Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Wednesday, January 21, 2026



 




यश कुमार बने श्रीकृष्ण गौशाला के सचिव
-रामपाल यादव को बनाया गया सह सचिव
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना की श्रीकृष्ण गौशाला को सुचारू रूप से चलने के लिए जहां कनीना के वार्ड नंबर एक के यश कुमार को सचिन मनोनीत किया है। वही रामपाल यादव वार्ड नंबर 12 को सह सचिव का कार्य भार दिया गया है।
 विस्तृत जानकारी देते हुए श्रीकृष्ण गौशाला प्रधान भगत सिंह ने बताया कि श्री कृष्ण गौशाला अब त्वरित गति से आधुनिकता की और बढ़ रही है। इसकी कार्यशैली में सुधार करने के लिए तथा जन भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सचिव और सह सचिव मनोनीत किए हैं। ये दोनों पदाधिकारी सर्व समिति से मनोनीत किए गए हैं।
 उन्होंने कहा कि अब समय हो चला है श्रीकृष्ण गौशाला को आधुनिकतम बनाने का। हर प्रकार के भरसक प्रयास किये जा रहे हैं जिसके चलते श्रीकृष्ण गौशाला ने अब नाम कमाया है। आने वाले समय में पूरे प्रदेश में एक नंबर की गौशाला श्रीकृष्ण गौशाला होगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि गौशाला के नियमों का पालन करते हुए विभिन्न पर्वों पर गौशाला में आकर गायों के लिए दान दक्षिणा दे, चारा आदि दे, सवामणि लगाएं तथा गौशाला को एक बार अवश्य आकर देखे। प्रधान ने बताया कि आने वाले समय में गौशाला में घूमने का प्रबंध कर दिया जाएगा जिससे जो लोग सुबह सवेरे इधर-उधर घूमते हैं वो गौशाला में घूम पाएंगे। क्योंकि गायों के बीच घूमते हुए जहां गौमाता के दर्शन होंगे वहीं वैज्ञानिक दृष्टि से भी उनके किसी प्रकार के रोग दोष जल्द दूर होंगे। उन्होंने कहा कि अब तो वैज्ञानिक भी मान चुके हैं कि गायों के दूध में बहुत बड़ी शक्ति होती है। गायों को पालते हुए उन पर हाथ फेरने से कई रोग दूर हो जाते हैं। उनके मूत्र की खुशबू से ही शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
फोटो कैप्शन 07: यस तथा रामपाल यादव




आश्रय लुप्त होने से लुप्त हो गये हैं पक्षी
-पाली में बनाया है पक्षी घर
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
  ग्रामीण क्षेत्र में किसी समय इंसान के संग सैकड़ों पक्षी देखने को मिलते थे। इनके संग गहरा नाता होता है। इंसान जहां सुबह सवेरे उठता तो पक्षी उन्हें उठाते थे तथा उनकी झोपड़ी में जहां इंसान आराम करता चिडिय़ां नजर आती थी। आज वो झोपड़ी गायब हो गई हैं। आज न तो ग्रामीण क्षेत्रों में झोपड़ी और आश्रय स्थल नहीं बचे हैं और ना ही पक्षियों को छिपने के लिए कोई ठिकाने बचे हैं।  जहां भी देखें ऊंचे ऊंचे महल,उच्च वोल्टेज की बिजली की तारे, गर्मियों में पानी की कमी, दानों आदि में जहरीली दवाओं का होना, वृक्षों की कटाई के चलते ये पक्षी धीरे-धीरे लुप्त होते जा रहे हैं। कभी कच्चे घर होते थे किंतु अब पक्के मकान बढ़ गये जिससे पक्षी घट गये।
 उधर पक्षी विशेषज्ञ रविंद्र कुमार का कहना है कि इंसान के क्रियाकलापों के चलते पक्षी घटते जा रहे हैं।  झोपडिय़ां जहां उनके छिपने के स्थान होते थे खत्म होने के बाद जहां वन जंगल धीरे-धीरे खत्म होते चले गए। यद्यपि चिडिय़ां जैसे पक्षी इंसान के ज्यादा समीप रहती थी किंतु इंसानों से दूर होने पर भी उन्हें कोई छुपने के ठिकाने नहीं मिले। वृक्षों को इतना काट डाला है कि उनके घोंसले के लिए स्थान नहीं मिलता, उनकी प्रजनन के लिए उचित वातावरण न मिलने से उनकी संख्या घटती जा रही है, विशेषकर गर्मियों में पीने के लिए उनको पानी नहीं मिलता वहीं दाने भी नहीं मिलते हैं। उनको उचित दाना पानी नहीं मिलने के कारण भी वे लुप्त हो गई है।  कनीना के प्रसिद्ध संत मोलडऩाथ अपने हाथों से मोर और गौरैया को दाने देते थे पानी पिलाते थे किंतु अब सभी लुप्त हो चुके हैं।
उधर कैलाश पाली ने बताया जलवायु में परिवर्तन और इंसान की छेड़छाड़ के चलते जीव जंतु लुप्त हो गए हैं जिनमें पक्षी भी एक है। अगर समय रहते इंसान नहीं चेता तो भविष्य में पक्षी धरती से लुप्त हो जाएंगी।
पाली में बना पक्षी घर बना उदाहरण-
राजस्थान में जहां पक्षियों के पुनर्वास के लिए अनेक पक्षियों के आश्रय स्थल बनाये गये हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर महेंद्रगढ़ जिला के पाली में भारत भर का सबसे ऊंचा पक्षी घर बनाया गया है।
कहां है यह पक्षी घर--
महेंद्रगढ़ से 8 किलोमीटर दूर नारनौल-दादरी रोड पर स्थित गांव पाली बाबा जयराम दास के नाम से मशहूर है।  वर्तमान में गांव पुन: पूरे राज्य में सुर्खियां बटोर रहा है।
पक्षी घर की विशेषताएं--
यहां पर जन सहयोग से एक विशाल 9 मंजिल के 73 फीट ऊंचे पक्षी घर का निर्माण श्रद्धालुओं द्वारा करवाया गया है। इस पक्षी घर के निर्माण में लगभग 15 लाख रुपए खर्च हुए और 3000 पक्षियों को इसमें आश्रय  मिलेगा। इस पक्षी घर के नीचे एक 23 बाई 23 फुट का चबूतरा बनाया गया है, साथ ही वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं का ध्यान रखते हुए एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।
क्या कहते हैं ऊंची सोच लेकर पक्षी घर निर्मित करने वाले
 इस पक्षी घर के संयोजन का काम देख रहे कैलाश पाली बताते हैं कि इसका निर्माण गुजरात के कारीगरो द्वारा किया गया इसमें जो सामग्री लगी है वह सिद्धपुर से मंगाई गई और 38 दिन में पक्षी टावर का कार्य पूर्ण हो गया। उनका दावा है कि यह पक्षी घर भारत का सबसे ऊंचा पक्षी घर है। यह सारे इलाके के लिए एक गर्व का विषय है।
सबसे नीचे चिडिय़ा जैसे छोटे जानवर के लिए घोंसले बनाए गए हैं। ऊपर की 7 मंजिलों में कबूतर कोयल कौवा, मैना, तोता, फाख्ता, कठफोड़ा पक्षी अपना आशियाना बनाएंगे। इस पक्षी घर में  जो घोंसले बने हैं उनको तापमान को ध्यान में रखकर बनाया गया है।  उनके के लिए दाने पानी की उपयुक्त व्यवस्था की गई है।
अब तो भोजावास के अतिरिक्त कई स्थानों पर पक्षी घर बनाये जा चुके हैं। विक्की पंसारी लने बताया कि भोजावास में भी पक्षीघर बनाया है जो पक्षियों को आकर्षित कर रहा है।
 फोटो 08: एक पेड़ पर बैठे पक्षी
साथ में कैलाश पाली।


मंत्री आरती सिंह राव ने गांवों का दौरा करके सुनी समस्याएं
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और विकास कार्यों का उद्घाटन किया। वीर भूमि नसीबपुर से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने गांव सराय, सुरानी, छापड़ा सलीमपुर, खोड तथा गुजरवास में ग्रामीणों को संबोधित किया।
आरती राव ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के स्वास्थ्य बजट का एक-एक पैसा जनता की भलाई और अत्याधुनिक सुविधाओं पर खर्च किया जा रहा है। हरियाणा अब हेल्थ हब बनने जा रहा है।
उन्होंने लगभग 3 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने गांव सराय, सुरानी और गुजरवास को 8-8 लाख रुपए तथा छापड़ा सलीमपुर और खोड़ के विकास के लिए 10-10 लाख रुपए की घोषणा की।
आरती राव ने कहा कि अटेली की जनता ने उन पर और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जो विश्वास जताया है, वही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता के विश्वास पर वे पूरी तरह खरी उतरेंगी।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सचिव मनीष मित्तल, सांसद पुत्र रोहित चौधरी, पंचायत समिति चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद, सरपंच वर्षा रानी गुजरवास, नुपुर चौहान खोड, नरेंद्र सराय, पूजा देवी सुरानी, एकता यादव छापड़ा सलीमपुर,  मार्केट कमेटी के चेयरमैन दिनेश जेलदार, जिला पार्षद शमशेर सिंह, अजीत कलवाडी, भाजपा अध्यक्ष यतींद्र राव, पूर्व अध्यक्ष दयाराम यादव, विनोद कटकई, मंजीत भीलवाड़ा, मुकेश यादव, धर्मपाल सिंह एसडीएम, सरपंच प्रदीप भौडी, सूबे सिंह सागरपुर, विजय सिंह कटकई, धर्मेंद्र सरपंच,विकास चेयरमैन, उपमंडल अधिकारी नरेन्द्र सिंह, अमित सोनी, खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, जिला मुख्य चिकित्सक डा. अशोक कुमार, डा. विजय कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. शशिबाला, मुख्याध्यापक अनूप सिंह, थाना प्रबंधक सज्जन कुमार, कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार, राकेश कुमार, बलवंत सिंह, डा. राजकुमार, डा. विकास, डा. प्रीति यादव , रामकिशन यादव, ग्राम सचिव अनिता सहित ग्राम पंचायत सदस्य, नम्बरदार एवं गांव के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 06: आरती सिंह राव विकास कार्यों का उद्घाटन करते हुए



नेताजी मेमोरियल क्लब कनीना की ओर से ओपन फुटबाल प्रतियोगिता 23 से
--प्रथम ईनाम एक लाख का
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। 
कनीना के बस स्टैंड के पीछे फुटबाल ग्राउंड में नेताजी मेमोरियल क्लब कनीना की ओर से ओपन फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 23 जनवरी से चलने वाली के प्रतियोगिता 26 जनवरी तक जारी रहेगी। यह खेल प्रतियोगिता नवीन कुमार कनीना समाजसेवी की ओर से आयोजित की गई है।
 विस्तृत जानकारी देते हुए दिनेश कुमार प्रधान ने बताया कि फुटबाल प्रतियोगिता प्रथम ईनाम एक लाख का का है क्योंकि दूसरा इनामी के 71000 रुपए और तीसरा इनाम 11000 रुपए का है। इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि में बाबा रामनिवास महाराज होंगे। उन्होंने बताया कि 100 किलोमीटर दूरी से आने वाले खिलाडिय़ों को ट्रेन का साधारण किराया दिया जाएगा वहीं सभी मैच एनआइएस कोच द्वारा खिलाए जाएंगे।
फोटो कैप्शन 05: संबंधित है




पेयजल सप्लाई केंद्र पर पुरानी टंकी को गिराया जाए वरना हो सकता है हादसा
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना वाटर सप्लाई केंद्र पर करीब 40 साल पहले निर्मित और खराब पड़ी ऊंची पेयजल टंकी को गिराने की मांग की गई है। कनीना के सुरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, महेश, रवि आदि ने बताया कि यह टंकी 40 वर्षों से अधिक पुरानी हो चुकी है तथा इसमें जब पानी भरा जाता है तो यह लीक करती है। ऐसे में यह किसी काम की नहीं है। पुरानी ऊंची टंकी होने के कारण इसकी गिरने का खतरा बना हुआ है। यदि गिर जाएगी तो कोई भी अनहोनी घटना घट सकती है। ऐसे में उन्होंने इस टंकी को गिराने की मांग की है ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके।
 फोटो कैप्शन 03: ऊंची कंडम पेयजल टंकी



कच्ची हल्दी पैदा करने में अग्रणी है रामप्रताप
-लंबी घिया पैदा करने में भी कमा चुके हैं नाम
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना के पूर्व शिक्षक राम प्रताप यादव जो न केवल लंबी घिया उत्पादन में अग्रणी रहे हैं वहीं विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर नाम कमाया है। अभी 1000 से अधिक पौधे ड्रैगन फ्रूट के लगाकर उनसे फल प्राप्त कर रहे हैं किंतु हर वर्ष कच्ची हल्दी पैदा करने में अग्रणी नाम है।
राम प्रताप ने बताया कि वो हर वर्ष हल्दी पैदा करते हैं। बाजार में कच्ची हल्दी के बहुत मांग होती है।  कोरोना काल में इस हल्दी को बहुत लोगों ने चाहा और सराहा था। रोग-रोधक होने के कारण इस हल्दी की मांग अधिक है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उन्होंने हल्दी की खोदाई की है। काफी मात्रा में हल्दी प्राप्त हुई है। अभी और भी खोदाई की जानी है। इसके बाद यह हल्दी प्रयोग करने के लिए उपलब्ध हो सकेगी।
 डाक्टर और आयुर्वेद के जानकार बताते हैं कि कच्ची हल्दी में  एंटीबायोटिक, एंटी बैक्टीरिया तथा शरीर में रोग-रोधक क्षमता पैदा करने की शक्ति होती हैं। वे इसको दूध आदि में डालकर प्रयोग करने की सलाह देते हैं। ऐसे में किसान की हल्दी की मांग बढ़ती जा रही है किंतु राम प्रताप ने बताया कि वे इस प्रकार हल्दी को बेचते नहींअपितु   उनके पास जो कुछ आते हैं उनको मुफ्त में ही दे देते हैं। ऐसे में समाजसेवा कर रहे हैं।
 फोटो कैप्शन 04: कच्ची हल्दी राम प्रताप पूर्व शिक्षक की


कनीना नगर पालिका के उप चुनाव की होने लगी है चर्चाएं
-वार्ड 14 से होना है उपचुनाव, सरकार को मिली उप चुनावों की मंजूरी
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
नगर पालिका कनीना के यूं तो प्रधान एवं उप प्रधान पहले ही बन चुके हैं। नगर पालिका अपना कार्य विधिवत रूप से कर रही थी कि अचानक वार्ड 14 के पार्षद राजेंद्र लोढ़ा की मौत के बाद एक बार फिर से कनीना के वार्ड 14 की तरफ लोगों की नजरें टिक गई है। यहां निकट भविष्य में उपचुनाव होने वाले हैं क्योंकि वार्ड 14 का पार्षद नगर पालिका प्रधान का ससुर था। जिनके कारण नगर पालिका में बहुमत बना हुआ था और प्रधान एवं उप प्रधान बने थे। अब लोगों की नजरें वार्ड 14 पर टिक गई है और कई नए और पुराने चुनाव लडऩे वाले इस चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।  वार्ड 14 से पहले चुनाव लड़ चुके ऐसे पूर्व पार्षदों के मैदान में उतरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वार्ड 14 एक नया वार्ड पहली बार चुनाव इस बार के चुनावों में बनाया गया था। बीते चुनावों से पहले कनीना नगर पालिका के 13 वार्ड होते थे। पहली बार चुनाव में वार्ड 14 बनाया गया था  जिसमें अधिकांश लोग रेवाड़ी, गाहड़ा आदि सड़क मार्ग पर बसे हुई वोटर हैं। क्योंकि 6 महीने के अंदर उपचुनाव होने की संभावना है और जल्द ही यह माना जा रहा है चुनाव होंगे। उसके लिए चुनाव लडऩे वालों की तैयारी भी शुरू हो गई है।
  मिली जानकारी अनुसार 9 जनवरी को प्रदेश सरकार ने चुनाव आयोग से कुछ परिषदों के चुनाव एवं उप चुनाव कराने की अनुमति मांगी थी जिस पर चुनाव आयोग ने अनुमति भी दे दी है। अब यह देखना है कि इतना उपचुनाव कब होते हैं और कितने लोग चुनाव मैदान में उतर पाते हैं।
फोटो कैप्शन: नगरपालिका कनीना


शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों की बदहालात-
कोटिया स्कूल में एक भी नियमित शिक्षक नहीं
-30 विद्यार्थी पा रहे हैं शिक्षा , प्रतिनियुक्ति पर आता है एक शिक्षक
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
 शहीद हनुमान सिंह राजकीय माध्यमिक विद्यालय कोटिया में वर्तमान में एक भी स्थायी शिक्षक नहीं है। 30 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। एक मुख्य अध्यापक जरूर कार्यरत थे जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में बिना शिक्षकों के कैसे पढ़ाई हो?
एसएमसी सदस्य देशराज यादव,करतार सिंह, ओमप्रकाश, राजेंद्र सिंह, रामफल आदि ने बताया कि उनके कोटिया स्कूल में लंबे समय से एक मुख्य अध्यापक कार्यरत था जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो चुका है। अब कोई नियमित शिक्षक विद्यालय में कार्यरत नहीं है। एक शिक्षक सिहोर से प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार शिक्षा अधिकारियों से शिक्षक भेजने की मांग की है किंतु सब बेकार गया।
अगर शिक्षा अधिकारियों की माने तो उनका कहना है कि एक शिक्षक डेपूट कर रखा है जो कार्यरत सीहोर में है किंतु पढ़ाने के लिए यहां आता है लेकिन वह भी नियमित रूप से नहीं आ पाता। यहां कम से कम से कम यहां तीन शिक्षकों की जरूरत है।
कभी कभार सेवानिवृत्त शिक्षक भी परेशान विद्यार्थियों की समस्या हल करने के लिए विद्यालय में आ जाते हैं। ऐसे में अब बेचारे विद्यार्थी क्या करें? अभिभावक भी अब तो परेशान हो चले हैं। नजदीक दूसरा स्कूल कम से कम 3 किलोमीटर दूर पड़ता है। जहां तक बच्चों को भेजना भी कठिन होता है। एसएमसी पदाधिकारियों ने बताया कि एमआईएस पर मुख्याध्यापक एवं पीटीआई के पद ही खोले हुए हैं बाकी सभी केप्ट रखे हुए हैं।
 शिक्षा अधिकारियों से इस संबंध में बात की जाती है तो उनका कहना होता है कि उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है। निकट भविष्य में तबादले होने जा रहे हैं जिसमें शिक्षक आ जाएंगे। सभी पद सृजित करने की भी बात कही गई है। समस्या जल्द ही ठीक होने के आसार है। उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों का एक सत्र खराब हो चुका है वहीं यह भी निश्चित नहीं है कि तबादलें हो पाएंगे या नहीं?
 फोटो कैप्शन 02: कोटिया स्कूल जहां कोई शिक्षक नहीं, दिखाते अभिभावक



स्कूली बच्चों का हेल्थ चेकअप किया
-धनौंदा के डाक्टरों की टीम पहुंची अगिहार
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगिहार में पीएचसी धनौंदा में कार्यरत डेंटिस्ट डा. दीक्षा एमडीएस, हेल्थ इंस्पेक्टर पवन कुमार तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता कुलदीप सिंह के नेतृत्व में सभी बच्चों के दांतों की जांच की गई तथा कई बच्चों को धनौदा पीएचसी के लिए रेफर किया जहां उनका इलाज किया जाएगा। इससे पहले डा. दीक्षा ने विद्यार्थियों को दांतों की सफाई, मसूडों की देखभाल तथा ब्रश करने के सही तरीकों के बारे में बताया  विद्यार्थियों ने बड़े ध्यान से उनकी बात को सुना तथा भविष्य में दांतों के प्रति पूर्ण रूप से सचेत रहने का आश्वासन दिया।
 इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या पूनम यादव, प्रवक्ता मदन मोहन कौशिक,अजय कुमार बंसल, राजेंद्र कटारिया, निशा जांगड़ा, कैलाश देवी, पूनम कुमारी, शशि कुमारी,सुरेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार तथा डीपीई धर्मेंद्र सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 01: बच्चों की जांच करते हुए डाक्टर





राज्य स्तरीय जयंती के लिए बनाया चौधरी रामनिवास खेड़ी को जिला सहसंयोजक
--कुरुक्षेत्र में प्रदेश स्तरीय संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती 31 जनवरी 2026 को
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा सरकार द्वारा 31 जनवरी 2026 को कुरुक्षेत्र में प्रदेश स्तरीय संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती मनाई जा रही है। इसको लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा संगठन द्वारा डॉ राकेश कुमार
 को महेंद्रगढ़ जिला संयोजक व भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा महेंद्रगढ़ जिला महासचिव चौधरी रामनिवास खेड़ी, कर्मबीर खिंची,कंवर सिंह व बाबू लाल को जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। उपरोक्त जानकारी देते हुए महेंद्रगढ़ जिला सहसंयोजक चौधरी रामनिवास खेड़ी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, संगठन मंत्री डाक्टर फडिनद्रनाथ  शर्मा व कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव, व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बुड़ौली, भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, पूर्व मंत्री प्रोफेसर रामबिलास शर्मा, महेंद्रगढ विधायक कवर सिंह यादव, नारनौल विधायक पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव का आभार व्यक्त किया
उन्होंने भरोसा दिलाया कि महेंद्रगढ़ नारनौल अटेली, महेंद्रगढ़, नारनौल,नांगल चौधरी विधानसभा से काफी  संख्या में लोग कुरुक्षेत्र संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती में भाग लेंगे। इसके लिए जल्द ही मंडल स्तर पर कार्यकर्ता की नियुक्ति कर दिन रात जयंती को लेकर प्रचार प्रसार किया जाएगा।
फोटो कैप्शन: रामनिवास दुबट




कनीना में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से मरीजों को परेशानी
--कनीना उपनागरिक अस्पताल से 60 गांव जुड़े
*************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। 
कनीना स्थित उपनागरिक अस्पताल में  अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में बसपा के नेता अतरलाल एडवोकेट ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से तत्काल कनीना उप-नागरिक अस्पताल में  अल्ट्रासाउंड मशीन व सहायक स्टाफ उपलब्ध करवाकर यह सुविधा शुरू करने की मांग की है।
अतरलाल ने कहा कि उन्हें सिहोर, करीरा, कोटिया, भडफ़ में जनसम्पर्क के दौरान ग्रामीणों से शिकायत मिली है कि उप-नागरिक अस्पताल कनीना में  अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा न होने से मरीजों को कठिनाई उठानी पड़ रही है। उन्हें बाहर से महंगे दामों पर  अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता है। इससे उनका अधिक धन व समय बर्बाद होता है। ज्यादातर गरीब मरीज बाहर से महंगे दामों पर  अल्ट्रासाउंड करवाने में असमर्थ होते हैं। इससे उनका समय पर इलाज नहीं होता और उन्हें इलाज के लिए भटकना पड़ता है। अतरलाल ने कहा कि कनीना उपनागरिक अस्पताल से तहसील के लगभग 60 गांव जुड़े हुए हैं। इसलिए यहाँ  अल्ट्रासाउंड की सुविधा की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान आरती सिंह राव ने कनीना उप नागरिक अस्पताल में सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का वादा किया था। परन्तु एक साल से ऊपर समय होने के बावजूद भी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू न किए जाने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोग ठगा सा महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि वे अटेली विधानसभा क्षेत्र के विपक्ष नेता के तौर पर यह मांग उठा रहे हैं। उन्हें आशा है कि स्वास्थ्य मंत्री जरूर इस मांग का संज्ञान लेकर उप नागरिक अस्पताल में तत्काल अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करवाने का कार्य करेंगी।


कुतरूं प्राचार्य के कारनामे-04 कल पढ़े
-कुतरूं ने शिक्षक को मारी डांट, शिक्षक ने उल्टे मारी 100 नंबर की डांट, हालात रुआँसे बंदर जैसी


ऐसी













भी उदार शख्सियत-कल पढ़े
--लोग ब्याज में भी पैसे देने में कतराते, योगेश ने दिखाई उदारता

No comments: