चलते ट्रक का अगला हिस्सा निकला, करीब 50 मीटर बिना पहियों के चला ट्रक
-- बड़ा हादसा टला
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। कनीना में गुरुवार की सुबह सीहोर छितरोली रोड पर रोडिय़ों से भरे हुए चलते ट्रक का अगले पहियों का हिस्सा अचानक निकल गया और ट्रक बिना आगे के पहियों के करीब 50 मीटर सड़क को रगड़ता हुआ चला। गनीमत यह रही कि सड़क पर कोई आम जन नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रक ड्राइवर ने अपनी सूझ बूझ से ट्रक पर नियंत्रण पाया और ट्रक को काबू किया। कुछ समय बाद क्रेन की मदद से ट्रक के फ्रंट एक्सेल को गड्ढे से बाहर निकाला । हादसे में किसी के जान की हानि नहीं हुई। बाद में ट्रक को खाली करवाया गया। ट्रक ड्राइवर ने बताया कि यह सड़क काफी तंग है अगर दूसरा वाहन सामने से आ जाता है तो साइड देने के लिए काफी ध्यान देना होता है क्योंकि इस सड़क पर अकेला वाहन ही निकल सकता है। और वाहन का सड़क से नीचे उतरने का खतरा बना रहता है ।
फोटो कैप्शन 09: ट्राला का पहिया निकलकर दूर गया
कनीना क्षेत्र में हुई 2.5 एमएम वर्षा
-गर्मी से मिली राहत
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में गुरुवार शाम के समय 2.5 एमएम वर्षा हुई जिसके चलते गर्मी से राहत मिली है। विगत दो-तीन दिनों से गर्मी पड़ रही थी जिसके चलते घर के अंदर ठहर पाना भी कठिन हो रहा था। वर्षा के बाद अब राहत की सांस ली है क्योंकि वर्षा होने से पेड़ पौधों को भी लाभ होगा जो झुलस रहे हैं। वहीं सब्जी उगाने वाले भी खुश हैं। कनीना क्षेत्र में कपास भी उगाई गई है वहीं चारा देने वाली फसले भी इस समय चल रही हैं। इस वर्षा का सभी फसलों एवं पौधों को लाभ होगा क्योंकि अधिकांश छोटे पौधे धूप और गर्मी के चलते झुलस गए हैं। अगर कुछ वर्षा होती रही तो निश्चित रूप से पेड़ पौधे बच जाएंगे वरना आने वाले समय में पेड़ पौधे भी नष्ट हो जाएंगे।
किसान खेतों की तैयारी में जुटे हुए हैं। वर्षा होते खेत की तैयारी में लग जाते हैं ताकि ग्वार और बाजार उगाने की तैयारी हो सके। आने वाले समय में ग्वार और बाजरा उगाकर किसान खरीफ की फसल लेंगे।
फोटो कैप्शन 07: कनीना क्षेत्र में होती हुई वर्षा
दौंगड़ा जाट में बेटी बचाओ रैली निकालकर दिया जागरूकता का संदेश
-कन्या भू्रण हत्या को सामाजिक अपराध बताते हुए बेटियों को समान अवसर देने का किया आह्वान
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। लिंगानुपात में सुधार तथा बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से पीएचसी मुंडिया खेड़ा के तत्वावधान में गांव दौंगड़ा जाट में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन पीएचसी मुंडिया खेड़ा के प्रभारी डा. संदीप के मार्गदर्शन में किया गया। रैली के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। प्रतिभागियों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा कन्या भ्रूण हत्या बंद करो जैसे जागरूकता संदेशों वाले नारे लगाकर लोगों को बेटियों के महत्व से अवगत कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बताया कि कन्या भ्रूण हत्या न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है। उन्होंने समाज से बेटा-बेटी में भेदभाव समाप्त करने, बालिकाओं को समान शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया। डॉ. संदीप ने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बेटियों को समान अवसर देना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीएचओ यशवीर, एमपीएचडब्ल्यू ईश्वर, एएनएम ममता बाई, आशा कार्यकर्ता उगनता, बाला देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना देवी तथा हेल्पर अंगूरी देवी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। रैली में ग्रामीण देवेन्द्र, दीपांशु, फूलवती, मुन्नी, सविता, उषा सहित अन्य ग्रामीणों ने भी भाग लेकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।
फोटो कैप्शन 06: दौंगड़ा जाट में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली
झाड़ली में टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित, 123 ग्रामीणों की जांच
-28 संदिग्ध मरीजों के बलगम नमूने जांच के लिए भेजे, टीबी से बचाव के प्रति किया जागरूक
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम एनटीईपी के तहत गुरुवार को गांव झाड़ली में विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रवि कुमार तथा बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता धर्मेंद्र यादव और पूजा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। शिविर में कुल 123 ग्रामीणों की टीबी संबंधी स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान आशा वर्कर मौसम ने ग्रामीणों को शिविर तक लाने और जांच करवाने में सहयोग किया। जांच के दौरान खांसी, बुखार, वजन कम होना तथा अन्य लक्षण पाए जाने पर 28 संदिग्ध मरीजों के बलगम के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सीएचओ रवि कुमार और स्वास्थ्यकर्मी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत प्रत्येक गांव में सक्रिय केस फाइंडिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, शाम के समय बुखार या लगातार वजन कम होने जैसी समस्या हो तो वह तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि टीबी का उपचार पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है। साथ ही उपचाराधीन मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत पोषण सहायता राशि भी प्रदान की जाती है। शिविर के दौरान ग्रामीणों को पौष्टिक आहार, स्वच्छता और टीबी से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।
फोटो कैप्शन 08: गांव झाड़ली में आयोजित टीबी स्क्रीनिंग शिविर
भारत निर्माण युवा दल के शिविर में पहुंची साइबर टीम
-डिजिटल ठगी से बचने के लिए सतर्कता ही एकमात्र हथियार
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। भडफ़ गांव में आयोजित भारत निर्माण युवा दल के प्रशिक्षण शिविर में साइबर क्राइम जागरूकता विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में साइबर टीम ने उपस्थित युवाओं को साइबर अपराधों, आनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा के गुर सिखाए। टीम ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से सतर्कता और जागरूकता के जरिए ही बचा जा सकता है। टीम ने युवाओं को फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, बैंकिंग फ्राड और नकली वेबसाइटों के जरिए होने वाली ठगी के तरीकों से अवगत कराया।
युवाओं को बताया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड रखने और संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सलाह दी। यदि कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। सत्र के दौरान युवाओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका टीम ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ सरल समाधान किया।
फोटो कैप्शन 05: साइबर अपराधों पर गोष्ठी
महिलाओं को लखपति दीदी उद्यमिता योजना का दिया जाए लाभ
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। बसपा के समाजसेवी अतरलाल एडवोकेट ने हरियाणा सरकार से अटेली विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को लखपति दीदी उद्यमिता योजना का लाभ देने की मांग की है।
उन्होंने यह मांग उपमंडल के गांव गाहड़ा, करीरा, भडफ़ में बसपा द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उठाई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लखपति दीदी उद्यमिता योजना को लागू करने में अटेली विधानसभा क्षेत्र के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें अटेली क्षेत्र के अनेक गांवों की महिलाओं से शिकायत मिली है कि उनके गांवों में किसी भी महिला व बहन को लखपति दीदी उद्यमिता योजना से नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सबका विकास तभी संभव है जब प्रत्येक गांव की महिला को अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप आगे बढऩे का मौका मिले। उन्होंने राज्य सरकार से बिना किसी भेदभाव के अटेली हलके की महिलाओं को भी लखपति दीदी उद्यमिता योजना से जोडऩे की मांग की। इस अवसर पर महिलाओं ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ भी न मिलने की शिकायत की। अनेक भवन निर्माण मजदूरों ने श्रमिक कल्याण बोर्ड का पोर्टल बंद होने की शिकायत करते हुए कहा कि उन्हें पोर्टल बंद होने के कारण योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ रही है। इसलिए पोर्टल खोला जाए। उन्होंने कनीना में लेबर ऑफिस खोलने की मांग भी की। अतरलाल ने उनकी मांगों को जायज बताते हुए शासन व प्रशासन तक उनकी समस्याओं को तत्काल पहुंचाने का व निराकरण करवाने का भरोसा दिया। इस अवसर पर अनेक जन उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 04: कार्यक्रम में अतरलाल का स्वागत करते ग्रामीण।
आज के दिन सबसे जरूरी है पर्यावरण सुरक्षा
-बढ़ते ताप एवं आपदाओं से बचने के लिए लगाएं पेड़
विश्व पर्यावरण दिवस -5 जून
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने ,पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। विश्व प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहा है जिसके पीछे मानवीय गतिविधि है। ग्लोबल वार्मिंग चिंता का विषय बना हुआ है फिर भी पर्यावरण को दूषित किया जा रहा है जिसका परिणाम भविष्य में भयंकर हो सकता है। पर्यावरण अगर सुरक्षित नहीं होगा तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ज्यों ज्यों इंसान सभ्य हुआ त्यों त्यों उसने पर्यावरण को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है।
आज के दिन ध्वनि, हवा, पानी सब दूषित होते जा रहे हैं जिसके चलते भारी संख्या में रोग बढ़ते जा रहे हैं। वायु प्रदूषण से अनेक बीमारियां बढ़ी हैं जल प्रदूषण से भी कई बीमारियां हो रही है जिनमें टाइफाइड डायरिया, डेंगू प्रमुख है। अगर स्वास्थ्य को यूं ही प्रदूषित करते रहे तो आने वाले समय में बड़ी समस्या पर्यावरण की उभरेगी। इस संबंध में पर्यावरण प्रेमियों से बात हुई। जिनके विचार निम्न थे-
**इंसान को पर्यावरण सुरक्षित रखने के लिए न केवल अधिक पेड़ लगाने होंगे अपितु वायु को दूषित करने वाले सभी कारकों पर नियंत्रण करना होगा। लोग भारी शोर शराबा करके ध्वनि प्रदूषण करते हैं, डीजे पूरे वेग से बजाये जाते हैं उन पर प्रतिबंध लगाना होगा। यदि फिर भी इंसान नहीं जागा तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। ऐसे में पर्यावरण सुरक्षा करना हम सभी का फर्ज बनता है। जल को बचाना, वायु को प्रदूषित होने से रोकना तथा ध्वनि विस्तार को यंत्रों पर प्रतिबंध लगेगा तब ही पर्यावरण बच पाएगा।
पिछले सात वर्षों से देश भर में एक लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ कार्य करते हुए लगभग पचास हजार से ज्यादा पौधे रोपित किए जा चुके हैं। दस से ज्यादा गांवों के धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थानों पर पेड़ लगवाये, युवाओं में पर्यावरण के प्रति लगाव को जागृत कर पौधरोपण को बढ़ावा दिया हैं। युवाओं को प्रेरित कर अपने जन्मदिन एवं अन्य अवसरों पर पौधरोपण करने की परंपरा का भी आगाज करते हुए पर्यावरण संरक्षण को गति प्रदान की हैं। पैसों से पर्यावरण को नहीं खरीदा जा सकता न ही स्वच्छ बनाया जा सकता है। यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
-----राजेंद्र सिंह समाजसेवी
लगभग 5 सालों से अपनी जन्मभूमि व आस पास के क्षेत्रों को हरा भरा करने के लिए जुटे हुए हैं, खुद अपने हाथों से पौध नर्सरी तैयार करके 20 हजार पौधो से पर्यावरण को संरक्षित कर चुके हैं।
गांव की गलियों में 200 पौधे लगाये ताकि गांव के प्रत्येक व्यक्ति का पौधो से लगाव हो जिसमे बोटल पाम, फाइकस अशोक, कनेर, चंपा जैसे पौधे लगाये। गाव की जंगलात में 1000 छायादार पौधे लगाये साथ ही गाव में फलो का बाग लगाया जिसमे 100 जामुन, 50 जाल, 100 एपल बेर, 50 सेहसुआ जैसे फलो के पौधे लगाए ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ही जीव जंतुओं को खाने के लिए भोजन मिल सके। जंगलात में 100 आर्जुन के औषधीय पौधे लगाये। पिछले 2 वर्ष में हर वर्ष 3000 फलदार पौधे जैसे आम, जामुन, चीकु, अमरुद, कटहल आदि के पौधे वितरित किए। रामबास मे 3 पार्कों का निर्माण किया गया साथ ही हनुमान पार्क में एक हर्बल पार्क का निर्माण किया गया है जिसमे भारी मात्रा में पौधे लगाये हैं। हमें लोगों को वायु प्रदूषण के नुकसान, प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों तथा इन्हें रोकने के उपायों के बारे में जागरूक करना।
---मनोज कुमार रामबास पर्यावरणविद
फोटो कैप्शन : राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार,
अज्ञात चोरों ने चोरी की गाय
- मामला दर्ज
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। कनीना उप-मंडल के गांव खेड़ी तलवाना के नत्थूराम व्यक्ति की गाय अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
उन्होंने कहा कि उनकी गाय 3 साल की थी और ग्याबन होने के लिए प्रतिदिन छोड़ दिया जाता था। सुबह 7 बजे घर का चारा चरकर जाती थी। 24 मई को सुबह गाय घर नहीं आई तथा गांव के बाहर सीमा पर बहुत ढूंढा, कहीं नहीं मिली। लगातार आज तक ढूंढता रहा हूं। जहां वह बैठती थी वहां एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया जहां पता चला कि 23 मई को दिन के 1:13 बजे पर कुछ अज्ञात चोर एक सुपर कैरी में में गाय को चढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने इन चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसआईआर को लेकर एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
-15 जून से शुरू होगा मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनर्निरीक्षण
अभियान
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए आगामी 15 जून से एक विशेष गहन पुनर्निरीक्षण
कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी किया जाएगा।
यह जानकारी कनीना व अटेली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह अहलावत ने आज अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति इस सूची में शामिल न हो पाए, क्योंकि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का पारदर्शी और सटीक होना बेहद जरूरी है।
अभियान के नियमों और समय-सारणी पर प्रकाश डालते हुए एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के लिए 1 जुलाई को अर्हता तिथि (क्वालीफाइंग डेट) निर्धारित किया गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि जो भी नागरिक आगामी 1 जुलाई को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के हकदार होंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान का प्रारंभिक चरण 5 जून से 14 जून तक चलेगा, जिसमें बीएलओ, निर्वाचन अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे, एन्यूमरेशन फार्म भरेंगे और विवरण अपडेट करेंगे। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं को फार्म-6 भी उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि लोग खुद भी वोटर्स आनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
एसडीएम ने बताया कि घर-घर सर्वे के दौरान मृत, स्थानांतरित या अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा जरूरी संशोधन करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रेशनलाइजेशन) भी किया जाएगा ताकि किसी भी बूथ पर मतदाताओं की संख्या तय सीमा से अधिक न हो और एक ही परिवार के सदस्यों के वोट एक ही पोलिंग बूथ पर रहें। इस पूरी प्रक्रिया के बाद 21 जुलाई को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा, जिसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक आम जनता से दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का 18 सितंबर तक पूरी पारदर्शिता से निस्तारण कर आगामी 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
फोटो कैप्शन 01: प्रेस कॉन्फ्रेंस करते एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह।
विशेष गहन पुनर्निरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम ने की बैठक
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) कनीना डा. जितेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, पात्र मतदाताओं के नाम जोडऩे, त्रुटियों के सुधार, स्थानांतरण तथा मृत मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूर्णत: शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है। इस कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बीएलए -1 एवं बीएलए -2 नियुक्त करने का अनुरोध किया ताकि बीएलए के माध्यम से मतदाता सूची के सत्यापन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उपमंडल अधिकारी ने अवगत कराया कि कोई भी बीएलए प्रारूप प्रकाशन से पहले बीएलओ के पास प्रतिदिन 50 गणना प्रपत्र तक जमा करवा सकेगा और उसके बाद दावे तथा आपत्तियों की अवधि के दौरान प्रतिदिन 10 व पूर्ण अवधि के दौरान कुल 30 दावे तथा आपत्तियों के फॉर्म जमा करवा सकेगा
इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो पूनम, भाजपा विधानसभा बीएलए राजेन्द्र, इनेलो हल्का प्रधान कर्ण सिंह, रतन सिंह और जेजेपी से विनय यादव उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 02: राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह।
कनीना पुलिस ने बस स्टैंड पर चलाया साइबर जागरूकता अभियान
- ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के झांसे में न आएं।
******************************************
**********************************************
*****************************************
कनीना की आवाज। साइबर जागरूकता दिवस के तहत कनीना बस स्टैंड पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार और एएसपी फैजल खान के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आम जनता और विशेषकर युवाओं को डिजिटल अपराधों के प्रति सचेत करना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में शिक्षित करना था। इस दौरान बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय युवाओं को साइबर ठगों के नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकें।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट के मामलों पर विशेष रूप से लोगों को जागरूक किया।
इसके साथ ही, पुलिस टीम ने वहां मौजूद युवाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें टेलीग्राम टास्क फ्रॉड और ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के झांसे में आने से बचने की सख्त हिदायत दी। युवाओं को समझाया गया कि घर बैठे कम समय में मोटी कमाई करने, यूट्यूब वीडियो लाइक करने या रेटिंग देने के नाम पर पैसे देने का लालच देने वाले सभी ऑफर पूरी तरह फर्जी होते हैं। शुरुआती दौर में साइबर ठग कुछ पैसे मुनाफे के रूप में देकर लोगों का भरोसा जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम निवेश कराकर ठगी को अंजाम देते हैं। युवाओं को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनवेरीफाइड प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि वे अपने मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें। अक्सर लॉटरी, मुफ्त उपहार या अन्य लुभावने ऑफर देकर फर्जी लिंक भेजे जाते हैं। इन पर क्लिक करते ही फोन हैक हो सकता है। पुलिस ने सभी से अपील की कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो वह बिना समय गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करे।
फोटो कैप्शन 03: साइबर अपराध की जानकारी देते हुए एसडीएम



.jpg)











No comments:
Post a Comment