Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Friday, March 6, 2026



 



बढ़ते तापमान से गेहूं की फसल को बचाने के लिए किसान अपनाएं वैज्ञानिक तकनीक- उप कृषि निदेशक
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने मार्च माह के दौरान तापमान में अचानक हो रही वृद्धि को देखते हुए जिले के किसानों के लिए फसल सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है।
उप कृषि निदेशक डा. देवेंद्र सिंह ने बताया कि तापमान बढऩे से गेहूं की फसल में दानों के भराव की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, जिससे दाने छोटे व हल्के रह सकते हैं।
डा. देवेंद्र सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल की नियमित निगरानी करें और
किसी भी समस्या के लिए कृषि विभाग के विशेषज्ञों से संपर्क करें।
फसल बचाव के लिए किसान इन वैज्ञानिक उपायों को अपनाएं-
पोटैशियम नाइट्रेट का छिड़काव-
यदि दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है, तो गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए 20 प्रतिशत पोटैशियम नाइट्रेट  का छिड़काव करें। इसके लिए 2 किलोग्राम पोटैशियम नाइट्रेट को 100 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़?काव करें। पछेती गेहूं की फसल में 10 दिन के अंतराल पर वो छिड़काव किए जा सकते हैं।
सिंचाई प्रबंधन-
फसल में आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई करें ताकि खेत में नमी बनी रहे। विशेष ध्यान रखें कि तेज हवा चलते समय सिंचाई न करें, अन्यथा फसल के गिरने की संभावना रहती है।
फव्वारा सिंचाई-
दोपहर के समय में स्प्रिंकलर/मिनी स्प्रिंकलर से सिंचाई करने पर खेत का तापमान कम किया
जा सकता है।
खरपतवार नियंत्रण-
गेहूं के खेतों में यदि मंडूसी कनकी के पौधे दिखाई दें तो उन्हें हाथ से उखाड़कर बाहर निकाल दें। इससे बीज बनकर खेत में नहीं गिरेंगे और अगले वर्ष इस खरपतवार का प्रकोप कम रहेगा।
पीला रतुआ-
किसानों को सलाह दी जाती है कि अब पीला रतुआ के नियंत्रण के लिए दवाइयों के छिड़काव की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि अधिक तापमान होने पर यह रोग स्वत ही समाप्त होने लगता है।

कुतरूं प्राचार्य के कारनामे-12  पढ़े 8 मार्च को
-करना चाहा था बुरा हो गया भला, जाको राखे सांइया मार सके न कोय





आम नागरिकों के लिए खुले सरकारी आईटीआई के द्वार
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
  हरियाणा सरकार ने राज्य के आम नागरिकों के कौशल विकास और संसाधनों तक पहुंच बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बजट 2025-26 की घोषणाओं के अनुरूप, सरकार ने एक विशेष आनलाइन पोर्टल लांच किया है, जिसके माध्यम से अब आम नागरिक सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
यह जानकारी देते हुए आईटीआई प्राचार्य विनोद खनगवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आईटीआई के संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना और स्थानीय नागरिकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि अब आम नागरिक पोर्टल पर पंजीकरण करने के बाद आईटीआई में बनी लाइब्रेरी व वर्कशाप मशीनों का उपयोग कर सकेंगे।
इच्छुक नागरिक इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कौशल विकास को नई दिशा के संकल्प के साथ, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा ने इस योजना को लागू किया है। यह कदम न केवल युवाओं बल्कि उन सभी नागरिकों के लिए मददगार साबित होगा जो तकनीकी ज्ञान और मशीनरी में रुचि रखते हैं।







कनीना में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित माहौल में
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज। 
  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना में पूर्णत: शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संचालित हो रही हैं। परीक्षा केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं तथा विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी जा रही है।
परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक, उप-केंद्र अधीक्षक, सुपरवाइजरों तथा समस्त स्टाफ सदस्यों द्वारा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जा रहा है। केंद्र का वातावरण पूरी तरह तनाव-मुक्त है और परीक्षार्थियों को शांतिपूर्वक परीक्षा देने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया गया है।
परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की भी सराहनीय भूमिका रही है। केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहता है, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है। इससे परीक्षा केंद्र के आसपास अनुशासन एवं सुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
मुख्य केंद्र अधीक्षक नरेश कौशिक  एवं उप डिप्टी केंद्र अधीक्षक विजय महक से चर्चा की गई तो उन्होंने परीक्षा केंद्र को बेहतर बताया और कहा कि ऐसा शांतिपूर्ण माहौल अन्यत्र नहीं मिलेगा।
इसके अतिरिक्त ड्यूटी पर तैनात स्टाफ सदस्यों के लिए भी जलपान एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन सुचारु रूप से कर पा रहे हैं।
फोटो कैप्शन 06: संबंधित है


मौसम में बदलाव वायरल इन्फेक्शन आशंका -डा. मोरवाल
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
 मौसम में बदलाव आ गया है। जहां रात के समय ठंड पड़ती है दिन के समय गर्मी और पंखे चलते हैं। वही रात के समय पंखों की कोई आवश्यकता नहीं होती। जहां किसान लावणी में लगे हुए हैं। लावणी के साथ-साथ मक्खी मच्छर बढ़ गए हैं। सुबह सवेरे दोपहिया वाहन चालक भी परेशान है क्योंकि छोटे-छोटे कीट आंखों में गिर जाते हैं, वही मच्छर भी बढऩे लगे हैं। मौसम बदलाव होने से न तो सर्दी है और न ही गर्मी है। इस समय वायरल इंफेक्शन हो जाते हैं। इस संबंध में डा. जितेंद्र मोरवाल कनीना उप-नागरिक अस्पताल ने बताया कि इस मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। अभी पूरी बाजू के कपड़े पहने और सावधानी रखें। मक्खी मच्छरों से बचाव रखें। दिन में यदि दोपहिया वाहन पर जाते हैं तो आंखों में कीट गिरने का खतरा बन जाता है। इसलिए चश्मा एवं हेलमेट आदि जरूर प्रयोग करें ताकि उनसे बचाव किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस समय वायरल इंफेक्शन होने की संभावना बढ़ जाती है।  यदि कोई दिक्कत हो तो तुरंत अस्पताल और डाक्टर से संपर्क कर सकते हैं।
  उधर सड़क पर दुपहिया वाहन चालक अति परेशान हो जाते हैं। जब वे बिना हेलमेट लगाकर या चश्मे लगाकर चलते हैं तो उनकी आंखों में छोटे कीट घुस जाते हैं। सड़क पर वाहन रोककर अपनी आंखों को मसलते हुए देखा जा सकता है। ये मच्छर जहरीले कम हैं किंतु बदबूदार अधिक होते हैं।
कैसे बचा जाए-
डा. का कहना है कि यदि दुपहिया वाहन पर सुबह शाम सफर करना है तो बेहतर ढंग के चश्मे लगाकर वाहन चलाना चाहिए। हेल्मेट लगाकर चलाने से इन मच्छरों से छुटकारा मिल सकता है। सिर को ढककर दुपहिया वाहन चलाने से कुछ हद तक छुटकारा मिल सकता है।
डाक्टर के अनुसार ये मच्छर दुपहिया वाहन चालकों के लिए सिरदर्द बन जाते हैं।  साफ पानी से आंखों को धोए एवं साफ रुमाल से ही आंखों को साफ करे, डाक्टर से मच्छर निकलवा। आंखों को मसलने से आंखें खराब हो जाती हैं। उनका कहना है कि बेहतर आंखों के ड्राप बाजार में जेंटासीन आदि मिलते हैं, जिनका प्रयोग आंखों को बचाता है। उनके अनुसार देशी तरीका यह भी है कि आंख में देशी घी की एक बूंद डाली जाए तो राहत मिल जाती है।
फोटो कैप्शन: डा. मोरवाल





पहली से आठवीं कक्षा की डेट शीट में किया गया है बदलाव
-अब 14 मार्च की परीक्षा होगी 19 मार्च को
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
 महानिदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा पंचकूला ने पहले जारी कक्षा पहली से आठवीं की मार्च 2026 की परीक्षाओं की डेट शीट में बदलाव कर दिया है। जो परीक्षा 14 मार्च दूसरे शनिवार को होने वाली थी अब वह 19 मार्च को निर्धारित की गई है। क्योंकि दूसरे शनिवार को अवकाश रहता है। शायद इसी वजह से यह है निर्णय लिया गया है। इस संबंध में विभाग ने पत्र भी जारी कर दिया गया है जो सभी स्कूल मुखिया तक भेजा जा चुका है।
फोटो कैप्शन: विभाग द्वारा जारी डेटशीट बदलाव पत्र


परीक्षाएं चल रही शांतिपूर्वक
- 10 + 2 की इतिहास और बायो की परीक्षा संपन्न
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना और आसपास नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक चल रही हैं। अभी तक कोई यूएमसी केस नहीं बना है। कनीना के एकमात्र परीक्षा केंद्र कनीना मंडी के नरेश कौशिक ने बताया कि परीक्षाओं में कोई बाह्य हस्तक्षेप नहीं है। प्रशासन पूरा सहयोग कर रहा है। अंदर किसी प्रकार की कोई नकल नहीं होने दी जाती। विद्यार्थी शांतिपूर्वक परीक्षा दे रहे हैं। संपन्न इतिहास और बायो की परीक्षा में शांतिपूर्वक चली। इस संबंध में कुछ छात्राओं से चर्चा की गई जिनके विचार निम्न है--
 बायो उनका मुख्य विषय है तथा विषय में बहुत लगाव रखती इसलिए बायो का पेपर बहुत सहजता और सरलता से पूर्ण किया है। किसी प्रकार का कोई हस्तक्षेप नहीं रहा।
-- छात्रा अमृता
जीव विज्ञान विषय रुचिकर होने के कारण वे सदा इसमें रुचि लेकर पढ़ती है और परीक्षा में पेपर भी अच्छा आया जिसके कारण उन्होंने आसानी से हल कर दिया है। उन्हें अच्छे अंक आने की उम्मीद है।
--छात्रा जाह्नवी
परीक्षा दौरान बिना किसी हस्तक्षेप के शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है। क्योंकि शांतिपूर्वक परीक्षाएं चल रही है और पेपर भी शिक्षा बोर्ड के अच्छे आ रहे हैं। जिनको वे खुश होकर हल कर रही है। उन्हें विश्वास से किस बार भी अच्छे अंक आएंगे।
--छात्रा खुशबू
इस बार परीक्षा केंद्र का कनीना मंडी होने के कारण उन्हें घर जैसा आभास हो रहा है और सहजता से उत्तर देने पड़ रहे हैं। क्योंकि परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार का कोई हस्तक्षेप नहीं और प्रश्न पत्र भी उनकी रुचि के अनुसार आ रहे हैं। जिन्हें आसानी हल कर देती हैं। इस बार उन्हें विश्वास है की बेहतरीन अंक आएंगे।
 फोटो कैप्शन 5: परीक्षा के बाहर आते विद्यार्थी साथ में
अमृता, जाह्नवी, खुशबू और पलक


कनीना मंडी में 7 मार्च को खंड स्तरीय उल्लास बैठक, 15 मार्च को होगी परीक्षा
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में 7 मार्च को उल्लास  कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण खंड स्तरीय बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 15 मार्च को आयोजित होने वाली उल्लास परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना है।
विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में खंड के सभी 47 विद्यालयों के आहरण एवं वितरण अधिकारी भाग लेंगे। बैठक का आयोजन प्रात: 10 बजे विद्यालय परिसर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में उल्लास कार्यक्रम से संबंधित परीक्षा की तैयारियों, व्यवस्थाओं तथा परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर खंड के उल्लास नोडल अधिकारी गुलशन कुमार अधिकारियों को परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे।
उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित होने वाली इस परीक्षा में खंड के पंजीकृत नवसाक्षर भाग लेंगे। बैठक में परीक्षा को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विद्यालयों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।


भारतीय ज्ञान प्रणाली पर विशेष व्याख्यान का
आयोजन                                                                                           पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा में
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा में पीएमश्री योजना के अंतर्गत भारतीय ज्ञान प्रणाली  गतिविधि के तहत एक प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में नवोदय विद्यालय समिति से सेवानिवृत्त उप-प्राचार्य माननीय  रामप्रताप शास्त्री पधारे।
विद्यालय पहुंचने पर शास्त्री का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन विद्यालय प्राचार्य ब्रजमोहन रावत , उप-प्राचार्य धर्मेंद्र आर्य एवं पूजा सिंह टीजीटी हिंदी द्वारा किया गया ।
कार्यक्रम का सुंदर संचालन एवं समन्वय भारतीय ज्ञान प्रणाली गतिविधि प्रभारी पूजा सिंह, टीजीटी हिंदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6, 7 एवं 8 के समस्त छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्री शास्त्री ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में छात्रों को प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली एक वैज्ञानिक सोच है। भारतीय ज्ञान परंपराएं हमें जीवन में संतुलन , कर्तव्य , पर्यावरण प्रेम ,सत्य , अहिंसा , करुणा आदि की शिक्षा देती है ।
उन्होंने वेद, उपनिषद, योग शिक्षा तथा भारतीय दर्शन की गहनता, धर्म व संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। शास्त्री जी ने जोर देकर कहा कि भारत कभी विश्वगुरु था और गणित, खगोलशास्त्र, चिकित्सा, योग, दर्शन आदि अनेक क्षेत्रों में भारत ने विश्व को अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने बताया की भारतीय ज्ञान प्रणाली का अध्ययन विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में मददगार साबित हो सकता है जैसे वे योग शिक्षक, आयुर्वेद चिकित्सक, वास्तु विशेषज्ञ व मनोवैज्ञानिक आदि क्षेत्रों में अपना सफलता प्राप्त कर सकते हैं। आज भी इन प्राचीन ज्ञान परंपराओं को पुनर्जनम देकर हम पुन: विश्वगुरु बन सकते हैं। अपने वक्तव्य के अंत में रामप्रताप शास्त्री जी ने विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा को जीवित रखने के लिए प्रतिदिन योग प्राणायाम करने, भारत के प्राचीन महापुरुषों की जीवनियां पढऩे, परिवार से लोक कथाएं , लोक गीत और परंपराएं सीखने और प्रकृति से जुडऩे के लिए प्रेरित किया ।
कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य धर्मेंद्र आर्य जी ने मुख्य वक्ता  रामप्रताप शास्त्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा अपने कीमती समय में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा का अमूल्य ज्ञान प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
फोटो कैप्शन 03: श्री शास्त्री भारतीय ज्ञान पद्धति पर व्याख्यान देते हुए



बाबा भैया लाइब्रेरी ककराला में संघर्ष से सफलता तक प्रेरणा संवाद का दूसरा सत्र सम्पन्न --युवाओं को मिला सफलता का मंत्र ककराला
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
उपमंडल के गांव ककराला स्थित बाबा भैया लाइब्रेरी में संघर्ष से सफलता तक प्रेरणा संवाद कार्यक्रम का दूसरा सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लाइब्रेरी से जुड़े युवा पाठकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महेंद्र यादव, जो वर्तमान में केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड में अधीक्षक के पद पर सेवारत हैं, ने अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को हासिल करने योग्य छोटे छोटे लक्ष्य बनाकर बड़े लक्ष्य को हासिल करने, निरंतर मेहनत करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि युवा अनुशासन, मेहनत और सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
इस अवसर पर गांव के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में एसएमसी प्रधान योगेश कुमार, दिनेश सोनी, संदीप पंच, धर्मेंद्र पंच, मास्टर रामचंद्र, पवन कुमार, यतिन कुमार, सोनम लाइब्रेरियन, यश शर्मा, शांतिलाल नंबरदार, कवर सिंह नंबरदार, बाबूलाल स्वामी, लाल सिंह चौकीदार, जितेंद्र राता, कैलाश मास्टर पहलवान राता और अभिमन्यु शर्मा सहित अन्य ग्रामीणजन शामिल रहे।
संवाद के दौरान युवाओं ने खुलकर अपने सवाल रखे और मुख्य वक्ता से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस प्रेरक चर्चा से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे की प्रेरणा देखने को मिली।
अंत में अध्यक्ष मास्टर रामनिवास और उपाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा भैया लाइब्रेरी भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि गांव के युवाओं को शिक्षा और कैरियर के क्षेत्र में सही दिशा और मार्गदर्शन मिल सके।
फोटो कैप्शन 04: लाइब्रेरी में महेंद्र यादव संबोधित करते हुए


गौशाला में मनाया गया अभिनव यादव का 20वां जन्मदिन
-किया दान एवं भजन-कीर्तन
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
कनीना के वार्ड -14 सूबेदार मेजर महेन्द्र सिंह के पोते अभिनव का 20वां जन्मदिन श्रीकृष्ण गौशाला में धार्मिक एवं सेवा भाव के साथ बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे और गौसेवा करते हुए अभिनव को आशीर्वाद दिया।
अभिनव वर्तमान में बीटेक का विद्यार्थी है तथा उसे गौसेवा में विशेष रुचि है। उसी की प्रेरणा से परिवार ने उसका जन्मदिन गौशाला में मनाने का निर्णय लिया, जिससे कार्यक्रम में सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में अभिनव के दादा-दादी महेन्द्र सिंह व तारावती, दादा भरपूर सिंह, बसंती, रामरती, कांता, शकुंतला, शरबती, केला देवी, राम देवी व सुलोचना सहित परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक गौसेवा की। अभिनव के माता-पिता नीलम व सुरेन्द्र कुमार तथा उनकी मौसी हैप्पी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ढोकलमल शिव मंदिर सत्संग मंडली की प्रधान सविता तथा मोलडऩाथ मंदिर सत्संग मंडली की प्रधान सोमवती ने अपनी-अपनी मंडलियों के साथ भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन मंडली में तनु, मधु, मोनिका, बबीता, सरला, पिंकी, ओमपति, भुआ माया, मुन्नी देवी, लाली पीटीआई, कविता, माया, सविता, संतोष, प्रेम, नीलम, संतरा व प्रवीण सहित अनेक महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक भजन प्रस्तुत किए।
अभिनव के दादा सूबेदार मेजर महेन्द्र सिंह ने पोते के जन्मदिन पर 31 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया। इसके साथ ही उनका कुल योगदान 80 हजार रुपये हो गया है। इस पुनीत कार्य के लिए गौशाला प्रधान भगत सिंह ने उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गौशाला सह-सचिव रामपाल, बलवान आर्य, अशोक पैकन, दुलीचंद साहब, कैप्टन दीनदयाल, रणबीर साहब, धर्मेंद्र, अशोक कुमार, सजन बोहरा, होशियार सत्संगी, राजेंद्र (पूर्व पार्षद), रमेश सत्संगी, मास्टर रामप्रताप, भारत टेलर्स दिनेश वी नरेश, बिट्टू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 02: गौशाला में भजन कीर्तन कर जन्म दिन मनाते हुए



सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में एसडी विद्यालय के 61 विद्यार्थी सफल
-स्कूल में खुशी का माहौल
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (एआईएसएसईई) में एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ककराला के  61 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. शिप्रा सारस्वत ने इस उपलब्धि पर सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा विद्यालय की समर्पित शिक्षकों की टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं एवं 9वीं में प्रवेश के लिए यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाती है, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में निर्धारित योग्यता प्राप्त करनी होती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने न केवल परीक्षा की है, बल्कि उच्च अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
विद्यालय के चेयरमैन जगदेव यादव ने इस शानदार उपलब्धि पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सम्पूर्ण विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि एसडी विद्यालय ककराला प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केन्द्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में उच्च गुणवत्ता वाली फैकल्टी, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत तथा अभिभावकों के सहयोग से लगातार बेहतर शैक्षणिक एवं प्रतियोगी परीक्षा परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. शिप्रा सारस्वत, ओमप्रकाश यादव, उप-निदेशक पूर्ण सिंह, सीईओ रामधारी, कोर्डिनेटर स्नेहलता, कोर्डिनेटर ईश्वर सिंह, कोर्डिनेटर प्रियंका, कोर्डिनेटर बिन्दु, संदीप, सुनील रोहिल्ला, नीता यादव, अनिता, मनीषा, अजीत सिंह, सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 01: सैनिक स्कूल में चयनित विद्यार्थी संग स्टाफ

 

 















साल में दो विज्ञापन भी नहीं देने वाले समाचार न भेजे
- अखबार का आदेश है विज्ञापन देने वालों की खबरें लगे अधिक से अधिक
*******************************************
*/************************************************
*******************************************
कनीना की आवाज।
लंबे समय से डा. होशियार सिंह यादव पत्रकारिता में जुटा हुआ है। सुबह से रात 11 जाते हैं तब जाकर पत्रकारिता पूर्ण होती है किंतु न तो समाचार पत्र एक रुपया भी देता और न ही लोग विज्ञापन देते। साल में अनेक समाचार छपने के बाद भी जब विज्ञापन का वक्त आता है तब कोई विज्ञापन नहीं दिया जाता, जिससे अखबार नाराज है और ऐसे पत्रकार जो विज्ञापन नहीं देते उनको हटाने का निर्णय ले लेता है। ऐसे में जो साल में दो विज्ञापन नहीं दे पाए वो कृपया मेरे पास/डा. होशियार सिंह यादव के पास समाचार प्रकाशन हेतु न भेजे। इसे कड़ाई से पालन किया जाएगा। भविष्य में यदि कोई समाचार भेजता है तो स्वयं जिम्मेदार होगा और वे प्रकाशित नहीं होंगे। अपने घर से कंप्यूटर, बिजली, नेट खर्चा, भाग दौड़ करनी पड़ती है वहीं बच्चों से दूर रहना पड़ता है। उस पर भी एक रुपए भी जेब में नहीं आता और खर्चा बढ़ता ही चला जाता है। एक और परिवार वाले नाराज वहीं अखबार वाले नाराज क्योंकि कुछ लोगों की आदत बन गई है कि समाचार के समय तो कहेंगे बड़े-बड़े समाचार छाप दो और विज्ञापन के नाम पर कहेंगे सोचेंगे, देखेंगे या फिर फोन नहीं उठाते, फोन बंद कर लेते हैं।  ऐसे में ऐसे व्यक्ति जो साल में दो विज्ञापन नहीं दे पाते वो कृपया माफ करें, समाचार भविष्य में न भेजे। केवल वही व्यक्ति भेजें जिन्होंने कुछ विज्ञापन दिया है या मेरी किसी क्षेत्र में मदद की है ताकि उनका खर्चा में स्वयं वहन कर सकूं। सबसे बड़ी बात है कि अखबार के निर्देशानुसार एक विज्ञापन कम से कम 10 हजार का देने वालों के छह माह समाचार प्रकाशित होंगे, दो विज्ञापन देने वालों के पूरे साल समाचार प्रकाशित होंगे। अधिकतम दिन में एक समाचार प्रकाशित करवा सकता है वह भी स्वयं टाइप करके भेजना होगा। यदि साल में 20000 तक का विज्ञापन देता है उनके लिए यह सुविधा एक साल चलती रहेगी। समाचारपत्रों का कहना है कि उन लोगों पर समय बर्बाद ना करें जो विज्ञापन नहीं देते। एक और मजबूरी है दूसरी और विज्ञापन देना जरूरी है। शायद कनीना क्षेत्र के प्रतिदिन 10 बड़े समाचार अकेले मेरे प्रकाशित होते हैं लेकिन इस होली पर महज एक छोटा सा विज्ञापन मिला जिनसे उम्मीद थी वो कल देंगे, फिर देंगे, आगे देंगे करते-करते होली भी टाल दी। अब ऐसा नहीं होगा। केवल क्राइम के समाचार और उन लोगों के समाचार प्रकाशित होंगे जो विज्ञापन देते हैं या ऐसे व्यक्तित्व जो वास्तव में समाज के लिए  उदाहरण बने हुए हैं।


 

No comments: