Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Friday, June 5, 2026



 
भारत निर्माण युवा दल के कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
-व्यक्ति का जीवन खुद के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए समर्पित होना चाहिए : मनोहर लाल
-त्रिवेणी का पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को कनीना उपमंडल के गांव भडफ़ में भारत निर्माण युवा दल हरियाणा की ओर से चलाए जा रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।
उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि अभिमन्यु सिंह यादव के नेतृत्व में युवा पीढ़ी के नैतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय निर्माण के लिए किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय है।
छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनके पिताजी ने उन्हें बचपन से ही सिखाया था कि जीवन में जो भी कार्य करें, वह बड़ा, उद्देश्यपूर्ण और समाजहित में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जीवन केवल स्वयं के लिए नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी समर्पित होना चाहिए। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज एवं भगवान गौतम बुद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि आज उनका स्मरण उनके महान कार्यों, आदर्शों और समाज के प्रति योगदान के कारण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक युवा को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर कर्मपथ पर चलने वाला व्यक्ति सदैव रचनात्मक कार्यों में व्यस्त रहता है, जबकि खालीपन व्यक्ति को कुरीतियों, नकारात्मकता और विनाश की ओर ले जाता है।
युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र को कमजोर करने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने भारत निर्माण युवा दल के नशा मुक्ति अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस अभियान ने प्रदेश में सकारात्मक चेतना और जागरूकता का वातावरण तैयार किया है तथा युवाओं को नई दिशा प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी चीज का नशा करना है तो राष्ट्रभक्ति, सेवा और उत्कृष्टता का नशा करें, क्योंकि यही नशा व्यक्ति और राष्ट्र दोनों को आगे बढ़ाता है।
आधुनिक तकनीक के प्रभाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और टेलीविजन का अत्यधिक उपयोग बच्चों और युवाओं के मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने त्रिवेणी का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
शिविर में उपस्थित युवाओं, प्रबंधकों एवं गणमान्य नागरिकों ने राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
फोटो कैप्शन 09:भारत निर्माण युवा दल के कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल।
   10: मनोहर लाल को स्मृति चिह्न प्रदान करते हुए


चेलावास में कुल्हाड़ी मारकर महिला की हत्या,बीते सालों से चल रहा था जमीनी विवाद
-सात लोगों पर मामला दर्ज, जांच जारी




















**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
कनीना उपमंडल के गांव चेलावास में गुरुवार रात्रि को कुल्हाड़ी से वार कर एक महिला की हत्या कर दी। मृतका के परिजनों ने गांव के ही सात लोगों पर हमला करके हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला के जेठ सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके परिवार में जमीन को लेकर काफी लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। और इस पर पहले भी काफी बार कहा सुनी हो गई थी। शिकायत के अनुसार मृतका ओमपति का मकान आरोपी के मकान से बिलकुल सटा हुआ है। इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। सुरेंद्र ने बताया कि देर रात गुरुवार को उसे मृतका के बेटे जय भगवान का फोन आया। उसने बताया कि उसकी मां के साथ मारपीट कर रहे है। जब हमने जाकर देखा तो अंदर से गेट बंद था और बाहर कुछ लोग लाठी डंडों के साथ खड़े थे। और अंदर से चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही थी। कुछ देर बाद हमलावर बाहर निकल कर आए और धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने डायल 112 पर शिकायत की और घायल अवस्था में सिविल अस्पताल कनीना लेकर आए। वहां पर डाक्टरों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रोहतक ले जाते वक्त उसने दम तोड़ दिया।  क्या कहा सुरेंद्र ने-
 मामला सुरेंद्र चेलावास ने दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा है कि वो पांच भाई हैं। सबसे बड़ा भाई वो स्वयं है तथा छोटा महेंद्र, उसके बाद राज सिंह,  ओमप्रकाश व विनोद हैं। महेंद्र, राज सिंह और ओमप्रकाश का देहांत हो चुका है। राज सिंह की पत्नी ओमपति का जमीन विवाद विनोद से चल रहा है। ओमपति का मकान विनोद की दीवार के साथ लगता है तथा सुरेंद्र का मकान थोड़ी दूरी पर है। गुरुवार रात्रि 12 बजे ओमपति के लड़के जय भगवान का फोन आया और बताया कि घर पर मां के साथ कोई मार पिटाई कर रहा है। जिसके चलते सुरेंद्र दौड़कर वहां गया तो देखा कि ओम पति के घर के बाहर कविता एवं बिमल लाठी लेकर खड़ी थी और घर का द्वार बंद था। घर के अंदर चीखने चिल्लाने की आवाज आ रही थी। तभी अंदर से गेट खुला और खुलते ही अंदर से लखीराम निकाला उसके हाथ में एक फरसा था। बाद में विनोद व संदीप निकले उनके हाथ में बरछी थी। संदीप के साथ दो लड़के थे जिनके उनके नाम वह नहीं जानता वो जैसे वह बाहर आए।
आरोपित सुरेंद्र की तरफ दौड़े जिसने  दौड़कर जान बचाई और 112 पर फोन किया। मौके पर पुलिस आई पुलिस सुरेंद्र को घर के अंदर ले गई। उससे पहले आरोपी सफेद रंग की गाड़ी में फरार हो गए। ओमपति कमरे के फर्श पर खून से लथपथ एवं शरीर पर घाव थे। एंबुलेंस की सहायता से उसे कनीना के सरकारी अस्पताल का ले जाया गया जहां डाक्टरों ने ज्यादा चोट होने के कारण पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। ओमपति को जब रोहतक ले जा रहे थे रास्ते में दम तोड़ दिया।डाक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।
वहीं शिकायत दर्ज होते ही उप अधीक्षक कविता सिंह मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। सुरेंद्र के बयान पर 7 लोगों जिनमें विनोद, संदीप, कविता, बिमला, लखीराम एवं दो अज्ञात पर बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191(2), 331(6), 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



कनीना में पौधारोपण कर मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कनीना रेल वाटिका के अंदर जनशक्ति विकास संगठन के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर  अनेक छायादार पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करना रहा।
जनशक्ति विकास संगठन के अध्यक्ष दीपक कुमार वशिष्ठ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। यदि हम आज पौधे लगाएंगे और उनकी देखभाल करेंगे तो आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और बेहतर जीवन मिलेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। पर्यावरण की रक्षा करना मानवता की रक्षा करना है। प्रकृति हमें जीवन देती है और हमारा कर्तव्य है कि हम इसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं। वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण करना चाहिए। समाज के सभी वर्गों को पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा ताकि आने वाली पीढिय़ों को हरित, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस मौके पर खंड संघचालक शिवकुमार अग्रवाल, जनशक्ति विकास संगठन के सदस्य अमित कुमार,  स्टेशन मास्टर सुमित कुमार, पवन शर्मा, रिहान शर्मा, आरव शर्मा ,चंचल आदि लोग मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 15: पौधारोपण करते हुए



हर गांव त्रिवेणी अभियान का शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
उप मंडल के गांव भडफ में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सर्व कल्याण मंच द्वारा जिलेभर में हर गांव त्रिवेणी अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत नारनौल से विधायक ओमप्रकाश यादव तथा पूर्व शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा के भाई एवं कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने त्रिवेणी पौधारोपण कर की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
सर्व कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष मनीष कौशिक ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के अनेक गांवों में त्रिवेणी पौधारोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत शेष गांवों में भी चरणबद्ध तरीके से पहुंचकर त्रिवेणी लगाई जाएगी। मंच का लक्ष्य पूरे जिले के प्रत्येक गांव में त्रिवेणी स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर गौरी शंकर गर्ग, ओम प्रकाश लिसानिया , सानिया, बुद्धि प्रकाश शर्मा, यतीश गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 14: त्रिवेणी लगाते हुए






शकुन्तला देवी संस्कारों व नैतिक मूल्यों की सजीव पाठशाला थी-डा. यादव
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रवक्ता सचिन शर्मा की पूज्य माता तथा सेवानिवृत्त रेलवे गार्ड सुरेन्द्र शर्मा की धर्मपत्नी स्व. शकुन्तला देवी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन का समाचार मिलते ही सामाजिक, शैक्षणिक, साहित्यिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने गहरा दु:ख व्यक्त किया।
स्वर्गीय शकुन्तला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु वरिष्ठ पत्रकारों, साहित्यकारों, राजनीतिज्ञों ,सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न गांवों के सरपंचों, शिक्षाविदों तथा अनेक गणमान्य नागरिकों ने कनीना स्थित उनके निवास 'शकुन्तला सदन पहुँचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डा. होशियार सिंह यादव ने कहा कि स्व. शकुन्तला देवी संस्कारों व नैतिक मूल्यों की सजीव पाठशाला थीं। उन्होंने अपने जीवन में सदैव सेवा, त्याग, सादगी, पारिवारिक मूल्यों , धार्मिकता एवं मानवीय आदर्शों को सर्वोपरि रखा तथा अपने बच्चों और परिवार को उच्च संस्कारों की अमूल्य धरोहर प्रदान की। उनका स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व, ममता, अनुशासित जीवन एवं नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
सांत्वना व्यक्त करने पहुंचे लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
फोटो कैप्शन: स्व शकुंतला शर्मा






विभिन्न संस्थाओं में किया पौधारोपण
-पेड़ पौधे लगाए तथा सफाई भी की
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं में पौधारोपण किया, पेड़ पौधों की निराई गुड़ाई ककी तथा पानी दिया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेवल में प्राचार्य प्यारे लाल कटारिया व स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अमीन कुमार ने विद्यालय स्टाफ के साथ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाएं। विद्यालय प्राचार्य  के मार्गदर्शन में भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों एवं जीव जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला । विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने जल संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आह्वान किया ।
उधर गांव बूचावास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एक पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई विद्यालय के भूगोल प्रवक्ता  विजय सिंह व प्राइमरी मुख्य शिक्षक कृष्ण कुमार  ने की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह ने सभी को पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य चंद्रभान और वरिष्ठ प्रवक्ता सूबे सिंह ने भी पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना बेहद जरूरी है। इस मौके पर समस्त स्टाफ हाजिर रहा।
उधर पर्यावरण प्रहरी मनोज कुमार ने रामबास में पौधारोपण किया गया। इस अवसर परआम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रकृति को बचाने की शपथ ली। उन्होंने बताया कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। गांव रामबास ने सामूहिक सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
 उधर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगिहार में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रांगण में पौधों की कटाई छंटाई व निराई गुड़ाई की तथा  उनमें खाद पानी दिया विद्यालय में अंग्रेजी के प्रवक्ता मदन मोहन कौशिक ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए तथा उनका संरक्षण करें जल संरक्षण की नवीनतम तकनीक अपनाएं तथा पानी का सीमित मात्रा में प्रयोग करें। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें ,रासायनिक खाद की जगह जैविक खाद के प्रयोग पर बल दें, तथा कूड़े कचरे का प्रबंध सही ढंग से करें, सभी तरह की फिजूल खर्ची बंद करें तभी हमारा पर्यावरण दिवस मनाना सार्थक होगा।
फोटो कैप्शन 03: बेवल स्कूल में पौधारोपण करते हुए
              04: बूचावास स्कूल में पौधारोपण करते हुए
              05:मनोज पर्यावरण प्रहरी आम के पौधे लगाते हुए
               06: अगिहार स्कूल में निराई गुड़ाअई करते विद्यार्थी


9 किलो 33 ग्राम गांजा पत्ती के साथ एक आरोपी काबू, कार की डिक्की में रखे गैस सिलेंडर में छिपा रखा था नशीला पदार्थ
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
सीआईए महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नशा तस्कर को काबू किया है और उसकी कार से भारी मात्रा में गांजा पत्ती बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें तस्कर ने पुलिस से बचने के लिए अपनी गाड़ी भगाने का प्रयास किया लेकिन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया।
घटना के विस्तृत विवरण के अनुसार, सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम बागोत-सेहलंग मार्ग पर 152डी पुलिया के नीचे नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक गुप्त सूचना मिली कि सेहलंग गांव का रहने वाला अनिल अपनी कार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर आ रहा है। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए नशीले पदार्थ को कार की डिक्की में रखे गैस सिलेंडर के अंदर छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए अपनी नाकाबंदी को ओर सख्त कर दिया।
कुछ ही देर बाद एक कार बागोत की तरफ से आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब चालक को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस को देखकर गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेज गति से नौताना गांव के कच्चे रास्ते की तरफ भगा लिया। पुलिस टीम ने तत्परता से गाड़ी का पीछा किया। तेज रफ्तार और भागने की हड़बड़ाहट में आरोपी चालक अपनी कार से नियंत्रण खो बैठा और उसकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक नीम के पेड़ से जा टकराई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक अनिल को काफी चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीण की मदद से घायल को गाड़ी से बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए कनीना के सरकारी अस्पताल भिजवाया।
इसके पश्चात, नशीले पदार्थ की विधिवत तलाशी के लिए पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया। जिनकी देखरेख में क्षतिग्रस्त गाड़ी की तलाशी ली गई। जब गाड़ी की डिक्की में रखे गैस सिलेंडर को खोलकर चेक किया गया, तो उसके अंदर से भारी मात्रा में गांजा पत्ती बरामद हुई। मौके पर ही कंप्यूटर कांटे से जब इसका वजन किया गया, तो सिलेंडर के अंदर से कुल 9 अलग-अलग पैकेट निकले। इन सभी पैकेटों का कुल वजन 9 किलो 33 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद किए गए सभी गांजे के पैकेटों को प्लास्टिक के कट्टों में डालकर सील कर कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में आरोपी अनिल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई कार और बरामद गांजे को जब्त कर लिया है। मामले की आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस अब जांच कर रही है कि आरोपी यह गांजा कहां से खरीद कर लाया था और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था, ताकि नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। जिला पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ यह कड़ा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
फोटो कैप्शन 01: पकड़ा गया व्यक्ति पुलिस संग


पैसे वापस लेने गये व्यक्ति को पीटा, चेक फाड़ा, मामला दर्ज
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना उप-मंडल के गांव भडफ़ में एक व्यक्ति द्वारा दी गई उधार राशि वापस लेने जाने पर पीटा गया और उसका चेक भी फाड़ दिया।
 कनीना पुलिस में सतीश कुमार भडफ़ निवासी ने कहा कि वह मेहनत मजदूरी करता और 4 लाख रुपए रमेश कुमार सरस्वती पब्लिक स्कूल भडफ़ को 3 साल पहले दिए थे। इसके एवज में रमेश कुमार ने चेक दिया था। 16 अप्रैल 2026 को रुपए वापस देने के लिए कहा तो रमेश कुमार ने जवाब दिया कि तुम चेक ले आओ और राशि वापस ले जाओ। जब सतीश कुमार चेक लेकर स्कूल में पहुंचा रमेश कुमार और रविकांत ने उसे एक बंद कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की और चेक छीन कर फाड़ डाला, जान से मारने की धमकी दी। अब तक उन्होंले 4 लाख रुपए वापस नहीं किए हैं। सतीश कुमार ने पैसे वापस न देने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने रविकांत और रमेश कुमार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जांच से जारी है।


 सेहलंग में चला -एक विद्यार्थी - एक पौधे का पौधारोपण अभियान
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
 बीआर डिग्री कालेज, सेहलंग द्वारा एक विद्यार्थी - एक पौधा अभियान का भव्य आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
कालेज परिसर में भी विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कालेज के चेयरमैन हरिश भारद्वाज, वाईस चेयरमैन कृष्ण  भारद्वाज, प्रिंसिपल राकेश कौशिक, समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
 प्राचार्य राकेश कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति मानव जीवन का आधार है। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल एवं हरियाली के बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल विश्व पर्यावरण दिवस पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
यदि प्रत्येक विद्यार्थी प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं उठाए, तो कुछ ही वर्षों में हमारे गांव, कस्बे एवं शहर अधिक हरित एवं स्वच्छ बन सकते हैं। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
चेयरमैन हरिश भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र तथा जलवायु परिवर्तन पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया।
फोटो कैप्शन 02: पौधारोपण करते हुए



भक्त धु्रव और मार्कण्डेय महाराज की कथा सुन भक्त हुए भाव विभोर
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
गांव धनौन्दा के श्री बाबा दयाल मंदिर में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के तीसरे दिन व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक पंडित शिवराम अग्निहोत्री साहित्य आचार्य ने भक्त धु्रव और मार्कण्डेय महाराज की कथा सुनाकर उपस्थित जनों को भाव विभोर कर दिया। आचार्य जी ने कहा कि परमात्मा के प्रति अटल विश्वास और निश्छल भक्ति ही इस घोर कलयुग में भवसागर से पार उतरने का एकमात्र उपाय है। जिस प्रकार भक्त धु्रव ने भगवान में अपनी दृढ़ भक्ति और आस्था से अपना स्थान सदा सर्वदा के लिए अटल बना लिया, उसी प्रकार दृढ़ भक्ति से मानव मात्र का भी सहज ही कल्याण हो सकता है। उन्होंने भागवत कथा को भवतारिणी और सर्व शोकनिवारिणी बताते हुए कहा कि भागवत कथा के दर्शन श्रवण से मनुष्य के जीवन के सभी कष्ट, संशय और त्रिविध दोष दूर होते हैं। जो मनुष्य पूर्ण श्रद्धा और दृढ़ विश्वास से भागवत कथा का पठन - श्रवण - दर्शन करता है वह जीवन में ऊंचाईयों को प्राप्त करता है। इस अवसर पर अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 12: भागवत कथा में उपस्थित श्रद्धालुजन।



कैमला में पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधा लगाकर के पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
**********************************************
*************************************************
*********************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय कैमला में पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधा लगाकर के पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मौलिक मुख्याध्यापक  वीरेंद्र सिंह जांगिड़ ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बताया कि आज पर्यावरण का संरक्षण अति आवश्यक है ।
ग्लोबल वार्मिंग और निरंतर पेड़ों की कटाई आदि के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंचा जा रहा है हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ -पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण करना  और अपने आस-पास के  वातावरण को भरा-भरा बनाना चाहिए और स्वर्ग की कल्पना की जा सकती हैं। शुद्ध वातावरण से मन मस्तिष्क और विचारों की शुद्धता मिलती है। इस मौके पर सतपाल साहब, डिंपल जांगड़ा , मनवीर सिंह विज्ञान अध्यापक ,सुनील कुमार, सुबे सिंह, ईश्वर सिंह समाजसेवक ,दलिप कुमार, राहुल प्रधान, मोनिका, ओम प्रकाश ,अमर सिंह, देवेंद्र  यादव तारामणि देवी ,पिंकी देवी , बबली देवी आदि  उपस्थित रहें।
फोटो कैप्शन 13: पौधारोपण करते हुए।


No comments: