ताजा समाचार/विडियो/लेख का बेहतर ब्लाग Best Blog for News/Video & Lekh
Wednesday, November 25, 2026
श्रीराम दरबार मंदिर में मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। वीरभूमि खेड़ी तलवाना में श्रीराम दरबार मंदिर में मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा उत्साह और धूमधाम से आयोजित किया गया। धार्मिक विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा कर मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी की मूर्तियां विराजित की गई। इससे पहले विशाल कलश शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने नाचते गाते भाग लिया। यजमानों ने वेद मंत्रों के साथ आहुति प्रदान कर यज्ञ संपन्न किया। सत्संग और भंडारा में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर श्री राम की महिमा का गुणगान किया। उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना कर भगवान श्रीराम से आशीर्वाद लिया। सर्व हिन्दू समाज राम दरबार मंदिर कमेटी व ग्रामवासियों ने राम मंदिर निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सहयोगी जनों को पटका व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर चेयरमैन धूमसिंह, कैप्टन अजय सिंह, इंस्पेक्टर योगराज सिंह, सूबेदार तेजपाल सिंह, सबेदार सतपाल सिंह, समाजसेवी नेताजी अतरलाल, सूबेदार नरसिंह, कैप्टन गजे सिंह, सरपंच पंकज, तेजपाल सैन, विजय सिंह, मेजर ओमपाल चौहान,कंवर धूम सिंह, सुभाष सिंह, वेदप्रकाश, प्रेम सिंह, मधुबाला, कैप्टन मोहन सिंह, महावीर प्रसाद पुजारी, इंस्पेक्टर कृष्ण, सुबेदार सुखपाल सिंह, रामनिवास, कैप्टन धर्मबीर सिंह, अशोक कुमार, महेश सिंह, संजीव कुमार, हरिसिंह, सूबेदार रामचन्द्र साहब, धर्मपाल दुबट, दिलबाग प्रजापत, सूबेदार विनोद, डी.सी. जांगड़ा, मनोज इंस्पेक्टर, मिर्ची प्रजापत, हंसराज पंच, रमेश जांगड़ा आदि सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 05: मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु।
राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल में अंतर जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया
-आल ओवर ट्रॉफी में राजकीय महिला महाविद्यालय ने कब्जा किया
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। राजकीय महिला महाविद्यालय, नारनौल में बुधवार को अंतर-जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। सीनियर प्रोफेसर डॉ. सुमन यादव के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला महेंद्रगढ़ के उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. अमित चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि डॉ. अमित चौधरी ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षण मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की जिज्ञासा को प्रभावी ढंग से विकसित किया जा सकता है। ऐसे आयोजन युवाओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक विज्ञान को समझने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
सात विषयों पर प्रदर्शित हुए 50 आकर्षक मॉडल--
प्रदर्शनी की संयोजक प्रो. डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि इस अंतर-जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिला महेंद्रगढ़ और जिला रेवाड़ी के कुल 15 महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने साइकोलॉजी (मनोविज्ञान), केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान), फिजिक्स (भौतिकी), बॉटनी (वनस्पति विज्ञान), जूलॉजी (प्राणी विज्ञान), कंप्यूटर साइंस और जियोग्राफी (भूगोल) सहित सात विभिन्न विषयों पर आधारित कुल 50 और 90 विधार्थियों ने ज्ञानवर्धक मॉडल प्रदर्शित किए।
निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन , विजेताओं को मिली ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र-
सभी सातों विषयों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का सूक्ष्म अवलोकन और मूल्यांकन अनुभवी निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. ज्ञान चंद राणा, डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. यशपाल और डॉ. अमरसिंह शामिल रहे। सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महाविद्यालयों की टीमों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया।
प्रदर्शनी के दूसरे सत्र में जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. अमित चौधरी तथा महाविद्यालय काउंसिल के सदस्यों डॉ. सुमन यादव, डॉ. चंद्रमोहन, डॉ. सतीश सैनी, डॉ. सत्यपाल सूलोदिया, डॉ पवन,डॉ. हरनाम डॉ योगेश कुमार डॉ सुधीर कुमार, डॉ सुभाष चन्द्र,डॉ रणवीर डॉ गीता यादव और अन्य स्टाफ सदस्यों ने सभी विषयों के सभी विजेताओं को पारितोषिक, ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर पुरस्कृत व सम्मानित किया।
फोटो कैप्शन 06: संबंधित है
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने किया सेवा सीनियर सिटीजन होम का निरीक्षण
-बुजुर्गों से विस्तार से सीधे संवाद कर लिया सुविधाओं पर फीडबैक
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने बुधवार को नारनौल के नसीबपुर स्थित सेवा सीनियर सिटीजन होम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जस्टिस बत्रा ने वृद्धाश्रम में रह रहे पुरुष और महिला बुजुर्गों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी दिनचर्या, रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना मानवाधिकार आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे दौरों से संस्थानों की जवाबदेही बढ़ती है और बुजुर्गों को भरोसा मिलता है कि उनकी जरूरतों और अधिकारों पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस आश्रम की व्यवस्थाओं पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की भी नजर रहती है। प्राधिकरण की सचिव समय-समय पर आश्रम का निरीक्षण करती रहती हैं और बुजुर्गों के कानूनी मामलों में हर संभव सहायता कर रही हैं।
बुजुर्गों की चिकित्सा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जस्टिस बत्रा ने नारनौल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से दूरभाष पर संपर्क किया। सिविल सर्जन ने जरूरतमंद बुजुर्गों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने एसडीएम नारनौल गुरविंदर को भी आश्रम में रह रहे बुजुर्गों की स्थिति से अवगत कराया और नियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बुजुर्गों को दिया जा रहा है।
सबसे पहले जस्टिस बत्रा ने बुजुर्गों को बुके देकर उनका सम्मान किया।
इस मौके पर लाइजन ऑफिसर एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा भी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 04: मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा को पुष्प भेंट करते हुए
कोहरे और धुंध में वाहन चलाते समय बरतें विशेष सावधानी
- थोड़ी सी लापरवाही बन सकती है जानलेवा
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने सर्दियों के मौसम में कोहरा एवं धुंध बढऩे की संभावना को देखते हुए आमजन से सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान सुबह और रात के समय कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाती है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों एवं अन्य सड़कों पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मौसम में वाहन चालकों की थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। सड़क दुर्घटना में केवल एक व्यक्ति ही प्रभावित नहीं होता, बल्कि उससे जुड़े पूरे परिवार की खुशियां और उम्मीदें भी प्रभावित होती हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने वाहन चालकों को हिदायत देते हुए कहा कि कोहरे के दौरान वाहन की गति धीमी रखें और आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें। जल्दबाजी में ओवरटेक करने, अचानक ब्रेक लगाने और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। वाहन चलाते समय फॉग लाइट एवं आवश्यक लाइटों का प्रयोग करें तथा वाहन के ब्रेक, लाइट और अन्य जरूरी उपकरणों की समय-समय पर जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप जरूर लगवाएं, ताकि कोहरे और अंधेरे में अन्य वाहन चालकों को आपके वाहन की मौजूदगी आसानी से दिखाई दे सके।
उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर वाहन खड़े करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि सड़क किनारे या ढाबों के आसपास खड़े वाहन भी कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन जाते हैं। इसलिए वाहन केवल निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। वाहन खराब होने की स्थिति में उसे सड़क से सुरक्षित स्थान पर ले जाएं और अन्य वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए आवश्यक चेतावनी संकेतों का प्रयोग करें। पैदल यात्रियों को भी कोहरे के दौरान सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए तथा ऐसे कपड़ों का प्रयोग करना चाहिए, जिससे वाहन चालकों को उनकी मौजूदगी आसानी से दिखाई दे सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाना गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इसलिए नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। भारी वाहन चालक निर्धारित क्षमता से अधिक सामान न भरें और वाहनों से बाहर निकले सामान के साथ सड़क पर आवागमन न करें।
दीपक कुमार ने कहा कि सर्दियों एवं कोहरे के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी, यातायात पुलिस की तैनाती और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क संकेतकों, रिफ्लेक्टिव मार्किंग, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक यातायात सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने आमजन से विशेष अपील करते हुए कहा कि सर्दियों में कोहरे और धुंध को हल्के में न लें। सड़क पर कुछ मिनट बचाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में न डालें। वाहन हमेशा नियंत्रित गति से चलाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार को जीवनभर के दुख से बचा सकती है। याद रखें, घर पर आपके अपने आपका इंतजार कर रहे हैं।
फोटो 03: एसपी नारनौल
राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित डा. होशियार सिंह यादव
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। जिला महेंद्रगढ़ के कनीना निवासी एवं विज्ञान के शिक्षक डा. होशियार सिंह 40 सालों से लगातार साइकिल से स्कूल जा रहे हैं तथा साइकिल से ही दैनिक जीवन के कार्य करते हैं। उनके पास किसी प्रकार की कोई बाइक आदि नहीं की। कहीं भी 5 से 7 किमी दूर किसी कार्य में के लिए जाना हो तो साइकिल ही प्रयोग करते हैं और साइकिल मैन के रूप में एक उदाहरण बन गये हैं।
होशियार सिंह कनीना निवासी ने 1986 में साइकिल चलानी शुरू की थी । कम से कम 21 विभिन्न स्कूलों में उनकी बदली हो चुकी है किंतु कभी भी उन्होंने नजदीक स्टेशनों पर वाहन प्रयोग नहीं किया व साइकिल से ही सफर तय करते आ रहे हैं। चाहे स्कूल जाना हो, चाय सब्जी खरीदनी घरेलू कार्य करना हो सभी कार्य साइकिल से करते हैं। बार-बार लोगों ने बाइक खरीदने की सलाह देते हैं किंतु उनका कहना है कि उनके शरीर का स्वास्थ्य और पैरों की कसरत होने के कारण ही साइकिल चला रहा है।
32 बार कर चुके हैं पैदल यात्रा-
यही नहीं अपने स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अब तक 16 बार पैदल हरिद्वार से कावड़ तथा इतनी ही बार कनीना से खाटू श्याम पदयात्रा पर ध्वज लेकर जा चुके हैं। जो भी कहीं उन्हें कोई काम हो तो साइकिल ही या पैदल चलना ही उन्हें पसंद है। विज्ञान के शिक्षकों होने के कारण वे प्रदूषण के विषय में जहां विद्यार्थियों को हर समय जानकारी देते रहते हैं वहीं विद्यार्थियों को भी साइकिल पर चलने की सलाह देते हैं। यद्यपि कुछ देशों में साइकिल चलाने वालों को सरकार प्रोत्साहित कर रही है किंतु उन्हें साइकिल चलाने के लंबे अरसे के बाद भी किसी प्रकार का कोई प्रोत्साहन तथा प्रशंसा पत्र भी नहीं मिला है जिसके कारण वे मायूस हैं। उन्होंने बताया कि कड़ी सर्दी तथा भीषण गर्मी में भी वे साइकिल चलाते रहे हैं। साइकिल चलाने से जहां उन्हें नींद अच्छी आती है।
45 पुस्तकों की रचना की-
डा. होशियार सिंह लंबे समय से लेखन कार्य से जुड़े होने के कारण अब तक उनकी 45 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है और किसी भी फोटो वगैराह लेने के लिए भी साइकिल पर ही जाते हैं। लोग उन्हें साहित्यकार के नाम से जानते हैं। शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो उनकी साइकिल चलाने की अदा को नहीं जानता हो।
लेखन के क्षेत्र में हो चुके हैं सम्मानित-
बतौर लेखक हरियाणा साहित्य अकादमी, हरियाणा के राज्यपाल सहित सैकड़ों संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। हजारों की संख्या में लेखन कार्य में उपलब्धियां के प्रशस्ति पत्र मिले हुए हैं। उल्लेखनीय है कि उनकी पत्नी आशा यादव तथा पुत्र अमीश कुमार भी लेखन के क्षेत्र में हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा सम्मानित हो चुके हैं और उनकी भी पांच पांच कृतियां प्रकाशित हो चुकी हैं।
राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित-
डा होशियार सिंह हरियाणा सरकार द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार से भी सम्मानित हैं। राज्यपाल द्वारा उन्हें यह पुरस्कार वर्ष 2022 में मिला है। शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक पुरस्कार मिल चुके हैं।
पर्यावरण प्रेमी हैं डा.साहब-
डा होशियार सिंह पर्यावरण से अति लगाव रखते हेें। अपने घर एवं पलट पर सैकड़ों पौधे लगा रखे हैं जिनकी प्रतिदिन समय निकालकर सेवा करते हैं। पर्यावरण मित्र बतौर भी उन्हें सम्मान मिल चुके हैं। उनका कहना है कि समय रहते सभी को साइकिल प्रयोग करनी चाहिए। इससे देश का ईंधन भी बचेगा तथा सेहत भी बनी रहेगी।
विश्व रिकार्ड बुक में है नाम दर्ज-
डा. होशियार सिंह का दो बार विश्व रिकार्ड बुक में नाम दर्ज है। अभी भी लेखन कार्य एवं पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं।
3 बार राज्यपालों से सम्मानित-
डा. होशियार सिंह यादव 3 बार राज्यपालों से सम्मानित हो चुके हैं जिनमें शिक्षण, लेखन एवं पत्रकारिता तीनों में राज्यपाल ने पुरस्कृत किया है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए एक बार आवेदन कर पाए और फिर मौका नहीं मिला।
नवोदय से हरियाणा सरकार तक-
डा. होशियार सिंह यादव ने जवाहर नवोदय विद्यालय करीरा, नैचाना एवं ओढ़ा में विज्ञान प्राध्यापक/पीजीटी बायो एवं विज्ञान शिक्षक बतौर शिक्षण किया और हमेशा अपने विज्ञान के प्रयोगों के लिए जाने जाते रहे। नये नये प्रयोग करके तथा कक्षा कक्ष में प्रदर्शित कर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। अनेक विज्ञान प्रदर्शनी लगाई तथा बच्चों ने ईनाम जीते। आज उच्च पदों पर उनके पढ़ाए हुए अधिकारी हैं।
लंबे समय तक डि डे मील कार्यभार संभाला और नाम कमाया-करीब 20 सालों तक विभिन्न स्कूलों में मिड डे मील का कार्य संभाला वहीं मंच संभालकर बच्चों को प्रेरित करते रहे। उनका मिड डे मील एवं संबोधन प्रेरक रहा है।
सेवाकाल प्रशिक्षण एवं शोध-डा. होशियार सिंह यादव ने सेवाकाल प्रशिक्षणों में गुरुग्राम, नारनौल, महेंद्रगढ़, कनीना में सैकड़ों विभिन्न प्रकार के कैंप भाग लिया। चार शोध भी प्रकाशित हुए हैं। ड्राप आउट को वापस स्कूल लाना, स्कूल अवकाश के बाद भी पढ़ाने का लंबे समय तक काम किया है।
एनएमएमएस के चयन-एनएमएमएस के लिए स्पेशल कोचिंग लगाकर मुफ्त में पढ़ाया और सैकड़ों बच्चों का चयन हुआ। जो अपने आप में उदाहरण है। हर प्रकार की स्कूल गतिविधियों में भाग लिया।
प्याज चली होटलों में बथुआ पहुंचा गरीब की रसोई में
।******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। बथुआ दस्तक दे रहा है। किसान बथुए से परिचित होने पर सब्जी के विकल्प के रूप में प्रयोग कर रहे हैं।
विगत दिनों से टमाटर और प्याज महंगाई के कई पायदान छू चुके हैं। अभी भी प्याज 40 से 50 रुपये किलो चल रहे हैं। दाल भी ग्रामीण क्षेत्र के किसान की पहुंच से दूर हो गई अब यह आम लोगों की पहुंच में आ गई है। होटलों में आलू की सब्जी व दाल बनती है जिनको अमीर तबका खा सकता है।
गरीब की रसोई में झांक कर देखा जाए तो उसमें बथुआ जगह बना चुका है। जो खेतों में रबी फसल के साथ खुद पैदा होता है और अति औषधीय शाक होने के साथ-साथ कई रूपों में प्रयोग होता है। किसान कृष्ण कुमार, योगेश कुमार, रोहित कुमार आदि ने बताया कि उनकी रसोई में बथुआ मिलता है जो रक्त विकारों में लाभप्रद है। एनीमिया के शिकार लोग बथुये को ढूंढकर लाते हैं। बाजार में रेहड़ी एवं सब्जी की दुकानों पर भी मिलता है।
किस रूप में प्रयोग होता है बथुआ-
ग्रामीण क्षेत्रों में तो जहां बथुआ रायता,कोफ्ता पराठे, खाटा का साग, कढ़ी, भाजी, दाल में तथा अन्य रूपों में प्रयोग करते आ रहे हैं। खूबी है कि यह मुफ्त में उपलब्ध है और आम जन इसके बारे में परिचित है।
जहां अमीरों को बथुआ पैसे में नसीब हो रहा है वही गरीबों को मुफ्त में और हर समय उपलब्ध हो रहा है। खेत के पास है रह रहे किसान जब चाहे इसे खेत से उखाड़कर प्रयोग कर रहे हैं। बथुआ पशुओं के लिए भी गुणकारी माना जाता है। वैद्य बालकिशन और श्रीकिशन शर्मा का कहना है कि खून की कमी, पेट की समस्याएं,वात रोग तथा विभिन्न प्रकार के रोगों में कारगर औषधि भी है। हरी पत्तेदार सब्जी भी है।
फोटो कैप्शन 02:बथुआ
कनीना बस स्टैंड पर जाम की समस्या गंभीर
आए दिन लगती हैं वाहनों की लंबी कतारें, पुलिस और प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। कनीना के बस स्टैंड पर रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर आए दिन जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। वाहनों की लंबी कतारों के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त मार्ग पर नियमित रूप से पुलिस की तैनाती नहीं होने के कारण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
बस स्टैंड के आसपास दुकानों के आगे अतिक्रमण होने से सड़क की चौड़ाई भी कम होती जा रही है। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। सड़क पर वाहनों का दबाव और अतिक्रमण मिलकर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिक डा. अजीत शर्मा , सुनील, दिनेश, महेश आदि ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। वाहनों की लंबी कतारों के कारण आमजन को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड पर नियमित पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को जाम से राहत मिल सके।
फोटो कैप्शन 01: जाम की समस्या
संविधान दिवस -26 नवंबर
भारत का संविधान बेहतरीन संविधानों में से एक -डा. शर्मिला
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। भारत का संविधान बेहतरीन संविधानों में से एक माना गया है। वर्ष 2015 में भारत सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। संवैधानिक मूल्यों के प्रति नागरिकों में सम्मान की भावना को बढ़ावा देने के लिए 2015 से यह दिवस हर साल मनाया जाता आ रहा है। भारत का संविधान है जो अलग-अलग धर्म एवं जातियों की भारत की 140 करोड़ की आबादी को एक देश की तरह जोड़ता है। इसी संविधान के तहत हमारे देश के सभी कानून बनते हैं। संविधान के तहत सुप्रीम कोटर्, हाई कोर्ट समेत देश की सभी अदालतें, सांसद राज्यों के विधान मंडल, प्रधानमंत्री समिति सभी इसी के तहत काम करते और इसी के तहत हम सभी को अधिकार भी मिलते हैं कि हम सब पूरी स्वतंत्रता और समानता के साथ जी रहे हैं। इस संबंध में डा. प्रो. शर्मिला यादव से बात की जिनके विचार निम्न हैं।
संविधान दिन का मकसद देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। हालांकि भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था जिसका जश्न 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं परंतु 26 नवंबर का दिन देश के राष्ट्रीय कानून दिवस भी के रूप में मनाया जाता है। संविधान दिवस कभी नहीं भुलाया जा सकता। 26 नवंबर 1949 के दिन देश की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था ,यही वह दिन है जब संविधान बनकर तैयार हो गया था।
यह संविधान है जो हमें आजाद नागरिक की भावना का एहसास कराता है। संविधान के दिए मौलिक अधिकार हमारे ढाल बनकर हमारा हक दिलाते हैं वहीं मौलिक कर्तव्य जिम्मेदारी भी याद दिलाते हैं। 26 नवंबर का वह दिन देश में राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया जाता है। हमारे संविधान को 2 वर्ष 11 माह 18 दिन बनने में लगे थे। 26 नवंबर 1949 का पूरा हुआ था और अपनाया गया था। इस संविधान को बनाने के लिए विधानसभा का गठन किया गया था। जवाहरलाल नेहरू, डा. राजेंद्र प्रसाद ,डा. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, मौलाना अबुल कलाम आजाद आदि सभा के प्रमुख सदस्य थे। जबकि ड्राफ्टिंग समिति के अध्यक्ष डा. भीमराव अंबेडकर थे इसलिए ने संविधान निर्माता कहा जाता है।
26 नवंबर का दिन भारतीय इतिहास का एक अविस्मरणीय दिन है क्योंकि 26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान बनकर तैयार हो गया था। भारतीय संविधान निर्माण एक विधानसभा द्वारा तैयार किया गया था। संविधान सभा के गठन 1946 में कैबिनेट मिशन के तहत किया गया जिसमें 389 सदस्य को निर्वाचित किया गया जिसमें से 292 ब्रिटिश प्रति के प्रतिनिधित्व 93 देसी रियासतों के प्रतिनिधि एवं चार सदस्य की कमिश्नरी क्षेत्र से थे। संविधान का पहला प्रारूप सिद्धांत सभा सचिवालय द्वारा बीएन राव के निर्देशन में तीन परतों में तैयार किया जिसके अध्यक्ष डा. राजेंद्र प्रसाद थे। इसके बाद प्रारूप समिति ने डा.भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में सिद्धांत तैयार किया जिसको बनाने में 2 वर्ष 11 महीना 18 दिन का समय लगा भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ।
संविधान किसी भी देश की आत्मा होती है। संविधान में उस देश के आदर्श निहित होते हैं। भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। यह जितना कठोर है उतना ही लचीला भी है। हमें अपने देश के संविधान तथा उसकी प्रस्तावना पर गर्व है। संविधान का तथा इसके आदर्श का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हो चुका था और संविधान सभा के सभी सदस्यों ने अपने हस्ताक्षर कर इसे अंतिम रूप प्रदान कर दिया था किंतु इसे तत्काल लागू न कर 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। तभी से 26 जनवरी को पूरे देश में गणतंत्र दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है। वस्तुत 26 जनवरी 1930 को देश में प्रथम बार स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया गया था और तभी से आजादी प्राप्त होने तक 26 जनवरी को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया जाता रहा। देश के इतिहास में 26 जनवरी के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए ही 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू किया गया और इसे गणतंत्र दिवस घोषित किया गया। किंतु ऐसा करते समय 26 नवंबर 1949 के ऐतिहासिक दिन के महत्व को इतिहास में भुला दिया गया। संविधान निर्माताओं को इतिहास में उचित सम्मान दिलाने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डा. बी आर अंबेडकर की 125 वीं जयंती के अवसर पर यह घोषणा की कि 26 नवंबर 2015 को भारत के प्रथम संविधान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यह उल्लेखनीय है कि डा. बीआर अंबेडकर संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे और उन्होंने संविधान निर्माण में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस प्रकार वर्ष 2015 से 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन भारतीय संविधान की प्रस्तावना सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सभी विद्यार्थियों द्वारा पढ़ी जाती है।
---डा. शर्मिला यादव प्रोफेसर
फोटो कैप्शन: डा. शर्मिला यादव
डा. होशियार सिंह यादव को मिलेगा पंथ रत्न,शिरोमणि जोगा सिंह सम्मान 28 को कर्नाटक में
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। कनीना निवासी डा. होशियार सिंह यादव लेखक एवं साहित्यकार स्व. पंथ रत्न, शिरोमणि जोगा सिंह सम्मान से सम्मानित जाएगा। यह कनीना क्षेत्र के लिए विशेष उपलब्धि होगी।
27 और 28 नवंबर को गुरु नानक देव इंजीनियरिंग कालेज बिदर ,कर्नाटक में उनको विशेष पुरस्कार स्वर्गीय पंथ रत्न शिरोमणि सरदार जोगा सिंह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार का नाम यह उनकी साहित्य के प्रति उल्लेखनीय सेवाओं के प्रति दिया जाएगा। विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान प्रयागराज द्वारा उनका चयन किया गया है और बिदर में आयोजित विशेष सम्मान समारोह एवं सम्मान समारोह में यह पुरस्कार दिया जाएगा जिसके लिए देश के पांच साहित्यकारों को चुना गया है जिनमें से एक डा. होशियार सिंह यादव कनीना भी है। इसमें नकद राशि, प्रशस्तिपत्र एवं शाल आदि दिए जाएंगे।
विश्व हिंदी साहित्य सेवा संस्थान प्रयागराज, उत्तर प्रदेश तथा गुरु नानक स्नातक एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीदर, कर्नाटक के संयुक्त तत्वावधान में 27 एवं 28 नवंबर 2026 को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन गुरु नानक स्नातक एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीदर में होगा। इसमें देश-विदेश के साहित्यकार, शिक्षाविद् एवं हिंदी प्रेमी भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि डा. होशियार सिंह ने अब तक 45 कृतियों की रचना की है।
संस्थान के सचिव डॉ. गोकुलेश्वर कुमार द्विवेदी ने बताया कि यह कार्यक्रम दो दिवसीय होगा।
फोटो कैप्शन: डा. होशियार सिंह यादव
अहीरवाल के विकास का नया सूर्योदय
- जनसेवा और दृढ़ संकल्प की पर्याय बनतीं आरती सिंह राव
******************************************
**********************************************
******************************************
कनीना की आवाज। दक्षिण हरियाणा की राजनीति में अहीरवाल क्षेत्र का सदैव एक गौरवशाली और निर्णायक स्थान रहा है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राव बिरेंद्र सिंह की ऐतिहासिक विरासत और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के सुदीर्घ राजनीतिक अनुभव की छांव में पली-बढ़ीं प्रदेश की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव आज जनसेवा और विकास की एक नई इबारत लिख रही हैं। एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटर रहीं आरती सिंह राव ने जिस अचूक निशाने और अनुशासन का परिचय खेल के मैदान में दिया था, आज उसी सटीकता और समर्पण के साथ वे राजनीति के माध्यम से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही हैं।
अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में अटेली विधानसभा क्षेत्र से ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया था कि उनकी राजनीति का ध्येय सत्ता का सुख नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े आम नागरिक का उत्थान है। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मंत्रालय की बागडोर संभालने के बाद उन्होंने एक ओर जहां प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन लाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं—जैसे सरकारी अस्पतालों में बाहर की दवाइयां लिखने पर सख्त रोक और अमृत फार्मेसी जैसी सुविधाओं का विस्तार—वहीं दूसरी ओर अपने गृह क्षेत्र अटेली और समूचे महेंद्रगढ़ जिले की दशकों पुरानी मांगों को धरातल पर उतारने का बीड़ा उठाया है।
उनकी दूरदर्शिता और कार्यशैली की गंभीरता का प्रमाण हाल ही में नवंबर 2026 में अटेली और सिहमा खंड को मिली लगभग 72.85 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात है। एक ही दिन में 141 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करना इस बात का द्योतक है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों के प्रति कितनी संवेदनशील हैं। उनिंदा में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक रेस्ट हाउस से लेकर ग्रामीण सड़कों के नवीनीकरण, पेयजल पाइपलाइन, सिंचाई व्यवस्था और नए स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण तक, हर क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है।
विशेष रूप से, महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल के रुके हुए निर्माण कार्य के लिए बजट जारी करवाना, बहुप्रतीक्षित महेंद्रगढ़-अटेली सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना और नांगल चौधरी में लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास करना उनके जनहितैषी विजन को दर्शाता है।
आरती सिंह राव की सोच में केवल भौतिक विकास ही नहीं, बल्कि इस वीर भूमि की गौरवशाली परंपराओं और बलिदानों के प्रति गहरा सम्मान भी निहित है। दक्षिण हरियाणा के अमर बलिदानियों की शहादत को नमन करते हुए नसीबपुर में भव्य शहीद स्मारक बनाने का उनका संकल्प आने वाली पीढिय़ों में राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की अलख जगाएगा।
मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि यही क्षेत्र है—इस भावना के साथ दिल्ली की चकाचौंध छोड़कर सीधे जनता के बीच रहने और उनकी समस्याओं का त्वरित निवारण करने की उनकी शैली उन्हें आज के दौर के राजनेताओं में विशिष्ट बनाती है। मृदुभाषी स्वभाव, प्रशासनिक कार्यों पर पैनी नजर और बिना किसी शोर-शराबे के ठोस परिणाम देने की उनकी यह कार्यप्रणाली निश्चित रूप से अटेली और महेंद्रगढ़ सहित समूचे दक्षिण हरियाणा को विकास के शिखर पर ले जाएगी।
फोटो कैप्शन: निर्मल शास्त्री
Subscribe to:
Post Comments (Atom)












No comments:
Post a Comment