कनीना नगर पालिका के उप चुनाव की होने लगी है चर्चाएं
-वार्ड 14 से होना है उपचुनाव, फोटोयुक्त पहचान पत्रों का रिविजन का कार्य शुरू
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। नगर पालिका कनीना के यूं तो प्रधान एवं उप प्रधान पहले ही बन चुके हैं। नगर पालिका अपना कार्य विधिवत रूप से कर रही थी कि अचानक वार्ड 14 के पार्षद राजेंद्र लोढ़ा की मौत के बाद एक बार फिर से कनीना के वार्ड 14 की तरफ लोगों की नजरें टिक गई है। यहां निकट भविष्य में उपचुनाव होने वाले हैं क्योंकि वार्ड 14 का पार्षद नगर पालिका प्रधान का ससुर था। एक बबाार फिर से फोटोयुक्त पहचानपत्रों के रिविजन का कार्य 17 फरवरी से 27 फरवरी तक चलेगा और अंतिम प्रकाशन 27 मार्च 2026 को होगा। इसके बाद ही उप-चुनाव संभव हो पाएंगे। हरियाणा चुनाव आयोग के अनुसार टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी,सढौरा और कनीना नगरपालिकाओं आदि का उप चुनाव होना है। जिनके कारण नगर पालिका में बहुमत बना हुआ था और प्रधान एवं उप प्रधान बने थे। अब लोगों की नजरें वार्ड 14 पर टिक गई है और कई नए और पुराने चुनाव लडऩे वाले इस चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। वार्ड 14 से पहले चुनाव लड़ चुके ऐसे पूर्व पार्षदों के मैदान में उतरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वार्ड 14 एक नया वार्ड पहली बार चुनाव इस बार के चुनावों में बनाया गया था। बीते चुनावों से पहले कनीना नगर पालिका के 13 वार्ड होते थे। पहली बार चुनाव में वार्ड 14 बनाया गया था जिसमें अधिकांश लोग रेवाड़ी, गाहड़ा आदि सड़क मार्ग पर बसे हुई वोटर हैं। क्योंकि 6 महीने के अंदर उपचुनाव होने की संभावना है और जल्द ही यह माना जा रहा है चुनाव होंगे। उसके लिए चुनाव लडऩे वालों की तैयारी भी शुरू हो गई है।
मिली जानकारी अनुसार 9 जनवरी को प्रदेश सरकार ने चुनाव आयोग से कुछ परिषदों के चुनाव एवं उप चुनाव कराने की अनुमति मांगी थी जिस पर चुनाव आयोग ने अनुमति भी दे दी है। अब यह देखना है कि इतना उपचुनाव कब होते हैं और कितने लोग चुनाव मैदान में उतर पाते हैं। कनीना में अभी से इस उप चुनाव के लिए वोट मांगने की कार्रवाई संभावित चुनाव लडऩे वालों ने शुरू कर दी है। इस बार उप चुनावों में जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा चूंकि एक अनार सौ बीमार वाली कहावत लागू होगी।
फोटो कैप्शन: नगरपालिका कनीना
खाटू श्याम के लिए रवाना होने लगे हैं भक्त
-निशान लेकर जाते हैं खाटूधाम
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। 4 मार्च के खाटू श्याम में लगने वाले फाल्गुन एकादशी के मेले के दृष्टिगत भारी संख्या में भक्तजन रवाना होने लगेे हैं। दूर दराज से खाटू की ओर निशान लेकर जाने का सिलसिला चंद दिनों तक जारी रहेगा।
यूं तो खाटू श्याम मेले के दृष्टिगत ध्वज लेकर पदयात्रा पर एक के बाद एक समूह रवाना होने लगा है तथा उनके लिए जगह जगह शिविर स्थापित किए जा रहे हैं। कनीना से करीब चार दिनों में खाटू धाम पहुंचते हैं।
इस संबंध दिनेश कुमार का कहना है कि वे विगत छह वर्षों से खाटू श्याम जाकर ध्वज अर्पित करते हुए आया है। उनकी कोई मनोकामना नहीं है। अपितु उनके दिल में श्रद्धा एवं भक्ति भरी है जिसके चलते व्यस्त समय में से समय निकालकर खाटू जाता हूं। उन्होंने कहा सफर करीब दो सौ किमी है किंतु खाटू के प्रति भक्ति के चलते यह दूरी कष्टदायी नहीं लगती है।
राजाराम का कहना है कि वे विगत 15 वर्षों से खाटू श्याम का भक्त हैं। श्याम को मन में संजोकर लंबी दूरी को पार कर जाते हैं। उनके अनुसार उन्हें थकान तो होती है परंतु रास्ते में लोगों की भक्तों के प्रति भक्ति प्रसन्न रखती है और सफर आसानी से पूरा हो जाता है। कांवर की अपेक्षा ध्वज में कम नियमों का पालन करना होता है वहीं दूरी भी कम है।
धर्मेंद्र भक्त का कहना है कि वे छह वर्षों से खाटू श्याम जा रहे हैं और उन्हें मन को प्रसन्नता एवं भक्ति भाव इसी यात्रा से प्राप्त होता है। जब कभी खाटू मेला पास आता है तो वे मेले में जाने की तैयारी में जुट जाते हैं। पदयात्रा विशेषकर रेलवे ट्रैक के साथ साथ चल पाना थोड़ा कठिन है किंतु मन में भक्तिभाव रखते हुए यह सफर सामान्य महसूस होने लग जाता है। श्याम बाबा के दर्शन करके सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं।
महिपाल भक्त का कहना है कि वे विगत दो वर्षों से श्याम बाबा के यहां जा रहे हैं। उनकी सभी इच्छाएं श्याम बाबा के जाने पर खत्म हो जाती हैं। उन्हें खाटू जाना बेहद प्रसन्नतापूर्ण लगता है। उनका कहना है कि अपार भक्तों को मीलों का सफर तय करता देख उनका सफर आसानी से पूर्ण हो जाता है।
फोटो कैप्शन 06: जैतपुर धाम का नजारा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में कक्षा 12वीं की छात्राओं को भावभीनी विदाई
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना मंडी में आज वरिष्ठ वर्ग की कक्षा 12वीं की छात्राओं के सम्मान में कक्षा 11वीं की छात्राओं द्वारा भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हर्षोल्लास, भावुक क्षणों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कक्षा 12 की छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन मनुष्य के जीवन का सर्वश्रेष्ठ काल होता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने माता-पिता, विद्यालय, क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। यही उनके लिए सच्चे अर्थों में गुरु दक्षिणा होगी।
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन 12वीं कक्षा की छात्रा जाह्नवी, पलक, मुस्कान, ऋषिका, गुंजन, भारती, सुप्रिया एवं तनु द्वारा किया गया। छात्राओं ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच सदैव आत्मीयता व अनुशासन का वातावरण रहा है, जिसने उन्हें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा दी है। उन्होंने गुरुजनों के सम्मान और मार्गदर्शन को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
समारोह के दौरान छात्राओं ने शिक्षकों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया। विदाई के भावुक क्षणों में छात्राओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने कक्षा 12 की छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था।
फोटो कैप्शन 05: विदाई समारोह का नजारा
गौशाला प्रांगण भक्तिभाव से ओतप्रोत, महिला सत्संग मंडलियों ने बांधा भक्ति का समां
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। अमावस्या के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण गौशाला कनीना का प्रांगण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया। कस्बे की महिला सत्संग मंडलियों द्वारा आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में वातावरण भक्तिमय बन गया।
इस अवसर पर बाबा मोलडऩाथ महिला सत्संग मंडल एवं ढोकलमल शिव मंदिर की सत्संग मंडलियों ने संयुक्त रूप से भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन-कीर्तन से पूर्व सभी महिलाओं ने गौवंश को गुड़ व हरा चारा खिलाकर गौसेवा की तथा गौशाला को 5100 रुपये की सहयोग राशि भी भेंट की।
भजनों के उपरांत गौभक्तों द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में मंडली प्रधान सोमती देवी, कविता, सविता यादव, बनारसी, फूला, गोदावरी, लक्ष्मी, धर्म, बिमला, सुनीता, कांता, सुमन व पूनम ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि विगत माह की अमावस्या पर भी इनके द्वारा सत्संग का आयोजन किया गया था।
इस अवसर पर गौशाला के प्रधान भगत सिंह, सचिव यश, सहसचिव रामपाल, अशोक पैकन, कृष्ण प्रकाश गुरुजी, मास्टर रामप्रताप, ओमप्रकाश आर्य, होशियार सत्संगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महिला मंडलियों के इस सेवा व भक्ति भाव की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के माध्यम से गौसेवा, भक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया गया।
फोटो कैप्शन 03: सत्संग मंडलियां सत्संग करते हुए
खेल नर्सरी योजना के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में शूटिंग रेंज शाखा हेतु उपकरण उपलब्ध कराए गए
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार की खेल नर्सरी योजना 2026-27 के अंतर्गत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना मंडी में शूटिंग रेंज शाखा की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आवश्यक खेल उपकरण विद्यालय को उपलब्ध करवाए गए।
इस पहल का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को आधुनिक सुविधाएँ प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। सरकार द्वारा केवल ओलंपिक, एशियन व कामनवेल्थ खेलों में शामिल चयनित खेलों के लिए नर्सरी स्थापित की जा रही हैं, जिनमें शूटिंग भी एक प्रमुख खेल है।
विद्यालय परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने इस अवसर पर कहा कि शूटिंग रेंज शाखा की स्थापना के लिए विद्यालय में एक विशाल बहुउद्देशीय हाल शूटिंग रेंज के लिए उपलब्ध करवाया गया है जिसमें विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने हरियाणा सरकार एवं खेल विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में कनीना मंडी के खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर शूटिंग को राहुल यादव वरिष्ठ अध्यापक, ओमप्रकाश पालीवाल, प्रवीण कुमार, रेखा यादव, सुमन लता, अंजू यादव, अनीता यादव, कल्पना कुमारी, शकुंतला यादव, सरोज, हेमंत कुमार, पन्नालाल सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 04: खेल नर्सरी का सामान उपलब्ध कराते हुए प्राचार्य
परीक्षा की कैसे करें तैयारी---
-परीक्षा से घबराना है अनुचित-सुरेश कुमार
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। एक और जहां 10वीं और 12वीं के परीक्षा सिर पर है वही विद्यार्थी दिन-रात परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। फरवरी माह में सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं होंगी। परीक्षा की तैयारी कैसे करें इस संबंध में शिक्षाविद वरिष्ठ प्राध्यापक सुरेश कुमार का कहना है कि--
परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं। सामान्य रूप में परीक्षा को ले, कक्षा में अध्यापक के सामने जिस प्रकार से प्रश्न का उत्तर दिया जा रहा है वैसी परीक्षा में हल करें। परीक्षा के समय विद्यार्थी को पूर्ण आत्मविश्वास के साथ तैयारी करनी चाहिए। जिस भी विषय की परीक्षा देनी है उसकी तैयारी के लिए मुख्य बिंदुओं को अलग से नोट बुक में उतारे, अलग से समय देकर दोहराये,ध्यान रहे उन्हें रटे नहीं। शिक्षा की तिथि की पूर्व संध्या को विद्यार्थी अधिक थकान एवं दिमाग पर परीक्षा का भूत सवार न होने दे। पूरी नींद ले, प्रसन्न चित्त होकर परीक्षा की तैयारी के लिए हर विषय के प्रत्येक टापिक का ध्यान लगाकर स्मरण करें तथा पूर्ण आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे। बिना दबाव के पढ़ाई की जाती है तो परिणाम बेहतर होते हैं, स्वास्थ्य अच्छा रहता है। छात्र हर दिन को योजना बनाकर पढ़ाई करें जिनकी बेहतर तरीके से दोहराई होती है। थ्योरी के पेपर के लिए लिखकर देखे तो स्मृति टिकाऊ रहती है। परीक्षा के समय सही उत्तर देने में सक्षम बनाता है। गणित, भौतिक शास्त्र एवं रसायन शास्त्र में अभ्यास अधिक से अधिक करें। दिनभर में कितना पढ़े यह विद्यार्थियों की अपनी क्षमता के अनुसार तय होता है। 7 घंटे की नींद लेकर एक घंटे व्यायाम या रुचि अनुसार खेल खेलना चाहिए। हर दिन को प्लान करना और उसे पूरा करना पढ़ाई में चार चांद लगा देता है। इन दिनों में अपने को स्वस्थ रखना जरूरी है ताकि समय पर सभी कार्य पूर्ण कर सकें। पढ़ाई को तनावमुक्त का आनंदमय बनाए। हर दिन की योजना बनाये और उसे पूर्ण करें। एनसीइआरटी की पुस्तकें ही पढ़े।
फोटो कैप्शन-प्राध्यापक सुरेश कुमार
सर्दी में भी हुआ गर्मी का एहसास
-कुछ दिनों से हो रही तेज धूप, दिन का तापमान बढ़ा
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में जहां दो दिनों से सूर्य तेज धूप के साथ चमक रहा है। सुबह और रात को जहां ठंड होती है वही दिन में गर्मी महसूस हो रही है। चंद दिनों की गर्मी से ऐसा लगता है कि अब सर्दी के दिन बीत गए हैं। तेज धूप के चलते जहां लोग राहत महसूस कर रहे हैं। अभी तक लगातार ठंड, कोहरा, धुंध,वर्षा आदि चल रहे थे किंतु दो दिनों से अचानक सूर्य तेज धूप के साथ चमक रहा है और गर्मी का एहसास हो रहा है।
क्षेत्र में कम से कम तापमान 12 डिग्री तो अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड नोट किया गया। आने वाले समय में तापमान और बढऩे की संभावना है। यदि यूं ही तेज धूप खिली तो जल्दी सरसों पक जाएगी और अभी तो बसंत पंचमी भी नहीं आई है। उससे पहले ही फूल कम होने लग जाएंगे। किसानों के चेहरे पर चिंता की रेखा दिखाई देने लगी है किंतु कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी मौसम ठीक चल रहा है चूंकि रात को ठंड पड़ती है तो दिन में जहां धूप खिलता है, इससे फसल को कोई नुकसान अभी तक नहीं होगा।
किसान राजेंद्र सिंह, सूबे सिंह, अजीत कुमार आदि का कहना है कि गर्मी बढऩे से फसलों को नुकसान होगा। सरसों की पैदावार में कमी आ जाएगी। गेहूं की फसल में बढ़ोतरी नहीं होगी। इस समय खेतों में गेहूं एवं सरसों की फसल खड़ी हुई है। कृषि वैज्ञानिक भी मानते हैं कि फसल को नुकसान होगा।
उल्लेखनीय है कि इस सर्दी के मौसम में जहां पाला जमने से सरसों में पहले ही नुकसान हो चुका है वहीं अब मौसम बदलने से नुकसान होने का अंदेशा बन गया है।
फोटो केप्शन 02: सरसों फसल
शिवालय का नवीनीकरण करने पर किया सम्मानित
**********************************************************
****************************************************************
**********************************************************
कनीना की आवाज।
रातांकलां निवासी प्रमुख समाजसेवी एलसी जोशी परिवार ने अपने पूर्वजों के गांव बेवल के धार्मिक स्थल शिवालय का नवीनीकरण कर समाज सेवा की मिसाल पेश की है। इस नेक कार्य, समाजसेवा और सनातन वैदिक संस्कृति को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान के लिए गत दिवस बेवल गांव में प्रजा भलाई संगठन के नेता अतरलाल ने एलसी जोशी को पगड़ी पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एल.सी. जोशी परिवार द्वारा हवन यज्ञ कर नवीनीकरण किए शिवालय में विधि विधान से शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई। जोशी परिवार द्वारा भंडारा आयोजित किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। अतरलाल ने कहा कि एल.सी.जोशी परिवार ने अपने पूर्वजों द्वारा बेवल गांव में बनाए गए पुराने शिवालय का नवीनीकरण कर समाज तथा अपनी जड़ों से जुडऩे की गौरवशाली मिसाल पेश की है। उनके इस कार्य से समाज के लोगों को अपने धर्म, विरासत, संस्कृति से जुडऩे की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सरपंच व विख्यात प्रवचनकर्ता राजकुमार भारद्वाज ने भी जोशी परिवार की सेवाओं की सराहना करते हुए परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने व्रत रख मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
फोटो कैप्शन 01: एलसी जोशी को सम्मानित करते प्रमुख समाजसेवी अतरलाल।










No comments:
Post a Comment