Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Monday, April 6, 2026





 
 कोरियावास मेडिकल कालेज में राव तुलाराम अस्पताल के ओपीडी व रेडियोलाजी विभाग का उद्घाटन
-सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता :आरती सिंह राव
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।।
हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास (नारनौल) में नवनिर्मित राव तुलाराम अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और रेडियोलाजी विभाग का उद्घाटन किया। नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अस्पताल में ओपीडी सेवाओं का शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आमजन को बेहतर उपचार के लिए कहीं दूर न जाना पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। आमजन को बेहतरीन और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फिलहाल यहां पर 100 सीटों पर एमबीबीएस के दाखिले हैं। अब प्रयास है कि 150 सीटों पर एमबीबीएस के दाखिले हों।
उन्होंने कहा कि यह तो उनके एक साल के कार्यकाल का छोटा सा ट्रेलर था फिल्म अभी बाकी है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि राव तुलाराम अस्पताल में इन विभागों के विधिवत संचालन से अब स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को विश्वस्तरीय रेडियोलाजी जांच और विशेषज्ञों का परामर्श मिल सकेगा। आने वाले समय में यहां और भी अधिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के नाम से इस अस्पताल का नामकरण होना हम सबके लिए गर्व की बात है।
मेडिकल कालेज के निदेशक डा. बृजेंद्र सिंह ढिल्लों ने मेडिकल कॉलेज में चल रही सुविधाओं की जानकारी दी।
इस मौके पर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार, पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक के वाइस चांसलर डा. एचके अग्रवाल, बीजेपी के जिला अध्यक्ष डा. यतेंद्र राव तथा सीएमओ डा. अशोक कुमार के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 09 से 11: महर्षि च्यवन मेडिकल कालेज कोरियावास में नवनिर्मित राव तुलाराम अस्पताल के ओपीडी व रेडियोलाजी विभाग का उद्घाटन करती स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव।



कनीना में जनगणना 2027 प्रशिक्षण शिविर शुरू,
-- जिला स्तरीय प्रशिक्षकों ने दिया मार्गदर्शन
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
भारत की आगामी जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से कनीना क्षेत्र में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 06 अप्रैल से 08 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना मंडी एवं माडल स्कूल कनीना में किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन चार्ज (सेंसस) अधिकारी एवं नगर पालिका सचिव कपिल कुमार के निर्देशन में किया जा रहा है।
शिविर के प्रथम दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक द्वारा किया गया। उन्होंने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण में कुल 38 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के जेबीटी, पीजीटी एवं पीआरटी अध्यापक शामिल हैं। इन प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देश, डेटा संकलन प्रक्रिया तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
चार्ज अधिकारी नगर पालिका सचिव कपिल कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए पावर पाइंट प्रेजेंटेशन, डिसप्ले एवं माडल डेमोंस्ट्रेशन का सहारा लिया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला स्तरीय प्रशिक्षक डा. हरिओम भारद्वाज एवं डा. संदीप कुमार सहायक प्रोफेसर, राजकीय पीकेएसडी महाविद्यालय कनीना द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
डा. हरिओम भारद्वाज ने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्र किए गए आंकड़ों को पूर्णत: गोपनीय रखते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य करना आवश्यक है। वहीं डा. संदीप कुमार ने इसे केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना बताते हुए प्रगणकों को इसकी अहम कड़ी बताया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के वीरेंद्र कुमार, सुपरवाइजर सुरेंद्र यादव, ममता यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण शिविर के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे जनगणना कार्य को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।
फोटो कैप्शन 06 व 07: जन गणना का प्रशिण देते हुए तथा प्रशिक्षण पाते शिक्षक



तमन्ना ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पाया दूसरा स्थान
--राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंदरह की छात्रा तमन्ना
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
3 अप्रैल 2026 को मोहाली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता- किस में कितना है दम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंदरह की छात्रा तमन्ना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया तथा दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा ,पंजाब, राजस्थान, गुजरात ,उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल सहित लगभग भारत के 15 राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय परिवार और ग्राम वासियों में खुशी का माहौल है । विद्यालय परिवार ने छात्रा कि इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार  और ग्राम वासियों में खुशी का माहौल है । विद्यालय परिवार ने छात्रा कि इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय के प्राचार्य  बाबूलाल यादव ने इस सफलता का श्रेय छात्रा की लगन परिश्रम एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
फोटो कैप्शन 08: छात्रा तमन्ना उपलब्धि दिखाते हुए








ताऊ देवीलाल की पुण्यतिथि मनाई
--धनौन्दा में धूमधाम से मनाई गई पुण्यतिथि
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
बसपा के तत्वावधान में देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि गांव धनौन्दा में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर बसपा नेता अतरलाल एडवोकेट ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर चौधरी देवीलाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा के जिला जोन प्रभारी पंडित लालचंद शर्मा ने की।
  इस अवसर पर अतरलाल ने कहा कि चौधरी देवीलाल किसानों और कमेरों के मसीहा थे। किसानों के लिए किए गए उनके कार्य ऐतिहासिक हैं। वृद्धावस्था पेंशन की शुरुआत कर उन्होंने वृद्धों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया। उनका प्रसिद्ध नारा - लोकराज लोकलाज से चलता है, सदा सर्वदा देश के हुक्मरानों को नैतिकता के साथ जनहितैषी शासन के लिए प्रेरित करता रहेगा। वे 36 बिरादरी के नेता थे। समाज के सभी वर्गों के उत्थान और भलाई के लिए किए गए उनके कार्य सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित कैप्टन ओमपाल सिंह ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से चौधरी देवीलाल के जीवन और कार्यों का अनुसरण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बहुजन समाज पार्टी के जिला जोन प्रभारी पंडित लालचंद शर्मा ने चौधरी देवीलाल को गरीब, किसान और पिछड़ों का रहनुमा बताते हुए चौधरी देवीलाल के जनकल्याणकारी कार्यों की चर्चा की। सतपाल सिंह थानेदार ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने गांवों में अनुसूचित जाति चौपाल और पिछड़ा वर्ग चौपालों का निर्माण करवाकर समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ाने का काम किया। औमप्रकाश यादव और पवन प्रजापत ने चौधरी देवीलाल के जीवन और कार्यों के बारे में विस्तार से बताया और युवाओं से चौधरी देवीलाल के आदर्शों पर चलने की अपील की। इस अवसर पर प्रोफेसर सुभाषचंद यादव, प्रोफेसर नवीन जांगड़ा, मुकेश कुमार, गुरूदत्त पंच, राजबीर गौड़, प्रशांत, बीर सिंह, दीपक, राजकुमार, सोनू, परमजीत कौशिक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन 04: चौधरी देवीलाल के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए नेताजी अतरलाल व अन्य गणमान्यजन।


विश्व स्वास्थ्य दिवस -7 अप्रैल
स्वास्थ्य की ओर दिया जा रहा है कम ध्यान --खाने पीने की बदल गई है आदतें
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जा रहा है। क्योंकि कभी भी स्वास्थ्य के लिए विशेष ध्यान दिया जाता था किंतु आजकल स्वास्थ्य के प्रति लोगों का रुझान घटता जा रहा है। लोग खानपान, रहन-सहन आदि के तरीकों में परिवर्तन करते ला रहे हैं जिसका कु-प्रभाव उनके स्वास्थ्य पर पड़ता है। आज युवा पीढ़ी, विद्यार्थी वर्ग, शिक्षक वर्ग या किसान वर्ग हो सभी परेशानियों से जुड़ते नजर आते हैं और खाने-पीने पर बहुत कम ध्यान दे पाते हैं। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कुछ लोगों से चर्चा की गई।
***खाने पीने की आदतों में सुधार होनी चाहिए। समय पर खाना लेना चाहिए और वह भी संतुलित आहार लेना चाहिए, फास्ट फूड से बचना चाहिए तथा बाजार की चीजों की बजाय घर पर बना कर खाएं तो बेहतर हो सकता है। यदि स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए तो साबुत अनाज खाने चाहिए, सलाद पर भी जोर देना चाहिए, पर्याप्त मात्रा पानी भी पीना चाहिए। अक्सर एक ही प्रकार के खाने से व्यक्ति का स्वास्थ्य सही नहीं रह सकता। स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए सभी पोषक तत्वों की जरूरत होती है।
-- डा जितेंद्र मोरवाल
स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए दिनों दिन बढ़ रहे फास्ट फूड से ध्यान हटाना होगा। हर वर्ग का ध्यान फास्ट फूड की ओर जाता है। जितनी अशुद्धता से फास्ट फूड बनता है, वह देखकर ही पता लगाया जा सकता है किंतु लोगों का रुझान इस कदर बढ़ गया है चाहे गंदगी भरे वातावरण में गंदे हाथों से भी फास्ट फूड खाने में खुशी महसूस कर रहे हैं। यही उनकी के स्वास्थ्य को गिराने का एक प्रमुख कारण रहा है। ग्रामीण क्षेत्र भी आज स्कूली बच्चे हो या छोटे बच्चे विशेष कर पैकेट कुरकुर,े चिप्स आदि को अधिक प्रयोग करते हैं जो उनके स्वास्थ्य को गिरता है।
--- निर्मल कुमार नांगल हरनाथ
युवा वर्ग आजकल हुक्का, चिलम, सिगरेट आदि की शौकीन होता जा रहा है।  दूध, पनीर, मक्खन छाछ और सूखे मेवे आदि का कम प्रयोग करते हैं। बुजुर्ग भी दूध और लस्सी के सहारे जीवन जी गए हैं और बेहतर जीवन की कर गए हैं। उनके खाने में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होती थी। आज युवा पीढ़ी खाने का विशेष ध्यान नहीं देती यही उनकी स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं बढ़ रही है।
-- अजीत कुमार कनीना निवासी
अकेले खाने ही नहीं सोने की आदतें, पढऩे की आदतों में सुधार करना होगा। अक्सर खाने के लिए समय कम देते हैं और अधिक से अधिक धन कमाने के पीछे दौड़ते रहते हैं। जो उनकी मानसिकता पर बुरा प्रभाव डालता है। यदि इंसान को स्वस्थ रहना है तो उसे हल्का-फुल्का व्यायाम करते हुए नियमित रूप से खाना खाकर, नियमित रूप से सोना चाहिए। तभी जाकर अपने स्वास्थ्य को बनाए रख सकते हैं। यदि किसी प्रकार की दिक्कत शरीर में आती है तो डाक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
--- कुलदीप बोहरा
फोटो कैप्शन:डाक्टर जितेंद्र मोरवाल, कुलदीप बोहरा तथा अजीत कुमार, निर्मल कुमार



भतीजी के जन्मदिन पर दीपक कुमार वशिष्ठ ने लगाया गुड़हल का पौधा
- दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
जनशक्ति विकास संगठन के अध्यक्ष दीपक कुमार वशिष्ठ ने अपनी भतीजी पूर्वी के तीसरे जन्मोत्सव को एक अनोखे और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कनीना स्टेशन के पार्क में गुड़हल (हिबिस्कस) का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में परिवार के सदस्य, बुजुर्ग एवं बच्चे भी शामिल हुए और सभी ने मिलकर पौधारोपण किया। नन्ही पूर्वी के हाथों पौधा लगवाकर यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता बचपन से ही  शुरू होनी चाहिए। दीपक कुमार  वशिष्ठ ने कहा कि आज के समय में बढ़ता प्रदूषण और घटते पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए बड़ी चुनौती हैं। यदि हर व्यक्ति अपने जन्मदिन, वर्षगांठ या किसी विशेष अवसर पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो हम आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण दे सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि जनशक्ति विकास संगठन लगातार पौधारोपण, हरित अभियान और पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
इस मौके पर पूर्वी के दादा समाजसेवी सुरेश कुमार वशिष्ठ, बहन प्रियांशी और भाई रिहान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड संघ चालक शिवकुमार अग्रवाल, स्टेशन मास्टर अशोक यादव, प्रियंका और मेहरवानी  मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 01: पौधारोपण करते हुए दीपक


स्याणा स्कूल प्रांगण में हवन आयोजित
-कड़ी मेहनत और योजनाबद्ध पढ़ाई के लिए सभी ने शपथ ली
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय , स्याणा में हवन करके नए बच्चों का विद्यालय में स्वागत किया गया तथा प्रवेश उत्सव मनाया गया। बच्चों को नये सत्र में कड़ी मेहनत और योजनाबद्ध पढ़ाई के लिए सभी ने शपथ ली। हवन में गांव के बड़े बुजुर्ग सूबेदार वासुदेव ,राम सिंह, एसएमसी उप प्रधान संदीप जी एसएमसी सदस्य सुशीला देवी एवं गांव के अन्य गणमान्य  व्यक्ति उपस्थित हुए। इस हवन में विद्यालय का पूरा स्टाफ शामिल हुआ व सभी ने मिलकर शपथ ली कि हम कड़ी मेहनत से बच्चों को संस्कारों के साथ पढ़ाएंगे।
 विद्यालय प्राचार्य प्रवीण कुमार ने मां सरस्वती से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए  प्रार्थना  की। हवन के माध्यम से इतिहास प्रवक्ता सूरत सिंह ने बच्चों को व उपस्थित गण मान्य लोगों को हवन का अर्थ बताया कि हवन से वातावरण के साथ-साथ मन भी शुद्ध होता है। अत: इन्होंने भी प्रार्थना की ,कि बच्चे अपनी कड़ी मेहनत के साथ अपने भविष्य की लकीरों को स्वयं लिखे। जिससे इनका आने वाला समय उज्ज्वल रहे द्य हवन में पवन कुमार प्रवक्ता गणित ,राजेश कुमार प्रवक्ता हिंदी ,राजेश कुमार  प्रवक्ता अंग्रेजी ,माया जी संस्कृत अध्यापिका , अशोक कुमार , हितेन्द्र , हनुमान लिपिक, जगवंती , प्रियंका, सुनीता ,सुरेंद्र व मुन्नी देवी उपस्थिति रही।
फोटो कैप्शन 02: हवन करके स्याणा स्कूल में नए सत्र का शुभारंभ करते हुए




पूर्व तहसीलदार ने की गौशाला में गायों की सेवा
-दिया गौशाला को 51 हजार रुपए का योगदान
**************************************************
*************************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
व्यक्ति का पद और हैसियत कभी भी माता-पिता से बड़ा नहीं हो सकता। ये विचार पूर्व तहसीलदार महेंद्र सिंह मोरवाल ने  श्रीकृष्ण गौशाला कनीना में गोसेवा करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमारा संपूर्ण जीवन हमारे माता-पिता की अमूल्य देन है। यदि हम उनके जीवित रहते हुए उनकी सेवा और सम्मान नहीं करते, तो हमारा पद, प्रतिष्ठा और धन सब निरर्थक हो जाता है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे अपने माता-पिता के त्याग और संस्कारों को कभी नहीं भूल सकते, क्योंकि उन्होंने अपना सर्वस्व संतान के लालन-पालन में समर्पित कर दिया।
श्री मोरवाल ने कहा कि आज गौशाला में आकर गौमाता के सान्निध्य में उन्हें ऐसा अनुभव हुआ, मानो उनकी मां स्वर्ग से उन्हें आशीर्वाद प्रदान कर रही हों। उल्लेखनीय है कि उनकी माता चमेली देवी पत्नी स्व. मांगेराम मोरवाल का कुछ दिन पूर्व ही निधन हुआ था। अपनी माता जी की पावन स्मृति में मोरवाल ने गौशाला को 51,000 रुपये की श्रद्धांजलि स्वरूप भेंट अर्पित की।
इस अवसर पर श्रीकृष्ण गौशाला कनीना के प्रधान भगत सिंह एवं समस्त कार्यकारिणी ने मोरवाल का गौशाला प्रांगण में अभिनंदन करते हुए उनके इस पुण्य कार्य के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मास्टर भूप सिंह, रमेश सत्संगी, सूबेदार मेजर महेंद्र सिंह, सूबेदार मेजर राजेश कुमार, कप्तान दीनदयाल, पूर्व पार्षद राजेंद्र, ओमप्रकाश आर्य भडफ़, सत्यवीर , उपप्रधान दिलावर सिंह, बलवान सिंह आर्य, जितेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 03: गायों की सेवा में पूर्व तहसीलदार कनीना

 

















 

कनीना में सोमवार शाम को चली आंधी
-हुई बूंदाबांदी


No comments: