कनीना नगर पालिका उप चुनाव
अपनी अपनी दावेदारी जता रहे उम्मीदवार , जनता से कर रहे विकास के वादे
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। जैसे जैसे कनीना नगर पालिका के उपचुनाव नजदीक आ रहे है उम्मीदवार भी जनता को विकास के वादों से लुभाने लग रहे है। चुनाव आयोग के अनुसार कनीना नगर पालिका का वार्ड नंबर 14 के पार्षद पद हेतू आगामी 10 मई को उप चुनाव होने है।इस पद के लिए कुल 06 उम्मीदवार मैदान में है चुनाव में अब 2 दिन शेष रह गए है । सभी उम्मीदवार जनता से वादे कर करते दिखाई दे रहे है कि अगर वो चुनाव जीते तो वार्ड में सड़क , पानी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करवाएंगे । जैसा कि स्पष्ट दिख रहा है कि वार्ड नंबर 14 में न तो पक्की सड़क है और न ही सीवर की उचित व्यवस्था है जिस कारण आवागमन भी बाधित रहता है अंधेरे में राहगीरों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है । किसी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट का अभाव है तो किसी में पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो रहा । इसी के साथ वार्ड में पार्क व्यायाम स्थल और बच्चों के खेल मैदान जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इससे बच्चों युवाओं और बुजुर्गों सभी को परेशानी होती है
पार्क और खेल मैदान केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं बल्कि स्वस्थ जीवन शारीरिक फिटनेस और सामाजिक मेलजोल के लिए बहुत जरूरी हैं । वार्ड वासियों ने आग्रह किया है कि वार्ड में पार्क ओपन जिम और खेल मैदान की व्यवस्था कराई जाए ताकि हर आयु वर्ग के लोगों को बेहतर और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
फोटो कैप्शन: नगरपालिका कनीना
कनीना उपचुनाव-
-ईवीएम और पोलिंग पार्टियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। नगरपालिका कनीना के वार्ड संख्या-14 में होने वाले आगामी उपचुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पुरी कर ली है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली की अध्यक्षता में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और पोलिंग पार्टियों की द्वितीय रेंडमाइजेशन प्रक्रिया संपन्न की गई। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सॉफ्टवेयर के माध्यम से ड्यूटियों का निर्धारण किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि 10 मई को होने वाले मतदान के लिए कुल दो पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जिनमें से एक टीम बूथ पर मोर्चा संभालेगी जबकि दूसरी को रिजर्व रखा गया है।
फोटो कैप्शन 07: रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान मौजूद डीसी अनुपमा अंजली।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
-प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जिलाभर में मनेगा उत्सव
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। भारत की आध्यात्मिक चेतना के केंद्र बिंदु श्री सोमनाथ मंदिर के वर्तमान स्वरूप के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के 75 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आगामी 11 मई को जिलाभर में पर्व मनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी पर्व की तैयारी को लेकर आज सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने उपायुक्त अनुपमा अंजली के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की।
इस मौके पर उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिला महेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम नारनौल शहर के रेवाड़ी रोड स्थित मोडावाला शिव मंदिर में होगा। इस भव्य आयोजन की शुरुआत सुबह 9:00 बजे श्री गोपाल गौशाला के पास स्थित श्री श्याम मंदिर से एक विशाल कलश यात्रा के साथ होगी। यह रेवाड़ी रोड़ से गुजरते हुए मोडावाला शिव मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक के साथ इसका समापन किया जाएगा। इस कलश यात्रा में महिलाओं की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
इसके बाद उपायुक्त ने विभिन्न सामाजिक संगठनों की बैठक ली तथा उनके सहयोग से इस पर्व को भव्य रूप देने का आह्वान किया।
डीसी ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की अटूट आस्था और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण के इतिहास से अवगत कराना है।
उन्होंने बताया कि गुजरात के सोमनाथ में आयोजित होने वाले मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम का सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच सीधा प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रहा है, ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर युवा अपनी आस्था साझा कर सकें। यह पर्व सोमनाथ की ऐतिहासिक गाथा को याद करते हुए देश की सांस्कृतिक चेतना को एक नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
सोशल मीडिया पर हैशटैग्स के जरिए युवा अपनी आस्था को डिजिटल प्लेटफार्म पर साझा कर सकेंगे।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक, नारनौल एसडीएम अनिरुद्ध यादव, डीएसपी सुरेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 05: वीडियो कांफ्रेंस में मौजूद डीसी अनुपमा अंजली।
भू-राजस्व व्यवस्था को पूरी तरह कागज रहित बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार की पहल
-राजस्व अधिकारियों की कार्यकुशलता का अब सिस्टम करेगा मूल्यांकन
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। भू-अभिलेख विभाग के निदेशक यशपाल यादव ने कहा कि सरकार राजस्व कार्यों को पूरी तरह पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए संकल्पित है। राजस्व विभाग अब पूरी तरह कागज रहित होने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। एक साल बाद राजस्व विभाग का कोई भी कार्य मैनुअल तरीके से नहीं होगा। श्री यादव आज लघु सचिवालय में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। इस मौके पर उपायुक्त अनुपमा अंजली भी मौजूद थीं।
श्री यादव ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में आम जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए न केवल राजस्व अधिकारियों को निरंतर आधुनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए हर प्रकार के आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी तहसील कार्यालय में वीसी रूम सहित तमाम प्रकार के डिजिटल उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिला महेंद्रगढ़ से डिमांड मिल चुकी है तथा इसे जल्द पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में राजस्व अधिकारियों की स्वयं मूल्यांकन रिपोर्ट उनके द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर सीधे कंप्यूटर प्रणाली के माध्यम से तैयार की जाएगी। इस नई व्यवस्था में प्रणाली स्वयं कार्य प्रदर्शन के आधार पर साढे सात अंक देगी। शेष ढाई अंक उपायुक्त के विवेक पर निर्भर करेंगे। इस कदम से विभाग की कार्यप्रणाली में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और जवाबदेही के साथ-साथ पारदर्शिता में भी भारी वृद्धि होगी।
बैठक के दौरान निदेशक ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की गहन समीक्षा की। इसमें नारनौल में चल रहे चकबंदी कार्य की प्रगति, रोवर आधारित सीमांकन की लंबित रिपोर्ट और पोर्टल पर दर्ज आवेदनों के निपटान पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा स्वत: नामांतरण, मानचित्र पोर्टल, सीएम विंडो और समाधान शिविर की शिकायतों के समाधान की भी समीक्षा की गई।
श्री यादव ने नव-नियुक्त पटवारियों के कार्य आवंटन और युवा आपदा मित्र जैसे जनहितकारी कार्यक्रमों की भी जानकारी ली।
अंत में उन्होंने सभी राजस्व विभाग के अधिकारियों से पेपरलेस रजिस्ट्रेशन के संबंध में फीडबैक भी लिया।
इस मौके पर एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी तथा एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।
इस बैठक में एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम कनीना डॉ जितेंद्र सिंह, डीएमसी रणवीर सिंह तथा नगराधीश डॉ मंगलसेन भी मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 06: राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते भू-अभिलेख विभाग के निदेशक यशपाल यादव।
विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर 10 मई को
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। सेवा भारती कनीना एवं उजाला सिग्नस अस्पताल रेवाड़ी के तत्वावधान में 10 मई को कनीना मंडी स्थित लाल शिवलाल धर्मशाला में हृदय रोग, स्त्री रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग एवं सामान्य रोगों की जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। विस्तृत जानकारी देते हुए भारत विकास परिषद के योगेश अग्रवाल ने बताया कि हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. मनीष वर्मा सामान्य रोग विशेषज्ञ डा. हर्ष होंगे। इस मौके पर नेत्र रोग विशेषज्ञ भी पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि परामर्श के अलावा बीपी, ब्लड शुगर आदि मुफ्त जांच की जाएगी। उन्होंने बताया की छाती में दर्द, सांस फूलना, अत्यधिक मोटापा, अत्यधिक पसीना, 40 वर्ष से अधिक में तंबाकू, धूम्रपान सेवन करने वाले, रक्तचाप से पीडि़त, अधिक घबराहट ,बेचैनी हृदय संबंधित, पारिवारिक रोग प्रवृत्ति, आलसी जीवन शैली आदि लोग हृदय संबंधी डा. से जरूर मिले। उन्हें मुक्त सलाह दी जाएगी।
इसरो युविका 2026 में चयनित तंवी हुई आरआरएससी जोधपुर के लिए रवाना
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा तंवी का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित युविका 2026 कार्यक्रम में हुआ है। चयन के बाद तन्वी को राजस्थान स्थित क्षेत्रीय सुदूर संवेदन केंद्र जोधपुर, केंद्र आवंटित किया गया है, जहां वह दो सप्ताह तक रहकर अंतरिक्ष विज्ञान एवं आधुनिक तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेगी।
तन्वी के चयन से विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रधानाचार्या डा. शिप्रा सारस्वत ने इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। कार्यक्रम के दौरान तन्वी अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट तकनीक, रॉकेट सिस्टम, रिमोट सेंसिंग तथा वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी कई गतिविधियों में भाग लेगी। इसके साथ ही उसे इसरो के वैज्ञानिकों से संवाद करने और विभिन्न प्रयोगशालाओं का अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
गौरतलब है कि युविका यानी यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम की शुरुआत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा देशभर के स्कूली विद्यार्थियों में विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं छोटे शहरों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोडऩा, उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा भविष्य के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को प्रेरित करना है।
विद्यालय के चेयरमैन जगदेव यादव ने बताया कि तन्वी की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी। तन्वी के परिवार, विद्यालय स्टाफ एवं क्षेत्रवासियों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे शुभकामनाएं दी।
फोटो कैप्शन 04: तंवी वैज्ञानिक कार्यक्रम के लिए रवाना करते हुए
पप्पू ठेकेदार ने विद्यालय को भेंट किए पंखे और दरी
-राजकीय विद्यालय गुढ़ा में बच्चों की सुविधा के लिए बढ़ाया सहयोग का हाथ
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। मदर्स डे के अवसर पर गांव रसूलपुर निवासी समाजसेवी देवेंद्र सिंह उर्फ पप्पू ठेकेदार ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुढ़ा में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पंखे, बैठने की दरी एवं अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं विद्यालय स्टाफ ने इस सहयोगात्मक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार का योगदान अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। देवेंद्र सिंह उर्फ पप्पू ठेकेदार ने कहा कि बच्चों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मदर्स डे केवल मातृत्व सम्मान का दिन ही नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पंखों और बैठने की दरी से उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर प्रवीण देवी, छोटा देवी, इंदुबाला, सुखविंदर, विजय कुमार, भीमसेन, राजकुमार, अशोक कुमार, किशन लाल, महेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 02: स्कूल में दरी एवं पंखे भेंट करते हुए
बाबा भैया लाइब्रेरी ककराला में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित
-डा. नवीन जांगिड़ ने युवाओं को बताए सफलता और कैरियर चयन के मंत्र
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। उपमंडल के गांव ककराला स्थित बाबा भैया लाइब्रेरी में संघर्ष से सफलता तक प्रेरणा संवाद कार्यक्रम के तीसरे सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गुरुग्राम विश्वविद्यालय के गणित विभाग में सहायक प्रोफेसर डा. नवीन कुमार जांगिड़ रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्कूल शिक्षा के बाद कैरियर चयन के विभिन्न विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नई शिक्षा नीति के बदलावों और उसकी वर्तमान जरूरतों को भी सरल तरीके से समझाया। डा. नवीन जांगिड़ ने विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्सों में मिलने वाली छात्रवृत्तियों और उच्च शिक्षा के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरी के युवा पाठकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सवालों के माध्यम से करियर एवं शिक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर एसएमसी प्रधान बाबूलाल स्वामी, बीबीएसडी अध्यक्ष मास्टर रामनिवास, उपाध्यक्ष राजपाल यादव, कार्यालय प्रबंधक दिनेश सोनी, कोषाध्यक्ष अमित कुमार, लाइब्रेरियन सोनम तथा यश शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मास्टर रामनिवास और उपाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा भैया लाइब्रेरी भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और कैरियर के क्षेत्र में सही दिशा और मार्गदर्शन मिल सके।
फोटो कैप्शन 03: कैरियर की जानकारी देते हुए
बागवानी विशेषज्ञों ने किया बागों का दौरा, किसानों को दी तकनीकी जानकारी
-नींबू वर्गीय पौधों में देसी फुटाव को तुरंत हटाए, पोषक तत्वों के लिए मई जून में करें यूरिया व जिंक का छिड़काव
*************************************************
********************************************************
************************************************
कनीना की आवाज। जिला बागवानी अधिकारी डॉ. प्रेम कुमार ने गांव मुंडिया खेड़ा, सुन्दरह, गुवानी व मांदी में किसानों के बागों की विजिट कर तकनीकी सुझाव प्रदान किए। इस मौके पर क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र बावल से फल विशेषज्ञ डॉ मुकेश व क्षेत्रीय निदेशक डॉ धर्मवीर यादव ने किसानों को बागों से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की। जिला बागवानी अधिकारी डॉ. प्रेम कुमार ने किसानों को जागरूक करते हुए निम्बू वर्गीय फलों के पौधो में देसी फुटाव को तुरन्त तोडऩे की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अगर हम देसी फुटाव को समय पर नहीं तोड़ते हैं तो मूल पौधे की जगह देसी पौधे की ज्यादा बढ़वार हो जाएगी। इससे फल की गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि निम्बू वर्गीय पौधो में मई-जून माह में 10 ग्राम यूरिया तथा 5 ग्राम जिंक (21 प्रतिशत) प्रति लीटर पानी में घोल बना कर 15 से 20 दिन के अंतराल पर छिड़काव करने से पोषक तत्वों की पूर्ति होने के साथ-साथ फल गिरने की समस्या व लू से भी पौधों का बचाव होगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने बेर का बाग लगा रखा है वो कटाई-छटाई इस माह में कर सकते हैं। खजूर के बाग में जमीन के साथ आए हुए अतिरिक्त फुटाव को हटाने व सभी बागों में हल्की सिंचाई करते रहने के बारे में सूझाव दिया ताकि गर्मी के मौसम में नमी बनी रहे।
इस अवसर पर किसानों को सुझाव दिया कि गर्मी व सर्दी से बागों को बचाने के लिए खेत के चारों तरफ वायुरोधक पौधे लगाएं ताकि खेत का वातावरण व तापमान संतुलित रहे एवं तेज हवा से फल व फूल गिरने की समस्या से छुटकारा मिल सके।
इस मौके पर फल विशेषज्ञ डा. मुकेश ने फलदार पौधों के प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नए फल वृक्षों को ढक कर लू से बचाया जा सकता है। तने के निचले हिस्से पर बोर्डों पेस्ट (2 किलो ग्राम नीला थोथा, 3 किलो ग्राम बुझा चूना 30 लीटर पानी) लगाएं।
बागों में खरपतवार नियंत्रण एवं नमी संरक्षण के लिए मलचिंग का उपयोग करना चाहिएं।
बेर के बाग में छंटाई 15 मई से 15 जून के मध्य करके पेड़ों पर बोर्डों पेस्ट लगाए। नये बाग लगाने वाले किसान मिट्टी पानी की जांच करवाने उपरान्त खेत तैयार करके उचित दूरी पर तीन फीट चौड़े व तीन फीट गहरे गढे खोद कर खुले छोड़े उसके बाद गली-सडी गोबर की खाद व दो किलो ग्राम सिंगल सुपर फास्फेट को अच्छी तरह से मिलाकर भरें।
क्षेत्रीय निदेशक डा. धर्मवीर यादव ने बताया कि इस केन्द्र का मुख्य उद्देश्य अर्ध शुष्क हरियाणा के किसानों की समस्याओं को सुनना व उनका वैज्ञानिक तरीके से निदान करना है जिससे इस क्षेत्र के किसानों को वातावरण व जलवायु के अनुसार फल व सब्जियों का उत्पादन करके अच्छा मुनाफा कमा सकें। समय समय पर विशेषज्ञ किसानों के खेत में जाकर समस्याओं को समझ कर उसका उचित निदान करते हैं।
इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी डा. राहुल कुमार, डा. सांवरमल चौधरी भी मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 01: अधिकारी फलदार पौधों का जायजा लेते हुए












No comments:
Post a Comment