Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Sunday, September 13, 2026



 



नांगल चौधरी क्षेत्र के लिए करीब 284 करोड़ रुपये की लागत बन रहे तीन नए जलघर, 39 गांवों को होगा फायदा
-नारनौल शहर के पांचों जलघरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी : रणबीर सिंह गंगवा
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्यों और ढांचागत सुविधाओं को नई रफ्तार दी जा रही है। महेंद्रगढ़ जिले में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू हो चुका है। श्री गंगवा रविवार को नांगल चौधरी में श्री विश्वकर्मा सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सीमा से सटे नांगल चौधरी क्षेत्र की परियोजना को प्राथमिकता दी जा रही है, क्योंकि यह अंतिम छोर वाला इलाका है।
जन स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नांगल चौधरी क्षेत्र के लिए करीब 284 करोड़ रुपये की लागत से सिरोही बहाली, मुसनोता और आसरावास में तीन नए स्वतंत्र जल घर बनाए जा रहे हैं। इससे नांगल दुर्गु व नांगल चौधरी (मोहनपुर) सहित लहरोदा जलापूर्ति योजना से जुड़े 39 गांवों को लाभ मिलेगा। सिरोही बहाली पैकेज में काम शुरू होकर स्टोरेज टैंक की खुदाई हो रही है, जबकि शेष दो पैकेजों के टेंडर खुल चुके हैं और शीघ्र ही कार्य आदेश जारी होंगे।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि नारनौल शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब 226 करोड़ रुपये की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिसके तहत शहर के पांचों जलघरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और दर्जनों पुराने बूस्टिंग स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण होगा।
उन्होंने बताया कि जिले के कुतबापुर, रामपुरा, बड़कोदा और सीहमा नहरी आधारित जलघरों के सुदृढ़ीकरण तथा खामपुर-खासपुर गांवों के लिए नए जलघर के निर्माण के लिए भी करीब 35 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर ली गई है, जिससे 18 गांवों को शुद्ध पेयजल मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का काम तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि जिलेभर के लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
फोटो कैप्शन 09: संबंधित है


कनीना की श्रीकृष्ण गोशाला के चुनाव
-कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी के लिए भरा गया एक-एक नामांकन
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना की श्रीकृष्ण गोशाला कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर जहां दो दिनों तक नामांकन चला। रविवार नामांकन का अंतिम दिन था। कृष्ण कुमार डागर पूर्व प्राचार्य कनीना एवं गोशाला प्रशासक ने बताया कि दो दिनों में 11 आवेदन समस्त कार्यकारिणी के पदाधिकारी के लिए आए हैं। सोमवार को छटनी होगी और लगभग समस्त कार्यकारिणी निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना बन गई है। उन्होंने बताया कि प्रधान पद के लिए नरेंद्र कुमार, उप प्रधान यादवेंद्र सिंह, सचिव कुलदीप, सह सचिव के लिए धर्मवीर, खजांची के लिए रामप्रताप तथा वार्डन के लिए 6 सदस्यों के लिए रमेश कुमार, विजयपाल यादव, रामपाल, मुकेश कुमार, हनुमान सिंह और तुलसीराम के नामांकन आए हैं। अब 11 सदस्यीय समस्त कार्यकारिणी निर्विरोध चुने जाने की संभावना बन गई।
 उन्होंने बताया कि प्रधान, उप प्रधान, सचिव, सहसचिव, खजांची के अतिरिक्त 6 सदस्य चुने जाने हैं। कार्यकारिणी 6 सदस्यों सहित 11  पदाधिकारी होते हैं। इस प्रकार प्रत्येक सदस्य तथा पदाधिकारी के लिए एक एक आवेदन प्राप्त हुआ है।
 फोटो कैप्शन 8: नामांकन भरते हुए रामप्रताप


अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति घायल -चल रहा है अभी भी इलाज
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
 दौंगड़ा अहीर के पास 8 सितंबर को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया जिसका इलाज पीजीआई रोहतक चल रहा है। कलवाड़ी के नरेश कुमार ने पुलिस में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज करवा दिया है।
 उन्होंने पुलिस में बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है और पांच भाई हैं। 8 सितंबर को रात 9 बजे सूचना मिली कि उसके भाई कंवर सिंह का लड़का संजय, भारत पेट्रोल पंप दौंगड़ा अहीर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तुरंत मौके पर जाकर देखा तो संजय सड़क के किनारे घायल अवस्था में पड़ा था जिसे एंबुलेंस की सहायता से नारनौल सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाई किंतु अधिक चोट होने कारण से रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। अभी भी उनकी तबीयत ठीक नहीं है। नरेश कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज करवा दिया है।




 सामान्य से 25 फीसदी कम हुई वर्षा
-हरियाणा एनसीआर दिल्ली 15 से 19 सितंबर के बीच हो सकती है वर्षा
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून  का अन्तिम दौर चल रहा है। साल 2026 में अल-नीनो का मानसून पर मिला-जुला असर देखने को मिला। इस महीने के तीसरे सप्ताह में मानसून की विदाई तकरीबन तय है। हरियाणा राज्य में 1 जून से 13 सितम्बर तक कुल मानसून बारिश 303.2 मिलीमीटर हुईं जबकि इस दौरान 403.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है जो सामान्य से 25 फीसदी कम हुई है।  हरियाणा के दो तीन जिलों भिवानी, गुडग़ांव, कुरूक्षेत्र मानसून बारिश सामान्य के आसपास हुईं हैं जबकि 19 जिलों में  सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है।  मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि इस साल अल-नीनो का साया साफ़ तौर पर देखने को मिला। मानसून की विदाई से पहले आने वाले सप्ताह में  जाते जाते मानसून गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। वर्तमान परिदृश्य में लगातार दक्षिणी पूर्वी मानसून हवाओं के असर से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में आमतौर पर मौसम परिवर्तन शील बना हुआ है और बिखराव वाली खंड बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में मानसून गतिविधियों में इजाफा देखने को मिलेगा।
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों और उत्तरी मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली 15 से 19 सितंबर के बीच में  एक बार फिर से मानसूनी बारिश की गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। क्योंकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 15 सितंबर को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से मानसून टर्फ हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर पहुंच जाएगी और  मानसून एक्सेस और पश्चिमी विक्षोभ के इंटरेक्शन मिलन की प्रबल संभावना बनती नजर आ रही है। जिससे सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में 60-70 फीसदी इलाकों में मानसून बारिश की गतिविधियों विशेषकर हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों सिरसा फतेहाबाद हिसार भिवानी चरखी दादरी महेंद्रगढ़ और उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद में  हल्की से मध्यम कुछ स्थानों पर भारी बारिश की गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। जबकि मध्यवर्ती जिलों रोहतक झज्जर के साथ पूर्वी जिलों और दक्षिणी जिलों में  हल्की बारिश बूंदाबांदी कुछ स्थानों पर तेज बारिश की गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। जिसकी वजह से भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर एक बार फिर से येलो अलर्ट जारी कर दिया है। बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों से सम्पूर्ण इलाके में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और मानसून आंकड़ों में हल्की बढ़ोतरी होगी उसके बाद मानसून की विदाई लगभग तय है क्योंकि राजस्थान पर एक प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन बनने से पश्चिमी हवाएं चलने लगेगी। वर्तमान समय में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लावणी फसलों की कटाई कार्य जोरों पर चल रहा है। किसान भाइयों को सलाह दी जाती है की मौसम गतिविधियों के अनुसार अपने कृषि कार्यों को अंजाम दे। अपने फसलों को सुरक्षित स्थानों पर संरक्षित करें और तिरपाल आदि का प्रबंधन करें।
फोटो कैप्शन: चंद्रमोहन मौसम विशेषज्ञ



गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को
-गणेश को समर्पित है यह पर्व-दीपक कौशिक
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
भाद्रपद माह की शुक्ल चतुर्थी यानी 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाएगा। गणेश की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी और नौ दिनों तक पूजा अर्चना करने के बाद दसवें दिन का गाजे बाजे के साथ किसी तालाब या नदी आदि में इसका विसर्जन किया जाएगा।
 दीपक कौशिक ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि गणेश बुद्धि का प्रतीक है, इसलिए महिलाएं इस दिन व्रत रखती है। व्रत का प्रावधान दिन भर  चलता है और रात को खाना खा लेती हैं किंतु इस दिन चंद्र दर्शन नहीं किए जाते वरना पाप लगता है। गणेश जी की पूजा के पीछे कई कथाएं प्रचलित है जिनम माता पार्वती स्नान करते वक्त गणेशपुर एक बालक को उत्पन्न करके द्वारपाल बनाती है और उसका सर शिव भोले काट देते हैं। तत्पश्चात पार्वती के रूद्र रूप ग्रहण करने के पश्चात हाथी का शीश जोड़ा जाता है।
 कथा अनुसार पार्वती ने पुतला बनाकर गणेश नाम रखा और द्वार पर खड़ा कर दिया, यह आदेश दिया कि जब तक वह स्नान नहीं कर ले तब तक किसी को अंदर आने नहीं देना। तभी शिव भोले अंदर आना चाहते थे किंतु गणेश ने रोक दिया। भोजन में विलंब होने के कारण महादेव ने नाराज होकर शीश काट दिया।  शिव भोले के अंदर आने पर पार्वती ने पूछा -क्या बाहर तुम्हारा पुत्र पहरा नहीं दे रहे थे। तब उन्होंने बताया कि उसका सिर तो काट दिया गया। तत्पश्चात पार्वती क्रोधित हुई और एक हाथी के बच्चे का सिर लाकर धड़ से जोड़ दिया। पार्वती गणेश को पाकर प्रसन्न हुई, प्रेम पूर्वक भोजन कराकर पूजा की गई। यह घटना भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी की है। इसलिए इस दिन यह गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाता है।
 फोटो कैप्शन: दीपक कौशिक




प्रतिभा सम्मान समारोह में जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने किया प्रतिभाओं को सम्मानित
-मेहनत को मंच मिले तो समाज खुद तरक्की करता है : रणबीर सिंह गंगवा
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा के लोक निर्माण तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा शनिवार को नांगल चौधरी स्थित जांगिड़ सभा भवन में श्री विश्वकर्मा सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था द्वारा आयोजित तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जन स्वास्थ्य मंत्री ने इस मौके पर 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाले राज्य स्तरीय विश्वकर्मा जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगिड़, पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि किसी भी समाज और क्षेत्र की पहचान वहां की प्रतिभाओं से होती है। जब किसी युवा की मेहनत और उपलब्धि को समाज का सम्मान मिलता है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वह भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित होता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के विकास के साथ-साथ युवाओं और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराई है और आज युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिलने का अवसर मिल रहा है।
श्री गंगवा ने कहा कि आज युवाओं के सामने शिक्षा, खेल, कला, विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढऩे के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। प्रदेश के प्रतिभावान युवा अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने जांगिड़ सभा भवन के निर्माण के लिए अपने ऐच्छिक कोटे से 15 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इस मौके पर जन स्वास्थ्य मंत्री ने ओबीसी मोर्चा प्रदेश सचिव सरिता जांगिड़ को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जांगिड़ सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जांगिड़, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, चेयरमैन रोहताश जांगिड़, विद्यासागर सहित अभिभावक और समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 06:सम्मानित करते जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा।




मुफ्त चिकित्सा शिविर में 45 मरीजों ने उठाया लाभ
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
सेवा भारती एवं उजाला सिग्रस अस्पताल की ओर से कनीना मंडी स्थित लाला शिवलाल की धर्मशाला में मुफ्त चिकित्सा शिविर संपन्न हुआ। जिसमें 45 रोगियों ने कैंप में आकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। विगत साढ़े नौ सालों से हर माह के दूसरे रविवार को यह शिविर लगता है जिसमें अब तक हजारों रोगियों ने लाभ उठाया है।  रविवार को लगे इस कैंप में उजाला सिग्रस अस्पताल रेवाड़ी के हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. मनीष वर्मा, इंटरनल मेडिसिन डा. राकेश केसरी, सामान्य रोग विशेषज्ञ डाा. हर्ष ने अपनी टीम के साथ सेवाएं प्रदान की शिविर में बीपी शुगर एक की निशुल्क जांच की और दवाइयां भी प्रदान की गई। सिग्नस अस्पताल से प्रताप यादव, पवन लखानी ,कृष्ण यादव, किरण यादव, तरुण आई टेक्नीशियन उपस्थित रहे।
 कनीना मंडी के योगेश अग्रवाल ने बताया कि सेवा भारती कनीना द्वारा शाम 5 बजे से 6:30 आर्य समाज मंदिर कनीना में गरीब, वंचित, पिछड़े एवं अभावग्रस्त लोगों के लिए प्राथमिक चिकित्सा केंद्र चलाया जाता है जिसमें 80 से 100 मरीज प्रतिदिन आते हैं। दवाइयां बिल्कुल मुफ्त दी जाती है। इसी प्रकार महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण शाम तीन से पांच बजे गोविंदबाई धर्मशाला में दिया जाता है।
 इस अवसर पर सेवा भारती कनीना के सुरेंद्र शर्मा, जगदीश आचार्य, सुरेंद्र सिंह, शिव कुमार अग्रवाल, डा. वेद प्रकाश शर्मा, श्याम सुंदर, दिनेश जांगड़ा आदि उपस्थित रहे।
 फोटो कैप्शन 5: कैंप में डाक्टर मरीजों की जांच करते हुए





कांग्रेस की संगठनात्मक समीक्षा बैठक संपन्न
-संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
जिला कांग्रेस कमेटी महेन्द्रगढ़ की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक रविवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष  सत्यवीर यादव झुकिया की अध्यक्षता में कनीना ब्लाक अध्यक्ष राम किशन यादव के कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, ब्लाक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, डा. राजवती, सुरेन्द्र पाराशर सहित सभी फ्रंटल संगठनों के जिला अध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने सभी ब्लाक अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों से उनके-अपने क्षेत्र की विस्तृत संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा तथा सभी मंडलों व ब्लाकों के सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची और नाम मांगे, ताकि बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही आम जनमानस की आवाज है और आने वाले समय में हमें घर-घर तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाना है।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष डा. राजवती जी ने भी बैठक को संबोधित किया और महिला कांग्रेस को ब्लॉक स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रमुख रूप से राजकुमार ब्लाक अध्यक्ष निजामपुर  रामकिशन यादव ब्लाकाध्यक्ष कनीना, सुमेर सिंह अटेली, मनपाल यादव ब्लाकाध्यक्ष नारनौल,  विक्रम यादव ब्लाकाध्यक्ष नांगल चौधरी, रामरूप लांबा ब्लाक अध्यक्ष सतनाली सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 04:सत्यवीर झूकिया संबोधित करते हुए


हिंदी दिवस-14 सितंबर
हिंदी हर माथे की बिंदी होनी चाहिए-नरेश कुमार
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
पूरे भारत में हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक भाषा होगी। क्योंकि भारत मे अधिकतर क्षेत्रों में ज्यादातर हिन्दी भाषा बोली जाती थी इसलिए हिन्दी को राजभाषा बनाने का निर्णय लिया। सन 1953 से पूरे भारत में 14 सितम्बर को प्रतिवर्ष हिन्दी-दिवस के रूप में मनाया जाता है।
 1918 में गांधी जी ने हिन्दी साहित्य सम्मेलन में हिन्दी भाषा को राजभाषा बनाने को कहा था।  वर्ष 1949 में काफी विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि संघ की राजभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी होगी।
चूंकि अ-हिन्दी भाषी राज्य के लोग इसका विरोध करने लगे और अंग्रेजी को भी राजभाषा का दर्जा देना पड़ा। इस कारण हिन्दी में भी अंग्रेजी भाषा का प्रभाव पडऩे लगा। हिन्दी दिवस के दौरान कई कार्यक्रम होते हैं। इस दिन छात्र-छात्राओं को हिन्दी के प्रति सम्मान और दैनिक व्यवहार में हिन्दी के उपयोग करने आदि की शिक्षा दी जाती है। क्या कहते हैं हिंदी के जानकार-
***हिंदी दिवस पर हिन्दी के प्रति लोगों को प्रेरित करना चाहिए। हिंदी माथे की बिंदी होनी चाहिए। यह मातृभाषा है इसका सम्मान करना चाहिए। हिंदी में काम करने वाले लोगों को सम्मानित करना चाहिए।  हिन्दी भाषा के विकास और विस्तार हेतु हर संभव प्रयास करने चाहिए।
         शिक्षाविद ,नरेश कुमार
 हिंदी बोलने वालों की संख्या के अनुसार अंग्रेजी और चीनी भाषा के बाद हिन्दी भाषा पूरे दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी भाषा है। लेकिन उसे अच्छी तरह से समझने, पढऩे और लिखने वालों में यह संख्या बहुत ही कम है। यह और भी कम होती जा रही। इसके साथ ही हिन्दी भाषा पर अंग्रेजी के शब्दों का भी बहुत अधिक प्रभाव हुआ है और कई शब्द प्रचलन से हट गए और अंग्रेजी के शब्द ने उसकी जगह ले ली है। जिससे भविष्य में भाषा के विलुप्त होने की भी संभावना अधिक बढ़ गयी है। हिंदी के प्रचार एवं प्रसार का प्रयास करना वाहिए।
        शिक्षाविद, निर्मल सिंह
हिन्दी के प्रति अपने कर्तव्य का बोध करवाने के लिए इस दिन को हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है जिससे वे सभी अपने कर्तव्य का पालन कर हिन्दी भाषा को भविष्य में विलुप्त होने से बचा सकें। वर्ष में एक दिन इस बात से लोगों के समक्ष रखना है कि जब तक वे हिन्दी का उपयोग पूर्ण रूप से नहीं करेंगे तब तक हिन्दी भाषा का विकास नहीं हो सकता है। इसे आम बोलचाल की भाषा बनाना चाहिए तथा हर काम हिंदी में करने चाहिए।
  शिक्षाविद, सत्येंद्र सिंह
हिंदी, भारत की एकता और विविधता का प्रतीक है। यह भाषा देशभक्ति, संस्कृति, और समृद्धि का प्रतीक है। हिंदी हमारे संविधान की अधिकारिक भाषा है और हमारी राष्ट्रीय भाषा के रूप में महत्वपूर्ण है। हिंदी दिवस के अवसर पर, हमें अपनी मातृभाषा के प्रति समर्पित रहना चाहिए। हमें इसे सीखना, उसका सदुपयोग करना, और उसका संरक्षण करना चाहिए। हमें हिंदी की बढ़ती उपयोगिता को समझना चाहिए, ताकि हम अपने विचारों को सही ढंग से व्यक्त कर सकें।
  शिक्षाविद ,मदनलाल
फोटो कैप्शन: मदनलाल, नरेश कुमार, निर्मल सिंह, सत्येंद्र सिंह




गुमशुदगी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
-पटना बिहार से दो छात्राओं को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
थाना शहर कनीना पुलिस ने गुमशुदगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो छात्राओं तनिषा एवं ओमवती, निवासी सिहोर को पाटलिपुत्र, पटना (बिहार) से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
डीएसपी डा. कविता ने बताया कि दोनों छात्राएं 9 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे घर से कालेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन कालेज जाने के बजाय वे बिना परिजनों को बताए सीधे पटना बिहार में रह रही अपनी बड़ी बहन के पास चली गईं। दोपहर करीब 3 बजे तक दोनों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और उन्होंने थाना शहर कनीना में गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी माध्यमों से गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दोनों छात्राओं के पटना बिहार में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे पाटलिपुत्र, पटना बिहार से दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि वे कालेज जाने के बजाय बिना परिजनों को बताए अपनी बड़ी बहन, जिसकी शादी पटना बिहार में हुई है, से मिलने के लिए सीधे पटना चली गई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों छात्राओं को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
दोनों छात्राओं के सकुशल मिलने पर परिजनों ने महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा मामले में दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।



एसडी विद्यालय ककराला में दादा दादी दिवस मनाया गया
-आयोजित किए गए कई कार्यक्रम
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
एसडी विद्यालय ककराला में रविवार को में ग्रैंडपेरेंट्स डे/दादा-दादी दिवस मनाया गया। जिसका शुभारंभ सरस्वती पूजन, कोआर्डिनेटर बिंदु तथा
समारोह में मौजूद महिलाओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मातृशक्ति का स्वागत तिलक लगाकर एवं ग्रैंडपेरेंट्स डे के कार्ड प्रदान कर किया। बच्चों के दादा-दादी को समर्पित भाषण, माताओं द्वारा नृत्य, गान, खेल, कार्यक्रम गतिविधियों ने
सबका मन मोह लिया।
प्राथमिक सेक्शन की कोआर्डिनेटर बिंदु ने अपने
वार्षिक पाठ्यक्रम के बारे में विस्तृत वर्णन करते हुए बताया कि एसडी विद्यालय खेल एवं गतिविधियों के माध्यम पढ़ाई कराता है ताकि बच्चा उसे मनोरंजन के साथ सीखे। इस अवसर पर अभिभावक-अध्यापक बैठक का आयोजन भी किया गया।
अभिभावको ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए विद्यालय प्रबंधन व सभी संबंधित अध्यापकों के साथ अध्ययन संबंधी समस्याओं के समाधान, शैक्षिक उपलब्धियों के साथ-साथ अन्य गतिविधियों व विषयों पर विचार विमर्श किया।
विद्यालय चेयरमैन जगदेव यादव ने सभी उपस्थित अभिभावकों को दादा-दादी दिवस
की बधाईयां दी, व अभिभावक-अध्यापक बैठक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने
कहा कि बैठक जागरूक अभिभावकों के लिए अध्यापकों से समय-समय विचार विमर्श
करने व बच्चों के लिए सही मार्ग का चुनाव व सहयोग का आधार है।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यालय प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र सिंह, डायरेक्टर ओम प्रकाश, सीईओ आरएस यादव, डिप्टी
डायरेक्टर पूर्ण सिंह तथा प्राचार्य श्री अरविंद कुमार तोमर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 02: मटका दौड़ करते हुए महिलाए
             03: उपस्थित दादा दादी, नाना नानी




एक दिवसीय गोष्ठी 15 सितंबर को कनीना में
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज।
कृषि एवं कल्याण विभाग नारनौल द्वारा राष्ट्रीय खाद सुरक्षा मिशन  एनएफएसएम न्युट्री सिरियल स्कीत स्कीम के तहत मिलेट खाओ अभियान का जिला स्तरीय उत्सव 15 सितंबर 2026(मंगलवार) को बाबा मोलडऩाथ मंदिर मैदान में आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी विभागों से अधिकारी पहुंचेंगे। कृषि विभाग के अरविंद कुमार ने बताया कि विभिन्न अधिकारी अपने विभागों की संपूर्ण जानकारी देंगे। अधिक से अधिक किसानों के पहुंचने का अनुरोध किया है।



बाबा दयाल की



















भव्य मूर्ति का किया अनावरण
-अतरलाल रहे मुख्य अतिथि
*****************************************************************
*******************************************************
*****************************************************************
कनीना की आवाज। कनीना उपमंडल के खेड़ी तलवाना गांव में लोक देवता बाबा दयाल महाराज का मेला तथा भंडारा आयोजित किया गया। जिसमें अतरलाल एडवोकेट की गरिमामयी उपस्थिति में ग्रामीणों ने बाबा दयाल की भव्य मूर्ति का अनावरण किया। महिलाओं ने गांव के मुख्य मार्गों पर भव्य कलश यात्रा निकालकर गांव के माहौल को भक्तिमय बना दिया।
   अतरलाल ने बाबा दयाल के दरबार में चादर चढ़ाकर समाज में सुख समृद्धि और खुशहाली की अरदास की। उन्होंने कहा कि मेले तथा भंडारे समाज में भाईचारा और समन्वय बढ़ाने का काम करते हैं। बाबा दयाल मंदिर कमेटी के सदस्यों ने नेताजी अतरलाल को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पंडित दास मोहित कौशिक और आचार्य सचिन शास्त्री वृंदावन द्वारा सनातन धर्म, रीति एवं पूर्ण विधि विधान द्वारा हवन यज्ञ करके बाबा दयाल मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई। ग्रामीणों, महिलाओं तथा बच्चों ने मेले में जमकर खरीदारी की।
 अतरलाल ने शानदार मेला भरवाने तथा मूर्ति स्थापित करने के लिए खेड़ी गांव का आभार किया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह नंबरदार, डा. मुकेश, कैप्टन अभय सिंह, राजकुमार तंवर, सूरज, नरेश सिंह, संदीप फौजी, राजू पंडित, बिट्टू पुजारी, सतपाल सिंह, किशन सिंह, महेंद्र सिंह, सुनील, मुकेश एडवोकेट, विनयपाल, वेदप्रकाश, सूबेदार विनोद सिंह, कर्ण, मनोज श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 01: बाबा दयाल के दरबार में चादर चढ़ाते हुए लोग








No comments: