614 क्विंटल सरसों की निजी स्तर पर हुई खरीद
- गेहूं की कुल खरीद 13763 क्विंटल पहुंची
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। कनीना की नई अनाज मंडी स्थित चेलावास में सरसों और गेहूं की खरीद जारी है। जहां सरकारी तौर पर सरसों की कोई खरीद नहीं हो पाई है। मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार को 614 क्विंटल निजी स्तर पर सरसों खरीदी गई जिसका भाव 6210 से लेकर 6410 रुपए प्रति क्विंटल तक रहा। अभी तक कल निजी स्तर पर कुल 11507 क्विंटल सरसों खरीदी जा चुकी है जिसमें से 7865 क्विंटल की लिफ्टिंग हो चुकी है। उधर गेहूं की अब तक कुल खरीद 13763 क्विंटल पहुंच गई है। गेहूं के गेट पास 16628 क्विंटल के जारी हो चुके है लेकिन बाकी 2845 क्विंटल गेहूं की खरीद अभी नहीं हो पाई है जिसकी बोली लैगनी बाकी है। शुक्रवार को एक सौ जमीदारों की 3239 की क्विंटल गेहूं खरीदी गई। अब तक 501 किसानों का गेहूं खरीदा जा चुका है। 1570 क्विंटल गेहूं की लिफ्टिंग भी की जा चुकी है। क्योंकि खरीद जोर शोर से जारी है। अब भविष्य में गेहूं की खरीद की आवक और खरीद बढऩे की संभावना है।
फोटो कैप्शन 10: कनीना अनाज मंडी में गेहूं की खरीद का नजारा
दौंगड़ा अहीर में स्कूल रेडीनेस मेला आयोजित
- बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में गांव दौंगड़ा अहीर स्थित आंगनवाड़ी कम प्ले स्कूल में सत्र 2026-27 के तहत स्कूल रेडीनेस मेले का आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी सुपरवाइजर पूजा खींची ने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम सरपंच सुनीता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि मुख्य अध्यापिका मनोज यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। जिला समन्वयक पोषण अभियान अनूप सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
मेले में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हर वर्ष की भांति आयोजित यह मेला नए सत्र की शुरुआत के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगाया गया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियां करवाई गईं और उनकी प्रगति के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार किए गए।
मेले में विभिन्न विकासात्मक स्टाल लगाए गए, जहां बच्चों को गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिला। मुख्य अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की ऊंचाई और वजन मापकर उनके स्वास्थ्य की जांच भी की गई। इस अवसर पर एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, बच्चों के टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अनूप सिंह ने पोषण ट्रैकर के उपयोग और महत्व पर प्रकाश डाला।
सुपरवाइजर पूजा खींची ने बताया कि मेले के माध्यम से पोषण पखवाड़ा, ईसीसीई दिवस एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। बच्चों को शिक्षा का पेड़ गतिविधि के जरिए सीखने के लिए प्रेरित किया गया तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को रोकने और 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओÓ अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि सरपंच सुनीता ने स्वच्छता के महत्व पर बल दिया, जबकि अध्यापिका मनोज यादव ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में राकेट लर्निंग से योगिता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बलजीत, कृष्णा, उर्मिला, कैलाश, प्रेमलता, संतोष सहित एएनएम, आशा वर्कर एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 08: दौंगड़ा में रेडीनेस मेले का नजारा
किसान जोर शोर से पैदावार लेने में लगे
-सरसों की इकट्ठी की गई फसल नीचे से गई है सड़
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र के किसानों ने जहां 20000 हेक्टेयर पर सरसों और करीब 9000 हेक्टेयर पर गेहूं की फसल उगाई थी। किसान बार-बार मौसम की मार झेलते हुए आखिरकार एक बार फिर से फसल को सुखाकर पैदावार लेने लग गए हैं क्योंकि गेहूं की लावणी अभी चल रही और अधिकांश किसानों ने सरसों की पैदावार ले ली है। लेकिन जिन किसानों की सरसों की फसल काटकर इकट्ठी की हुई थी वह अंदर से सड़ गई है, काली पड़ गई है, फंगस लग गया है।
किसान सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह, अजीत कुमार, महेंद्र सिंह आदि ने बताया कि बार-बार वर्षा के कारण इकट्ठी की गई सरसों फसल नीचे से काली ही नहीं पड़ी अपितु सरसों के खराब होने की संभावना बढ़ गई है, फंगस लग गया है।मौसम के आगे किसान मजबूर हैं। गत दिनों से मौसम न खुलने के कारण अपनी फसल पैदावार नहीं ले पाए थे और जोर-जोर से फसल पैदावार ले रहे हैं आने वाले समय पता लग पाएगा किसान कैसे पैदावार ले पाते हैं क्योंकि आए दिन तेज हवाएं चल रही है जिसके कारण उनकी इकट्ठी की हुई फसल उडऩे की संभावना बन जाती है।
फोटो कैप्शन 09: सरसों की जमा फसल नीचे से काली पड़ी
कनीना में छापेमारी के दौरान 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
-उपभोक्ता सुरक्षित पीएनजी कनेक्शन लें : अरुण सैनी
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार के मार्गदर्शन में जिला महेंद्रगढ़ में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
सहायक आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की टीम ने आज कनीना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए विशेष छापामार कार्रवाई की। इस छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर ध्यान सिंह एवं सब इंस्पेक्टर संदीप द्वारा किया गया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्पष्ट कर चुका है कि व्यवसायिक स्थानों पर घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की 6 जांच टीमों द्वारा एक माह से जिला महेंद्रगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों जैसे नारनौल शहर, महेंद्रगढ़ शहर, सतनाली, कनीना, अटेली और नांगल चौधरी में अब तक कुल 28 छापेमारी की जा चुकी हैं। इस दौरान 199 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने आमजन से भी अपील की है कि वे घरेलू गैस का दुरुपयोग न करें और यदि कहीं भी ऐसी अनियमितता दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग या हेल्पलाइन नंबर 01282-251249 पर सूचित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 21 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं जो प्रतिदिन औसतन 4000 से 5000 सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को कर रही हैं और जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें और अधिक सुरक्षित विकल्प के रूप में पीएनजी लाइन को अपनाएं।उपभोक्ता माय अडानी एप के माध्यम से घर बैठे आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
फोटो कैप्शन 07: कनीना क्षेत्र में जब्त किए गए सिलेंडर
कुतरूं प्राचार्य के कारनामे-21 सोमवार को 13 अप्रैल को
-कुतरूं को नमन किया वो दुख पाया, डांट मारकर ही काम करवा पाया
कनीना मंडी में सड़क दुर्घटना में महिला के पैर की हड्डी टूटी
-कनीना उप नागरिक अस्पताल भर्ती फिर हायर सेंटर रेफर
शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सशक्त कर रही हरियाणा सरकार
-जिला महेंद्रगढ़ में निपुण मिशन से संवर रहा बच्चों का भविष्य
-चैंपियन टीचर्स की नई सोच और आधुनिक तकनीक से आगे बढ़ेंगे विद्यार्थी
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार प्रदेश के प्राथमिक शिक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में आज उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिला स्तरीय संचालन समिति की एक बैठक ली।
बैठक में निपुण हरियाणा मिशन के तहत अब तक की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों के सीखने के स्तर (लर्निंग आउटकम) को सुधारने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है ताकि प्रत्येक बच्चा कक्षा के अनुरूप मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सके।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में संपन्न हुए थर्ड पार्टी इवैल्यूएशन सर्वे और सेंसस 2.0 के परिणामों का सूक्ष्म विश्लेषण किया।
उन्होंने उन क्षेत्रों और विद्यालयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जहाँ परिणाम अपेक्षाकृत कम रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि मेंटर्स और शिक्षा अधिकारियों द्वारा स्कूलों का दौरा केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता न होकर धरातल पर शैक्षणिक सुधार लाने वाला होना चाहिए।
नारनौल के 20 स्कूलों में चल रहे उपचारात्मक शिक्षण और महेंद्रगढ़ ब्लॉक के लिए तैयार की गई 45 दिवसीय विशेष कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जाए।
आगामी दो महीनों की प्राथमिकताओं को बताते हुए उपायुक्त ने चैंपियन टीचर्स पहल और स्कूलों को गोद लेने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया।
बैठक में आधुनिक शिक्षण विधियों के उपयोग के संबंध में उपायुक्त ने संपर्क फाउंडेशन और अन्य तकनीकी सहयोगियों के साथ मिलकर पढ़ाई को सरल व प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
जिला समन्वयक डॉ. विक्रम सिंह ने पीपीटी के माध्यम से जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी लक्ष्यों का खाका पेश किया।
उपायुक्त ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और शिक्षकों का निरंतर मार्गदर्शन करने की हिदायत दी ताकि महेंद्रगढ़ जिला प्रदेश भर में अग्रणी बना रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया, निगम आयुक्त रणवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक, जिला परियोजना समन्वयक अशोक कुमार, जिला समन्वयक एफएलएन डॉ. विक्रम सिंह, एसपीआईयू सदस्य स्नेहा बिष्ट, संपर्क फाउंडेशन से दुर्गा प्रसाद व मनीष कुमार सहित जिले के सभी उप-जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
आगामी गर्मी के सीजन को लेकर जिला प्रशासन की पूर्व तैयारी
-इंसान, पशु-पक्षियों और फसलों की सुरक्षा हम सब की जिम्मेदारी
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने आने वाले समय में पडऩे वाली गर्मी और संभावित हीटवेव (लू) से निपटने के लिए अपनी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। इसी कड़ी में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने आज जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य भविष्य की चुनौतियों के लिए पहले से तैयार रहना है, ताकि इंसान, पशु-पक्षियों और फसलों पर गर्मी के प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके।
डीसी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे आने वाले समय की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी से सुरक्षा आडिट की प्रक्रिया पूरी कर लें। सभी विभागों को अपने अग्नि सुरक्षा उपकरणों (फायर आडिट) की जांच करने और उन्हें चलाने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते की गई तैयारी ही किसी भी आपात स्थिति से बचाव का सबसे कारगर तरीका है।
बैठक में कृषि विभाग को निर्देश दिए गए कि वे थ्रेसिंग के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और खरीफ की बिजाई के लिए किसानों को अभी से जागरूक करें। वहीं, पशुपालन विभाग को पशुओं के स्वास्थ्य के मद्देनजर जरूरी दवाइयों का स्टॉक सुनिश्चित करने और आने वाले दिनों के लिए उचित एडवाइजरी तैयार करने को कहा गया।
उपायुक्त ने वन विभाग को निर्देश दिए कि जंगलों में जंगली जीवों और पक्षियों के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की योजना बनाएं और वन मित्र के जरिए जनता में जागरूकता फैलाएं।
उपायुक्त ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि वे जिले के सभी तालाबों को भरने की व्यवस्था करें ताकि गर्मी बढऩे पर जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
शहरी क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को लेकर उपायुक्त ने नगर निकायों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों में पेयजल की व्यवस्था, जगह-जगह प्याऊ और मटके रखवाने की योजना अभी से तैयार की जाए। नागरिकों को जागरूक किया जाए कि वे आने वाले दिनों में गर्मी से बचने के लिए छतों पर सफेद पेंट या चूने की लिपाई जैसे पारंपरिक तरीके अपनाएं।
उपायुक्त ने ऊर्जा की बढ़ती मांग को देखते हुए गैर-परंपरागत ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और बिजली बचत पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने लेबर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए ईंट भ_ों पर काम करने वाली लेबर के लिए छाया, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा के सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे कर लें।
हरी खाद उगने पर किसानों को मिलेगी एक हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि
-दलहनी फसलें उगाने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार ने मिट्टी की सेहत सुधारने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन के तहत, सरसों और गेहूं की कटाई के बाद हरी खाद या दलहनी फसलें उगाने वाले किसानों को 1,000 रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
यह जानकारी देते हुए उप कृषि निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि ढैंचा, मूंग, अरहर, मोठ, सोयाबीन, लोबिया, उड़द और ग्वार जैसी फसलों की बिजाई करने वाले किसान इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। यह राशि सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 15 अप्रैल तक मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करना होगा और बिजाई की फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
उन्होंने किसानों से विशेष अपील की है कि वे इन फसलों की बिजाई के 7 से 8 सप्ताह बाद इन्हें काटकर खेत की मिट्टी में ही मिला दें। ऐसा करने से खेत में जैविक कार्बन का स्तर बढ़ता है और मिट्टी की पानी सोखने की शक्ति में वृद्धि होती है, जिससे आने वाली अगली फसलों की पैदावार भी बेहतर होती है।
मुख्यमंत्री की इस योजना का मुख्य उद्देश्य रसायनों के प्रयोग को कम कर हरियाणा की कृषि भूमि के स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखना है।
झाड़ली में आठवां पोषण माह शुरू, महिलाओं को स्वास्थ्य व पोषण के प्रति किया जागरूक
- 23 अप्रैल तक चलेंगे कार्यक्रम, संतुलित आहार व स्वच्छता पर दिया गया जोर
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। उपमंडल के गांव झाड़ली में आठवें पोषण माह का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 23 अप्रैल तक चलाया जाएगा, जिसके तहत महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी वर्करों व स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को संतुलित आहार, साफ-सफाई और बच्चों के समुचित विकास के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सही खानपान, टीकाकरण और गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर विशेष जोर दिया गया। सुपरवाइजर अनीता यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पोषण माह का मुख्य उद्देश्य कुपोषण को दूर करना और समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान घर-घर जाकर महिलाओं को पोषक आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इस मौके पर सरपंच सुशीला देवी, आशा वर्कर मौसम, सुनीता, अरुण सहित गांव की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर पोषण माह को सफल बनाने का संकल्प लिया।
फोटो कैप्शन 05: झाड़ली में जानकारी देते हुए
अब हर माह दूसरे रविवार को चलेगा विशेष टीकाकरण
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकार , एसएमओ रेनू वर्मा एवं सतीश कुमार बीइइ के दिशा निर्देश के अनुसार महीने के दूसरे रविवार को कनीना के उप-नागरिक अस्पताल में बच्चों को विशेष टीकाकरण किया जाएगा। जिनको टीका अभी नहीं लगा है या वह किसी कारणवश नहीं लगवा पाए तो वो इस दिन टीकाकरण करवा सकता है।
सतीश कुमार ने बताया इस टीकाकरण के तहत पांच बच्चे वर्ष के बच्चों को डीपीटी, 10 से 11 वर्ष के बच्चों को टीडी, 15 से 16 वर्ष के बच्चों को टीडी, गर्भवती महिलाओं को जिनका टीका नहीं लगाया गया है उनको भी टीका लगाया जाएगा।
फोटो कैप्शन: सतीश कुमार बीइइ
ग्राम पंचायत गोमली की महिला सरपंच को किया सम्मानित
-जिला उपायुक्त द्वारा उत्कृष्ट कार्यों के चलते दिया सम्मान
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। कनीना उप-मंडल के गोमली की महिला सरपंच उर्मिला शास्त्री को उपयुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने एक समारोह में उत्कृष्ट कार्य, स्वच्छता, गंदे पानी की निकासी आदि के लिए सम्मानित किया है। सम्मान में प्रमाण पत्र, सिल्वर पदक देकर सम्मानित किया है। इस अवसर पर रामरतन शर्मा जेई, दयानंद नंबरदार ,पंकज शर्मा, बजरंग यादव पंच आदि ने उन्हें बधाई दी है। सरपंच को बधाई देते हुए बताया कि गांव की महिला सरपंच उर्मिला शास्त्री इमानदार, लगनशील है तथा चौमुखी विकास करवा रही है। ग्रामीणों ने सरपंच को बधाई दी और पूरा सहयोग का आश्वासन दिया।
फोटो कैप्शन 05: महिला सरपंच को सम्मानित करते जिला उपायुक्त
एसडी विद्यालय ककराला की छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर कमाया नाम
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। एसडी विद्यालय ककराला ने मेरा भारत बजट प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक नई उपलब्धि हासिल की है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 12 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें विद्यालय की छात्रा गरिमा ,कक्षा 12वीं, ने अंतिम चरण तक पहुंचकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रधानाचार्या शिप्रा सारस्वत को विभिन्न शिक्षाविदों, अभिभावकों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा हार्दिक बधाई प्रेषित की गई। सभी ने उनके कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायक नेतृत्व में विद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
इस सफलता के पीछे शिक्षक धनराज यादव का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट की तैयारी में छात्रा का मार्गदर्शन किया। उनकी मेहनत और छात्रा की लगन ने इस उपलब्धि को संभव बनाया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा गरिमा को 5100 रुपए नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा अभिभावकों को भी बधाई दी गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या शिप्रा सारस्वत ने जानकारी दी कि गरिमा आगामी 13 अप्रैल को हरियाणा एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बजट एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सीधा संवाद करेंगी।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन जगदेव यादव ने छात्रा गरिमा, शिक्षक धनराज यादव एवं समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सच्ची लगन, एकाग्रता और निरंतर परिश्रम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या शिप्रा सारस्वत, प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य, सीईओ आरएस यादव, डिप्टी डायरेक्टर पूर्ण सिंह, कोआर्डिनेटर स्नेहलता सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
फोटो कैप्शन 01: छात्रा गरिमा को पुरस्कृत करते हुए स्कूल स्टाफ
शीनू ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, आयकर विभाग में बनीं आफिस सुपरिंटेंडेंट
-पहले ही चांस में पाई सफलता
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि वार्ड 3 निवासी राजेश यादव प्राध्यापक अंग्रेजी एवं श्रीमती रितु यादव की सुपुत्री तथा कप्तान सुमेर सिंह की पौत्री शीनू का चयन आयकर विभाग में आफिस सुपरिंटेंडेंट के पद पर हुआ है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
शीनू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी बाधा सफलता की राह में रुकावट नहीं बन सकती।
परिजनों के अनुसार, शीनू बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहीं। उनकी इस सफलता में उनके माता-पिता और शिक्षकों का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शीनू ने सफलता का श्रेय अपने चाचा संदीप यादव अधिवक्ता एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेणु यादव को व अपने परिवार को दिया
शीनू की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। सभी ने इसे क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
फोटो कैप्शन: शीनू
कांग्रेस कमेटी की बैठक संपन्न
-भीमराव अंबेडकर के जयंती पर आयोजित करेगी कार्यक्रम
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। जिला महेन्द्रगढ़ कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कनीना के बलराम समारोह में जिलाध्यक्ष सत्यवीर यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें पार्टी के कार्यक्रमों के बारे विस्तृत चर्चा की गई ।आगामी 14 अप्रैल को बाबा भीमराव अंबेडकर के जयंती पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
आगामी 15 अप्रैल को प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं राज्य सभा के नवनियुक्त सदस्य कर्मवीर बोध के आगमन पर तैयारियों के लिए विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में इस बात पर भी निर्णय लिया गया ये किस प्रकार से गांव-गांव, गली-गली कांग्रेस का प्रचार किया जाए और किन किन मुद्दों को जिले की जनता के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाए। इसमें मुख्य रूप से पार्टी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजवती यादव उपाध्यक्ष सुमेर चेयरमैन, उपाध्यक्ष कुलदीप भरगढ, प्रोफ़ेसर राजवीर, प्रदीप यादव ,महासचिव रणवीर, महासचिव विनोद शेखावत, महासचिव प्रेम यादव, श्याम सुंदर सोनी, धीरज शर्मा, सोशल मीडिया के जि़,ले के प्रभारी विक्रांत यादव ,सचिव भगवान सिंह इत्यादि लोग मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 02: कांग्रेस की बैठक का नजारा
पीएमश्री भोजावास में रूट्स आफ कल कार्यक्रम का आयोजन
-स्कूल परिसर में लगाए 20 पौधे
**************************************
*******************************************
**************************************
कनीना की आवाज। केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा के एनएसएस वालिंटियर्स द्वारा पीएम श्री भोजावास में रूटस आफ कल पहल के तहत दूसरा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया।
एनएसएस आरडीसी-2026 में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुके सुहेल दास ने केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा के एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया।
विश्वविद्यालय से आए विद्यार्थियों का पीएमश्री की प्राचार्य रेनू मेहरा और वरिष्ठ प्रवक्ता अशोक कुमार द्वारा स्वागत किया गया। स्कूल के एनएसएस प्रभारी राजेश बालवान, इको क्लब के इंचार्ज परमानंद ओर डा. पुखराज यादव द्वारा बच्चों को विद्यालय परिसर का भ्रमण करवाया और विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को विश्वविद्यालय से आए हुए बच्चों को रूबरू करवाया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय से आए हुए बच्चों द्वारा स्कूल परिसर के अंदर लगभग 20 पौधे लगाए और बच्चों से भी अनुरोध किया कि वह पर्यावरण सुरक्षा पर ध्यान दें। विश्वविद्यालय से आए विद्यार्थियों ने बताया कि रूट्स आफ कल पहल के तहत वृक्षारोपण का कार्यक्रम का आयोजन पूरे जिले के सरकारी स्कूलों में किया जाना है।
विश्वविद्यालय से आए हुए स्वयंसेवकों द्वारा स्कूल के स्वयंसेवकों से विचारों का आदान प्रदान किया और उनके साथ मिलकर स्कूल परिसर का भ्रमण किया। विद्यालय परिसर में चल रही विभिन्न लैब के बारे में सुमित पाठक, सत्यप्रकाश ओर डॉ मंजू यादव द्वारा जानकारी दी गई ।
स्कूल के स्वयंसेवकों द्वारा विश्वविद्यालय से आए हुए स्वयंसेवकों से एनएसएस गतिविधियों बारे चर्चा की गई। इस अवसर पर अर्थशास्त्री सुरेंद्र सिंह, डा. विक्रम सिंह, अमित शास्त्री, बुधराम कुलदीप आदि उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 02: रूटस आफ कल के तहत पौधारोपण करते हुए



















No comments:
Post a Comment