Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Thursday, February 26, 2026



 




कनीना डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा मेले के दृष्टिगत लगाये भव्य द्वार
-27 फरवरी को है मोलडऩाथ मेला
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा बाबा मोलडऩाथ मंदिर में आयोजित होने वाले मेले के अवसर पर नगर में भव्य स्वागत द्वार लगाए गए। इन द्वारों के माध्यम से आमजन को होली एवं धुलंडी की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं है।
27 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस पावन मेले में श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु किया गया यह प्रयास सामाजिक एकता, संस्कृति और परंपरा को दर्शाता है। अंकुर यादव ने बताया कि
कनीना डेवलपमेंट एसोसिएशन का उद्देश्य केवल आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोडऩा और सकारात्मक संदेश देना है।
फोटो कैप्शन 10: संबंधित है




कैमरों से रखी जाएगी भक्तों पर नजर
-दंगल फुटबाल ग्राउंड में तो ऊंट एवं घोडिय़ों की दौड़ छितरोली मार्ग पर होगी आयोजित
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना के प्रमुख पर्व एवं 27 फरवरी को आयोजित मोलडऩाथ मेले में भक्तों पर नजर कैमरों द्वारा रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की गतिविधि के मद्देनजर कैमरे लगाए गए हैं।
विस्तृत जानकारी देते हुए प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि कैमरों का प्रबंध किया गया है तथा पुलिस प्रशासन भी गतिविधियों पर नजर रखेगा। उधर मोलडऩाथ आश्रम को दुल्हन की तरह सजाया गया है। हर वर्ष मनमोहक दृश्य मोलडऩाथ आश्रम का देखने को मिलता है। यह मेला तीन दिनों तक चलता है। अंत में साधु संतों को विदा किया जाता है।
 उधर दंगल के लिए कनीना के फुटबाल के मैदान को सजाया गया है, लाइट का प्रबंध कर मैदान को समतल करवाया गया है। इसी मैदान में  ऊंट एवं घोडिय़ां अपने करतब दिखाएंगे। विगत वर्ष तो बकरी, ऊंट और घोडिय़ां के करतब देखने के लिए अपार भीड़ जुट गई थी। यहीं पर दंगल भी आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त छीथरोली कच्चे मार्ग पर ऊंट और घोडिय़ां की दौड़ 27 फरवरी को सुबह आयोजित होगी। दूर तरह से भक्त अपने ऊंट एवं घोडिय़ों को लेकर मैदान में पहुंच गए हैं। मोलडऩाथ मेले में जहां शक्कर का प्रसाद बांटा जाएगा और अर्पित किया जाता है वहीं अनेक भंडारे भी आयोजित होंगे। योगेश कुमार कनीना दुकानदार ने बताया कि वे भी भंडारे एवं भक्तों के के लिए प्रसाद निर्मित करवा रहे हैं।
 उधर मोलडऩाथ के पुराने जोहड़ को पानी से भरवा दिया गया है। जहां वक्त स्नान करके संत के के दर्शन कर सकते हैं। झूले और सामान बेचने वाले दो सप्ताह सेे अपनी जगह रोककर बैठे हुए हैं। मोलडऩाथ आश्रम पर प्रसाद बनाने के लिए हवाई भी जुटे हुए हैं। इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता है कि शक्कर का प्रसाद अर्पित किया जाता है। संत मोलडऩाथ ने मांदी, नीमराना, रोडवाल, ढाणी बाटोठा, कांवी भोजावास, मानसरोवर एवं रोड़वाल आदि स्थानों पर याद किया जाता है। वहीं आश्रम भी रोड़वाल में बना हुआ है। 76 वर्षों पहले संत मोलडऩाथ ने प्राण त्यागे थे और उन्हें इसी आश्रम के नीचे दफनाया गया था। उन्हें बालकनाथ, मोलडऩाथ, मोलड़ और खेड़ा वाला आदि नाम से जाना जाता है। मोलडऩाथ पर कई पुस्तकें, आरतियां एवं बाबा चालीसा कनीना के लेखक डा. होशियार सिंह यादव द्वारा प्रकाशित करवाई हुई हैं। उनका शोध कार्य अभी चला हुआ है।
 फोटो कैप्शन 6:सजाया हुआ मोलडऩाथ संत आश्रम
07: हलवाई प्रसाद तैयार करते हुए
08: वह मार्ग जहां ऊंट एवं घोडिय़ों की दौड़ होनी है





पेंशन बहाली की मांग को लेकर बुजुर्गों ने एसडीएम कनीना को सौंपा ज्ञापन
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
 गुरुवार को कनीना एवं आसपास के क्षेत्रों के बुजुर्गों ने अपनी बुढ़ापा पेंशन दोबारा शुरू करवाने की मांग को लेकर एसडीएम डा. जितेंद्र अहलावत के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बुजुर्गों ने कहा है कि उनकी पेंशन बंद होने से उनके सामने जीवन यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बुजुर्ग चंपा देवी, संतोष देवी, पार्वती, शेर सिंह एवं भीम सिंह ने बताया कि वे सभी गरीब परिवारों से संबंध रखते हैं और उनका गुजारा मुख्य रूप से वृद्धावस्था पेंशन पर ही निर्भर था। पेंशन बंद होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि भोजन की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो रहा है। बुजुर्गों ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से अपील करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव सरकार का समर्थन किया है और अब आवश्यकता के समय उन्हें सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि उनकी बुढ़ापा पेंशन शीघ्र प्रभाव से पुन: शुरू की जाए ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।
  इस दौरान रतिराम, खुशीराम, अतर सिंह, पूनम चंद, रोहित, धर्मपाल, बनारसी देवी, उमराव, भीम सिंह, शेर सिंह सहित अन्य बुजुर्ग भी उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में पेंशन बहाली की मांग का समर्थन किया।
फोटो कैप्शन 09: पेंशन बहाली की मांग को लेकर ज्ञापन देते हुए





खाटू श्याम के लिए भक्तों का जाना बंद किंतु जैतपुर के लिए भारी संख्या में जा रहे भक्त
-  भक्तों के लिए लगाये गये शिविर भी होने लगे हैं बंद
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
 राजस्थान में  रिंगस से 17 किलोमीटर दूर खाटू धाम पर जाने वाले भक्तों की संख्या नगण्य हो गई है क्योंकि अधिकांश भक्त खाटू धाम जा चुके हैं। 27 फरवरी को सबसे बड़ा मेला लगता है। इसलिए भक्तों को जाना बंद हो गया है किंतु कनीना क्षेत्र से अभी भी खत जैतपुर धाम जाने का सिलसिला जारी है भारी संख्या में भक्त जैतपुर धाम पर जा रहे हैं। जैतपुर धाम पर लंबी कतार लग गई है और अब दर्शनों के लिए धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं।
 उधर नरेश कुमार शिक्षक ने अपनी पत्नी बबीता सहित खाटू धाम पर चार दिनों में चलकर निशान अर्पित किया वही निर्मल शास्त्री नांगल हरनाथ ने  कनीना के श्याम भक्त एचएस यादव संग अपना निशान जैतपुर धाम अर्पित किया। सारा वातावरण खाटू के जयकारों से गूंज रहा है।
 फोटो कैप्शन 5: भारी संख्या में भक्त जैतपुर धाम पर निशान अर्पित करते हुए




दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ समापन
-अव्वल को दी गई ट्राफी
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
एआईटी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन में दो दिवसीय सालाना स्पोर्ट्स मीट फरवरी 2026 की खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हुई। समापन समारोह में खेलों में भाग लेने वालों को मेडल, ट्राफी और सर्टिफिकेट दिए गए।
एआईटी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन एडवोकेट विनय कुमार यादव ने समापन समारोह में विद्यार्थियों को खेलों के महत्व एवं जि़ंदगी में खेलकूद की उपयोगिता की व्याख्या की। उन्होंने विद्यार्थियों को कालेज के कार्यक्रम में ज़्यादा से ज़्यादा हिस्सा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। चाहे वह खेलकूद हो या कोई शैक्षिक उत्सव विद्यार्थियों को आगे आना चाहिए। चेयरमैन ने विजेता टीम के साथ-साथ रनर अप टीम को भी नकद इनाम प्रदान किया । चेयरमैन द्वारा बोर्ड परीक्षा में कालेज टापर छात्रों को भी पुरस्कार दिया गया। प्राचार्य डा. बिजेंद्र सिंह यादव ने इस गतिविधि को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए स्टाफ सदस्यों रामभगत, संजीत, नवनीत,  विजयवीर, गौरव,  प्रियंका, प्रीति यादव,  मंजीत, संदीप, पवन, राकेश, कपिल,  निशु,  जतिन और बीर सिंह का आभार जताया।
फोटो कैप्शन 03: खेलों में अव्वल को ट्राफी देते हुए



दिल के अरमां आंसुओं में बह गये......
30 सालों की सेवा देकर वीरेंद्र सिंह संस्कृत शिक्षक होंगे सेवानिवृत्त
-हनुमान का रोट भी किया आयोजित
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
कनीना उपमंडल के गांव ढ़ाणा निवासी वीरेंद्र सिंह यादव 30 सालों की सेवा देकर  28 फरवरी को सेवानिवृत्त होंगे। उन्होंने हाल ही में हनुमान जी का रोट कार्यक्रम आयोजित कर अपनी सेवानिवृत्ति पर खुशी जताई। सरकारी सेवा से पहले वे 1 अप्रैल 1992 से 10 जनवरी 1996 तक एमआर हाई स्कूल मोहनपुर नांगल में हैडमास्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। अप्रैल 98 से जुलाई 2005 तक आल इंडिया रेडियो रोहतक में उद्घोषक के रूप में पार्ट टाइम सेवाएं दी हैं।
सरकारी सेवा में 1996 में आये। 16 जनवरी 1996 से 31 जुलाई 2006 तक राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढाणी इसराना में जेबीटी अध्यापक के रूप में कार्य किया। 1 अगस्त 2006 से 31 जुलाई 2007 तक राजकीय प्राथमिक पाठशाला सुंदरह में जेबीटी अध्यापक के रूप में कार्य किया। 1 अगस्त 2007 से 16 सितंबर 2017 तक राजकीय माध्यमिक विद्यालय कपूरी में संस्कृत अध्यापक के रूप में कार्य किया। 17 सितंबर 2017 से 31 अगस्त 2022 तक राजकीय उच्च विद्यालय रसूलपुर में संस्कृत अध्यापक के रूप में कार्य किया। 1 सितंबर 2022 से 28 फरवरी 2026 तक पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोजावास में संस्कृत अध्यापक के रूप में कार्य किया।  
सामाजिक कार्य-गांव में समाज के हर काम में बढ़ चढ़कर भाग लिया व पूर्ण सहयोग किया। तीन भांजियों व एक भतीजी की शादियां की गई। गांव ढाणा में संयुक्त परिवार की एक मिसाल पेश की है। उनकी इच्छा संस्कृत प्राध्यापक की थी किंतु सरकार ने पदोन्नति नहीं की और उनके अरमान मिट्टी में मिल गये।
फोटो कैप्शन: विरेंद्र सिंह संस्कृत अध्यापक



विद्यार्थियों ने देखी हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही
--उन्हाणी कालेज की छात्राओं ने देखा सत्र
















*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। राजकीय कन्या महाविद्यालय, उन्हानी की छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत चंडीगढ़ में  हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस अवसर पर छात्राओं ने प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयकों पर चर्चा तथा सदन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गहन जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान छात्राओं को विधानसभा भवन की संरचना, विधायी प्रक्रिया तथा राज्य सरकार की कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया गया। यह अनुभव छात्राओं के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
इस शैक्षिक भ्रमण के सफल आयोजन में अटेली की विधायक एवं हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव का विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से छात्राओं को विधानसभा की कार्यवाही निकट से देखने का अवसर प्राप्त हुआ। महाविद्यालय परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डा. विक्रम सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ते हैं तथा उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करते हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय भविष्य में भी छात्राओं के समग्र विकास हेतु ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।भ्रमण में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण भी छात्राओं के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। छात्राओं ने इस अवसर को अपने शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताया।
फोटो कैप्शन 01: मंत्री आरती सिंह राव के साथ विद्यार्थी एवं शिक्षक


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ
-खंड कनीना में 1639 परीक्षार्थी उपस्थित रहे,14 अनुपस्थित
*****************************************
*********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो गईं। परीक्षा के पहले दिन गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। कनीना शहर के एकमात्र परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा आरंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों को नकल रहित एवं निष्पक्ष परीक्षा देने की शपथ दिलाई गई। परीक्षा की ओपनिंग के समय उप जिला शिक्षा अधिकारी डा. दिलबाग सिंह  उपस्थित रहे उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने का आह्वान किया तथा ईमानदारी से परीक्षा देने की अपील की। मुख्य परीक्षा अधीक्षक नरेश कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी पूर्वक परीक्षा देने तथा किसी भी प्रकार के बाहरी तत्वों या अनुचित साधनों से दूर रहने का आह्वान किया।
केंद्र अधीक्षक अशोक कुमार एवं उपाधीक्षक विजयपाल ने भी परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा संचालन में लिपिक कश्मीरी निमल सहित समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
परीक्षा केंद्र पर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
खंड कनीना में 1639 परीक्षार्थी उपस्थित रहे,14 अनुपस्थित--
कनीना खंड के 9 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 1639 परीक्षार्थी उपस्थित रहे,14 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यकारी खंड शिक्षा अधिकारी सुनील खुडानिया ने बताया कि 9 परीक्षा केंद्र दस जमा दो के हैं तो इतने ही केंद्र दसवीं की परीक्षा के हैं।
फोटो कैप्शन 02: नकलरहित परीक्षा देने की शपथ लेते विद्यार्थी



No comments: