ताजा समाचार/विडियो/लेख का बेहतर ब्लाग Best Blog for News/Video & Lekh
Saturday, June 20, 2026
छितरोली के छात्र का भारतीय सेना में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। एसडीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, छितरोली के होनहार एवं अनुशासित विद्यार्थी यस लंबा पुत्र दिनेश यादव निवासी सीहोर का भारतीय सेना (टेक्निकल) में चयन होने पर विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों तथा ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि यस लांबा ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह सफलता प्राप्त की है। भारतीय सेना में चयन न केवल उसके परिवार बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उसकी इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करने के लिए उत्साहित होंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि देश सेवा का अवसर प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यस लंबा भारतीय सेना में अपनी सेवाओं के माध्यम से देश, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि यस लंबा शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित विद्यार्थी रहा है। उसकी सफलता विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है और यह साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
फोटो साथ है
योग दिवस-21 जून
योग से बढ़कर कोई साधना नहीं-निलेश
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। योग हमारे राष्ट्र की धरोहर है, और समस्त विश्व के लिए वर्तमान में सबसे बड़ा उपहार है। शारीरिक स्वास्थ्य से लेकर मानसिक शांति तक, बल से लेकर बुद्धि तक और संस्कारों से लेकर समृद्धि तक, योग से प्राप्त किया जा सकता है। विश्व योग दिवस दुनिया के लिए एक बड़ा त्यौहार है।
चित्त की वृत्तियों का निरुद्ध हो जाना योग कहलाता है। महर्षि पतंजलि ने योगदर्शन में योगश्चित्तवृत्ति निरोध सूत्र कहकर यही भाव व्यक्त किए हैं। किन्तु वर्तमान समय में भयावह शारीरिक-मानसिक बीमारियों से मुक्ति के लिए भी योग एक प्रमुख साधन बन गया है। जिसे हम योग चिकित्सा के रूप में जानते हैं। योगेश्वर श्रीकृष्ण भी जीवन में समत्व की भावना और कार्यों को नित्य बेहतर तरीके से करने की एप्रोच को योग परिभाषित करते हैं। यह योग की व्यापक परिभाषा है। वे (योगेश्वर श्रीकृष्ण) साथ ही बताते हैं कि युक्त अर्थात संतुलित आहार -विहार वाले, युक्त कर्मों की युक्त चेष्टाओं वाले तथा युक्त निद्रा वाले साधक के लिए यह योग दुखों को हरने वाला होता है।
2015 से दुनियाभर में मनाया जा रहा योग दिवस उत्सव वर्तमान में योग के महत्व को प्रतिबिम्बित करता है।
केंद्र एवं राज्य सरकारों के सहयोग से हर वर्ष योगदिवस विशेष उल्लास के साथ मनाया जाता है।
2015 में पहली बार मनाए गए विश्व योग दिवस समारोह से लेकर इस वर्ष 12वीं बार मनाए जा रहे योग दिवस कार्यक्रम में प्रत्येक में आम जनमानस का उत्साह देखते ही बन रहा है। पतंजलि योगपीठ सहित अनेकों योग संगठनों के लाखों कार्यकर्ता वर्षों से निशुल्क प्रशिक्षण देते आ रहे हैं। वे निस्वार्थ रूप से व्यवस्थाओं में अपना सहयोग करते हैं। योगऋषि स्वामी रामदेव महाराज ने आधुनिक युग में योग को गुफाओं-कंदराओं और हिमालय की चोटी से निकालकर गली-मोहल्ले, मैदान-पार्क, कार्यालय -विद्यालय और घर -घर तक पहुंचा दिया है।
योग विषय से पीएचडी और यूजीसी नेट परीक्षा में पूरे भारतवर्ष में 5वां स्थान प्राप्त करने वाले निलेश मुदगल कहते है कि हमारा सपना है कि भारत सहित पूरा विश्व योगमय होकर हर प्रकार की दरिद्रता से मुक्त हो। हमारा महान भारतवर्ष ना केवल आर्थिक समृद्धि को प्राप्त करें, बल्कि साथ ही साथ शारीरिक, मानसिक, वैचारिक, आध्यात्मिक और सामाजिक समृद्धि को भी योग द्वारा प्राप्त करके विश्व का पुन: नेतृत्व करे।
फोटो कैप्शन: निलेश मुदगल
ट्रांसफार्मर की क्वायल चोरी,
- अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर की क्वायल चोरी कर ली। कनीना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बिजेंद्र कुमार ,वार्ड नंबर 5 कनीना निवासी शिकायत की है कि उनके ट्यूबवेल से 25 केवीए ट्रांसफार्मर की एचटी और एलटी क्वायल अज्ञात चोर 18 जून की रात को चोरी कर ले गया।
इस संबंध में एसडीओ विद्युत विभाग ने कनीना पुलिस में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज करवा दिया है। विजेंद्र कुमार ने कहा है कि भडफ़ के पास अज्ञात चोर 25 केवीए ट्रांसफार्मर की एचटी एवं एलटी क्वायल चोरी कर ले गया। कनीना पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संगीत गहन साधना का परिणाम है-शिव कुमार
--विश्व संगीत दिवस- 21 जून
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। संगीत एक साधना भी है और संगीत टूटे दिलों का सहारा भी है। संगीत रोगों के ठीक होने में भी अहम भूमिका निभाता है, वही संगीत सुनकर इंसान का मन शांत हो जाता है। संगीत की शिक्षा दी जाती है वही डाक्टर भी संगीत की थेरेपी देते हैं। संगीत पर अनेकों शोध चल रहे हैं जो सिद्ध करते हैं कि संगीत एक बड़ी साधना, कला और योग है। योग के साथ-साथ संगीत भी सुनाया जाता है ताकि ध्यान इधर-उधर ध्यान इधर उधर भंग न हो और योग पर पूरा ध्यान दिया जाए। योग संगीत के क्षेत्र में जहां कितने ही गायक गायिकाओं ने नाम कमाया है। जहां संगीत के क्षेत्र में बड़े-बड़े कलाकार हुए हैं जिनका नाम आज भी लिया जाता है और आगे भी लिया जाता रहेगा संगीत बिना दुनिया अधूरी लगती है।। आजकल तो चाहे किसान ट्रैक्टर चला रहा है या कोई गाड़ी चल रही हो सभी में संगीत चलता रहता है। युवा पीढ़ी तो संगीत के प्रति बहुत अधिक लगाव रखती है। जब भी युवा पीढ़ी कहीं घूमने जाती है बस व ट्रेन में सफर करती है तो संगीत कानों में सुनते जाते हैं।
क्या कहते हैं संगीत के जानने वाले -
संगीत के जाने वाले शिवकुमार जिन्होंने सैकड़ों विद्यार्थियों को संगीत की शिक्षा दी। जिनका पुत्र आकाश पूरे ही देश में संगीत के क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं, का कहना है कि संगीत से बड़ी कोई कला और साधन नहीं है। वे संगीत के प्रति गहन रुचि रखते हैं, इसलिए उन्होंने स्टूडियो भी बनाया तथा संगीत की शिक्षा स्कूलों में जाकर भी देते रहे हैं। कई एलबमों का निर्माण करके भी संगीत व भजन लोगों के समक्ष प्रस्तुत किए। शिवकुमार बताते हैं कि देश में जहां ओपी नैयर, मदन मोहन, लक्ष्मीकांत प्यारेलाल, शंकर जय किशन ,कल्याण जी आनंद जी जैसे कितने ही संगीतकार हुए हैं। उनके संगीत को सुनकर मन खुश हो जाता है। संगीत के कारण किसी छोटी-मोटी बीमारी परेशानी, हृदय से संबंधित रोग आदि बहुत आसानी से ठीक किये जा सकते हैं। यदि संगीत पर ध्यान दिया जाए तो दिनचर्या भी अच्छी बीतती है और इंसान का मन इधर-उधर भटकने से भी बच जाता है। संगीत सुनकर मन में एक गहरा प्रभाव पड़ता है इस प्रभाव के चलते शरीर की कोशिका और ऊतक तेजी से वृद्धि करते हैं और व्यक्ति खुश मिलता है। उन्होंने कहा कि संगीत को जिसने अपना लिया है उसे किसी अन्य चीज की जरूरत नहीं। सारंगा जैसे संगीत वादन करके हिरण को भी मोहित किया जा सकता है, इंसान को तो आकर्षित करना बहुत आसान है। संगीत साधना है और इस पर उच्च कोटि के शोध की जरूरत है।
-- शिवकुमार संगीत के जानकार
क्या करते हैं डाक्टर--
उधर कनीना के एसएमओ डाक्टर जितेंद्र मोरवाल बताते हैं कि संगीत के आधार पर संगीत थेरेपी भी बनाई हुई है जिससे मरीज का इलाज किया जाता है। उनका कहना है कि कुछ लेख जरूर प्रकाशित हुये जिसमें कहा गया है कि संगीत सुनने के साथ-साथ दवा लेते हैं तो जल्दी ठीक होते हैं। ऐसे में संगीत मरीजों को ठीक करने में भी अहम भूमिका निभाता है और संगीत के जरिए इंसान की सभी सोये हुये अंग ताजा हो जाते है और संगीत इंसान को कई रोगों से बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। ऐसे में संगीत जरूर सुनना चाहिए और मधुर संगीत विशेष कर राग आदि का सुनने से सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। संगीत के बिना यह दुनिया अधूरी और सुनी सुनी सी लगती है।
-डा. जितेंद्र मोरवाल
फोटो कैप्शन : डा. जितेंद्र मोरवाल एवं शिवकुमार म्यूजिशियन रियाज करते हुए।
धरना प्रदर्शन एवं रैलिया पर रोक लगाने का किया विरोध
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार द्वारा सितंबर माह तक प्रदेश में धरना- प्रदर्शन एवं रैलिया पर रोक लगाने के आदेश की रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा ने कड़े शब्दों में निंदा की है। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित अखिल भारतीय राज्य सरकारी फेडरेशन के प्रदेश सचिव धर्मपाल शर्मा ने कहा है कि संविधान का अनुच्छेद 19 (1) ख नागरिकों को शांति पूर्वक एवं निरापद अथवा नि:शस्त्र एकत्रित होने का मूल अधिकार प्रदान करता है। सभा एवं सम्मेलन करने की स्वतंत्रता में सभाएं करने,सम्मेलन करने एवं जुलूस निकालने का अधिकार भी सम्मिलित है। यह अधिकार वाक और अभिव्यक्ति की भी स्वतंत्रता प्रदान करता है। संविधान के अनुच्छेद 19( 1) क में वाक और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करता है। शब्दों, लेखो, चित्रों, मुद्रण अथवा किसी अन्य प्रकार से अपने विचारों को व्यक्त करना। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में प्रेस की स्वतंत्रता भी सम्मिलित है। शर्मा ने कहा कि यह आदेश लोकतांत्रिक एवं न्याय की प्राकृतिक सिद्धांतों के विपरीत है। धरना प्रदर्शन रैली लोकतंत्र के लिए आक्सीजन है। यह सर्वविदित है कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के परिणाम स्वरूप जन जीवन की समस्याएं बढ़ रही है और उनका समाधान करने की बजाय समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने के मौलिक अधिकार पर रोक लगाना तानाशाही है। रिटायर्ड कर्मचारी संघ किसी भी सूरत में इसे सहन नहीं करेगा। रिटायर्ड कर्मचारी संघ ने सरकार से मांग की कि इस फैसले को तुरंत वापस ले और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन के मौलिक अधिकार को सुरक्षित करें।
नीट परीक्षा आज, जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर
-परीक्षार्थियों को सहूलियतें देने के लिए पुख्ता इंतजाम
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। जिला महेंद्रगढ़ में 21 जून 2026 को होने वाली नीट परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली है। हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन का पूरा ध्यान इस समय परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान हर संभव सहूलियत प्रदान करने पर केंद्रित है। प्रशासन द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में और परीक्षा देने में एक सकारात्मक व तनावमुक्त माहौल मिले। इसके लिए सभी जरूरी बुनियादी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। लघु सचिवालय के वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम को कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसमें डीआईओ प्रशांत कुमार को नोडल अधिकारी लगाया गया है।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बस अड्डों तथा रेलवे स्टेशनों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए स्थानीय परिवहन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर छांव, टेंट, एयर कूलर और पंखों से लैस विशेष प्रतीक्षालय तैयार किए जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों को कोई असुविधा न हो। साफ पीने के पानी की व्यवस्था के साथ-साथ किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए केंद्रों पर प्राथमिक उपचार किट, एम्बुलेंस और विशेष चिकित्सा टीमें पूरी तरह से तैनात रहेंगी। इसके अलावा, बिजली विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और हर कमरे में समय देखने के लिए दीवार घडिय़ां भी लगाई गई हैं। खराब मौसम या बारिश की स्थिति से निपटने के लिए उचित बैकअप प्लान तैयार हैं और जरूरत के अनुसार अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था भी की जा रही है।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अंतिम तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिला के कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 3800 परीक्षार्थियों के बैठने का प्रबंध पूरा हो चुका है। परीक्षा रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान करते हुए शाम 6:20 बजे तक का समय दिया जाएगा। केंद्रों पर सुरक्षा और जांच की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए सुबह 11 बजे से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी 9 केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेटों और कार्यकारी मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा जांच में लगे कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है ताकि वे गहनता और पूरी संवेदनशीलता के साथ पेशेवर तरीके से तलाशी का काम पूरा कर सकें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने और कड़ी निगरानी रखने के लिए विशेष उडऩ दस्ता (फ्लाइंग स्क्वायड) भी मैदान में उतर चुका है।
नीट परीक्षार्थियों के लिए आज नारनौल व महेंद्रगढ़ में चलेगी विशेष बसें-------
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा निर्देशानुसार 21 जून को नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस (नीट) परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के मद्देनजर हरियाणा राज्य परिवहन नारनौल ने पूरी तैयारी कर ली है।
नारनौल रोडवेज के महाप्रबंधक देवदत्त ने बताया कि परीक्षार्थियों को जिला में उनके गंतव्य तक समय पर पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा सुबह 9 से दोपहर 1:00 व सायं 5 से 7 बजे तक विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।
महाप्रबंधक ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुलभता के लिए जिला में चार प्रमुख रूट निर्धारित किए गए हैं। इनमें तीन रूट नारनौल व एक रूट महेंद्रगढ़ के लिए बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि रूट नंबर-01 नारनौल बस स्टैण्ड से गऊशाला रोड़ होते हुए राजकीय महाविद्यालय केन्द्र नंबर 2311102, राजकीय महिला महाविद्यालय केन्द्र नंबर 2311103 व पीएम श्री छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केन्द्र नंबर 2311101 तक जाएगी। इन तीनों केन्द्रों पर 2 मिनी बसों का संचालन किया जाएगा।
रुट नंबर-2 नारनौल बस स्टैण्ड से महावीर चौक, हीरो होंडा चौक से केन्द्रीय विद्यालय सिंघाना रोड़ ,रघुनाथपुरा केन्द्र नंबर 2311109 तथा राजकीय महाविद्यालय कृष्ण नगर (गोद बलाहा) केन्द्र नंबर 2311104 तक जाएगी। इन दोनों केन्द्रों पर 2 बसों का संचालन किया जाएगा।
रुट नंबर -03 नारनौल बस स्टैण्ड से महावीर चौक, हीरो होण्डा चौक, सैनी धर्मकाटा से राजकीय माडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (महता चौक) केन्द्र नंबर 2311107 तक जाएगी। इस केन्द्र पर 2 बसों का संचालन किया जाएगा।
इसी प्रकार रुट नंबर -04 महेन्द्रगढ़ बस स्टैण्ड से राव तुलाराम चौक से नारनौल मार्ग होते हुए राजकीय महिला महाविद्यालय केन्द्र नंबर 2311106 पर उतारकर राजकीय महाविद्यालय महेन्द्रगढ़ केन्द्र नंबर 2311105 व राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय केन्द्र नंबर 2311108 के परीक्षार्थी महाविद्यालय बस स्टैण्ड पर उतरेंगे। इन केन्द्रों पर 2 बसों का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उक्त बसों के अतिरिक्त निर्धारित समय पर चलने वाली बसे यथावत समय अनुसार ही चलेंगी तथा नीट परीक्षा के अभियार्थियो को निवास स्थान से परीक्षा केन्द्र तक आने-जाने के लिए एडमिट कार्ड दिखाने पर हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसो में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
केंद्र सरकार
के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बागवानी विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान
-मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत सब्जियों पर 30 और फलों पर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ का सुरक्षा कवच
***************************************
**********************************************
****************************************
कनीना की आवाज। केंद्र सरकार के सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जारी देशव्यापी चेतना अभियान के तहत शनिवार को जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियों का सिलसिला जारी रहा। विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक और सुरक्षित कृषि पद्धतियों से जुडऩे का आह्वान किया।
इस विशेष मुहिम के तहत आज नांगल चौधरी खंड के आसरावास व अकोली, सतनाली के पथरवा, अटेली के खोड़, निजामपुर के मोखुता व नारेड़ी, सीहमा के सागरपुर और कनीना खंड के मोड़ी गांव में चौपालों पर किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
इन बैठकों में पहुंचे किसानों को पारंपरिक फसलों के बजाय फल, फूल और सब्जियों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आज के इस कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने मुख्य रूप से मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना की बारीकियों और इसके महत्वपूर्ण आंकड़ों से किसानों को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि मौसम के उतार-चढ़ाव, प्रतिकूल परिस्थितियों या प्राकृतिक आपदा से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए यह योजना किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच है। योजना के तहत सब्जियों और मसालों की खेती के लिए 30 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा फलों की बागवानी के लिए 40 हजार रुपये प्रति एकड़ का बीमा आश्वासन (आर्थिक कवर) प्रदान किया जाता है। इसके लिए किसानों को क्रमश: केवल 750 रुपये और 1000 रुपये का मामूली प्रीमियम देना होता है। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में कुल 46 बागवानी फसलें शामिल हैं, जिससे किसानों का जोखिम पूरी तरह खत्म हो जाता है।
डीएचओ प्रेम कुमार ने बताया कि चौपालों पर मौजूद किसानों ने सुरक्षित कृषि की दिशा में कदम बढ़ाने का संकल्प लिया।
फोटो कैप्शन 02:मोखुता व नारेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते बागवानी अधिकारी
Subscribe to:
Post Comments (Atom)









No comments:
Post a Comment