Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Friday, August 14, 2026



 


स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा, राव तुलाराम शहीदी स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
-तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों की तादात में जुटे लोग
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
 स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अगुवाई में महेंद्रगढ़ जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के रंग में सराबोर इस यात्रा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों लोगों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत अटेली क्षेत्र के बजाड़ के पास से शुरू हुई। प्रारंभिक चरण में यात्रा वाहनों के काफिले के रूप में निकली, जो अटेली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और अटेली कस्बे के प्रमुख बाजारों से होते हुए नारनौल पहुंची। नारनौल शहर में यात्रा का कई स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। इसके बाद यात्रा रेवाड़ी रोड, बस स्टैंड, महावीर चौक और महेंद्रगढ़ रोड से गुजरते हुए भाजपा जिला कार्यालय पहुंची।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 9 अगस्त को नारनौल से प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया था और उसी कड़ी में जिले में यह यात्रा आयोजित की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा उन लाखों वीरों के बलिदान का प्रतीक है, जिनके संघर्ष और त्याग से देश को आजादी मिली। यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति तभी संभव है, जब सभी नागरिक जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और समाज के विकास में योगदान दें।
आरती सिंह राव ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। स्वास्थ्य विभाग आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
भाजपा कार्यालय से इसके बाद पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो महेंद्रगढ़ रोड से होते हुए नसीबपुर स्थित राव तुलाराम शहीदी स्मारक पहुंची। यहां स्वास्थ्य मंत्री ने 1857 की क्रांति के महानायक राव तुलाराम तथा स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले हजारों अनाम शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राव तुलाराम शहीदी स्मारक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा राव तुलाराम की वीरता और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। यह स्मारक आज भी युवाओं को राष्ट्रप्रेम, त्याग और देशसेवा की प्रेरणा देता है तथा हरियाणा के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाता है।
तिरंगा यात्रा में अटेली के अलावा नारनौल, महेंद्रगढ़ और नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का उत्साह और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव, जिला उपाध्यक्ष धीरज यादव, युवा नेता राजेश उर्फ बंटी के अलावा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 07:तिरंगा यात्रा की अगुवाई करती स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव।



एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर हुई चर्चा
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आज कनीना एसडीएम एवं 68-अटेली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी डा. जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान डा. जितेंद्र सिंह ने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में नाम जोडऩे, कटवाने और संशोधन से संबंधित प्रपत्र संख्या 6, 7 और 8 की सूची के साथ-साथ फार्म 9, 10, 11, 11ए तथा 11बी वितरित किए। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित सभी प्रकार की सुनवाई अब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के स्तर पर की जा रही है। ऐसे में कोई भी मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ के समक्ष उपस्थित होकर अपनी सुनवाई करवा सकता है।
एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि वे इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना पूर्ण और सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित इस सुनवाई प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो पूनम, पूजा खींची सुपरवाइजर, बीजेपी से राजेंद्र लांबा, बीएसपी से तुषार ताहिल एवं रविन्द्र कुमार, इनेलो से करण सिंह मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 06: राजनीतिक दलों के साथ बैठक करते एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह।



एसडी विद्यालय में धूम-धाम से मनाई हरियाली तीज
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
हरियाली तीज के अवसर पर एस डी विद्यालय ककराला में बच्चों ने बड़े हर्षोल्लास से विभिन्न गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभाते हुए इस उत्सव को मनाया। विद््यार्थियों ने मधुर गीतों द्वारा श्रावण के महत्व व प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य एवं महिलाओं द्वारा की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला। बच्चों ने झूलों पर एवं पतंग बाजी में बड़ा उत्साह दिखाया एवं भरपूर मनोरंजन किया। विद्यालय के झूलों को बड़े सुन्दर तरीके से सजाया गया व मेहंदी प्रतियोगिता, तीज थाली सजावट, पोस्टर मेकिंग में बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने नृत्य कला के माध्यम से अपने विचारों एवं भावों की प्रस्तुति दी। नन्हें विद्यार्थियों ने तीज के अवसर पर मनमोहक पोशाक पहनी हुई थी जिससे दृश्य देखते ही बनता था।
विद्यालय चेयरमैन जगदेव यादव ने विद्यार्थियों, स्टाफ एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी व बताया कि हरियाली तीज श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाया जाता है जो चारों तरफ हरियाली व खुशहाली का प्रतीक होता है। यह त्योहार विभिन्न त्योहारों के आगमन का भी प्रतीक है। इस समय प्रकृति का नजारा अद्भुत होता है जो उत्साह प्रतीक है। इस समय वर्षा का अधिक प्रभाव होता है सम्पूर्ण प्रकृति में हरियाली की चादर सी बिछी होती है इसलिए इस त्योहार को हरियाली तीज भी कहा जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक ओम प्रकाश यादव, सीईओ रामधारी यादव, उप निदेशक पूरण सिंह, कोर्डिनेटर स्नेह यादव, ईश्वर सिंह, प्रियंका यादव, बिंदु सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 05: हरियाली तीज का पर्व मनाते हुए





स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
बीआर आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेहलंग में आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन हरिश भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या ज्योति भारद्वाज ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरिश भारद्वाज एवं प्राचार्या ज्योति भारद्वाज ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
प्राचार्या ज्योति भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना की।
मुख्य अतिथि हरिश भारद्वाज ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें आजादी दिलाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अनुशासन, ईमानदारी और कड़ी मेहनत को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा शिक्षा के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। चेयरमैन हरिश भारद्वाज एवं प्राचार्या ज्योति भारद्वाज ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।





दिन भर छाए रहे बादल नहीं हुई कनीना में वर्षा, कुछ क्षेत्रों में हुई सुबह वर्षा
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
क्षेत्र में पिछले दो दिन से आसमान में बादल छाए हुए है लेकिन वर्षा नहीं हुई है। अच्छी बरसात की आस देख रहे किसानों को सिर्फ सब्र का घूट पीना पड़ा। पिछले चार दिनों से क्षेत्र में अचानक उमस बढ़ चुकी थी जिस कारण जन जीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि गुरुवार सुबह कनीना क्षेत्र के गांव रसूलपुर में सुबह अच्छी वर्षा हुई जिससे ग्रामीणों को गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 17 अगस्त तक क्षेत्र में हल्की से मध्यम बरसात होने का अंदेशा जताया गया है। पिछले वर्ष की तुलना में अब की बार 22 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। और क्षेत्र में अगस्त माह में लगभग 36 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। किसान अजीत, सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह ने बताया कि बाजरे के लिए यह वर्षा बहुत ही लाभकारी सिद्ध होती है जो फसल के पकने का अंतिम चरण है इसके बाद कटाई का कार्य चालू हो जाएगा ।
फोटो कैप्शन 03: क्षेत्र के आकाश में छाए बादल



नपा कर्मचारियों की हड़ताल नौवें दिन भी रही जारी, प्रदर्शन हुआ तेज
हौसले हुए बुलंद , कहा झुकेंगे नहीं हक के लिए लड़ेंगे
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना में नगरपालिका के कर्मचारियों की हड़ताल लगातार नौवें दिन भी सुचारु रूप से चलती रही। दिन भर सरकार विरोधी नारे लगते रहे। वहीं संघ के प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि हमारे हौसले बुलंद है और तब   तक नहीं झुकेंगे। जब तक सरकार हमारी मांगे नहीं मानेगी। प्रदर्शन करना हमारा हक है। मौजूदा सरकार को हमारी मांगे माननी होगी। अनिल कुमार ने बताया कि हमें  नगरपालिका में काम करते 18 साल हो चुके है और नियम के अनुसार रेगुलर 10 साल की सेवा दे चुके कर्मचारियों को नियमित करने की पालिसी होती है । हड़ताल में संघ प्रधान अनिल कुमार, संजय, सुभाष, करमवीर , रमेश,राजेश,सोनू, नरेंद्र, नवीन,पवन , बिमला, शशि बाला,योगेश, राकेश, सुनील,अशोक, कुलदीप , प्रदीप, रत्न लाल इत्यादि कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 04: धरने पर बैठे सफाईकर्मी





बाजरे की फसल देख किसान खुश
- सावन माह में हो चुकी है 50 एमएम वर्षा
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
 सावन माह में अब तक 50 एमएम वर्षा होने के बाद अब बेहतर फसल होने के आसार बन गए हैं। बाजरा और कपास की खड़ी फसल में रौनक आ गई है। पतंगबाजी में तेजी आ गई है।
 पूर्व खंड कृषि अधिकारी डा. देवराज यादव ने बताया कि वर्षा से फसलों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि इस समय 15 हजार हेक्टेयर पर बाजरा उगाया गया है वर्षा का  फसलों के लिए अमृत साबित होगा। किसानों ने इस समय अपने खेत की निराई कर रखी है। बाजरा बड़ा हो गया है जिनको पानी की जरूरत थी। पानी की पूर्ति होने से फसलों में आब आ गई है। किसान अपनी फसलों को देखकर खुश नजर आये।
 उन्होंने बताया कि क्षेत्र की भूमि बालू प्रधान है जो जल्दी पानी को सोख लेती है। इसलिए चाहे अधिक बारिश भी होगी तो किसानों के लिए लाभ होगा। पछैती एवं अगेती दो प्रकार की बिजाई किसानों ने इस वर्ष की है।
  किसानों ने बताया कि दो प्रकार की फसल खेतों में उगाई गई है- अगैती तथा पछेती फसल। अगैती अब बड़ी हो चुकी है जबकि पछेती फसल अभी छोटी है। कृषि अधिकारी भी वर्षा को फसल के अनुकूल बता रहे हैं।
कनीना क्षेत्र में किसानों की बाजरे की फसल पकान के पूरे यौवन पर है। विगत समय में अच्छी वर्षा होने का परिणाम माना जा रहा है। अब बाजरे में भुट्टे आ गए हैं और किसान अपने बाजरे के भुट्टे को देखकर खुश नजर आ रहे हैं।
 किसान भरत सिंह, कृष्ण कुमार, महेश कुमार, सूबे सिंह आदि से बात हुई। उन्होंने बताया कि अब अधिकतम 30 दिनों के बाद फसल कटाई शुरू हो जाएगी। बाजरे की कटाई सितंबर के तीसरे सप्ताह में शुरू हो जाएगी और सितंबर के अंत तक पूरी फसल कटाई हो चुकी होगी। इस बार बाजरे का समर्थन मूल्य 2775 रुपये प्रति क्विंटल रखा है जो बेहतर भाव है। क्षेत्र के किसानों का कहना है किसान बाजरे की फसल विशेषकर चारे के रूप में उगते हैं। चारे के साथ-साथ अन्न की पैदावार भी हो रही है। सरकार मोटे अनाज पर जोर दे रही है। दक्षिण हरियाणा मोटे अनाज के रूप में बाजरा अधिक उगाता है। हर वर्ष भारी मात्रा बाजरे की पैदावार होती है।
   किसानों का कहना है कि सरकार को मोटे अनाज पर अधिक जोर देना चाहिए ताकि बाजरे की मांग बढ़े। बाजरे से न केवल मुर्गी दाना, पशु चारा अपितु उद्योग धंधे भी आश्रित है, वही खाने के रूप में भी बाजरे का उपयोग किया जाता है। बाजरा अति पौष्टिक अन्न माना जाता है। डाक्टर और वैद्य श्रीकिशन,बाल किशन, डा.अजीत कुमार और डा. वेद प्रकाश ने बताया कि बाजरे के खाने से शरीर में कई बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है। जिनको गेहूं नहीं सुहाता और शरीर में एलर्जी पैदा करता है उनके लिए बाजरा बेहतर अनाज है। मोटा अनाज होने के कारण इसकी पौष्टिकता भी अधिक है। किसानों का मानना है कि अब फसल पकान के पूरे यौवन पर है और जल्दी ही फसल पककर तैयार हो जाएगी। यदि बीच अवधि में वर्षा होती है तो भी लाभ है और नहीं होती तो भी कोई विशेष दिक्कत नहीं आएगी।  ऐसे में किसान चाहते हैं कि बाजरे की फसल बेहतर पैदावार दे।
फोटो कैप्शन 02: बाजरे की फसल को निहारता किसान





20 वर्षीय लड़की लापता, लापता होने का मामला दर्ज
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज। 
कनीना उपमंडल के तहत एक गांव से 20 वर्षीय लड़की लापता हो गई। वह कालेज में पढऩे के लिए गई थी लेकिन घर वापस नहीं लौटी। उसके पिता ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि 12 अगस्त को सुबह 10 उसकी लड़की कालेज का नाम लेकर घर से निकली थी किंतु शाम को घर वापस नहीं आई। आसपास हर जगह पता किया किंतु कहीं नहीं मिली। उन्होंने शक जताया है कि उनकी लड़की को किसी ने किसी गुप्त स्थान पर छुपा रखा है। कनीना पुलिस ने लापता होने का मामला दर्ज कर लिया है।



सड़क मार्ग की जर्जर हालत, ठीक करवाने की उठी मांग
******************************************************************
************************************************************
******************************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना-महेंद्रगढ़ मार्ग पर नायरा पेट्रोल समक्ष से गुजरने वाले धनौंदा- चरखी दादरी को जाने वाला मार्ग नायरा पेट्रोल पंप के समक्ष बहुत जर्जर हालत में हो चला है। एक और जहां गंदा नाला भी इधर से गुजरता है वही चौड़े चौड़े गड्ढे बन गए हैं। जब कभी वर्षा होती है तो इनमें पानी खड़ा हो जाता है और निकल पाना कठिन हो जाता है। जब वर्ष का जल भर जाता है तो यह गड्ढे दिखाई नहीं देते जिसमें दोपहिया वाहन चालक गिरकर गंभीर चोटिल हो रहे हैं। वैसे भी उन्हाणी पुल निर्माण के कारण इस मार्ग से होकर महेंद्रगढ़, धानोंदा एवं चरखी दादरी आदि की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ गई है परंतु प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
 राहगीर नरेश कुमार, दिनेश कुमार, सुरेश कुमार, महेश कुमार आदि ने बताया कि लंबे समय से राहगीर परेशान हैं। जब से उन्हाणी पुल का निर्माण जारी है उन्हें इधर से गुजरना होता है। वैसे भी धनौंदा जाने के लिए यह छोटा मार्ग है किंतु यहां के गड्ढे समस्या बनते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का निदान किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
 फोटो कैप्शन 01: नायरा पेट्रोल पंप समक्ष धनौंदा को जाने वाला जर्जर मार्ग









No comments: