Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Saturday, June 6, 2026



 


आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर शव रख लगाया जाम
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र में गांव चेलावास की महिला की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने महेंद्रगढ़-कनीना रोड पर गांव उन्हाणी मोड़ के पास महिला का शव रख जाम लगा दिया।
करीब एक घंटे तक लगे इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचे दोनों थानों के एसएचओ व नायब तहसीलदार ने लोगों को आरोपियों को दो घंटे में गिरफ्तार कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
12 बजे लगाया जाम-
गांव चेलावास निवासी करीब 52 वर्षीय ओमपती की गुरुवार रात को जमीन विवाद के चलते कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जब पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो शनिवार दोपहर करीब 12 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने महिला के शव को लेकर गांव उन्हाणी मोड़ पर जाम लगा दिया।
तीन को गिरफ्तार करने की मांग-
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि हत्या के मामले में नामजद आरोपी अभी तक खुले घूम रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है। उन्होंने लखीराम, बिमला और कविता नामक आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
गिरफ्तारी तक विरोध जारी-
जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार, सिटी थाना प्रभारी राकेश कुमार तथा नायब तहसीलदार पुरुष पहल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
सड़क से हट किनारे बैठे-
करीब एक घंटे तक चले जाम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जाएगी और दो घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन सड़क से हट गए और महिला के शव को सड़क किनारे रखकर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया जा सका।
ये लोग रहे शामिल-
जाम में शामिल सुरेंद्र सिंह, नफे, जयभगवान, रोहित, करण, अर्जुन, सतीश, राकेश और कर्मवीर सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि घटना को दो दिन से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुलिस बनाए हुए नजर-
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश देने की बात कह रही है। वहीं, क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



युवा शक्ति को सही दिशा मिले तो भारत बनेगा विश्वगुरु-ममता यादव
-भारत निर्माण युवा दल के शिविर में गूंजी राष्ट्रवाद की अलख, युवा और वायु के सूत्र से दी प्रेरणा
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
आरपीएस स्कूल, कनीना (भडफ़) में भारत निर्माण युवा दल हरियाणा द्वारा आयोजित साप्ताहिक चरित्र निर्माण एवं प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य और प्रखर वक्ता ममता यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जहां संस्थापक अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह यादव व प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत किया। शिविर में उपस्थित दल वीरों में राष्ट्रवाद की अलख जगाते हुए ममता यादव ने कहा कि राष्ट्र केवल ज़मीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीवंत आत्मा है जो नागरिकों की देशभावना से जीवित रहता है। युवा शक्ति को एक अनूठे तार्किक सूत्र में पिरोते हुए उन्होंने कहा कि 'युवा' शब्द का उल्टा वायु होता है; हवा की तरह ही युवाओं में भी अपार ऊर्जा होती है, जो दिशा भटकने पर विनाश और सही मार्गदर्शन मिलने पर राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि युवा ऊर्जा का यह सही इस्तेमाल भारत को फिर से विश्वगुरु बनाएगा।
अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास, महर्षि विश्वामित्र, भगवान श्रीराम, महारानी लक्ष्मीबाई, डॉ. बी.आर. अंबेडकर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और शहीद-ए-आजम भगत सिंह के प्रेरक प्रसंगों व संघर्षों से सीख लेने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं से अपनी 5000 साल पुरानी महान संस्कृति पर गर्व करने और व्यावहारिक जीवन में राष्ट्र सेवा से जुडऩे की अपील की। इसके लिए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के तहत पेड़ों को रक्षासूत्र बांधने तथा सोशल मीडिया का उपयोग समय गंवाने के बजाय देश को जोडऩे और सकारात्मकता फैलाने के लिए करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर संस्थापक अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह यादव ने मुख्य वक्ता का आभार जताया। निर्मल शास्त्री, डा् होशियार सिंह यादव भी हाजिर रहे।



कनीना क्षेत्र में अंधड़ के बाद हुई बूंदाबांदी
-गर्मी से मिली राहत
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
कनीना क्षेत्र में शनिवार को दोपहर पश्चात अंधड़ के बाद बूंदाबांदी हुई जिसके चलते गर्मी से कुछ राहत मिली है। इससे पहले गुरुवार शाम के समय 4 एमएम वर्षा हुई थी। विगत दोदिनों से गर्मी पड़ रही थी जिसके चलते बूंदाबांदी हुई है। गर्मी से अब राहत की सांस ली है क्योंकि वर्षा होने से पेड़ पौधों को भी लाभ होगा जो झुलस रहे हैं। वहीं सब्जी उगाने वाले भी खुश हैं। किसान बेहतर वर्षा का इंतजार कर रहे हैं ताकि बाजरे की बीजाई की जा सके। कनीना क्षेत्र में कपास भी उगाई गई है वहीं चारा देने वाली फसले भी इस समय चल रही हैं। इस वर्षा का सभी फसलों एवं पौधों को लाभ होगा क्योंकि अधिकांश छोटे पौधे धूप और गर्मी के चलते झुलस गए हैं। किसान राजेंद्र सिंह, उमेद सिंह, सुनील कुमार आदि ने बताया कि बीजाई के लिए वो तैयार हैं किंतु अच्छी वर्षा का इंतजार है।
 इस वक्त किसान खेतों की तैयारी में जुटे हुए हैं। वर्षा होते खेत की तैयारी में लग जाते हैं ताकि ग्वार और बाजार उगाने की तैयारी हो सके। आने वाले समय में ग्वार और बाजरा उगाकर किसान खरीफ की फसल लेंगे।
 फोटो कैप्शन 04: कनीना क्षेत्र में होती हुई वर्षा


हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिला का शव रख लगाया जाम, आश्वासन के बाद खुला रास्ता।
-  आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों का विरोध।
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
गांव चेलावास में महिला की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने महेंद्रगढ़-कनीना रोड पर गांव उन्हाणी मोड़ के पास महिला का शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गांव चेलावास निवासी करीब 55 वर्षीय ओमपती की गुरुवार रात कथित रूप से जमीन विवाद के चलते कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से परिजन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। आरोप है कि कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे महिला के शव को लेकर गांव उन्हाणी मोड़ पर जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिकायत में नामजद आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया गया, जबकि मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है। उन्होंने नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जाम की सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक भारत भूषण, सदर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार, शहर थाना प्रभारी राकेश कुमार तथा नायब तहसीलदार पुरुष पहल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान परिजनों ने स्पष्ट कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक उनका विरोध जारी रहेगा।
करीब एक घंटे तक चले गतिरोध के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले में तेजी से कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने सड़क से जाम हटा लिया और शव को सड़क किनारे रखकर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात को पुन: सुचारू कराया जा सका।
फोटो कैप्शन 05 व 06: लोगों को समझाते हुए पुलिस


जलघर को लगाया ग्रामीणों ने ताला
-जेई ने पहुंच कर समस्या का समाधान 15 दिन में करने का दिया आश्वासन
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना उप मंडल के गांव नौताना में पेयजल समस्या को लेकर के करीब 3 घंटे जलघर को ताला लगा दिया। सूचना पाकर कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार मौके पर पहुंचेद्ध
 ग्रामीण आशु, खेतान, सुमेर सेठ, कृष्ण पंच, संजय पूर्व अध्यक्ष, उधम सिंह, कालू ,हरीश कुमार आदि ने बताया कि पेयजल के लिए गांव में 10 वाल्व लगे हैं। चार वाल्व में पेयजल सप्लाई एक दिन दी जाती है तो छह वाल्व में पानी की सप्लाई दूसरे दिन दी जाती है। जहां शनिवार को छह वाल्व में पेयजल सप्लाई का दिन था और अंतिम वाल्व में 10 मिनट ही पानी सप्लाई किया गया जिसको लेकर ग्रामीण भड़क गए और जलघर को ताला लगा दिया। उनका कहना है कि खारी और खराब जल की आपूर्ति हो रही है वह भी 10 मिनट दिया जाता है।
 मिली जानकारी अनुसार वैसे तो जलघर को बालरोड़ नहर से जोड़ा हुआ है परंतु जल सप्लाई का किसी कारण से अभाव है जिसके चलते नौताना में किए गए बोर से ही जल की सप्लाई की जाती है। बोर का जल खारी है तथा पीने योग्य नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मीठे पानी की सप्लाई की जाए तथा कम से कम आधा घंटा एक वाल्व में पेयजल सप्लाई की जाए। जिसको लेकर के पवन कुमार जेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या को जाना और वादा किया कि 15 दिन में उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। जिसके चलते ग्रामीणों ने ताला खोल दिया।
 फोटो कैप्शन 02: नौताना जलघर को लगाया गया ताला

जिला महेंद्रगढ़ के सभी महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया जारी है
दाखिले पूरी तरह मेरिट के आधार पर किए जाएंगे-प्रो राजवीर सिंह
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
जिले के सरकारी महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए आनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। अब तक जिले के सभी 15 सरकारी महाविद्यालयों  और प्राइवेट महाविद्यालयों में आवेदनों का सत्यापन भी पूरा कर लिया गया है। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी और प्राचार्य प्रोफेसर राजवीर सिंह ने बताया कि  जिला महेंद्रगढ़ के सभी महाविद्यालयों और विशेषकर राजकीय महाविद्यालय नारनौल में नये सत्र हेतु  विधार्थियों में बहुत उत्साह बना हुआ है। हरियाणा और जिला महेंद्रगढ़ का सबसे बड़ा और प्राचीन महाविद्यालय में दाखिला हेतु विद्यार्थियों द्वारा में आज आवेदन पत्र जमा करवाए गए हैं।
 जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी और प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय नारनौल ने बताया कि विद्यार्थी 15 जून तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन पत्रों का सत्यापन और मेरिट सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दाखिले पूरी तरह मेरिट के आधार पर किए जाएंगे।  
फोटो कैप्शन: प्रो. राजवीर सिंह


जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई; गुरुग्राम से चल रहे अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क का भंडाफोड़, 5 तस्कर गिरफ्तार
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
पुलिस अधीक्षक दीपक के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शहर कनीना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। समाज से नशे के जहर को खत्म करने के उद्देश्य से की गई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में गांजा, स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक गाड़ी भी जब्त की है।
इस कार्रवाई की शुरुआत 30 मई को हुई, थाना शहर कनीना की पुलिस टीम गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विकास (निवासी मालड़ा सराय) और मनीष (निवासी तलवाना) एक गाड़ी में नशीले पदार्थ लेकर रेवाड़ी की तरफ से आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मेन रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध गाड़ी को रुकवाकर दोनों युवकों को काबू कर लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब गाड़ी और आरोपियों की तलाशी ली गई, तो विकास के पास से 4.44 ग्राम अवैध स्मैक (30 पाउच) और गाड़ी की डिक्की से 2 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। पुलिस ने नशीले पदार्थों और गाड़ी को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
मामले की कडिय़ों को जोड़ते हुए पुलिस ने सघन जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद इस नेटवर्क से जुड़े तीन ओर बड़े तस्कर पुलिस की गिरफ्त में आए। पुलिस ने दिनांक 01 जून को कनीना निवासी लोकेश को गिरफ्तार किया, जो दिल्ली से स्मैक लाने का काम करता था। इसके बाद दिनांक 02 जून को हांसी के रामपुरा निवासी मंगत को दबोचा गया, जो उड़ीसा से गांजा लाने में शामिल था। इन आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस ने 03/04 जून की रात को भिवानी के सुई गांव के रहने वाले आरोपी सुंदर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुंदर के कब्जे से 3 किलो 10 ग्राम गांजा ओर बरामद किया है।
अब तक की जांच में पुलिस ने खुलासा किया है कि यह बेहद शातिर गिरोह दिल्ली से स्मैक और उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा मंगवाता था। इस अवैध धंधे को चलाने के लिए आरोपियों ने गुरुग्राम में एक किराए का फ्लैट लिया हुआ था, जिसे उन्होंने नशीले पदार्थों की सप्लाई का मुख्य अड्डा बना रखा था। कनीना पुलिस इस पूरे नशा नेटवर्क को जड़ से उखाडऩे और इसमें शामिल अन्य अपराधियों का पता लगाने के लिए मामले में गहनता से जांच कर रही है।
फोटो कैप्शन 03: पकड़े गए आरोपी


विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस- 7 जून
हर प्रकार से भोजन और अनाज को खराब होने से बचना चाहिए -भगत सिंह
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
दुनिया भर में खाद्य सुरक्षा दिवस 7 जून को मनाया जा रहा है। वैश्विक भुखमरी से निपटाना और पूरी दुनिया से उसे खत्म करना यही इंसान का लक्ष्य होना चाहिए। आज के दिन कितने लोग भूखे और कुपोषित जी रहे हैं। कुपोषण के कारण लाखों लोग अपनी जान गंवा देते हैं। लोगों को जागरूक करके ही खाद्य सामग्री को खराब होने से बचा सकते हैं। विवाह समारोह स्थल हो या किसी घर में बहुत अधिक खाना बेकार चला जाता है।
न केवल इंसान अपितु आवारा जंतु, रोडेंट जिनमें चूहे गिलहरी और कितने ही पक्षी खाद्य पदार्थों को खराब कर रहे हैं। जागरूकता के चलते इस अभियान को आगे बढ़ाया जा सकता है और खाद्य सामग्री को खराब होने से बचा सकते हैं। कुछ प्रमुख लोगों से इस संबंध में चर्चा हुई-
**खाद्य सामग्री हर इंसान तक पहुंचाने का एक ही तरीका है कि चूहों गिलहरी आदि से अनाज एवं खाद्य सामग्री को बचाना चाहिए। यहां तक की भंडारण उचित ढंग से किए जाने चाहिए ताकि भंडार में किसी प्रकार की नमी न पहुंचे और खाद्य पदार्थ खराब होने से बच सके। आवारा जंतु और रोडेंट आदि से सुरक्षा के लिए प्रबंध करने चाहिए। जब इंसान के पास पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री होगी तो वह दूसरों तक पहुंचा सकेंगे और गरीबी खत्म करने में अहम योगदान होगा।
--- डा. देवराज यादव पूर्व कृषि अधिकारी
 हर घर में रोटी बर्बाद हो जाती है। वैसे तो बहुत से घरों में अब चूल्हे की बजाय गैस की रोटी बनती और गरमा गरम रोटी खाकर खुश होते हैं वहां रोटियां बर्बाद कम होती हैं परंतु कुछ घरों में आज भी अधिक रोटियां बन जाती है। जिसके कारण उन्हें फेंकना पड़ता है उन्होंने कहा गायों के लिए अलग से रोटी बनाना अच्छी बात है किंतु जो रोटियां बच जाती है उनको गायों तक पहुंचाना चाहिए। जितनी भूख हो उसी अनुसार सारे परिवार के लिए रोटियां बनाई जाए फिर भी यदि कोई रोटी बच जाती है तो उसे गो-ग्रास गाड़ी आती है उसमें डाल देना चाहिए। अक्सर लोग इधर-उधर रोते को फेंक देते हैं इससे बचना चाहिए क्योंकि आवारा जंतु पनपते हैं जो कभी भी किसी इंसान को काट सकते हैं।
   -- भगत सिंह समाज सेवी
 मैरिज प्लेस में एक नियम बना रखा है कि अधिक मात्रा में खाद्य पदार्थ विवाह शादी समारोह आदि में बन जाते है तो उनको गौशाला एवं सुअर पालने वालों तक पहुंचाया जाता है। अगर वह सूखा पदार्थ है तो गौशाला की गाड़ी आती है उसमें डाल दिया जाता है। लोग जूठन अधिक छोड़ते हैं। इस जूठन में बचे हुये सभी पदार्थ सुअर पालन केंद्र वाले मुफ्त में ले जाते हैं। इससे खाद्य पदार्थ चाहे सुअर या गायों को उपलब्ध होते हैं। इससे खाद्य पदार्थों को कुछ खराब होने से बैचा सकते हैं। उनका यह नियम लंबे समय से चला आ रहा है।
    --हनुमान सिंह मैरिज प्लेस संचालक
विवाह शादियों और समारोह  में जाने वाले लोगों को पहले समझाया जाए। हो सकता है कुछ लोगों पर प्रभाव पड़े और वह खाने की प्लेट में अधिक खाना न छोड़ें। इसे भोजन की बचत हो सकती है। यहां तक की विवाह शादियों में भारी मात्रा में भोजन खराब होता है उसे पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को अधिक खाना प्लेट में एकबार न डालने प्रेरित करना चाहिए। तभी ऐसा संभव हो सकता है कि खाना खराब होने से बचाया जाए।
----निर्मल कुमार
 फोटो कैप्शन: निर्मल कुमार, हनुमान सिंह, डा देवराज ,भगत सिंह।



बार बार एलटी लाइन काटने पर दी पुलिस में शिकायत
**********************************************
************************************************
*-*******************************************
कनीना की आवाज।
सब-डिवीजन, डीएचबीवीएन कनीना के कार्यालय में विशाल निवासी गांव ककराला की तरफ से एक शिकायत मिली थी। शिकायत करने वाले ने अपनी शिकायत में कहा था कि ककराला के ही एक व्यक्ति ने जानबूझकर ट्रांसफार्मर से एलटी केबल काट दी और विशाल के घरेलू कनेक्शन की बिजली सप्लाई रोक दी। लाइन स्टाफ ने मौके की जांच की और पाया कि विशाल की दी गई शिकायत असली और तथ्यात्मक रूप से सही थी।
लाइन स्टाफ ने ट्रांसफार्मर से एलटी केबल को फिर से जोड़ा और विशाल के घरेलू कनेक्शन की बिजली सप्लाई फिर से शुरू कर दी। लाइन स्टाफ के जाने के बाद उपरोक्त व्यक्ति ने फिर से ट्रांस














फार्मर से एलटी केबल काट दी। ऐसा पिछले 7 दिनों में 4 बार हुआ है। लाइन स्टाफ ने मौके की वीडियोग्राफी की है। एसडीओ डीएचबीवीएन कनीना ने शरारती व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए एसएचओ सिटी पुलिस स्टेशन, कनीना को शिकायत दर्ज करने की मांग की है तथा  साथ वीडियोग्राफी की सीडी भी अटैच है।


No comments: