सड़क सुरक्षा माह:
-धुंध और कोहरे से होने वाले हादसों को रोकने के लिए वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर टेप
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत कनीना शहर थाना पुलिस ने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से अभियान चलाया। सर्दी के मौसम में कोहरे और धुंध को देखते हुए पुलिस टीम ने शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाते हुए बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप चिपकाए।
इस अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने विशेष रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप, ऑटो और अन्य लोडिंग वाहनों को रुकवाया, इन वाहनों के पीछे और बंपर पर चमकदार रिफ्लेक्टर टेप लगाई। रात के अंधेरे और घने कोहरे में अक्सर रिफ्लेक्टर के अभाव में वाहन पीछे से आने वाले चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर सड़क हादसे होने की संभावना बनी रहती है। रिफ्लेक्टर टेप चमकने से दूर से ही वाहन की उपस्थिति का पता चल जाता है, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।
थाना प्रभारी ने वाहन चालकों को समझाते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे धुंध के दौरान अपने वाहनों की लाइट और इंडिकेटर दुरुस्त रखें, लो बीम पर गाड़ी चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
फोटो कैप्शन 14: पुलिस रिफ्लेक्टर लगाते हुए
बाबा बुर्जेश्वर क्रिकेट प्रतियोगिता:
-दूसरे दिन भडफ़ की टीम रही विजेता
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। उपमंडल के गांव कोटिया में आयोजित पांच दिवसीय बाबा बुर्जेश्वर क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। आयोजन समिति के प्रधान अप्पू यादव ने बताया कि प्रतियोगिता 10 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक चलेगी, जिसमें क्षेत्र की कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। खेल कमेटी के सदस्य रजत ने जानकारी देते हुए बताया कि दिन का पहला मुकाबला भडफ़ और सीहोर की टीमों के बीच खेला गया। भडफ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 81 रन बनाए। जवाब में सीहोर की टीम 8 ओवर में केवल 76 रन ही बना सकी और भडफ़ की टीम विजेता रही।
उसके बाद दखौरा और गाहड़ा के बीच खेला गया, जिसमें दखौरा की टीम ने 6 ओवर में 84 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए गाहड़ा की टीम 78 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इसके बाद निशान और जूड्डी रेवाड़ी के बीच मैच खेला गया। निशान की टीम ने टास जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 54 रन बनाए। जवाब में जूड्डी रेवाड़ी की टीम केवल 50 रन ही बना पाई। उसके बाद भड़ंगी और तलवाना के बीच हुआ। भड़ंगी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 73 रन बनाए, जबकि तलवाना की टीम 46 रन पर ही सिमट गई। मोहनबाड़ी झज्जर और मालड़ा के बीच खेला गया। इसमें मालड़ा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 25 रन बनाए, जिसके जवाब में मोहनबाड़ी झज्जर की टीम ने 4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। उसके बाद लीलाहेड़ी और छितरौली के बीच खेला गया, जिसमें लीलाहेड़ी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 61 रन बनाए। जवाब में छितरौली की टीम 3 ओवर में ही ऑल आउट हो गई। उसके बाद बहाला और बिसोहा के बीच हुआ, जिसमें बिसोहा ने 6 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 54 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बहाला की टीम ने मात्र 3 ओवर में ही 55 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की।
खेल कमेटी के सदस्य धीरज शर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक खेल महाकुंभ है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार रुपए, तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार 3,100-3,100 रुपए रखे गए हैं। आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होती है और नई प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर मिलता है।
फोटो कैप्शन 13: संबंधित फोटो है
कनीना पुलिस की तत्परता
- खेलने गई गुमशुदा बच्ची को पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। थाना शहर कनीना पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक गुमशुदा बच्ची को सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। घटना कनीना शहर क्षेत्र की है, जहां एक बच्ची अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकल गई थी। जब बच्ची घर पर नहीं मिली, तो परिजनों ने उसे आसपास काफी तलाशा, लेकिन उसका कोई पता न चलने पर उन्होंने तुरंत इसकी सूचना थाना शहर कनीना पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तुरंत आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में पुलिस को बच्ची एक अन्य बच्ची के साथ जाती हुई दिखाई दी। जांच को आगे बढ़ाने पर पता चला कि फुटेज में दिख रही दूसरी बच्ची उसकी सहेली थी और गुमशुदा बच्ची उसी के घर खेलने के लिए गई थी।
पुलिस ने तत्काल उस स्थान पर पहुंचकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। इसके पश्चात बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। अपनी बेटी को सही-सलामत पाकर परिजनों की जान में जान आई और उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई व सहयोग के लिए कनीना पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें समझाएं कि घर से बाहर जाते समय वे परिजनों को अवश्य सूचित करें।
कनीना क्षेत्र में कड़ाके की ठंड जारी,जमा हल्का पाला
- सुबह तक पड़ती रही धुंध
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में दो दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालत यह है कि हल्का पाला भी वनस्पतियों और पुरानी कड़बी पर देखा गया। गेहूं और जौ के पत्तों पर भी हल्का पाला जमा देखा गया। जहां रात भर धुंध पड़ती रही और ठंड जारी रही। सुबह धुंध गायब हो गई और करीब 10 बजे सूरज चमकने लगा। विगत वर्ष भी यही हालात थे। सूरज दिन में चमकता है किंतु सुबह तक कड़ाके की ठंड पड़ती है, फिर शाम के समय ठंड शुरू हो जाती है।
लोग घरों में दुबके देखे वही आग सेकते देखे गए। दुकानदार लगभग अपनी दुकानों के आगे आग जलाकर हाथ सेकते दिखाई दिये।
किसान सूबे सिंह ,राजेंद्र सिंह, अजीत, मनोज, कृष्ण कुमार, योगेश कुमार, रोहित आदि ने बताया की कड़ाके की ठंड पड़ रही है जो फसलों के लिए लाभप्रद है क्योंकि दिन के समय सूरज चमकता है। इसलिए फसलों पर कोई नुकसान होने का अंदेशा नहीं है। ठंड के चलते बुजुर्ग, पशु और छोटे बच्चे बेहद परेशान नजर आये।
उल्ललेखनीय है कि कनीना क्षेत्र में गत दिनों से लगातार मौसम बदल रहा है और हर वर्ष यही घटना देखने को मिलती है। पाला जमना, तेज धूप, धुंध और कोहरा, हल्की वर्षा ,बादल छाए रहना आदि कई रूपों में मौसम नजर आता है। इस समय जहां भी देखे सरसों खड़ी हुई है और पर सरसों में पीले फूल आए हुए। सारी धरती पी ली नजर आती है क्योंकि कनीना क्षेत्र में सबसे अधिक 20 हजार हेक्टेयर पर सरसों उगाई गई है। इसलिए दूर दराज तक सरसों नजर आ रही है वहीं बीच-बीच में गेहूं की फसल करीब 8000 हेक्टेयर पर है जो अभी छोटी है। गेहूं के पत्ते नीचे से पीले पड़ गए हैं जिसके पीछे नाइट्रोजन की कमी मानी जा रही है। किसान अपनी फसल को प्रतिदिन निहार रहे तथा आवारा जंतुओं से बचा रहे हैं। क्योंकि सर्दियों के मौसम में आवारा जंतुओं का प्रकोप बढ़ जाता है और खेतों में भैंस ,नीलगाय मोर ,गीदड़, सूअर नुकसान पहुंचाते हैं। किसान रात रात भर जागकर फसलों की सुरक्षा करते हैं। सूबे सिंह सिंह और राजेंद्र सिंह ने बताया कि एक तरफ तो सर्दी का प्रकोप है वही रात भर आवारा जंतुओं से सुरक्षा करनी पड़ती है। आवारा जंतु न केवल फसलों को नुकसान करते हैं अपितु उनके पालतू पशु पशुओं के साथ द्वंद्व करते और चारा आदि चट कर जाते हैं। उन्होंने बताया कि रात भर आग जलाकर बैठे रहना पड़ता है ताकि फसल और मवेशियों को बचाया जा सके। कनीना क्षेत्र में जहां विगत दिनों भी पाला जमा था। एक बार फिर से पाला जमने लैग गया है। तापमान 2 डिग्री के आसपास पहुंच गया है जिसके कारण हलका पाला जमने लग गया है। आने वाले समय में देखा जाना है कि मौसम किस करवट बदलता है। वैसे दिनभर दिन में मौसम बिल्कुल साफ रहता है और सूर्य चमकता है। यूं तो ठंड फरवरी माह तक चलती है लेकिन बुजुर्गों की माने तो 14 जनवरी मकर संक्रांति तक ठंड पड़ती है। फिर ठंड कम होती चली जाती है।
फोटो कैप्शन 05: गेहूं की फसल पर जमा पाला
06: कड़बी पर जमा हल्का पाला
07: धुंध का नजारा
बसपा की जिला स्तरीय बैठक धनौंदा में
-कई मुद्दों पर हुआ विचार विमर्श
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। बसपा की जिला स्तरीय बैठक गांव धनौंदा में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी नेतराम एडवोकेट और स्टेट जोन प्रभारी महेंद्र सिंह जाजोरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अटेली विधानसभा से प्रत्याशी रहे नेताजी अतरलाल एडवोकेट ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान प्रमोद कटारिया ने की। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और अतिथियों ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर और बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम के चित्रों पर पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी नेतराम एडवोकेट ने बहुजन समाज पार्टी की नीतियों के बारे में बताया और उपस्थित कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोडऩे का आह्वान किया। स्टेट जोन प्रभारी महेंद्र सिंह जाजोरिया ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ही समाज के सभी वर्गों की हितैषी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी 15 जनवरी को बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिवस पर गुरुग्राम में आयोजित जन कल्याणकारी दिवस सम्मेलन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की। नेताजी अतरलाल एडवोकेट ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल और नाकारा बताते हुए कार्यकर्ताओं से इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला प्रधान प्रमोद कटारिया और विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र रामबास ने सभी कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार जताया तथा 15 जनवरी को बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्म दिवस पर गुरुग्राम में आयोजित जनकल्याणकारी दिवस सम्मेलन में भारी संख्या में पहुंचने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर गुरुग्राम जिला अध्यक्ष नेतराम बौद्ध, कपिल देव बाछौदिया, पवन धनखड़, उमेद सिंह यादव, राजवीर अगिहार, राकेश यादव, अत्तरपाल गौड़, प्रशांत, वीर सिंह, शेर सिंह वाल्मीकि, अतरपाल, सुरेश, राकेश यादव, पवन प्रजापत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 12: धनौंदा में आयोजित बसपा बैठक को संबोधित करते हुए नेतराम
सख्त जरूरत है कनीना में बाइपास निर्माण की
-कनीना बस स्टैंड पर बढ़ रहा है वाहनों का दवाब
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। कनीना में लंबे समय से बाईपास निर्माण की मांग चल रही हैं। कनीना बस स्टैंड पर वाहनों का दवाब बढ़ रहा है जिसे हल करने के लिए बाइपास की मांग उठती रही है। बार-बार लोगों ने इस समस्या को उठाया है तथा पूर्व में मंत्रियों ने भी इन्हें निर्मित किए जाने का इशारा किया था किंतु मांग आगे नहीं बढ़ पाई है। कनीना बस स्टैंड के इर्द गिर्द भीड़ बढ़ती ही जा रही है जिसके कारण बाइपास की मांग और भी बलवती हो रही है।
कनीना बस स्टैंड के पास वाहनों एवं यात्रियों का जमघट बनता जा रहा है वहीं दिनभर वाहनों के आवागमन के चलते सड़क मार्गों को पार करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि बाइपास बना दिया जाए तो भीड़ का दबाव कम हो सकता है। इसके अतिरिक्त आवागमन में भी सुविधा हो जाएगी। बस स्टैंड के समक्ष तो जाम की समस्या बनी रहती है वही वाहनों को किसी वैकल्पिक मार्गों से गुजरते देखा जा सकता हैं। कुछ वर्ष पहले पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी भीड़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए बाइपास बनाकी बात कही थी।
बाइपास के संबंध में लोगों से बात की जिनके विचार निम्र रहे--
**कनीना महेंद्रगढ़ मार्ग पर बस स्टैंड समक्ष लंबे अर्से के बाद ही सड़क पार की जा सकती है। इसका सबसे बेहतर विकल्प कनीना में बाइपास का है। अगर बाइपास बनवा दिया जाए तो सभी दुकानें भी बच जाएंगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वैसे भी भारी संख्या में वाहन कस्बा कनीना के अंदरूनी मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। बस स्टैंड भीड़ वाला क्षेत्र बन गया है। ऐसे में अगर बाइपास बन जाए तो कनीनावारिसयों को ही नहीं इधर से गुजरने वालों को भी लाभ मिलेगा।
---- ---सुरेश कुमार ,भडफ़
कनीना की आबादी बढ़ती ही जा रही है वहीं भीड़ भी बढ़ती ही जा रही है। आवागमन में परेशानी बन जाती है। दिन के समय तो सड़क भी पार करना कठिन है। ऐसे में अगर बाइपास बन जाए तो कितने ही लोगों को लाभ मिल जाए। रेवाड़ी से महेंद्रगढ़ बाइपास बन सकता है।
---पार्षद थान सिंह,कनीना
कनीना रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नारनौल, अटेली, चरखी दादरी एवं कोसली आदि सड़क मार्गों से जुड़ा हुआ है। इतनी सुंदर लोकेशन और कोई नहीं हो सकती है। ऐसे में भीड़ बढऩा स्वाभाविक है। भीड़ घटाने का एक ही सरल उपाय है कि बाइपास बना दिया जाए ताकि समय की बचत भी हो सके।
---योगेश अग्रवाल,कनीना मंडी
कनीना में जाम लगा रहता है जिसका इलाज बाइपास ही है। जाम लगने के कारण कनीना रेवाड़ी टी-प्वाइंट से लेकर अटेली टी- प्वाइंट तक पहुंचने में कभी कभी तो एक-एक घंटा लग जाता है। प्रेशर होरन बजाने के कारण पूरे दिन ध्वनि प्रदूषण होता रहता है। रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ स्टेट हाइवे होने के कारण बहुत ज्यादा साधनों की आवाजाही है। कनीना मार्केट स्टेट हाइवे के दोनों साइड बनी हुई है जिस कारण कनीना-रेवाड़ी टी-प्वाइंट से लेकर अटेली टी- प्वाइंट तक जाम लगा रहता है।
महेश बोहरा,हिंदू जागरण मंच जिला संयोजक
फोटो कैप्शन 09 एवं 10: कनीना बस स्टैंड समक्ष जाम की समस्या
साथ में महेश बोहरा, सुरेश कुमार भडफ़, योगेश अग्रवाल, पार्षद थान सिंह
राष्ट्रीय युवा दिवस- 12 जनवरी
युवाओं में कुछ कर गुजरने का जोश है
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। आज भारत के महान दार्शनिक, आध्यात्मिक गुरू तथा युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती है जिसे राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रीय युवा दिवस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों व आदर्शों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को बढ़ावा देना है। इस दिन पूरे देश में उनके विचारों, साहस तथा सेवा भाव को याद किया जाता है 1893 में शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में उन्होंने आध्यात्म तथा सनातन धर्म का डंका पूरे विश्व में बजाया दिया था उन्होंने युवाओं का आह्वान किया था कि वे आत्मनिर्भरता अनुशासित होकर समाज सेवा व देश सेवा के लिए सर्वस्व अर्पण करने के लिए तैयार रहे। स्वामी विवेकानंद के अनुसार युवा किसी भी राष्ट्र का भविष्य होते हैं तथा उनमें सामाजिक,राजनीतिक तथा आध्यात्मिक बदलाव लाने की क्षमता होती है। आज के विघटनकारी तथा वैश्विक स्थिरता के दौर में स्वामी विवेकानंद के आदर्श व सिद्धांतों पर चलकर हम देश सेवा की प्रेरणा ग्रहण कर सकते हैं। मात्र 39 वर्ष की अल्प आयु में उन्होंने वेदांत तथा योग से पूरी दुनिया को परिचित करवाया। वे शिक्षा को चरित्र निर्माण तथा आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम मानते थे। उन्होंने निस्वार्थ सेवा तथा देश प्रेम का पाठ पढ़ाते हुए युवाओं को दृढ़ संकल्प होकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया।
क्या कहना हैं युवा वर्ग का--
युवाओं का जोश अपार होता है। जिस काम को करने की ठान ले। वे हर काम को करने में सक्षम हैं। यह सत्य है कि वह बेरोजगार अधिक है। उन्हें यदि सही मार्गदर्शन दिया जाए तो निश्चित रूप से देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं और उनकी भागीदारी को किसी प्रकार भुलाया नहीं जा सकता।
--कुलदीप बोहरा, समाजसेवी कनीना
युवाओं पर भविष्य निर्भर करता है। यदि युवा का भविष्य उज्ज्वल होगा तो देश का विकास होगा और उज्ज्वल भविष्य बनेगा। युवा पीढ़ी की हर विचारधारा को ध्यान में रखकर देश को आगे बढऩा चाहिए। तभी देश का विकास संभव है। युवा क्षेत्र में जागरूक परंतु बेरोजगारी के चलते मायूस हैं। वे अपने धुन के पक्के होते हैं ।यदि उनको सही दिशा मिल जाए तो उन ऊंचाइयों को छुएगा जहां तक आम आदमी तक नहीं पहुंचा जा सकता।
- सुरेश कुमार, युवा कनीना
राष्ट्रीय युवा दिवस पर हम सब स्वामी विवेकानंद के आदर्शों व सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा नशा व मोबाइल संस्कृति का परित्याग करके देश की सभ्यता व संस्कृति को अपनाए। तथा भारत को पुन: जगतगुरु बनाने के लिए प्रयासरत रहे आज के युवा डिजिटल इंडिया तथा मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करके देश के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं।
***मदन मोहन कौशिक प्रवक्ता
भारत दुनिया का सबसे युवा देश है जहां 65 प्रतिशत आबादी युवाओं की है। इसलिए मैं सभी युवाओं का आह्वान करता हूं कि वह देश व समाज को एक नई दिशा प्रदान कर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराएं।
फोटो कैप्शन: मदन मोहन कौशिक, धर्मेंद्र सिंह,सुरेश कुमार, कुलदीप बोहरा।
दिल्ली हिंदी सम्मेलन में शामिल हुए प्रवक्ता सचिन कुमार, रखे विचार
-मिली बधाइयां
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास में विश्व हिन्दी दिवस पर एक शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमे हिन्दी भाषा के वैश्विक स्तर पर प्रचार प्रसार को लेकर देश के सुप्रसिद्ध विद्वानों ने अपने विचार रखे। विश्व हिन्दी परिषद व नेपाल दूतावास के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुए सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व मानव संसाधन मंत्री व पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी रहे व कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि प्रखर वक्ता व राज्यसभा सांसद डा. सुधांशु त्रिवेदी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध चिंतक एवं विचारक सुनील आंबेकर ने की।
कनीना के प्रवक्ता सचिन कुमार कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित रहे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ,व परिषद के महासचिव डॉक्टर बिपिन कुमार ने भी शिरकत की। डाक्टर मुरली मनोहर जोशी ने अपने वक्तव्य में हिन्दी भाषा के संवर्धन पर विशेष बल दिया व डाक्टर सुधांशु त्रिवेदी ने अपने वक्तव्य में भारत को विश्वगुरु बनाने का आह्वान किया। केंद्रीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कनीना के प्रवक्ता सचिन कुमार का शामिल होना समूचे क्षेत्र के लिए गर्व कि विषय है । कार्यक्रम में गयाना , नेपाल , उजबेकिस्तान सहित कई देशों के राजदूतों ने भाग लिया। सभी ने सचिन कुमार के मंच कौशल की जम कर सराहना की। गौरतलब है कि प्रवक्ता सचिन कुमार इससे पहले भी अनेकों बार कई राष्ट्रीय मंचों पर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करते रहे है व इस समय रेवाड़ी में नांगल तेजु के माडल संस्कृति विद्यालय में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत है।
फोटो कैप्शन 08: सचिन प्रवक्ता अपने विचार रखते हुए
निश्शुल्क कैंप में 55 मरीजों की जांच की
--इसीजी,बीपी, शुगर की जांच रही मुफ्त
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। सेवा भारती कनीना एवं उजाला सिग्रस अस्पताल द्वारा नि:शुल्क हृदय रोग, स्त्री रोग, हड्डी व जोड़ रोग, सामान्य रोग एवं नेत्र रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन लाला शिवलाल धर्मशाला, कनीना मंडी में किया गया। यह कैंप हर महीने के दूसरे रविवार को आयोजित किया जाता है।
सेवा भारती द्वारा आयोजित यह कैंप 94वां मेडिकल कैंप है। इसमें उजाला सिग्नेश अस्पताल से डा. मनीष वर्मा हड्डी रोग विशेषज्ञ,
डा. शिव के गोयल,हृदय रोग विशेषज्ञ,
डा. हर्ष एवं डा. राकेश केसरी सामान्य रोग विषेषज्ञों ने अपनी टीम प्रताप यादव, करिश्मा यादव, पूनम, रेखा यादव व कृष्ण सहित सेवा प्रदान की। इस मौके पर 55 लोगों ने विभिन्न रोगों की जांच करवाई।
इसी प्रकार गंगा देवी नेत्र औषधालय, रेवाड़ी से डा. अनिल शर्मा ने अपनी टीम अनिता व संगीता के साथ सेवा दी।
कैंप में बीपी, शुगर, इसीजी की नि:शुल्क सुविधा दी गई। इसी प्रकार दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की गईं।
इस अवसर पर सेवा भारती कनीना इकाई अध्यक्ष श्री सुरेश शर्मा, जिला प्रमुख जगदीश प्रसाद गुप्ता, सचिव श्याम सुंदर , कोषाध्यक्ष अमीत सिंघल, , सहित दिनेश, अंकित, नवीन, रविदत्त सहित सभी कार्यकर्ता एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 03: मरीजों की जांच करते डाक्टर
14 जनवरी को छिथरोली में होगा खेलों का आयोजन
-लगेगा बाबा धूनीगर का देसी घी का भंडारा
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। बाबा धूनीगर की 77वीं बरसी पर गांव छिथरोली खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित होगी।
राजीव गांधी स्टेडियम में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से खेल कमेटी के प्रधान भागमल फौजी की अध्यक्षता में और सरपंच बलवान सिंह आर्य की निगरानी में खेलों का आयोजन किया जाएगा। सबसे पहले 100 मी. 400 मी. 1600 मी.और 5000 मी. की दौड़ शुरू करवाई होगी। ओपन सर्कल कबड्डी जिसका पहला ईनाम एक लाख रुपए, दूसरा 71000 रुपए, और तीसरा इनाम 41000 रुपए होगा। इसी प्रकार कुश्तियां 500 रुपये से लेकर 51000 रुपये तक की होंगी। 13 जनवरी को सुबह 10 बजे से दीपक जुलाने का सांग भी आयोजित होगा। और रात्रि 9 बजे से लोक गायक नरेंद्र खरकराम का कार्यक्रम शुरू हो होगा। कनीना एसडीम डा. जितेंद्र सिंह और डीएसओ नरेंद्र कुंडू की अध्यक्षता में खेलों में मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार एवं पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ होंगे। विशिष्ट अतिथि यतेंद्र राव, जिला अध्यक्ष, डीएसपी दिनेश कुमार और अतरलाल होंगे। खेल कमेटी के सदस्य सूबेदार रामबीर सिंह, नरेंद्र शास्त्री, इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, सरजीत सिंह , मनोज कुमार और कप्तान सिंह ने बताया कि खेलों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
थाना शहर कनीना पुलिस ने सरपंचों और चौकीदारों के साथ की बैठक
-ठीकरी पहरा लगाने का दिया आदेश
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। थाना शहर कनीना पुलिस द्वारा क्षेत्र में चोरी की वारदातों और नशीले पदार्थों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के सरपंचों, चौकीदारों तथा क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया। एसआई राकेश ने उपस्थित सभी गणमान्य लोगों को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं और नशे की लत के गंभीर परिणामों के प्रति सचेत किया। बैठक के दौरान नशे की प्रभावी रोकथाम और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय और सामूहिक सहयोग पर गहन विचार-विमर्श किया गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए सभी सरपंचों और मौजीज लोगों को अपने-अपने गांवों में तत्काल प्रभाव से ठीकरी पहरा शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी चौकीदारों और ग्रामीणों को विशेष रूप से सावधानी बरतने और गांव में किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।
साइबर सुरक्षा और डिजिटल अरेस्ट पर विशेष जागरूकता-
इसके अतिरिक्त, बैठक में मौजूद लोगों को साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट जैसी नई साइबर ठगी के तरीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समझाया कि कैसे साइबर अपराधी पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को डराते हैं और घर बैठे डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर पैसे ठगते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर जांच या पैसों की मांग नहीं करती। बचाव के तरीकों की जानकारी देते हुए उन्होंने लोगों को सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध काल को तुरंत काटने और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों के पालन पर भी जोर दिया गया।
फोटो कैप्शन 01: पुलिस चौकीदार एवं सरपंचों को ठीकरी पहरा लगाने की जानकारी देते हुए
एनएसएस शिविर में करियर की जानकारी दी गई
--एनएसएस शिविर का था चौथा दिन
************************************************************************
*****************************************************************************
************************************************************************
कनीना की आवाज। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोजावास में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विषय विशेष सात दिवसीय शिविर का चौथा दिन अत्यंत ऊर्जावान एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जीनियस अकादमी के डायरेक्टर अमित यादव यादव रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला एनएसएस कोआर्डिनेटर चरण सिंह बड़ेसररा उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अशोक कुमार ने की।
शिविर का शुभारंभ अमित यादव द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों को विभिन्न क्षेत्रों मे करियर की सम्भावनाओं के बारे में जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार से तैयारी करके प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। अपने प्रेरक वक्तव्य में उन्होंने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से यह बताया कि एक स्वयंसेवक अपने आचरण, अनुशासन एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन से राष्ट्र निर्माण में किस प्रकार योगदान दे सकता है। चरण सिंह बड़ेसररा स्वयंसेवकों से रूबरू होकर संवाद किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने शिविर में प्राप्त अपने अनुभवों को साझा किया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास हुआ। शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी राजेश बालवान, प्रवक्ता अंग्रेजी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन में सुरेंदर सिंह प्रवक्ता अर्थशास्त्र, बुद्ध राम, अभय सिंह, डॉ. पुखराज, अमित शास्त्री , वीरेंद्र शास्त्री,परमानन्द, सुभाष, सत्यप्रकाश, वेदप्रकाश मान, विनोद शर्मा एवं शिव कुमार, हनुमान का सराहनीय योगदान रहा।
फोटो कैप्शन 02: अमित यादव करियर की जानकारी देते हुए
***प्राचार्य कुतरूं के कारनामे, इसी ब्लाग पर 14 जनवरी से
-पढ़ते रहिये कनीना की आवाज
***साल में एक विज्ञापन भी नहीं दिया
-वो मेरे पास प्रकाशन हेतु न भेजे समाचार




























No comments:
Post a Comment