Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Wednesday, October 28, 2026



 


सिहोर में लगी आग, पुली जलकर राख
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
प्रजा भलाई संगठन के सुप्रीमो समाजसेवी नेताजी अतरलाल ने हरियाणा के राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल और जिला उपायुक्त को ज्ञापन भेजकर कनीना उपमंडल के गांव सिहोर निवासी नरेन्द्र कुमार पुत्र रामकुमार जांगड़ा के खेत में रखी बाजरा की पुलियों (कड़बी) व सूखा, मोटा, ईंधन में ऊपर से गुजर रही बिजली लाईन के ढीले तारों में शार्ट सर्किट से लगी आग के कारण हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने साथ बिजली विभाग के एस.डी.ओ. कनीना की लापरवाही के चलते उनके खिलाफ कार्यवाही करने की मांग भी की है।
  अतरलाल ने कहा कि उन्हें सिहोर निवासी नरेन्द्र कुमार से शिकायत मिली है कि दिनांक 27 अक्टूबर को सायं करीब 5 बजे बिजली विभाग कनीना के एस.डी.ओ. की लापरवाही के चलते ढि़ले तारों में शार्ट सर्किट से चिंगारियां उत्पन्न होने के कारण उनके खेत में रखी 30-35 मण कड़बी तथा 3-4 ट्राली सूखा, मोटा ईंधन जलकर राख हो गया। मौके पर डायल 112 और दमकल विभाग को सूचना दी गई। डायल 112 और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पहुंचकर बड़ी मुश्किल से 2 घंटे में आग पर काबू पाया परन्तु तब तक कड़बी तथा मोटा ईंधन बिल्कुल जल चुका था। अतरलाल ने कहा कि बिजली विभाग कनीना की लापरवाही के कारण आग लगने से प्रभावित परिवार को 45-50 हजार रूपए का नुकसान हो गया है। उन्होंने राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिला उपायुक्त से तत्काल नुकसान का सर्वे करवाकर प्रभावित परिवार को मुआवजा देने तथा दोषी बिजली अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।
फोटो कैप्शन 03:आग बुझाते दमकल विभाग के कर्मचारी।



 योगासन खेल प्रतियोगिता प्रतियोगिता एक नवंबर को
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 महेंद्रगढ़ योगासन खेल एसोसिएशन के द्वारा जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन रविवार, 1 नवंबर  को किया जा रहा है। अधिक जानकारी देते हुए एसोसिएशन सचिव रीना कुमारी ने बताया कि मंगलवार को नारनौल स्थित वेदांत न्यूरोथेरेपी एवं योग केंद्र में एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ निलेश मुदगल ने की। बैठक में तय किया गया कि आगामी रविवार, 1 नवंबर को प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी जिला महेंद्रगढ़ में छठी 6वीं वार्षिक जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता नारनौल के हुडा सेक्टर-1 स्थित सीएल पब्लिक स्कूल में आयोजित होगी।
तकनीकी सचिव अरुण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 4 इवेंट होंगे। खिलाड़ी ट्रेडिशनल सिंगल, आर्टिस्टिक सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर और रिदमिक पेयर के चार इवेंट में से अधिकतम कोई 2 इवेंट में प्रतिभागिता कर सकेंगे। यह प्रतियोगिता कुल 6 आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी।
 10-14, 14-18, 18-28,  28-35, 35-45 और 45-55 वर्ष
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाडिय़ों का पंजीकरण शुल्क 1 इवेंट के लिए 100/- रु तथा 2 इवेंट के लिए 150/- तय किया गया है। खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा की गई है।
एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ निलेश मुदगल ने सभी खिलाडिय़ों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ निलेश मुदगल, उपाध्यक्ष डॉ भंवर सिंह, सचिव रीना कुमारी, तकनीकी सचिव अरुण कुमार ढिल्लों, डॉ नितिन यादव, डॉ कुमार गौरव, रामपाल सिंह, शशि देवी, एडवोकेट चंद्रप्रकाश संघी आदि उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 04: संबंधित है



29 अक्टूबर करवा चौथ का व्रत
करवा चौथ पर्व पर आई खांडसारी के करवों की बहार
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 रविवार को कनीना क्षेत्र में करवा चौथ का पर्व मनाया जा रहा है। बाजार में खांडसारी के करवों की बहार आ गई है वहीं कपड़ों की दुकानों तथा ब्यूटी पार्लरों पर भीड़ लगने लगी है। इस दिन महिलाएं नए कपड़े पहनती हैं एवं साज शृंगार करती हैं।
कार्तिक माह की कृष्ण चतुर्थी को सौभाग्यवती महिलाओं का पर्व करवा चौथ मनाया जा रहा है जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में गटक चौथ आदि नामों से जाना जाता है। सर्दी के प्रारंभ में आने वाले इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है। यह व्रत पति, पुत्र की मंगलकामना, धन एवं धान्य के लिए  किया जाता है जिसका समापन चन्द्रदेव को अघ्र्य देकर पूर्ण किया जाता है। दान पुण्य करने की भी परम्परा चली आ रही है।
    यह व्रत विवाहित एवं अविवाहित दोनों के लिए ही फलदायक माना जाता है। अविवाहित महिलाएं अपने सुपति की कामना से तो विवाहित महिलाएं अपने पुत्र, भाई  एवं पति की मंगलकामना के लिए व्रत करती हैं। अब तो पुरष भी यह व्रत रखने लग गये हैं। चांद को देखकर तथा उसे अघ्र्य देकर ही इस व्रत का समापन किया जाता है जिसके पीछे माना जाता है कि महिलाएं चांद जैसी शीतलता एवं चमक अपने इष्टदेव में देखना चाहती हैं। इस दिन श्रीगणेश की पूजा करने का विशेष विधान है।
क्या खाया जाता है-
 करवा चौथ के दिन खांडसारी के बनाए हुए करवे खाए जाते हैं। इस दिन पूजा के लिए भी करवा खरीदे जाते हैं। करवा नामक औरत की कथा भी सुनी एवं सुनाई जाती है। खांडसारी के बने हुए करवे बाजार में कई दिन पूर्व ही उपलब्ध हो जाते हैं जिन्हें खरीदकर महिलाएं लाती हैं। ये खांडसारी के करवे ही लेने देन में काम आते हैं। महिलाएं अपने से बड़ी महिलाओं को करवे दिए जाते हैं।
क्या कहानी सुनाई जाती है-
पंडित दीपक आचार्य बताते हैं कि इस दिन करवा नामक औरत की कहानी सुनाई जाती है जिसमें उस औरत के भाई अपनी बहन की भूख की व्याकुलता देखकर परेशान हो जाते हैं। वे उसे आग जलाकर छलनी में से नकली चंद्रमा का आभास कराते हैं और करवा खाना खाने के लिए तैयार होती है तो अपशकुन होते हैं किंतु दुख उस वक्त होता है जब करवा को उसके पति की मृत्यु का समाचार मिलता है। आखिरकार वह अपने पति को जीवित करने के लिए घोर तप करती है और पुन इस व्रत के आने का इंतजार करती है। आखिरकार करवा अपने पति को जीवित कराने में सफल हो जाती है। उसी दिन से करवा खाने और करवा चौथ का पर्व चला आ रहा है।
कब तक चलेगा यह व्रत-
आचार्य दीपक का कहना है कि यह व्रत दिनभर चलेगा किंतु शाम करीब 8: 38 बजे पर चंद्रमा दिखाई देने लग जाएगा। महिलाएं इसी चंद्रमा को अघ्र्य देकर अपना व्रत पूर्ण कर सकती हैं। दिनभर कहानी सुनने, दान पुण्य करने तथा बड़े बूढ़ों से आशीर्वाद पाने की परंपरा चली आ रही है। खांडसारी के करवे ही दान दिए जाते हैं।  
कौन करता है करवा चौथ व्रत-
एक वक्त था जब केवल महिलाएं ही करवा चौथ का व्रत करती थी। अब तो इसमें पुरुष भी भागीदार बन गए हैं। महिलाएं जहां अपने पति के लिए तो पति अपने पत्नी के लिए लंबी उम्र की कामना करते हैं। अविवाहित लड़कियां भी इस व्रत को करने लगी हैं। पले केवल विवाहित महिलाएं ही व्रत करती थी। धीरे धीरे ऐसे में बदलाव आ गया है और पुरुष की भागीदारी बढ़ती जा रही है
 बाजार सजने लगे हैं और खासकर करवा चौथ पर बाजारों में बिक्री की ज्यादा उम्मीद है।
फोटो कैप्शन 05: खांडसारी के करवे बेचता दुकानदार।



सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे दिन जिले के 52 सरकारी एवं निजी स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की चेयरपर्सन डॉ. रितु वाई. के. बहल के दिशा-निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी के मार्गदर्शन में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत महेंद्रगढ़ जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दूसरे दिन जिले के 52 सरकारी एवं निजी विद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए गए, जिनके माध्यम से लगभग 40 हजार विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
अभियान के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई नारनौल, बाल कल्याण समिति नारनौल, साइबर क्राइम पुलिस थाना नारनौल तथा किशोर न्याय बोर्ड से जुड़े सदस्यों एवं संबंधित विभागों के रिसोर्स पर्सन्स द्वारा विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही न्यायिक अधिकारी भी विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर बच्चों को जागरूक कर रहे हैं।
इसी कड़ी में आज अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मैडम हर्षाली चौधरी ने यदुवंशी शिक्षा निकेतन नारनौल का दौरा किया और विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संबंध में जागरूक किया। वहीं सिविल जज (जूनियर डिवीजन), नारनौल मैडम निशा ने सी.एल. पब्लिक स्कूल, नारनौल में पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इसी अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी ने विद्या भारती पब्लिक स्कूल निजामपुर में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को पोक्सो अधिनियम, 2012, गुड टच एवं बैड टच, बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकारों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें और आवश्यकता पडऩे पर सहायता प्राप्त करें।
विद्यालय में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए क्विज प्रतियोगिता एवं किट्स प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा सुरक्षित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर मैडम नीलम कुमारी ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, ताकि आवश्यकता पडऩे पर वे समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।
सुरक्षित बचपन अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण, बाल अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, संरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिल सके।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस एवं आपातकालीन सहायता 112,
साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
फोटो-कार्यक्रम में संबोधित करती अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मैडम हर्षाली चौधरी।
फोटो 06: कार्यक्रम में संबोधित करती सिविल जज (जूनियर डिवीजन) मैडम निशा।





बेरोजगार युवाओं के लिए 1 नवंबर से शुरू होंगे बेरोजगारी भत्ते के आवेदन
-30 तक करें ऑनलाइन आवेदन, मिलेगा 2,000 रुपये तक मासिक भत्ता
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 हरियाणा सरकार प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक संबल देने के लिए सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत वर्ष 2026-27 के आवेदन 1 नवंबर से लेने जा रही है। पात्र युवा 30 नवंबर 2026 तक इंटरनेट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी रणजीत सिंह ने जिले के सभी पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत बारहवीं उत्तीर्ण, दो वर्ष का प्रमाण पत्र अथवा डिप्लोमा धारक युवाओं को 1,200 रुपये प्रतिमाह तथा स्नातक या उससे उच्च शिक्षा प्राप्त अथवा तीन वर्ष का डिप्लोमा धारक युवाओं को 2,000 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
पात्रता की शर्तों के बारे में उन्होंने बताया कि आवेदक का हरियाणा का मूल निवासी होना और 1 नवंबर 2026 तक राज्य के किसी भी रोजगार कार्यालय में कम से कम लगातार तीन वर्ष से पंजीकृत होना अनिवार्य है। आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वह किसी संस्थान में विद्यार्थी या प्रशिक्षु नहीं होना चाहिए, न ही स्वयं नियोजित हो और न ही सक्षम युवा योजना का लाभार्थी हो। इसके अलावा आवेदक के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। परिवार के पास 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य की रिहायशी या वाणिज्यिक संपत्ति अथवा 2 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि भी नहीं होनी चाहिए।
इच्छुक युवा विभागीय वेबसाइट द्धह्म्द्ग&.द्दश1.द्बठ्ठ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के समय परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, आधार से जुड़ी बैंक पासबुक, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राजस्व अधिकारी द्वारा सत्यापित संपत्ति संबंधी शपथ पत्र तथा स्व-घोषणा पत्र संलग्न करना आवश्यक है। विवाहित महिला आवेदकों को ससुराल पक्ष का राशन कार्ड भी प्रस्तुत करना होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों और शर्तों को पूरा करने वाले युवा अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते वेबसाइट पर पंजीकरण एवं आवेदन सुनिश्चित करें, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न रहें।



पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की तिथियां तय
-2 नवंबर से शुरू होगी प्रक्रिया, ऑनलाइन भी कर सकेंगे सत्यापन
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज। 
जिला खजाना कार्यालय और उप-खजाना कार्यालयों से पेंशन लेने वाले सभी पेंशनभोगियों के लिए इस बार भी वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू होगी। जिला कोषाधिकारी सतीश कुमार यादव ने बताया कि कार्यालयों में भीड़ न लगे और बुजुर्गों को परेशानी न हो, इसलिए अंग्रेजी वर्णमाला के अनुसार नाम के पहले अक्षर के हिसाब से तिथियां तय की गई हैं। जो पेंशनर बैंक के माध्यम से पेंशन लेते हैं, वे अपना जीवन प्रमाण पत्र संबंधित बैंक शाखा में जमा करवाएंगे। खजाना या उप-खजाना कार्यालय आने वाले पेंशनर अपने नाम के पहले अक्षर के अनुसार तय तिथियों पर पहुंचें।
जो पेंशनर किसी कारणवश तय तिथि पर प्रमाण पत्र जमा नहीं करवा सके, वे 30 नवंबर को जमा करवा सकते हैं। जिला कोषाधिकारी ने सभी पेंशनरों से अपील की है कि भीड़ से बचने के लिए निर्धारित तिथियों पर ही कार्यालय पहुंचें। कार्यालय आते समय पेंशनर को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), आधार कार्ड और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। पारिवारिक पेंशनर को पुनर्विवाह न करने का प्रमाण पत्र भी देना होगा। वहीं, पारिवारिक पेंशन पाने वाले आश्रित बच्चों के लिए परिवार पहचान पत्र के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय प्रमाण पत्र देना अनिवार्य किया गया है।
पेंशनरों की सुविधा के लिए जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा सभी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और अटल सेवा केंद्रों पर भी मिलेगी। जो बीमार या बुजुर्ग पेंशनर चल-फिर नहीं सकते, वे इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधि के जरिए घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट दे सकते हैं। इसके अलावा, स्मार्टफोन रखने वाले पेंशनर गूगल प्ले स्टोर से आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण फेस ऐप डाउनलोड कर अपने घर से ही जीवित होने का प्रमाण दे सकते हैं।
जिला कोषाधिकारी ने बताया कि सभी शनिवार, रविवार तथा 9 नवंबर और 24 नवंबर को खजाना एवं उप-खजाना कार्यालयों में अवकाश रहेगा, इसलिए पेंशनर इन तिथियों पर आने से बचें।
ये हैं जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने का कार्यक्रम
-ए, बी, सी, डी व ई : 2 से 6 नवंबर
एफ, जी, एच, आई, जे व के : 10 से 13 नवंबर
एल, एम, एन, ओ, पी व क्यू : 16 से 20 नवंबर
आर, एस, टी, यू, वी, डब्लू, एक्स, वाई व जेड : 23 से 27 नवंबर
छूटे हुए पेंशनर : 30 नवंबर तक



नशे के सौदागरों पर महेंद्रगढ़ पुलिस का शिकंजा,
सीआईए महेंद्रगढ़ की कार्रवाई में 5.68 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (चिट्टा) सहित एक युवक काबू
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए महेंद्रगढ़ ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 5.68 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर महेंद्रगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी डॉ कविता ने जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ टीम 27 अक्टूबर को गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक नशीला पदार्थ बेचने का अवैध कारोबार करता है और वर्तमान में पुरानी सिटी चौकी के पीछे मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू किया।
पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सिल्वर रंग की पन्नी में रखा संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद हुआ। बरामद पदार्थ का वजन करने पर पन्नी सहित कुल 5.68 ग्राम पाया गया। पुलिस ने संदिग्ध नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील किया तथा आरोपी के खिलाफ थाना शहर महेंद्रगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस द्वारा मामले में आगामी जांच की जा रही है। जांच के दौरान नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त तथा इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
फोटो कैप्शन 07: संबंधित है



बिजली चोरी की चेकिंग के दौरान निगम की टीम पर हमला करने के मामले में सीआईए महेंद्रगढ़ की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने, उनके साथ मारपीट करने तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने गांव सिसोठ में बिजली चोरी की चेकिंग के दौरान दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की टीम के साथ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गजराज निवासी गांव सिसोठ, थाना सदर महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। सीआईए महेंद्रगढ़ टीम ने आरोपी को 27 अक्टूबर को काबू कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सदर महेंद्रगढ़ पुलिस के हवाले किया था।
डीएसपी डॉ. कविता ने जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, महेंद्रगढ़ के उपमंडल अधिकारी द्वारा थाना सदर महेंद्रगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:20 बजे बिजली निगम की टीम गांव सिसोठ में बिजली चोरी की शिकायत के आधार पर चेकिंग करने गई थी। टीम में निगम के कर्मचारी सीताराम जेई, अजीत एएफएम, अंकित एएलएम तथा धर्मवीर एएलएम शामिल थे।
शिकायत के अनुसार टीम गांव में एक मकान पर बिजली चोरी की जांच कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद व्यक्तियों ने टीम के सदस्यों के साथ कथित तौर पर मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा डाली तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन, सरकारी दस्तावेज एवं अन्य सामान भी छीन लिया गया। इसके अतिरिक्त बिजली निगम की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना में कर्मचारियों को चोटें आई थीं, जिनका उपचार अस्पताल में करवाया गया।
डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि बिजली निगम के अधिकारी की शिकायत के आधार पर थाना सदर महेंद्रगढ़ में 21 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान घायल कर्मचारी की मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त की गई, जिसमें तीन चोटों का उल्लेख है। इसके अतिरिक्त घटना में क्षतिग्रस्त सरकारी वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने 27 अक्टूबर को आरोपी गजराज निवासी गांव सिसोठ को काबू कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सदर महेंद्रगढ़ पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित साक्ष्यों का संकलन एवं सत्यापन किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फोटो कैप्शन 08: संबंधित है




अस्मी राव की जीत पर नारनौल के वकीलों ने बांटे लड्डू
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
एडवोकेट अस्मी राव को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल का निर्विरोध सदस्य चुने जाने पर नारनौल बार में लड्डू बाँटकर ख़ुशी मनाई गई। बार की ओर से उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गई।
एडवोकेट सजीत यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल में एक पद अधिवक्ता मिन्दरजीत यादव के पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में जज बन जाने के कारण रिक्त हुआ था, जिसे भरने के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिस पर एडवोकेट अस्मी राव को निर्विरोध चुना गया है।
उल्लेखनीय है कि अस्मी राव ने मात्र 23 वर्ष की उम्र में बार काउंसिल की सदस्य बनकर इतिहास रचा है, वे देश में सबसे कम उम्र की बार काउंसिल सदस्य होंगी।
नारनौल बार के अधिवक्ताओं ने उनकी इस उपलब्धी पर ख़ुशी का इजहार करते हुए लड्डू बाँटे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद थे।
फोटो परिचय  09: एडवोकेट सजीत यादव के नेतृत्व में लड्डू बाँटकर ख़ुशी मनाते नारनौल बार के अधिवक्तागण



6 दिवसीय खंड स्तरीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
विद्यालय शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों को शिक्षक की नवीनतम विधियों से अवगत कराने हेतु 6 दिवसीय खंड स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन अध्यापकों से रूबरू होते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सुनील खुडानिया व जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रगढ़ से ऑब्जर्वर राजेश गुप्ता द्वारा अध्यापकों को प्रशिक्षण शिविर में सीखी हुई गतिविधियों को नियमित रूप से विद्यालय में लागू करने बारे  प्रोत्साहित किया गया। प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी श्री अशोक शर्मा तथा जिला एफअलएन कोऑर्डिनेटर विक्रम सिंह द्वारा निरीक्षण के दौरान अध्यापकों से हिंदी, गणित तथा इंग्लिश विषय को टीएलएम आधारित शिक्षण द्वारा रोचक बनाने पर बल दिया गया।
बैच 3 में सनी कुमार रवि शंकर तथा सुनील सुरजनवास को प्रशिक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु सम्मानित किया गया इसी प्रकार प्रशिक्षण शिविर के बैच का में अशोक कुमार राजेंद्र सिंह तथा मुकेश कुमार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण शिविर की सफलता हेतु खंड एफअलअन कोऑर्डिनेटर गुलशन कुमार,बैच कोऑर्डिनेटर ओमरती,सुमित्रा तथा संजीत कुमार और सोमबीर व मनोज कुमार को विशेष रूप से बधाई दी गई।
फोटो कैप्शन 02: संबंधित है





डंपर की टक्कर से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, 2.90 लाख रुपये का हर्जाना देने की शिकायत
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
कनीना-कोसली मार्ग पर एक डंपर की टक्कर से बिजली निगम का 63 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। दो पोल भी टूट गए। इस घटना में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ ने 2 लाख 90 हजार रुपये का नुकसान होने का हर्जाना भरने की शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार डंपर की टक्कर से बिजली निगम के ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा एवं पोल भी टूट गए। घटना के बाद निगम के अधिकारियों ने मौके से संबंधित फोटोग्राफ लेकर नुकसान का आकलन किया। इसके बाद एसडीओ डीएचबीवीएन ने डंपर चालक के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
कनीना पुलिस ने शिकायत के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ बिजली निगम की संपत्ति को क्षति पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




सात लोगों पर मारपीट का माला दर्ज
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना पुलिस ने गांव भोजावास में मारपीट के मामले में सात लोगों के खिलाफ  विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता जितेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उसके भाई मुकेश के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घायल मुकेश को सिर में चोट लगने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 12 अक्टूबर को शाम करीब आठ बजे उसका भाई मुकेश घर की ओर आ रहा था। इसी दौरान भोजावास चौक पर सात लोगों ने उसकी बाइक रुकवाकर जान से मारने की धमकी दी। मुकेश ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर भेज दिया।
शिकायत में बताया गया कि 13 अक्टूबर को सुबह करीब आठ बजे उसकी भाभी बृजेश और रेखा खेत से चारा लेने गई थीं। वहां उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनके खेत को जोत रहे थे। इस पर उन्होंने मुकेश को फोनन कर सूचना दी। आरोप है कि जब जितेंद्र सिंह और मुकेश खेत पर पहुंचे तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे लोगों ने उन पर राड, कुल्हाड़ी, डंडों आदि से हमला कर दिया। शोर मचाने पर आरोपित मौके से फरार हो गए।
मारपीट में घायल दोनों को उपचार के लिए कनीना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। मुकेश के सिर में चोट होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वह रेवाड़ी के अस्पताल में उपचाराधीन है।
जितेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने संजय, वेदपाल, राकेश, राजीव, पवन, हवा सिंह और प्रवीण के खिलाफ  विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सुरक्षित बचपन व पोक्सो एक्ट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज।
एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ककराला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता एवं पोॅक्सो एक्ट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता जितेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को कानून, उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने, कानून का पालन करने तथा समाज में न्याय, समानता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि विधिक जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है और इससे विद्यार्थी अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।
इस अवसर पर निदेशक ओमप्रकाश यादव, उपनिदेशक पूरण सिंह यादव तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर, समन्वक देवव्रत यादव व सुनील कुमार, कानूनी साक्षरता प्रभारी रेनू सोनी, अंग्रेजी विषय प्रवक्ता सुरेन्द्र कुमार चौहान, मंजू यादव, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फोटो कैप्शन 01: पोक्सों एक्ट की जानकारी देते हुए
















विश्व स्ट्रोक दिवस- 29 अक्टूबर
समय पर डाक्टर के पास न पहुंचने पर मिलते हैं बुरे परिणाम -डा. राहुल सिंगला

***************************************
*********************************************
***************************************
कनीना की आवाज। स्ट्रोक भारत में सड़क दुर्घटनाओं के बाद मृत्यु दर का सबसे प्रमुख कारण माना जाता है। यह एक ऐसी स्थिति है जब मस्तिष्क को पर्याप्त आक्सीजन या पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं और जिसके कारण मस्तिष्क कोशिकाएं मर जाती हैं। शोध से पता चलता है कि दिनों दिन इसके मरीज बढ़ते जा रहे हैं। भविष्य में इसका और भी बुरा प्रभाव मिल सकता है। जिसे संक्षेप में सीवीए के रूप में भी जाना जाता है जिसे सेरेब्रोवास्कुलर दुर्घटना मानते हैं। यह घटना तब घटती है मस्तिष्क का एक हिस्सा रक्त की आपूर्ति को खो देता है और काम करना बंद कर देता है, इससे शरीर का वह हिस्सा जिसे घायल मस्तिष्क नियंत्रित करता है काम करना बंद कर देता है। रक्त आपूर्ति में यह कमी रक्त प्रवाह में कमी के कारण उत्तकों में रक्तस्राव के कारण रक्त स्रावी हो सकती है । यह एक चिकित्सीय आपात स्थिति है क्योंकि स्ट्रोक से मृत्यु या स्थायी विकलांगता बन सकती है।
 इस संबंध में वरिष्ठ कार्डियोलोजिस्ट डा. राहुल सिंगला से बात की। उन्होंने बताया कि जब तक वास्तव में यह घटना घटित ना हो तब तक कोई चेतावनी संकेत नहीं मिलते। कुछ लक्षण ऐसे हो सकते हैं जो चेतावनी दे सकते हैं कि आपको स्टॉक हो सकता है। जिनमें इंसान मुस्कुराने की कोशिश करता है तो चेहरा एक तरफ झुक जाता है, दोनों भुजाएं उठाने का प्रयास करें तो एक नहीं उठ पाती, जब बोलता है तो वाणी अस्पष्ट होती और समझना कठिन होता है। उन्हें स्ट्रोक के समय हर मिनट मायने रखता है कि इनमें से कोई लक्षण दिखाई दे तुरंत डाक्टरी सहायता देनी चाहिए।
 उन्होंने बताया कि अक्सर लोग झोलाछाप डाक्टर के पास जाते हैं जिससे जीवन को खतरा बढ़ जाता है। अन्य लक्षणों में रोगी को चक्कर आना, उल्टी की शिकायत हो सकती है। दाएं मस्तिष्क का स्ट्रोक शरीर के बाएं हिस्से को कमजोर कर देता है। स्ट्रोक मस्तिष्क के किस हिस्से में हुआ है उसी के आधार पर शरीर पर प्रभाव दिखाई देता है। बोलना, सुनना आदि को नियंत्रित करना भी इन्हीं का कार्य होता है जो प्रभावित होता है।
डा. राहुल सिंगला ने बताया स्ट्रोक के खतरे को कई कारक बढ़ाते हैं जिनमें वजन अधिक होना, शारीरिक निष्क्रियता, अत्यधिक शराब पीना, उच्च रक्तचाप, सिगरेट पीना, उच्च कोलेस्ट्राल, मधुमेह हृदय रोग आदि प्रमुख हैं। यह 55 वर्ष या अधिक उम्र में अधिक होता है महिलाओं की तुलना पुरुषों में स्ट्रोक अधिक होता है।
डाक्टर की एक बार स्ट्राक हो जाता है उसमें मस्तिष्क कोशिकाएं मर जाती उन्हें वापस ठीक नहीं किया जा सकता। ऐसे में तुरंत चिकित्सीय की सुविधा देने से भावी हानि को रोका जा सकता है।
मस्तिष्क का सीटी स्कैन और एमआरआई से मस्तिष्क स्ट्रोक का पता लग सकता है, उसी के आधार पर ही रोगी की चिकित्सा की जाती है। स्ट्रोक से उभरने के लिए लंबा समय लग सकता है।
फोटो कैप्शन: डाक्टर राहुल सिंगला वरिष्ठ कार्डियोलाजिस्ट


No comments: