और आसपास के गांवों के बच्चों को बेहतर एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए डीएवी संस्थान का दोबारा शुरू होना बेहद आवश्यक है।
वहीं सभा की अध्यक्षता करते हुए हरेंद्र शर्मा ने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के भविष्य से जुड़ा सामूहिक प्रयास है। समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का समर्थन इस अभियान के लिए केवल संख्या में वृद्धि नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने सभी पूर्व सैनिकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के युवाओं, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और आसपास के गांवों के लोगों से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अभियान का संकल्प है— न कोई राजनीतिक उद्देश्य, न कोई व्यक्तिगत स्वार्थ; केवल एक सपना कि कनीना की धरती पर डीएवी संस्थान फिर से शिक्षा की ज्योति जलाए और हमारे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाए।
कैप्टन भरपूर सिंह, सूबे.मेजर राजेश कुमार, कैप्टन जयपाल यादव, कैप्टन दीनदयाल,कैप्टन सूबे सिंह सभा में शामिल हुए
कनीना में रेवाड़ी सड़क मार्ग पर 58 एकड़ पर स्थापित डीएवी अकादमी जो वर्षों से बंद पड़ी है, इसे पुन: शुरू करवाने या 99 साल का पट्टा रद्द करके जमीन वापस कनीना नगर पालिका को देने की मांग को लेकर कनीना के हरिंदर शर्मा समाजसेवी एवं उनके साथियों ने बंद पड़ी अकादमी के द्वार पर कई बार धरना प्रदर्शन किया है। रविवार को पूर्व सैनिकों ने द्वार पर पहुंच समर्थन दिया और इसे पुन: शुरू करवाने का संकल्प लिया।
हरेंद्र शर्मा ने बताया कि वो लंबे समय से संघर्षरत है या तो डीएवी अकादमी को शुरू किया जाए या इसके पट्टे को रद्द कर जमीन कनीना नगरपालिका को वापस दी जाए ताकि कनीना किसी कार्य के लिए से फिर से प्रयोग कर सके।   उल्लेखनीय है कि कनीना की डीएवी अकादमी एशिया की नंबर वन संस्था मानी जाती थी। 1989 में 99 साल के पट्टे पर तत्कालीन कनीना नगर पालिका प्रधान ने 15000 रुपए प्रति वर्ष के हिसाब से डीएवी संस्था को दे दी थी जिसके चलते डीएवी ने अच्छा नाम कमाया। किंतु वर्ष 2018-19 में किसी छात्र ने प्रवेश नहीं लिया जिसके चलते यह बंद करने के कगार पर पहुंच गई और अंतत: डीएवी अकादमी को ताला लगा दिया। आज भी 58 एकड़ पर बने हुए भवन जर्जर होने के कगार पर हैं। कनीना की इस बेशकीमती जमीन को वापस नगर पालिका में दिलवाने के लिए कनीना के निवासी राजेश कुमार एडवोकेट ने 2017 में एक याचिका दायर भी की जो अभी भी कनीना न्यायालय में चल रही है। अगली सुनवाई 26 नवंर 2026 है। उन्होंने बताया कि 1989 में यह 58 एकड़ जमीन 99 साल के पट्टे पर दी गई थी। पूर्व प्रधान नगर पालिका सतीश जेलदार भी इसके पट्टे को रद्द करवाने के पक्ष में थे।
 उल्लेखनीय है कि समय-समय पर विभिन्न कार्यालय कनीना में स्थापित किए जाते रहे हैं उस समय जगह की बड़ी जरूरत समझी जाती रही है किंतु उस समय डीएवी की बेशकीमती जमीन बेकार पड़ी नजर आई है। यही कारण है कि अब इस जमीन का पट्टा रद्द करवाने के लिए हरेंद्र शर्मा धरने पर बैठेंगे।
 फोटो कैप्शन 11: पूर्व सैनिक समर्थन देते हुए


छठ पर्व -त्रिदिवसीय त्योहार के दूसरे दिन
महिलाओं में उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्त होते सूर्य को दिया अघ्र्य
-16 नवंबर को उदय होते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रत का होगा समापन
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
दीपावली के छह दिन बाद मनाया जाने वाला छठ पर्व कनीना में चल रहा है। इस अवसर पर पूर्वांचल की महिलाओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिला। महिला एवं पुरुषों ने अस्त होते सूर्य को अघ्र्य दिया।  छठ मैया के शृंगार, पूजा सामग्री, फल, फूल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी करके कनीना के रामेश्वरदास /सिरसवाला जोहड़ को सजाकर पूजा अर्चना की।
सपना, कंचन, रानी, मीरा , सरिता , शोभा, बजरंगी, महेश, राहुल , बैजनाथ ने बताया कि छठ पर्व तीन दिनों तक मनाया जाता है। इस पर्व में महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली के लिए छठ मैया तथा भगवान सूर्य की उपासना करती हैं। पर्व के दौरान व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए श्रद्धापूर्वक व्रत रखती हैं।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा में सूर्यदेव को अघ्र्य देने का विशेष महत्व है। महिलाएं डूबते और उगते सूर्य को अघ्र्य देकर परिवार की मंगलकामना करती हैं। छठ पर्व में स्वच्छता, पवित्रता, संयम और लोक आस्था का विशेष महत्व रहता है।
गौरतलब है कि कनीना क्षेत्र में बड़ी संख्या में बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग रोजगार के सिलसिले में आकर किराये पर रह रहे हैं। दीपावली के अवसर पर इनमें से अनेक परिवार अपने पैतृक राज्यों में लौट गए हैं, लेकिन कुछ परिवार और उनके बच्चे यहीं रहकर छठ पर्व मनाने की तैयारी की है।
छठ पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दौरान व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करती हैं। पर्व के दौरान डूबते और उगते सूर्य को अघ्र्य देने का दृश्य अत्यंत मनोहारी होता है। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री, फल और प्रसाद लेकर पूजा स्थल पर पहुंचती हैं। अंतिम दिन प्रसाद के रूप में फल वितरित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि वे इस बार भी छठ पूजा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वे अपने गृह राज्यों से दूर रह रहे हैं, लेकिन अपनी धार्मिक परंपराओं और संस्कृति को जीवित रखना चाहते हैं। छठ पर्व के अवसर पर यहां धार्मिक आस्था, पारिवारिक एकता और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 13 नवंबर 2026 को व्रती स्नान करके सात्विक भोजन ग्रहण किया था जिसे नहाय एवं खाय कहते हैं। दूसरे दिन को लोहंडा और खरना कहते हैं जिसमें व्रती पूरे दिन का उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। तीसरे दिन तालाब के घाट पर डूबते हुए सूर्य को अघ्र्य दिया जाता है। अंतिम दिन उषा अघ्र्य एवं पारण कहते हैं जब सुबह उगते हुए सूर्य को अघ्र्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा। महाभारत का कर्ण सूर्य का उपासक माना जाता है।
फोटो कैप्शन 11 से 13: अस्त होते सूर्य को अघ्र्य देते हुए महिला एवं पुरुष



एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककराला में अभिभावक-अध्यापक बैठक का आयोजन
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककराला में आज बाल वाटिका से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए पीटीएम का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने बच्चों की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रगति के संबंध में अध्यापकों के साथ विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, व्यवहार, अनुशासन, नियमित उपस्थिति, समय-सारणी एवं विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता से संबंधित जानकारी दी गई। अध्यापकों ने अभिभावकों को बच्चों की व्यक्तिगत क्षमताओं, रुचियों एवं सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों से अवगत कराया तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
विद्यालय चेयरमैन जगदेव यादव ने अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित करते हुए बताया कि बच्चे के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में विद्यालय और परिवार दोनों की समान एवं महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बच्चों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास तभी संभव है, जब अभिभावक और शिक्षक आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक ओमप्रकाश, विद्यालय समिति के वरिष्ठ सदस्य राजेन्द्र यादव, उपनिदेशक पूरण सिंह एवं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर, को-र्डिनेटर स्नेह यादव, प्रियंका यादव सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 09: ककराला में पीटीएम


गाहड़ा में आर्य समाज के दो दिवसीय वैदिक कार्यक्रम एवं वार्षिक उत्सव संपन्न
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
वेद प्रचार मंडल, जिला महेंद्रगढ़ के दिशा-निर्देशन में आर्य समाज गाहड़ा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वैदिक कार्यक्रम एवं वार्षिक उत्सव का आज सफलता पूर्वक समापन हो गया। प्रात:कालीन सत्र में आचार्य यशवीर शास्त्री के ब्रह्मत्व में पावन यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें प्रवक्ता अनूप आर्य सपत्नीक  सुमन आर्या एवं रोहित कुमार आर्य सपत्नीक मोनिका आर्या मुख्य यजमान रहे। इस दौरान यज्ञोपवीत (जनेऊ) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कई युवाओं को जनेऊ धारण कराया गया और उन्हें सत्यार्थ प्रकाश भेंट किए गए।
दूसरे दिन की सभा की अध्यक्षता वेद प्रचार मंडल के प्रधान धर्मवीर सिंह आर्य (खातौली) ने की तथा मंच संचालन आर्य समाज गाहड़ा के प्रधान रामेश्वर दयाल शास्त्री ने किया।
 समारोह में आर्य प्रतिनिधि सभा रोहतक से उपमंत्री डा. नरेंद्र कुमार आचार्य एवं नांगल चौधरी आर्य समाज के प्रधान महात्मा राधेश्याम जी ने विशेष रूप से शिरकत की। प्रवक्ता आचार्य यशवीर शास्त्री ने यज्ञ की संपूर्ण प्रक्रिया व वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं उषा आर्या जी ने पंच महायज्ञ पर सुमधुर भजन प्रस्तुत किया। भजनोपदेशक आचार्य धर्मपाल आर्य (इसरोदा), सत्यवीर आर्य और सतपाल सिंह आर्य (मालड़ा) ने भी अपने भजनों व विचारों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विजय कुमार भुरथला तथा एडवोकेट विनय कुमार ने 11-11 हजार नकद की सहयोग राशि भेंट की।  इस अवसर पर वेद प्रचार मंडल कार्यकारिणी, मास्टर जगन्नाथ आर्य, सूबेदार मेजर राम सिंह आर्य, धुरेंद्र आर्य, अनिल परदेशी, मनोज आर्या, पतराम आर्य, देशराज आर्य, प्रवक्ता हठी राम, हरदयाल आर्य अटेली,सरपंच राजबीर, महावीर बोहरा, मास्टर वेदपाल, मास्टर महावीर (लुखी), सुरेंद्र गार्ड, विधा सागर एवं दीनदयाल आर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 10: अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट करते हुए


बुजुर्ग की पीट- पीट कर हत्या, पांच लोगों पर केस दर्ज, रास्ते को लेकर हुआ था झगड़ा
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना उप-मंडल के गांव ढ़ाणा में एक बुजुर्ग की पीट- पीठ कर हत्या कर दी। मृतक के पुत्र ने पांच लोगों पर केस दर्ज करवाया है। अजय कुमार ढाणा निवासी का कहना है कि वो दो भाई हैं,बड़ा सत्यवीर है। वे सभी खेतों में ट्यूबवेल पर घर बना कर रह रहे हैं। उनकी तथा गुगन आदि से खतौनी जमीन जमीन थी जो गुगल ने गुरुग्राम की एक पार्टी को बेच दी। उसे जमीन को फिलहाल माल बटाई में भीम सिंह जोत रहा है। जमीन के बीचों बीच भाईचारे में खेतों में जाने के लिए 11 फुट का रास्ता छोड़ रखा है। भीम सिंह इस रास्ते को दबाकर भीड़ा रास्ता छोड़ देता है। भीम सिंह ने रास्ते के साथ-साथ लगते खेत में गेहूं बो रखें हैं। अजय का कहना है कि उसके पिता ने भीम सिंह को 11 फुट का रास्ता छोडऩे के लिए बार-बार कहा है, कई बार झगड़ा विवाद हो चुका है परंतु भीम 11 फुट का रास्ता नहीं छोड़ता। 14 नवंबर सुबह 7:30 बजे भीम सिंह, संदीप, महेंद्र, मोहित मेसर आदि खेत पर आए और गाली गलौच करके कहने लगे तुमने जो कुत्ता पाल रखा है वह गेहूं के खेत में नुकसान करता है। अजय उसका पिता राजपाल तथा अजय की मां अनीता उनके पास आए और बताया कि कुत्ता हमारा नहीं है किंतु उन्होंने गाली गलौज करते हुए राजपाल के साथ मार पिटाई की। लात व घुसे मार।े झगड़े को देखकर राम अवतार एवं झमन आ गए। छूट छुटावा करने लगे। उन्होंने राजपाल को काफी लात घुसे मारे और जमीन पर गिरा दिया, बेहोश हो गया। जब राजपाल को उठाकर मकान पर ले गए तो आस पड़ोस के लोग आ गए किंतु उनके पिता की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर अजय का ताऊ सूबे सिंह व चाचा कृष्णा मौके पर आए उन लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की। अजय का कहना है कि उनके पिता की मृत्यु का कारण पांचों लोग हैं। कनीना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।



गोशाला के पुनर्निर्माण और गोसेवा के लिए दानदाताओं ने बढ़ाए हाथ
- इसराना में शेड निर्माण के लिए जुटाई धनराशि
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
 गोसेवा और गोसंवर्धन के कार्यों में समाज के लोग लगातार सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय गो-संवर्धन केंद्र इसराना में गोसेवक एवं पूर्व गोशाला प्रधान भगत सिंह तथा देवेंद्र यादव पहुंचे। उन्होंने गौशाला के पुनर्निर्माण कार्य के तहत शेड निर्माण के लिए भक्तों एवं दानदाताओं से धनराशि एकत्रित कर जमा करवाई।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि गणपति प्रापर्टी रेवाड़ी की ओर से एक लाख रुपये, सत्यवीर सिंह पूर्व सरपंच रेवाड़ी की ओर से 5100 रुपये, यशपाल यादव कनीना की ओर से 5100 रुपये, बिमला देवी रेवाड़ी की ओर से 5100 रुपये तथा डा. रंजन अग्रवाल गुरुग्राम की ओर से 5100 रुपये की सहयोग राशि प्राप्त हुई है। इस सहयोग के लिए गौशाला के पूर्व प्रधान भगत सिंह, देवेंद्र यादव एवं डा. कुलदीप ने सभी दानदाताओं का आभार जताया।
उधर, कनीना स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में कोलकाता से पहुंची संतोष अग्रवाल अपने पुत्रों संजय अग्रवाल, श्याम अग्रवाल एवं कृष्ण अग्रवाल तथा पुत्रवधुओं पिंकी अग्रवाल, स्वाति अग्रवाल और ज्योति अग्रवाल के साथ पहुंची। उनके साथ रविंद्र बंसल, अनिता बंसल एवं हरिकिशन बंसल भी मौजूद रहे। सभी ने गौशाला में गायों के लिए हरे चारे की व्यवस्था हेतु 31 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। गौशाला पदाधिकारियों ने उनका आभार जताया।
फोटो कैप्शन 06: इसराना गोशाला में भगत सिंह एवं देवेंद्र
             07: कनीना गोााला में 31 हजार रुपये प्रदान करते हुए संतोष



 निराई गुड़ाई का काम में लगे किसान
-मजदूर कर रहे हैं 2000 रुपये प्रति किला निराई
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना क्षेत्र में अगैती सरसों की बिजाई करने वाले किसान सरसों की निराई गुड़ाई में लग गए हैं। 20 हजार हेक्टेयर पर सरसों की बिजाई की गई है जो विगत वर्ष की बीजाई से कम नहीं है। किसान सरसों फसल उगाने वाले किसान हैप्पी, कृष्ण कुमार,सुनील, दिनेश, महेश आदि ने बताया कि सरसों फसल खेतों में दिखाई देने लग गई है ऐसे में किसान निराई गुड़ाई के काम में लग गये है। किसानों ने बताया कर निराई गुड़ाई करने से खेतों में खड़े हुए अवांछनीय पौधों को हटाया जाता है ताकि फसल बेहतर हो सके। उन्होंने बताया कि निराई-गुड़ाई के बाद खाद का छिड़काव किया जा रहा है और फसल बेहतर बन जाएगी। अभी तक सर्दी कम पडऩे लगी है। सरसों की फसल के लिए सर्दी लाभप्रद मानी जा रही है। इस बार कनीना क्षेत्र में सबसे अधिक सरसों की बिजाई की गई है दूसरे नंबर पर गेहूं उगाया गया है।
 किसान सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह आदि ने बताया कि खेतों में जंगली घास,प्याजी, बथुआ एवं जंगली पौधों सहित कई अवांछनीय पौधे फसल के साथ पैदा हो गए हैं और फसल को कमजोर कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि निराई करने के बाद पैदावार बढऩे की संभावना होती है।  खेतों में निराई करने के लिए भारी पैसा खर्च करना पड़ता है। विभिन्न प्रकार की दवाई डालकर इन पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
  कनीना मंडी से रविंद्र बंसल ने बताया कि इस बार सरसों का एमएसपी 6613 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है जबकि गेहूं का एमएसपी 2610 रुपये पर प्रति क्विंटल रखा गया है। सरसों का एसपी बेहतर है इसलिए किसान सरसों की बिजाई की तरफ अधिक रुझान रखते हैं।
क्या कहता है कृषि विभाग-
कृषि विभाग के पूर्व सस्य विशेषज्ञ डा. देवराज का कहना है कि सरसों के अच्छे दाम मिलने से किसान उत्साहित है और धीरे-धीरे किसानों का रुझान बढ़ता ही जा रहा है।
उधर निराई के लिए दूसरे राज्यों से आए मजदूर 1500 रुपये से 2000 रुपये प्रति एकड़ ले रहे हैं। क्षेत्र के किसान इनसे निराई करवा रहे हैं।
फोटो कैप्शन 08: सरसों की निराई करते मजदूर



रक्तदान और सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए दीपक कुमार वशिष्ठ को मिला अवार्ड
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना के सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनशक्ति विकास संगठन के अध्यक्ष दीपक कुमार वशिष्ठ को रक्तदान एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संवेदना-2 के तहत नेशनल सोशल इंपैक्ट अवार्ड देकर  सम्मानित किया गया। यह सम्मान करनाल स्थित डा. मंगलसेन आडिटोरियम में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
निफा की ओर से आयोजित इस समारोह में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण लाल मिड्डा तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान  कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी कविंद्र राणा ने दीपक कुमार वशिष्ठ और अमित कुमार को सम्मानित किया। समारोह में समाज सेवा, रक्तदान, कला, संस्कृति एवं जनहित के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
 फोटो कैप्शन 04: संबंधित है



माय भारत द्वारा दो दिवसीय खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत भिवानी द्वारा जिला युवा अधिकारी मनसा के मार्गदर्शन में दो दिवसीय खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा खेल भावना, अनुशासन और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत वालीबाल मुकाबले में बवानीखेड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बड़सी की टीम द्वितीय तथा सुई की टीम तृतीय स्थान पर रही।
लड़कियों की खो-खो प्रतियोगिता में रतेरा की टीम ने बवानीखेड़ा की टीम को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बवानीखेड़ा की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के परिणाम-
लड़कियों की हाई जंप प्रतियोगिता में रश्मि ने प्रथम, कनिका ने द्वितीय तथा वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लड़कियों की लांग जंप प्रतियोगिता में रश्मि प्रथम, आरती द्वितीय तथा कनिका तृतीय स्थान पर रही। लड़कों की हाई जंप प्रतियोगिता प्रीतम ने प्रथम, प्रेम ने द्वितीय तथा यक्षित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में  नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्रि एवं वाइस चेयरमैन बजरंग तंवर ने शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत पार्षद, जोगिंदर पार्षद, प्रदीप पार्षद, पवन, मंजीत राठौड़, सुनीत ठाकुर, दिनेश कोच, विक्रम कोच एवं समाजसेवी हेमंत सैनी , माइ भारत राष्ट्रीय स्वयंसेवक मोहित  उपस्थित रहे।
विजेता खिलाडिय़ों को मेडल, स्पोर्ट्स किट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाडिय़ों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को मेडल के साथ स्पोर्ट्स किट भी वितरित की गई, जिसमें टी-शर्ट सहित अन्य खेल सामग्री शामिल रही। इसके अतिरिक्त प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शपथ दिलाई गई। जिला युवा अधिकारी मनसा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।
फोटो कैप्शन 05: संबंधित है


नाकाबंदी पर रुकने का इशारा मिला तो चालक ने मोड़ी कार
- शहर कनीना पुलिस ने पीछा कर रुकवाई तो मिली 13 पेटी बीयर
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज।
थाना शहर कनीना की टीम ने 14 नवंबर को गांव कोटिया के बस स्टैंड के पास एक कार से 13 पेटी बीयर बरामद की। चालक बीयर के परिवहन के लिए कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने कार और बीयर को कब्जे में लेकर थाना शहर कनीना में मामला दर्ज किया है।
डीएसपी डा. कविता ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कारोली की ओर से एक सफेद कार में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। सूचना पर टीम ने कोटिया बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद कारोली-कोसली रोड की ओर से एक सफेद कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार गाहड़ा रोड की ओर मोड़ ली। टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर कार रुकवाई। नाम-पता पूछने पर चालक ने अपना नाम सुनील निवासी गांव भुरजट, थाना सदर महेंद्रगढ़ बताया। कार की तलाशी में बीयर की 13 पेटियां मिलीं। पुलिस ने बरामद बीयर के नमूने लिए हैं। मामले की जांच जारी है।
फोटो कैप्शन 02: पकड़ी गई बीयर के साथ आरोपी



अवैध पिस्टल प्रकरण में सीआईए नारनौल की कार्रवाई
- हथियार की खरीद-बिक्री से जुड़े सह-आरोपी धर्मेंद्र को किया गिरफ्तार
***********************************************************
***************************************************************
***********************************************************
कनीना की आवाज
। सीआईए नारनौल की टीम ने थाना सदर कनीना में दर्ज अवैध पिस्टल बरामदगी के मामले में सह-आरोपी धर्मेंद्र थाना सदर कनीना क्षेत्र निवासी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 13 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 14 नवंबर को आरोपी से अवैध पिस्टल खरीदने तथा सह-आरोपी को बेचने के स्थानों की निशानदेही कराई है।
डीएसपी डा. कविता ने बताया कि 18 सितंबर 2026 को थाना सदर कनीना की पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव धनौंदा बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव खेड़ी के खेल स्टेडियम के गेट के पास एक युवक अवैध देसी पिस्टल लेकर खड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से संदीप निवासी मकड़ाना, जिला चरखी दादरी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी हथियार का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर थाना सदर कनीना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी से अवैध हथियार खरीदने के स्थान की निशानदेही कराई गई। संदीप को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
मामले में हथियार की खरीद-बिक्री से जुड़े तथ्यों की जांच को आगे बढ़ाते हुए सीआईए नारनौल की टीम ने सह-आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया। धर्मेंद्र को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मामले की जांच जारी है।
फोटो कैप्शन 03: पकड़ा गया आरोपी

















No comments: