Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Monday, March 30, 2026



 


हकीकत कहानी ......
-दोस्ती शुभचिंतक और अच्छे व्यक्तियों से करे
- बुरे व्यक्तियों से दोस्ती का वही हाल होगा जो होशियार सिंह विज्ञान अध्यापक के साथ हुआ
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
बुजुर्ग और संत कहते हैं कि दोस्ती केवल संत और भला चाहने वाले, हित करने वाले, सदा दूसरे की सोच को आगे बढ़ाने वाले व्यक्तियों के साथ करनी चाहिए। अगर दोस्ती अच्छे व्यक्तियों से नहीं है तो जीवन में बड़ी मार खानी पड़ सकती है ,ताउम्र दर्द सताएगा,जब तक इंसान जीता है तड़प-तड़प कर ही जीता है, उन यादों को ,उन बातों को, उस दोस्ती को याद कर रोता और पछताता है। यह यह कोई बनावटी कहानी नहीं हकीकत कहानी बयां की जा रही है।
  कनीना के होशियार सिंह विज्ञान अध्यापक बतौर सेवानिवृत्त होने में दोस्त का योगदान साथ में बार-बार वक्त और हालातों ने धोखा दिया किंतु सबसे अधिक धोखा दोस्ती ने दिया। उन दोस्तों को जिन पर विश्वास किया जबकि लोग पहले से ही कहने लग गए थे कि तुम गलत दोस्ती कर बैठे। यह व्यक्ति जीवन भर धोखा देगा। आज भी लोग वही बात दोहराते हैं कि होशियार सिंह ने हमारा कहना नहीं माना परिणाम देख लो। वो यह भी कहते हैं कि जिस व्यक्ति से होशियार सिंह की दोस्ती रही उसने जीवन में किसी का भला नहीं किया।  लोगों का कहना है कि वह सदा अपने हित एवं स्वार्थ की और दूसरे के अहित की बात सोचता है। दूसरे के कंधे पर बंदूक रखकर चलाना जानता है। होशियार सिंह की जिंदगी में उस समय बदलाव आया जब गरीब हालात में दसवीं की पढ़ाई पूरी करके महेंद्रगढ़ कालेज जाना शुरू किया वहां से फिर नारनौल पढ़ाई की। कक्षा में सदा अव्वल रहा, खूब नाम कमाया और 1986 में बीएड करके नौकरी के लाइन में लग गया। कनीना का वैसे तो गुरु और शिष्य दोनों को ही प्रथम और द्वितीय विज्ञान ग्रेजुएट होने का भी श्रेय जाता है। सुरेंद्र सिंह विज्ञान अध्यापक से होशियार सिंह विज्ञान की शिक्षा पाई। होशियार सिंह ने भी विज्ञान की पढ़ाई की। लोग अनायास ही चर्चा छेड़ते हैं हैं कनीना का प्रथम विज्ञान स्नातक सुरेंद्र सिंह पूर्व विज्ञान शिक्षक रहे हैं तथा दूसरा विज्ञान स्नातक होशियार सिंह विज्ञान अध्यापक रहे हैं परंतु कई विषयों में एमए, एमएड, एमएससी और उच्च शिक्षा पाने के बाद भी और होशियार सिंह को सही दोस्त न मिलने से सही नौकरी का चुनाव नहीं करने दिया। कहने को तो होशियार  सिंह की दोस्ती दो व्यक्तियों से हुई जिनमें एक जिसने सदा धोखा दिया और गलत मार्गदर्शन किया और दूसरा व्यक्ति कंवर सेन वशिष्ठ रहा। कंवरसेन वशिष्ठ ने होशियार सिंह का कभी बुरा नहीं सोचा और भला करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी परंतु दूसरा दोस्त जिसे सदा धोखा दिया आखिरी दम तक भी धोखा दिया है।
   हुआ यू कि वर्ष 1995 में जेबीटी पदों पर बीएड को लगाया गया था। और होशियार सिंह का जेबीटी सूचि में जिला महेंद्रगढ़ की मेरिट सूची में पहला स्थान था। जब जेबीटी शिक्षक लगे तो सूची में पहले स्थान पर होशियार सिंह को देख आज भी याद करते हैं। आज भी अनायास ही उस समय के जेबीटी पद पर लगने वाले शिक्षक याद करते हैं। चूंकि होशियार सिंह को पहले से ही एडहाक आधार पर विज्ञान अध्यापक की नौकरी मिल गई थी और उसी समय जेबीटी के स्थायी पद की नौकरी मिल गई। अब चुनाव करना था कि जेबीटी पद पर जाया जाए या एडहाक को ही जारी रखा जाए। कंवरसेन वशिष्ठ ने कहा कि जेबीटीपर ज्वाइन कर लो। उस समय जयलाल शिक्षा अधिकारी होते थे जो प्राइमरी विभाग को डील करते थे। उस दर्द देने वाले तथा बुरा चाहने वाले दोस्त के सामने मामला रखा और कहा कि आपका अनुभव है मुझे बताओ कि कौन सा पद रखना चाहिए। उसने एक ही बात कही कि तुम एडहाक पद को ही जारी रखो। जेबीटी पर मत जाइए। परिणाम यह निकला की बार-बार जयलाल की तरफ से सूचना आई कि अपना ज्वाइनिंग लेटर लेकर जाए, कनीना स्कूल में ज्वाइन करें, सीनियरटी भी वही रहेगी परंतु जिस दोस्त का मैं ऊपर बार-बार हवाला दे रहा हूं उसने कहा कि नहीं जय लाल के विरुद्ध मामला न्यायालय में चला दो। क्योंकि उसने तुम्हें समय पर सूचित नहीं किया। परिणाम यह निकला की जय लाल के वकील ने कहा कि होशियार सिंह ने जानबूझकर जेबीटी पर ज्वाइन नहीं किया क्योंकि वह बड़े पद पर अर्थात एडहाक आधार पर कार्यरत और मामला खारिज हो गया, नौकरी भी जब्त हो गई। जेबीटी ज्वाइन नहीं किया परिणाम यह निकला बहुत लंबे समय तक संघर्ष करने के बाद अर्थात 9 साल का दर्द सहने के बाद न्यायालय के आदेश पर हम पक्के तो कर दिए लेकिन भारी नुकसान उठाना पड़ा।
  अगर उस समय जेबीटी पर ज्वाइन कर लिया जाता तो 2 साल बाद ही अथा्रत 1997 में प्रमोशन हो जाता और 2 साल बाद ही अर्थात 1999 तक प्राध्यापक बन जाता। बाद में कम से कम प्राचार्य स्तर तक पहुंच कर जरूर सेवानिवृत्त होना होता। आज भी यह चर्चा का विषय है, जो साथ के व्यक्ति है इन्होंने जेबीटी पर ज्वाइन किया था वो बार-बार यही कहते हैं कि तुमने बहुत बड़ी भूल की। होशियार सिंह बस यही कहते हैं भूल मैंने नहीं की, उसे, दोस्त ने करवाई जिस पर भरोसा किया और उसने धोखा दिया। खैर यहीं पर कहानी खत्म नहीं हुई। तत्पश्चात 1995 में प्राध्यापक पद राजनीति शास्त्र पर भी चयन हो गया लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या कर दी और हरियाणा में भजन लाल की सरकार चली गई। किसके साथ-साथ हमारी राजनीति शास्त्र प्राध्यापक की सूची भी दफन हो गई। तत्पश्चात प्राध्यापक हिंदी वेटिंग में रख दिया गया दुर्भाग्य यह रहा वेटिंग सूची वालों ने केस दायर नहीं किया वरना उसे समय प्राध्यापक हिंदी पर हो जाता। उसका अहित करने वाले दोस्त ने भी यह नहीं बताया कि इस पर केेस डाला जा सकता है। परिणाम बार बार मार खाई। फिर से 1998 में नई आस जगी जब वीर कुमार नठेड़ा जो चयन समिति के सदस्य होते थे और उनसे अच्छा परिचय होने के कारण क्योंकि पत्रकारिता से होशियार सिंह जुड़ा हुआ था वीर कुमार ने उन्हें साक्षात्कार पर पहचान लिया, बहुत अच्छी सेवा की, चाय पानी भी पिलाई। विज्ञान अध्यापक, प्राध्यापक राजनीति शास्त्र, प्राध्यापक हिंदी तीनों पर साक्षात्कार दिया और वीर कुमार ने कहा कि आपका तीनों पर चयन हो जाएगा। दुर्भाग्य बंसीलाल की सरकार रामबिलास शर्मा ने गिरा दी और हमारी सूची भी दफन हो गई। वहां पर भी दुर्भाग्य रहा बाद में भी खैर कई अन्य पदों पर चयन होते-होते रह गया लेकिन जिस दोस्त पर विश्वास किया उसने कोई मदद नहीं की। हां उसने एक जरूर काम किया मेरी अच्छी बुरी सारी बातें नोट कर सारी बुरी बातें अपने घर जाकर लिख ली, अच्छी बातों को भुला दिया। फिर क्या था वर्ष 2000 समाप्त होने को आया तब हमारी दोस्ती में कुछ दरार आ गई और वह अलग हो गया। तब फिर से लोगों ने कहा कि देखना अब यह तुम्हारा कितना बुरा करेगा? हुआ भी वही जो लोग कहते थे। हालात ऐसे बना दिए कि स्वयं तो नहीं दूसरे के कंधे पर बंदूक रखकर खूब चलाई। जितनी मर्जी उतनी चलाई, यहां तक की कभी आरटीआई लगवाई, कभी नौकरी हटाने के लिए जमकर प्रयास किया। कभी निदेशालय को बार-बार पत्र लिखा और आरोप लगाया कि  इसकी दसवीं की सर्टिफिकेट में जन्मतिथि बदल रखी है, कभी इसने बीड में अंक बढ़ा रखें है, कभी एमए में में अंक बढ़ा रखें हैं और कभी कोई आरोप लगाए, बार बार जांच चली, लंबी जांच चली परंतु सच तो सच ही रहेगी। न जाने क्या-क्या आरोप लगाए परिणाम यह निकला कि जिस होशियार सिंह को लाभ मिलना था वो सभी लाभ रुक गए। इतना दर्द दिया शायद बड़ेे से बड़ा दुश्मन भी नहीं देता। कितने ही लोगों को उसने अपने पास बिठा बिठाकर होशियार सिंह के विरुद्ध भड़काया, खूब दर्द दिया। परिणाम पदोन्नति का नुकसान हुआ, कोई बात नहीं। धन दौलत कई लाख रुपए का नुकसान हुआ कोई बात नहीं, मानसिक परेशानी झेली वह बहुत दर्द दे गई। आज तक सारी बातें याद हैं, दर्द है, बस एक ही बात उभर कर आई। अगर कोई अच्छा दोस्त होता तो होशियार सिंह कम से कम प्राचार्य पद से तो सेवानिवृत्त होता, पर हुआ वह जिस पद से चला था।  विज्ञान अध्यापक बतौर सेवानिवृत्त हुआ, एसीपी के लाभ नहीं मिले, फिर बाद में स्टेट अवार्ड के लाभ नहीं मिले, स्टेट अवार्ड की 2 साल का सेवा विस्तार नहीं मिला, और भी कई लाभ नहीं मिले। दर्द इतना है पर किसे कहा जाए। आज भी न्यायालय में केस चल रहे हैं। बहुत रह रहकर बात याद आती है कि बुजुर्ग और संत सदा सही कहते हैं कि दोस्ती सदा अच्छे हित करने वाले लोगों से करें, वरना दोस्ती ना करें। अगर अहित करने वाले संकुचित मानसिकता रखने वाले लोगों से दोस्ती की तो जीवन भर तड़पना होगा। बात सत्य सिद्ध हुई हो रही है और होती रहेगी, जब तक होशियार सिंह जीएंगे तब तक उन्हें यह दर्द सताता रहेगा। बीच में कितने ही दर्द उस दोस्त ने दिए वो मने यहां बयान नहीं किए।  एक बात मैं होशियार सिंह सभी से  कहना चाहूंगा कि दोस्ती करें बेहतर इंसान से, किसी दूसरे इंसान से किसी की बुद्धि का प्रयोग ना करें, अपनी बुद्धि से काम ले, किसी को अपना भेद नहीं बताएं, किसी पर अधिक विश्वास न करें, एक नहीं सलाह कई लोगों से करें, तब जाकर ही जीवन में सफलता मिल सकती है।
 मैं होशियार सिंह कंवर सेन वशिष्ठ का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने  2015 में मेवात से तबादला वापस करवाने में सबसे ज्यादा रोल निभाया और पूर्ण किया। यही नहीं सज्जन सिंह बोहरा और भीम सिंह ने भी  2006 में मेवात से बदली वापस करवाने में सबसे ज्यादा भूमिका निभाई। दोनों ही ने मेरी बदली वापस करवाई।   शिक्षा- दोस्ती सदा सज्जन से करो बुरे से डरो।--
पेट पर जो वार करें वो राक्षस कुल का होता है।
दोस्ती में दगा करें वह कफन के बीज होता है।।
चार दिनों की जिंदगी बुराई से बचाना सीख लो,
पाप, अहित करने वाला जीवन भर यूं रोता है।।



हनुमान जन्मोत्सव पर बाबा बुर्जेश्वर धाम में होगा भव्य गुणगान व भंडारा
-2 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में भजन संध्या व देशी घी का भंडारा
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
उप मंडल के गांव कोटिया स्थित बाबा बुर्जेश्वर धाम में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल 2026 को भव्य बाबा का गुणगान व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम वीरवार को सुबह 8:15 बजे हवन के साथ शुरू होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से बाबा का गुणगान व भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जबकि सुबह 11 बजे से श्रद्धालुओं के लिए देशी घी के भंडारे (प्रसाद वितरण) की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राकेश कुमार शिरकत करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जयप्रकाश यादव पंचायत समिति चेयरमैन उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर विभिन्न प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिनमें अमित चौधरी, छम्मा तिवारी, गुंजन शर्मा, कोमल चौधरी, राहुल चौधरी, लक्की भाटीया और विकास प्रजापति शामिल हैं।
आयोजक समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने और प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम का आयोजन बाबा बुर्जेश्वर मंदिर कमेटी व समस्त ग्रामवासी, कोटिया द्वारा किया जा रहा है।



प्राचार्य सतपाल हुए सेवानिवृत्त, विदाई समारोह आयोजित
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौताना में सोमवार को प्राचार्य सत्यपाल यादव की सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि सुरेश यादव बीईओ कनीना ने विद्या की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत पेश किया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक वीरेंद्र, बलवंत, रतिराम,प्राचार्य सतीश, महेंद्र सिंह, कर्मचारी नेता सुजान मालड़ा, डीपीसी कार्यालय से डाक्टर विक्रम, सहायक ओमप्रकाश शर्मा आदि ने प्राचार्य के कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए उनके आगामी जीवन की शुभकामनाएं दी। प्राचार्य सत्यपाल यादव ने आयोजन समिति, कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का, विद्यालय के समस्त स्टाफ का धन्यवाद किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विदाई गीत पेश कर माहौल को गमगीन कर दिया। सुजान मालड़ा ने बताया कि सत्यपाल यादव ने 1991 में अध्यापन का कार्य शुरू किया था और 34 साल 4 माह के सेवा काल के बाद प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए है। इस दौरान उन्होंने अनेक पदों पर रहते हुए अनेक जिलों में सेवाएं दी। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों,मिड डे मील वर्करों को व स्कूल को आर्थिक सहायता भी दी। इस अवसर पर सभी ने प्राचार्य सत्यपाल यादव को पगड़ी, फूलमाला व स्मृति चिन्ह भेंट किए।
फोटो कैप्शन 07: सत्यपाल प्राचार्य का विदाई समारोह



 

 वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषणा के अवसर पर बच्चों को किया सम्मानित
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुंडिया खेड़ा के अध्यापकों ने  पिछले सप्ताह से लगातार घर- घर जाकर विशेष नामांकन अभियान चलाया जा रहा है। प्राचार्य छोटे लाल यादव की अगुवाई में स्कूल स्टाफ की टीमें सरकारी स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं सहित स्कूल में होने वाली अच्छी पढ़ाई व सुविधाओं का प्रचार व प्रसार किया जा रहा है। ताकि आम नागरिक अपने बच्चों को संस्कारों के साथ अच्छी शिक्षा दिलवा सके ।
इसी के साथ परीक्षा परिणाम घोषित किया गया और अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को ईनाम वितरित किए गए तथा बच्चों को और मेहनत व लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
फोटो कैप्शन 08: डोर टू डोर नामांकन अभियान चलाते हुए



कनीना में संत रविदास महाराज की मूर्ति को लेकर विवाद, समाज में रोष
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना वार्ड  6 में संत रविदास महाराज की स्थापित मूर्ति को खंडित करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। नगरपालिका चेयरपर्सन रिम्पी कुमारी, पार्षद होशियार सिंह, पार्षद राजकुमार, पार्षद सूबे सिंह, मनोनीत पार्षद नीलम देवी द्वारा की गई शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए नगरपालिका अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जैसे ही मूर्ति को अवैध बताकर हटाने करने की कार्रवाई की बात सामने आई, समाज के लोगों में भारी रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और कार्रवाई का विरोध किया।
इसके बाद समाज के लोग एकजुट होकर नगरपालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगरपालिका सचिव को लिखित शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि संत रविदास महाराज की मूर्ति को अवैध बताकर खंडित किया जाता है, तो क्या कस्बे में बने अन्य सभी धार्मिक स्थलों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
समाज के लोगों ने प्रशासन से निष्पक्षता बरतने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की मांग की है। लोग प्रशासन के अगले कदम पर नजर बनाए हुए हैं।
  इस संबंध में एमई दिनेश कुमार से बात हुई तो उन्होंने बताया कि एक फरवरी 2026 को शिकायत पर नगरपालिका के अधिकारी मौके पर गये थे तो पाया कि संत की मृर्ति स्थापित कर रविदास जयंती मनाई जा रही है। बाद में नपा चेयरमैन ने ग्रीवेंस कमेटी में शिकायत कर इसे हटाने की मांग की थी जिस पर फिर से सोमवार को बिना पुलिस के नपा अधिकारी चबूतरा आदि हटाने पहुंचे किंतु लोग झाड़, जेली, लाठी लेकर आ गए तो वापस लौटना पड़ा। वो चाहते हैेंं कि संत की प्रतिमा लगी रहे और गांव का माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे।
फोटो कैप्शन 09: विवादित रविदास की मूर्ति



राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक अगिहार से सेवादार कालूराम सेवानिवृत्त
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अभियान से सेवादार कालूराम अपने 25 साल 5 महीने की सेवा पूरी करके आज सेवानिवृत्त हो गए इस अवसर पर विद्यालय के प्रांगण में विदाई समारोह आयोजित किया गया कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या पूनम यादव ने की विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने कालूराम को स्मृति चिन्ह तथा माल्यार्पण करके और पगड़ी पहनाकर  सम्मानित किया इस अवसर पर कालूराम के सगे संबंधी परिजन तथा विद्यालय के स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 06: सेवानिवृत्ति पर सम्मान देते हुए






बेवल में मेगा पीटीएम व वार्षिक परिणाम समारोह का आयोजन
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेवल में मेगा पेटीएम व वार्षिक परिणाम समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अमीन कुमार व पूरी स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्यारेलाल कटारिया ने की। परीक्षा परिणाम इंचार्ज आशा यादव ने  विभिन्न कक्षाओं के वार्षिक परिणाम बताएं व कक्षाओं में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की व सभी को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्राचार्य ने स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों से आग्रह किया कि वह हमारे स्कूल के अध्यापकों के साथ घर-घर जाकर स्कूल की उपलब्धियां का वर्णन करें तथा स्कूल में नामांकन बढ़ाने में उनका सहयोग करें।
  स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अमीन कुमार ने प्राचार्य को विश्वास दिलाया कि उनकी पूरी टीम स्कूल के सभी अध्यापकों के साथ मिलकर स्कूल में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रयास करेंगे। परीक्षा में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को स्कूल प्रबंधन समिति व स्कूल की तरफ से स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता सरोज कुमारी, इंदु बाला, गजराज सिंह, विक्रांत सेन,नीलम यादव, दीपक कुमार, हंसराज सिंह,पवन कुमार, हवा सिंह, कृष्ण कुमार  व सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 05: अव्वल रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए


सीहोर स्कूल में प्रवेश उत्सव की धूम,
टापर्स के साथ माता-पिता भी किए गए सम्मानित
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
सीहोर स्थित शहीद सतपाल सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश उत्सव के अंतर्गत प्रतिभा प्रोत्साहन एवं सम्मान समारोह आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार यादव ने जहां सरकारी स्कूलों में दाखिला बढ़ाने के लिए अभिभावकों ,सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायतों,स्कूल प्रबंधन समिति से अपील की और कक्षा टापर्स व उनके माता-पिता को सम्मानित किया।
उप-शिक्षा अधिकारी डा. दिलबाग सिंह  ने इंस्पायर अवार्ड, बुनियाद और सुपर 100  के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को छात्र जीवन में सफलता के पांच प्रेरक टिप्स बताएं व नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया।
      विद्यालय के प्राचार्य हरीश प्रधान ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की, संस्कृत अध्यापिका शालू बाई के निर्देशन में मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान सीमा, उप प्रधान धर्मपाल, सरपंच  हरीश कुमार, विद्यालय में विशेष योगदान देने वाले महापुरुषों को भी सम्मानित किया गया। ऐसा अवसर पर जनगणना जागरूकता पर केंद्रित शपथ, रंगोली तथा पुष्प सज्जा मनमोहक रही।
फोटो कैप्शन 03: सीहोर स्कूल में अभिभावकों को सम्मानित करते हुए



बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
 -कोरोना काल के दौरान रोका गया 18 माह  का महंगाई भत्ता का एरियर ब्याज सहित देने की मांग
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
कर्मचारी भवन सुखपूरा चौक रोहतक में रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन की राज्य कार्यकारिणी  की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य प्रधान मास्टर वजीर सिंह ने की व संचालन राज्य महासचिव रतन जिंदल ने किया। इस बैठक में वयोवृद्ध कर्मचारी  व किसान नेता मास्टर शेर सिंह व आशा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रेस सचिव धर्मपाल शर्मा ने बताया कि बैठक मे सर्वप्रथम दिवंगत साथियों व सांसद जगबीर सिंह तथा अमेरिका इजरायल ने ईरान पर जो हमला कर रखा है उसमें मारे गए निर्दोष बच्चों महिलाओं व पुरुषों की याद में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।   
       राज्य प्रधान मास्टर वजीर सिंह द्वारा वह राज्य कार्यकारिणी के द्वारा अखिल भारतीय राज्य सरकारी फेडरेशन के राष्ट्रीय सफल आयोजन के लिए कुरुक्षेत्र के साथियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। राज्य कार्यकारिणी ने मास्टर वजीर सिंह अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन का राष्ट्रीय महासचिव चुने जाने पर सभी ने उन्हें शुभकामनाएं व बधाई दी। मास्टर वजीर सिंह ने बताया की सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सारे राज्य के रिटायर्ड कर्मचारियों के पदाधिकारी व सदस्यों का आभार जताया। राष्ट्रीय सम्मेलन की समीक्षा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया की समस्त राज्य कार्यकारिणी 11 से 13 अप्रैल को करनाल में होने वाले हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति के सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। 21 अप्रैल को पूरे हरियाणा में मांग दिवस मनाया जाएगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने 12 सूत्री मांग पत्र बनाया है। पेंशन सम्बन्धी वित विधेयक  2025 को तुरंत वापस लिया जाए। रिटायर्ड कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग के सभी लाभ पूर्व की भांति दिए जाएं। कम्युट की गई राशि सभी राज्यों में 11 वर्ष तक काटी जाए। कोरोना काल के दौरान रोका गया 18 माह  का महंगाई भत्ता का एरियर ब्याज सहित दिया जाए। 65 वर्ष की आयु में 10 प्रतिशत व 75 की आयु में 20त्न मूल वेतन में वृद्धि की जाए। रिटायर्ड कर्मचारियों का सभी सरकारी व पैनल वाले अस्पतालों में मुफ्त इलाज किया जाए और मेडिकल भत्ता 3000 रुपए प्रति माह दिया जाए। रिटायर्ड कर्मचारियों को रेलवे व हवाई जहाज यात्रा में पहले की तरह 50 प्रतिशत छूट दी जाए। न्यायालय के सभी लाभकारी निर्णय को सभी योग्य  कर्मचारी व पेंशनर्स पर लागू किया जाए। मजदूर विरोधी कर श्रम संहिताओं को समाप्त किया जाए। सभी विभागों में रिक्त पदों पर स्थाई रूप से नियुक्ति की जाए तथा निजीकरण नीतियों पर रोक लगाई जाए।  एनपीएस तथा यूपीएस पेंशन स्कीम को समाप्त करके  पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए।
 इस मांग पत्र पर पूरे राज्य में कम से कम 100000 रिटायर्ड कर्मचारियों के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। यह सभी हस्ताक्षर पेंशन दिवस के ऊपर प्रधानमंत्री को सौंपे  जाएंगे।  बैठक में फैसला लिया गया कि इसके अलावा रिटायर्ड कर्मचारी संघ जिला वाइज स्वास्थ्य जांच शिवर लगाएगा। वेटरनर गेम्स करवाए जाएं। 80 साल से ऊपर के रिटायर्ड कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। जोन वाइज रिटायर्ड कर्मचारी संघ के ब्लॉक व जिला लेवल के पदाधिकारी के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाये जाएंगे। बैठक में वक्ताओं ने अमेरिका व भारत के बीच जो डील हुई है अमेरिका जो भारत को उत्पाद देगा उन पर भारत कोई टैक्स नहीं लगाएगा और भारत से अमेरिका  जो कृषि उत्पादन खरीदेगा उसे पर 18 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा ।इस भारत व अमेरिका की डील से भारत का किसान बर्बाद हो जाएगा। इस बात की कड़े शब्दों में निंदा की गई। सभी को अपने ढंग से जीवन जीने का अधिकार है । अमेरिका ईरान युद्ध से दुनिया में सभी लोगों के जीवन पर प्रभाव पड़ेगा। भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का नेता रहा है। अमेरिका की अर्थव्यवस्था हथियारों पर चलती है। हम इस बैठक में बिजली कानून, स्मार्ट मीटर ,चार लेबर कोर्ट ,सीड बिल जो सरकार लाई है उनकी कड़ी निंदा करते हैं ।सरकार ने एटामिक पावर भी प्राइवेट कर दिया है और सरकार की नई शिक्षा नीति की भी हम कड़ी आलोचना करते हैं। वजीर सिंह ने सर्व कर्मचारी संघ द्वारा चलाई गई सभी आंदोलन का भी सभी से समर्थन करने की पूर्व जोर अपील की ।राज्य उप प्रधान बलवान सिंह व उपमहासचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने चंडीगढ़ में  विभिन्न विभागों के अधिकारियों से हुई बातचीत का ब्योरा दिया। इस बैठक  घनश्याम दास शर्मा ,जयप्रकाश शर्मा , धर्मपाल शर्मा, कलीराम, बलराज, मंगतराम कौशिक ,देवेन्द्र यादव ,बलवान सिंह  विक्रम यादव, ओम प्रकाश, राजवीर सिंह  उमा खान। शीशपाल, गुलाब सिंह, हरिश्चंद्र वर्मा, नरेश शर्मा, कमल सिंह ,धर्मपाल यादव  आजाद पांचाल, रामेश्वर दयाल ,प्रीतम रावल व मुख्तियार सिंह तथा सभी जिलों के जिला सचिव व प्रधान उपस्थित थे।
फोटो केप्शन 04: संबंधित है




गेहूं की खरीद पर लगाई गई शर्ते हटाई जाए
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
बसपा के नेता अतरलाल एडवोकेट ने राज्य सरकार द्वारा सरसों तथा गेहूं की सरकारी खरीद के लिए लगाई गई शर्तों को किसान विरोधी बताते हुए इन्हें हटाने की मांग की है। अतरलाल ने जिला के गांव कपूरी, ककराला, भडफ़, इसराणा में किसानों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सरसों तथा गेहूं की सरकारी खरीद के लिए जो शर्तें लगाई हैं वे बहुत कठिन हैं। उनसे किसानों को परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने सरसों तथा गेहूं की सरकारी खरीद के लिए मंडियों में आने वाले उत्पादक किसानों पर शर्त लगाई है कि किसान अपने ट्रैक्टर ट्राली में फसल लाएगा। मंडी गेट पर उस ट्रैक्टर ट्राली तथा नंबर प्लेट की फोटो ली जाएगी। फोटो व नम्बर अपलोड होने के बाद ही गेट पास जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस किसान के पास अपनी ट्रैक्टर ट्राली नही तो उसको बहुत परेशानी होगी। इसी तरह सरकार ने शर्त लगाई है कि पोर्टल पर फसल रजिस्ट्रेशन करने वाले हर किसान को ट्रैक्टर ट्राली के साथ बायोमैट्रिक हाजरी लगाने के लिए स्वयं आना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अभी तो सरसों का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक होने के कारण किसान अपनी सरसों निजी विक्रेताओं को बेच रहे हैं, परन्तु गेहूं की सरकारी खरीद में किसानों को इन शर्तों के कारण परेशानी उठानी पड़ेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने तत्काल इन कठिन व नाजायज शर्तों को नहीं हटाया तो बहुजन समाज पार्टी आंदोलन करने पर मजबूर होगी। इस अवसर पर उनके साथ शेर सिंह यादव, भाग सिंह चेयरमैन, कैलाश सेठ, पवन, मदन, ओमप्रकाश यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।


दिनभर छाए रहे आकाश में बादल, दो बार हुई बूंदाबांदी
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
*************
कनीना की आवाज।
 कनीना क्षेत्र में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है। दिनभर आकाश में काले बादल छाए रहे। सोमवार सुबह तथा दोपहर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई और लावणी का काम रुक गया है। क्षेत्र में अंधड़ भी चला। अंधड़ के कारण किसानों द्वारा इकट्ठी की गई गेहूं और सरसों की फसल दूर तक उड़कर चली गई। किसान पल-पल मौसम पर नजर टिकाए हैं। मौसम विभाग पहले ही किसानों को चेतावनी दे चुका है किंतु किसान मजबूरन अपनी गेहूं और सरसों दोनों की फसल की लावणी लगातार कर रहे हैं।
एक तरफ जहां सरसों की लावणी भी पूरी नहीं हुई है वहीं गेहूं की लावणी आ जाने से गेहूं की लावणी में व्यस्त हो गए हैं। दोनो फसलों की लावणी साथ साथ चल रही है। किसान परेशान है। इस बार रबी फसल पैदावार लेते समय कई बार बूंदाबांदी हो चुकी है और अंधड़ के कारण बार-बार उनका कार्य रुका है। किसान  बार-बार लावणी की गई फसल को सूखाते है तब तक फिर से बूंदाबांदी हो जाती हे। कुछ किसानों ने पैदावार घर तक डाली है तो कुछ किसान अनाज मंडियों में निजी स्तर पर बेच भी आए हैं।
 किसान सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, योगेश कुमार आदि ने बताया कि इस बार मौसम बार-बार बदल रहा है और उनकी समस्या बढ़ती ही जा रही है।
 फोटो कैप्शन 02: आकाश में छाए हुए बादल


अंग्रेजी माध्यम प्राइमरी माडल स्कूलों में स्टेशन भरने में अध्यापकों ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
-74 पोस्टों पर किसी भी प्राइमरी अध्यापक ने रुचि नहीं दिखाई
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा हाल ही में पेपर लेकर अध्यापकों को अंग्रेजी माध्यम माडल स्कूलों में तैनाती की योजना बनाई थी लेकिन महेन्द्रगढ़ जिले के चौबीस स्कूलों में 74 पोस्टों पर किसी भी प्राइमरी अध्यापक ने रुचि नहीं दिखाई। इसमें राजकीय प्राइमरी माडल स्कूल ककराला में 4,कनीना में 2,कनीना कन्या स्कूल में 3,भोजावास में 4 पदों पर किसी भी प्राइमरी अध्यापक ने अपनी सहमति नहीं दी। हालांकि अब इन स्थानों पर अतिथि अध्यापकों को मौका दिया जाएगा लेकिन जिला महेंद्रगढ़ में प्राइमरी अतिथि अध्यापक नहीं है। अब अंत में इन स्कूलों में सामान्य तबादला नीति में उन अध्यापकों को दोबारा मौका दिया जाएगा जिन्होंने प्रथम राउंड में इन अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में जाने में अपनी रुचि नहीं दिखाई। इसी तरह की कुछ  स्थिति पोस्ट ग्रेजुएट टीचर विषय कामर्स व अर्थशास्त्र में रही इन विषयों में भी अध्यापकों ने अपनी रुचि अंग्रेजी माध्यम माडल स्कूलों में काम करने में नहीं दिखाई।



सरसों की खरीद शुरू किंतु निजी स्तर पर सरसों बेच रहे हैं किसान
********************************************************
**************************************************
*******************************************************
कनीना की आवाज।
 प्रदेश सरकार द्वारा अनाज











मंडी में सरकारी तौर पर 6200 पर प्रति क्विंटल के हिसाब से सरकारी खरीद के आदेश दे दिए किंतु किसान अभी तक सरकारी तौर पर सरसों बेचने के लिए नहीं आ रहे हैं। निजी स्तर पर सरसों बेचने के लिए जरूर आ रहे हैं।
 मिली जानकारी अनुसार 6200 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से सरकारी तौर पर सरसों हैफेड खरीद एजेंसी द्वारा खरीदी जा रही है किंतु 6200 रुपए से अधिक पर निजी स्तर पर कोई भी सरसों अनाज मंडी में खरीद सकता है। ऐसे में अनाज मंडी में निजी स्तर पर जरूर सरसों कुछ खरीदी गई है। जिसका कम से कम रेट 6205 रुपए रहा है।
इस संबंध में हैफेड मैनेजर वीरेंद्र सिंह से बात हुई। उन्होंने कहा कि सरसों खरीदने के लिए हम तैयार है किंतु सरकारी तौर पर सरसों बेचने के लिए किसान नहीं पहुंच रहे हैं। निजी स्तर पर जरूर किसान सरसों बेच रहे हैं। कनीना की नई अनाज मंडी स्थित चेलावास में निजी स्तर पर सरसों जरूर खरीदी गई है जबकि सरकारी तौर पर अभी तक एक भी किसान सरसों बेचने के लिए नहीं पहुंचा है। अनाज मंडी में जहां चेयरमैन मार्किट कमेटी जेपी कोटिया ने भी दौरा किया और उन्होंने बताया कि अभी तक सरसों बेचने के लिए किसान नहीं आ रहे हैं।
 फोटो कैप्शन 01: निजी स्तर पर सरसों बेचते किसान कनीना की नई अनाज मंडी स्थित चेलावास

No comments: