Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Friday, April 17, 2026



 


महिला सत्संग मंडल ने गोशाला में की सेवा, 5100 रुपए का दिया सहयोग
-प्रत्येक अमावस्या पर गौशाला में होते है भजन कीर्तन
*********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
महिला सत्संग मंडल की महिलाओं ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर हर अमावस्या की तरह अमावस्या को  श्रीकृष्ण गोशाला में सेवा सत्संग कार्य किया। इस अवसर पर महिलाओं ने कृष्ण भजन, श्याम भजन से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। बाद में सबने गोमाता को हरा चारा, गुड़ व खल खिलाकर पुण्य अर्जित किया।
महिला मंडल की ओर से गोशाला को 5100 रुपए की सहयोग राशि भी भेंट की गई। इस दौरान महिलाओं ने गोसेवा के महत्व को बताते हुए कहा कि गोमाता की सेवा से न केवल आध्यात्मिक शांति मिलती है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।
कार्यक्रम में संतोष देवी, सुनीता देवी, सावित्री देवी, सरोज, उषा, कमला, विमला, सुमन, कृष्णा, पूजा, सुशीला, बाला सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने नियमित रूप से गौसेवा करने का संकल्प लिया।
गोशाला प्रबंधन ने महिला मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।
फोटो कैप्शन 07: महिला मंडल कनीना श्रीकृष्ण गोशाला में सत्संग करते हुए।


कुतरूं के कारनामे-24 पढ़े मंगलवार को
-शकी स्वभाव ने गिराई स्टाफ में कद्र
-जैसा किया वैसा फल पाया





सरकारी दरों पर 170 क्विंटल खरीदी सरसों
-गेहूं की कुल खरीद पहुंची 51070 क्विंटल
*********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
कनीना में पहली बार सरकारी दर पर 170 क्विंटल सरसों 6200 प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी गई। अब तक किसान प्राइवेट स्तर पर सरसों बेच रहे थे।  नई अनाज मंडी स्थित चेलावास में निजी स्तर पर सरसों बेचने वाले भारी संख्या में किसान आ रहे हैं और निजी स्तर पर 17900 क्विंटल सरसों खरीदी जा चुकी है।
 विस्तृत जानकारी देते हुए जगराम यादव सीनियर मैनेजर हैफेड ने बताया कि 170 क्विंटल सरसों सरकारी तौर पर खरीदी गई है। यह पहली बार ही कनीना मंडी में सरसों की सरकारी तौर पर खरीद हुई है।
 उधर अशोक कुमार  डीइओ/डाटा इंट्री आपरेटर ने बताया कि कनीना की अनाज मंडी स्थित चेलावास में अब तक 51070.50 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। सरकारी तौर पर यह गेहूं खरीदा गया है और अब तक 25500 क्विंटल गेहूं का उठान किया जा चुका है।
फोटो कैप्शन 08: कनीना अनाज मंडी में अनाज के लगे ढेर






कनीना में जनगणना प्रशिक्षण के तीसरे चरण का सफल समापन
- 120 प्रतिभागियों ने लिया भाग
*********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना में जनगणना-2027 के अंतर्गत आयोजित तीसरे चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सुरेश कुमार यादव ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय सीमा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ कार्य को संपन्न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला स्तरीय प्रशिक्षक डा. हरिओम भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह चरण हाउस लिस्टिंग कार्यक्रम से संबंधित है, जिसमें प्रत्येक घर की पहचान की जाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से जुड़े सभी 34 बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी तथा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीना मंडी के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने अपने संबोधन में उत्कृष्ट प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रगणक सटीकता, गोपनीयता एवं उत्कृष्टता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादलों पर 31 मार्च 2027 तक रोक लगाई गई है, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षक डा. संदीप यादव ने कहा कि सभी प्रगणक अपने सुपरवाइजरों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित क्षेत्र में कार्य करें, जिससे जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर सहायक चार्ज अधिकारी एवं गिरदावर उमेद सिंह जाखड़, राजेश कुमार गिरदावर, मॉडल स्कूल के प्राचार्य सुनील खुडानिया, प्रोफेसर राजेश कुमार (राजकीय महिला महाविद्यालय), सहायक प्रोफेसर शोएब खान, मनवीर सिंह, शालिनी शर्मा, राजबाला, शीतल चौहान, सुनीता मेहरा, ओमप्रकाश पालीवाल, सरोज यादव, जसवंत सिंह, समर सिंह, पवन कुमार सहित लगभग 120 सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपनी फीडबैक प्रस्तुत की और प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय बताया।
फोटो कैप्शन 05: संबोधित करते बीइओ कनीना सुरेश कुमार


कनीना क्षेत्र में शाम के समय छाए काले बादल
-हुई बूंदाबांदी, किसानों की धड़कन बढ़ी
*********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
कनीना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर पश्चात आकाश में काले बादल छा गये। हल्की बूंदाबांदी भी हुई। यूं तो सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए थे लेकिन दोपहर पश्चात काले बादल छाने से और हल्की बूंदाबांदी आने से किसानों की धड़कन बढ़ गई क्योंकि इस समय गेहूं और सरसों पैदावार लेने का कार्य अंतिम चरण में है। जहां कुछ किसानों ने तो खरीफ फसल के लिए खेतों की तैयारी शुरू कर दी है तथा कूड़ा कचरा और गोबर का खाद खेतों में डालने लग गए हैं। यहां वहां कुरड़ी पड़ी थी वो भी उठा उठा कर खेतों में डाल रहे हैं किंतु इन किसानों की संख्या 20 प्रतिशत के आसपास है। 80 प्रतिशत किसान अभी भी खेतों में पैदावार लेने में लगे हुए हैं जिनमें या तो किसी ने सरसों की पैदावार नहीं ली है या फिर गेहूं की पैदावार नहीं ली है। अनाज मंडी में गेहूं और सरसों बेचने का कार्य पूरे यौवन पर चल रहा है। भारी मात्रा में गेहूं की आवक हो रही है। सरसों भी निजी स्तर पर भारी मात्रा में अनाज मंडी में आ रही है।
 इस बार सरसों निजी स्तर पर बेचने का कार्य त्वरित गति से चल रहा है। सरकारी तौर पर तो अभी तक कोई सरसों नहीं खरीदी है। ऐसे में निजी स्तर पर भाव अधिक मिल रहे हैं।
किसान सूबे सिंह, कृष्णा कुमार, योगेश कुमार, रवि कुमार आदि ने बताया कि कहीं अधिक वर्षा होती है तो उनकी मेहनत फिर से मिट्टी में मिल जाए मिल जाएगी। ऐसे में किस त्वरित गति से पैदावार लेने में लगे हुए हैं। आने वाले समय में पता लग पाएगा कि कब तक अपनी पैदावार किसान ले पाएंगे।
 फोटो कैप्शन 06: आकाश में छाए हुए काले बादल

ओम शिक्षा संस्कार सीनियर सेकेंडरी स्कूल ,पाली का रहा श्रेष्ठ परिणाम
-सीबीएसई 10वीं का रहा 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम
 *********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
ओम शिक्षा संस्कार सीनियर सेकेंडरी स्कूल ,पाली ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में 10वीं कक्षा के बोर्ड परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार पुन: अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो परम योगिराज डा. ओमप्रकाश महाराज एवं शिक्षकों के परिश्रम  का फल  है। इस वर्ष  विद्यालय के 14 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
स्कूल के टापर  छात्र  अर्जुन आर्य ने 95.6 प्रतिशत  अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया तथा दिव्यांशी सिंह ने 89.6 प्रतिशत प्राप्त कर द्वितिय स्थान , प्रतीक्षा भड़ाना ने 86.2 प्रतिशत अंक प्राप्त तृतीय स्थान, जयप्रवेश ने 85.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान , अशिका यादव  ने 84.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान एवं मयूर भडाना ने 82.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छटा स्थान प्राप्त किया है।
 इस शानदार उपलब्धि  ने न केवल विद्यालय बल्कि अभिभावकों को एवं शिक्षकों को भी गौरवान्वित किया है। विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष योगिराज डा. ओमप्रकाश महाराज ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों का समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया है । स्कूल की प्रबंधक डा. राशी, मनोरमा याज्ञिक,  प्राचार्य अंजू कुमारी, शिक्षा निदेशक डा. सुरेश सिंह , स्वामी ऋषिपाल सिंह एवं नरेन्द्र सिंह
ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे अंक लाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारों और नैतिक मूल्यों के साथ एक सफल नागरिक बनाना भी रहा है।
फोटो कैप्शन 04: श्रेष्ठ परिणाम आने पर महाराज विद्यार्थियों को बधाई देते हुए





थाना शहर कनीना पुलिस ने बाइक चोर को पकड़ा,
-- चुराई हुई मोटरसाइकिल बरामद
*********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
थाना शहर कनीना की पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान सुखबीर निवासी ढाणी ठेठरबाद, रेवाड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है।
शिकायतकर्ता दीपचन्द निवासी भिवाड़ी, हाल आबाद कनीना ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि रेवाड़ी रोड कनीना स्थित उनकी वर्कशाप के बाहर से 12 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे उसकी स्पलेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, तो उसमें एक युवक बाइक चोरी करते हुए दिखाई दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 16 अप्रैल को थाना शहर कनीना में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में थाना शहर कनीना पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी सफलतापूर्वक बरामद कर ली है।
फोटो कैप्शन 01: पकड़ा गया बाइक चोर।




पुलिस और पब्लिक के बीच सीधा संवाद
-कनीना में पुलिस ने गांवों में निकाला फ्लैग मार्च
*********************************************
*****************************************
********************************************
कनीना की आवाज।
पुलिस अधीक्षक दीपक के दिशा-निर्देशों के तहत, दिनांक 16 अप्रैल को शाम के समय थाना सदर कनीना के प्रबंधक, आईपीएस वैशाख बागी ने पुलिस बल के साथ कनीना क्षेत्र के पड़तल, भोजावास और सुंदरह गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था को ओर सुदृढ़ करना और पुलिस तथा आम जनता के बीच सीधा संवाद व विश्वास स्थापित करना था।
फ्लैग मार्च के दौरान तीनों गांवों में लोगों के साथ बैठकें भी आयोजित की गईं। इन बैठकों में मुख्य रूप से पुलिस-पब्लिक तालमेल बढ़ाने और नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठकों के दौरान थाना प्रबंधक ने इन तीनों गांवों के सरपंचों, ग्राम प्रधानों और अन्य गणमान्य नागरिकों से सीधा संपर्क किया। उन्होंने विशेष रूप से गांव के युवा वर्ग के साथ बातचीत करते हुए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की सलाह दी। ग्रामीणों और युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि यह किस प्रकार पूरे परिवार और समाज को नष्ट कर देता है। इसके साथ ही, मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी लोगों को सूचित किया गया।
समाज में डिजिटल अपराधों को ध्यान में रखते हुए, ग्रामीणों को साइबर फ्राड के प्रति भी सतर्क किया गया। थाना प्रबंधक ने विस्तार से समझाया कि आजकल साइबर ठग किस तरह से नए-नए तरीके अपनाकर भोले-भाले लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना लेते हैं। उन्होंने लोगों को अपनी निजी और बैंक संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी और बताया कि किसी भी प्रकार की आनलाइन ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना देर किए तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने सरकार और प्रशासन द्वारा महिला सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा को लेकर चलाई जा रही विभिन्न महत्वपूर्ण मुहिमों से भी आमजन को अवगत कराया। सभी ग्रामीणों से सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया। अंत में, उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे निडर होकर पुलिस का सहयोग करें और यदि उन्हें अपने आस-पास किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी, संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की भनक लगती है, तो वे तुरंत थाना प्रबंधक या संबंधित पुलिस अधिकारी को सूचित करें।
फोटो कैप्शन 02: फ्लैग मार्च निकालते हुए पुलिस
           03: ग्रामीणों से संवाद करते हुए पुलिस












No comments: