Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Monday, May 18, 2026



 


जल संरक्षण अभियान के तहत अवैध कनेक्शनों की पहचान, लोगों को किया जागरूक
-अवैध जल कनेक्शनों की जा रही है पहचान
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
 जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन की टीम द्वारा जिलेभर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गांवों में घर-घर जाकर लोगों को पेयजल संरक्षण एवं जल के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला सलाहकार मंगतु राम सरसवा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान अवैध जल कनेक्शनों की पहचान की जा रही है तथा लोगों को गर्मी के मौसम में पानी की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नल पर टोंटी लगाना आवश्यक है तथा पेयजल का उपयोग बाडिय़ों की सिंचाई के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
इसी कड़ी में बीआरसी मोहित कुमार की अगुवाई में खंड कनीना के गांव खैराना में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। टीम द्वारा डोर-टू-डोर विजिट कर जल लीकेज की पहचान की गई तथा बिना टोंटी वाले कनेक्शनों को चिन्हित किया गया। इसके अलावा बाडिय़ों में प्रयोग हो रहे अवैध जल कनेक्शनों की भी पहचान की गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण, पानी के उचित रखरखाव, अशुद्ध जल से होने वाले रोगों एवं उनसे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि जल को किस प्रकार सुरक्षित रखा जा सकता है। विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
अभियान के तहत कुल 43 घरों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 6 घरों में बिना टोंटी के कनेक्शन पाए गए तथा 6 स्थानों पर बिना स्टैंड पोस्ट के कनेक्शन मिले। इसके अलावा 23 अवैध जल कनेक्शन चिन्हित किए गए, जिनके धारकों को 5 दिन के भीतर कनेक्शन वैध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में कनेक्शन वैध नहीं करवाने पर पंचायत द्वारा कार्रवाई करते हुए कनेक्शन काटे जाएंगे।
इस मौके पर ग्राम पंचायत के पंच, नलकूप चालक सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन 07:ग्रामीणो को जागरूक करती हुई विभागीय टीम।




सीआईए महेंद्रगढ़ की बड़ी कार्रवाई,
-नसीबपुर जानलेवा हमले का वांटेड आरोपी वासु साथी सहित गिरफ्तार
-गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा साथी के साथ घूम रहा वांटेड अपराधी काबू
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
 पुलिस अधीक्षक दीपक के कड़े निर्देशों के तहत जिला पुलिस अपराधियों और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसमें टीम ने एक जानलेवा हमले के मामले में वांटेड मुख्य आरोपियों में से एक वासु निवासी खायरा को गिरफ्तार किया है, जो काफी समय से फरार चल रहा था। साथ ही उसके एक अन्य साथी विपिन निवासी सराय बहादुर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी विपिन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और आरोपी वासु को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई दिनांक 17-18 मई की देर रात गश्त के दौरान महेंद्रगढ़ की आदर्श कॉलोनी में की, जहां एक संदिग्ध गाड़ी को रुकवाकर पूछताछ की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया। जिसकी जांच करने पर पाया कि गाड़ी आरोपी विपिन की है।
यह गिरफ्तारी 17 दिसंबर को थाना शहर नारनौल के अंतर्गत नसीबपुर में हुए जानलेवा हमले के मामले से जुड़ी है। इस घटना को लेकर नरेंद्र निवासी डोहर कलां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई विक्रांत पर आरोपियों ने बाबा जेठू वाला मंदिर के पास लोहे की रॉड, डंडों और अवैध हथियारों से सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किया था।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया था और मौके से कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए थे।
इस संदर्भ में पुलिस ने थाना शहर नारनौल में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा इस मामले में पहले ही 11 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिला पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, और कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्ती से निपटा जाएगा।
फोटो कैप्शन 08:संबंधित है



महेंद्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई-
-44 किलो से अधिक चूरापोस्त के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, कैंटर जब्त।
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
पुलिस अधीक्षक दीपक के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने थाना सतनाली क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (चूरापोस्त/भुक्की) बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक कैंटर से 44 किलो 840 ग्राम भुक्की बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम गश्त के दौरान सतनाली के गौशाला मोड़ पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मनोज और रविन्द्र नाम के दो व्यक्ति कैंटर गाड़ी में सूरजगढ़ की तरफ से भारी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ (भुक्की) लेकर सतनाली की ओर आने वाले हैं। यदि तुरंत नाकाबंदी की जाए, तो उन्हें मादक पदार्थ सहित पकड़ा जा सकता है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए बास गांव की फिरनी पर नाका लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही समय बाद सूरजगढ़ की तरफ से संदिग्ध कैंटर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने रोककर चालक और उसके साथी को काबू कर लिया। जिनसे पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान मनोज और रविन्द्र (दोनों निवासी नौगांव, जिला झज्जर) के रूप में बताई। एनडीपीएस एक्ट के तहत टीम ने राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में जब नियमानुसार कैंटर गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें से दो प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। जांच करने पर उनमें चूरापोस्त (भुक्की) होने की पुष्टि हुई। मौके पर ही वजन करने पर एक कट्टे में 22 किलो 440 ग्राम और दूसरे में 22 किलो 400 ग्राम, कुल 44 किलो 840 ग्राम चूरापोस्त बरामद की गई। पुलिस टीम ने दोनों कट्टों को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने नशीले पदार्थ और कैंटर को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सतनाली में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की गहन जांच और पूछताछ की जा रही है ताकि इस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश किया जा सके। महेंद्रगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे का काला कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और नशा मुक्त समाज के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
फोटो कैप्शन 05: संबंधित है


एनएससीआई सेफ्टी अवार्ड्स-2026 के लिए आवेदन शुरू
-उत्कृष्ट सुरक्षा मानकों वाली एमएसएमई और औद्योगिक इकाइयां 30 जून तक कर सकती हैं आवेदन
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत कार्यरत नेशनल सेफ्टी काउंसिल आफ इंडिया द्वारा एनएससीआई सेफ्टी अवार्ड्स-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए जिला एमएसएमई केंद्र के उपनिदेशक संदीप ने बताया कि इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों का आयोजन एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, कंस्ट्रक्शन एवं सेवा क्षेत्र की इकाइयों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।
इन पुरस्कारों को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लगातार बढ़ावा देना, औद्योगिक दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा उत्कृष्ट ऑक्यूपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ प्रथाओं को अपनाने वाली इकाइयों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है। इस योजना के तहत चयनित होने वाली इकाइयों को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान मिलेगी, बल्कि इससे संगठन की बाजार में प्रतिष्ठा और वहां काम करने वाले कर्मचारियों का मनोबल भी सुदृढ़ होगा।
उन्होंने सभी योग्य इकाइयों से इसमें सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने सुरक्षा मानकों में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार से जुड़े आवेदन पत्र और विस्तृत दिशा-निर्देश एनएससीआई की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त किए जा सकते हैं। योजना के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी लेने के लिए इच्छुक उद्यमी किसी भी कार्य दिवस में जिला एमएसएमई केंद्र में आकर जानकारी ले सकते हैं।

लोकतंत्र सेनानी संगठन हरियाणा के दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बने महावीर भारद्वाज
-महावीर भारद्वाज शिक्षाविद एवं वरिष्ठ पत्रकार हैं
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
लोकतंत्र सेनानी संगठन हरियाणा ने अपने आम सभा की बैठक में महेन्द्रगढ़ के मूल निवासी महावीर भारद्वाज को दूसरी बार सर्वसम्मति  से अपना प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया है। संगठन की आमसभा में चुनाव अधिकारी एवं पूर्व डायरेक्टर जनरल हिपा चेयरमैन,एनिमल वेलफेयर बोर्ड भारत सरकार एवं पूर्व आईएएस अधिकारी डॉक्टर एस पी गुप्ता ने चुनावी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सर्वसम्मति से चुने गए श्री महावीर भारद्वाज को प्रदेश का अध्यक्ष घोषित कर दिया। गौरतलब है कि पिछले 56 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े महावीर भारद्वाज शिक्षाविद एवं वरिष्ठ पत्रकार भी हैं।श्री भारद्वाज को अभी तक आठ बार राष्ट्रीय एवं एक बार अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड प्राप्त हो चुका है।1975 में इंदिरा गांधी द्वारा देश में लगाए गए आपातकाल के विरोध में महावीर भारद्वाज ने रेवाड़ी से सत्याग्रह करके अपनी गिरफ्तारी दी थी।उस समय उनकी आयु 21 वर्ष थी।आपातकाल में सत्याग्रह करने वालों को जो यातनाएं दी गई थी उन्हें सुनकर आज भी रूह कांप जाती है।आपातकाल में जेल की यातनाएं सहन करने वाले देशभक्त लोगों का हरियाणा में एक संगठन है जिसका नाम लोकतंत्र सेनानी संगठन हरियाणा है।प्रत्येक 3 वर्ष में इस संगठन का चुनाव होता है। महावीर भारद्वाज को प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने वाले कार्यक्रम में अखिल भारतीय लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रतिनिधि के रूप में राजन धींगरा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहे। श्री ढींगरा अखिल भारतीय संगठन की ओर से हरियाणा के प्रभारी भी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं संगठन के मुख्य संरक्षक जयप्रकाश गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत कार्यवाह एवं लोकतंत्र सेनानी सुभाष आहूजा, लोकतंत्र सेनानी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पवन सिब्बल और रोहतक के अनेक सामाजिक संगठनों के मुखिया सतीश कत्याल एवं संघ के पूर्व प्रचारक बलवीर सिंह अग्रवाल भी उपस्थित रहे।  इस कार्यक्रम में फरीदाबाद के लघु भारती संगठन से जुड़े श्री रवि खत्री भी उपस्थित थे।  लोकतंत्र सेनानी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में 19 जिलों से आए 46 लोकतंत्र सेनानियों ने हिस्सा लिया।महावीर भारद्वाज का नाम श्री सतीश कत्याल ने प्रस्तावित किया जिसे डाक्टर वेद प्रकाश व्यथित, सुभाष डगर, शक्तिपाल मंगल ने एक साथ समर्थन किया। बैठक में चुनाव अधिकारी द्वारा बार-बार कहने पर भी किसी अन्य नाम का प्रस्ताव नहीं आया।चुनाव अधिकारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी डा. एसपी गुप्ता ने महावीर भारद्वाज को प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया।
फोटो कैप्शन 04: संबंधित है


 गोमुख से सोमनाथ पदयात्रा पर है राहुल कनीना निवासी
-11 अगस्त से पहले पहुंचने की संभावना
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
आस्था शिव भोले के प्रति आस्था का एक और उदाहरण कनीना क्षेत्र में देखने को मिला। राहुल कनीना निवासी 2000 किलोमीटर दूरी तय करके गोमुख से सोमनाथ, गुजरात 11 अगस्त शिवरात्रि से पूर्व पहुंचेंगे। कनीना के योगेश यादव, नीरज चौधरी, सिक्कू चौधरी ने हरिद्वार पहुंचने पर उनका स्वागत किया।
े26 वर्षीय राहुल ने अपनी यात्रा 11 मई को गोमुख से शुरू की थी और 8 दिन बाद हरिद्वार पहुंचा है। अब वह 2000 किलोमीटर दूरी तय करके सोमनाथ पहुंचेंगे उनके साथ 60 वर्षीय भागीरथ भी है।
 हरिद्वार एं गोमुख से कांवड़ लापने वाले भक्तों की कमी नहीं है किंतु गोमुख से सोमनाथ पहुंचने वाले कनीना क्षेत्र के प्रथम भक्त होंगे। उन्हें विश्वास है कि उनकी मन्नत पूरी होगी। उल्लेखनीय है कि कनीना क्षेत्र में 70 वर्षीय सुमेर सिंह सबसे अधिक कावड़ लाने का नाम कमा चुके हैं, जो अब तक 56 कावड़ ला चुके हैं किंतु  26 वर्षीय  राहुल गोमुख से गंगाजल लेकर सोमनाथ पहुंचने वाले पहले व्यक्ति होंगे। कनीना क्षेत्र के लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया है।
 फोटो कैप्शन 01: गोमुख से सोमनाथ जाते हुए राहुल कनीना





कनीना क्षेत्र में हीट वेव का अलर्ट, अब चलने लगेंगी गर्म लू
-चिकित्सकों ने दी ज्यादा मात्रा में पानी पीने और अनावश्यक बाहर ना निकलने की सलाह
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
क्षेत्र में कल से हीट वेव का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। कुछ दिन पहले हुई बरसात और आए ओलो के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी लेकिन अब मौसम परिवर्तन शील हो गया है कल दिन भर गर्म लू चलती रही । गर्मी ने अब सुबह 08 बजे से ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। चिकित्सकों ने आम जन से अधिक मात्रा में पानी का सेवन करने और हल्के और पतले कपड़े पहनने की सलाह दी है इसी के साथ सुबह 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक घरों में रहने की सलाह दी है । आवश्यक हो तो ही बाहर जाए मौसम विशेषज्ञ ने अगले कुछ दिनों में 3 से 4 डिग्री तापमान बढऩे की संभावना जताई है। और बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसी के साथ बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है । विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते तापमान के कारण बिजली और पानी की मांग बढ़ सकती है ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है।
फोटो कैप्शन 03: संबंधित है





जोहड़ों में स्नान करने से बचे
-हर वर्ष घट जाती हैं दर्दनाक घटनाएं
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
गर्मी बढ़ते ही बच्चे एवं बूढ़ों में स्नान करने की प्रवृत्ति बढ़ जाती है। अक्सर गांवों में जोहड़ होते हैेंं जिनमें बच्चे या युवा घुसकर स्नान करते हैं और कई बार हादसा हो जाता हैं। एक जून से 30 जून तक स्कूल बंद रहते हैं और स्कूली बच्चे या तो अपने नाना नानी के यहां या कहीं घूमने के लिए अक्सर जाते रहते हैं। हर वर्ष गर्मियों के दिनों में डूबने से कई बच्चों की मौत हो जाती है क्योंकि वे जोहड़ तालाब आदि में नहाने के लिए उतरते हैं और आजकल जोहड़ तालाबों में गाद भरी होती है जिसके कारण वे गाद में गिर जाते हैं। कई कई बार तो लोग जोर से छलांग लगाकर जोहड़ तालाब में नहाने का प्रयास करते हैं जिसके कारण भी उनकी मौत हो जाती है। कनीना के बड़ी बणी के टैंक में भी कई मौत हो चुकी है जिसके पीछे चाहे कारण कुछ भी हो परंतु माना जाता है नहाने के लिए और पानी पीने के लिए लोग घुसते हैं और डूब जाते हैं। विभिन्न जोहड़ों में डूबने से ऐसी घटनाएं सामने आती है।
डाक्टर जितेंद्र मोरवाल के अनुसार नींबू, राबड़ी, तरबूज ,ककड़ी आदि अधिक से अधिक प्रयोग करने चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी नहीं होने पाये। दो से तीन लीटर कम से कम पानी पीना चाहिए तथा ठोस पदार्थ की बजाय पेय पदार्थ अधिक से अधिक प्रयोग करें। गर्मी में जहां फास्ट फूड न खाए,  बासी भोजन भी प्रयोग ने करें। गर्मी एवं लू अगर लग भी जाए तो भूने हुए  कच्चे आम का जूस में नमक और कुछ चीनी डालकर प्रयोग करें। इससे लू आदि से बचा जा सकता है।
गर्मी से बचने के लिए तरबूज बहुत उत्तम माना जाता है। तरबूज जहां उच्च रक्तचाप को घटना है वहीं पानी की पूर्ति करता है।
 गर्मियों में स्नान करते समय बरते सावधानियां- डाक्टर ,समाज सेवा तथा नागरिकों का कहना है कि गर्मियों के दिनों में लोग  गर्मी से बचने के लिए इन हौद  घुसकर स्नान करते हैं और अधिकांश की मौत हो जाती है, जिन में तैरना नहीं आता। ऐसे में  गर्मियों में जलाशयों से थोड़ा दूर रहे वरना गिरकर कोई भी अनहोनी हो घटना घट सकती है।
नदी, नाले, नहर, जोहड़ आदि में घुसना जोखिम भरा कार्य है। यदि तैरना नहीं आता तो जोहड़ के पानी में न घुसे। अगर स्नान करना है तो किनारे पर बैठकर ही स्नान करें।
 फोटो कैप्शन 02: तालाब में स्नान करते बच्चे एवं युवा:


गर्मी के तेवर बढ़े, ताप 44 डिग्री पार
--ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कट बढ़े
**************************************
****************************************************
*************************************
कनीना की आवाज।
कनीना के ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बिजली कटों के साथ-साथ गर्मी के तेवर भी बढ़ते जा रहे हैं। कम से कम तापमान 32 डिग्री अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेंटीग्रेड नोट किया गया। सुबह सवेरे गर्मी से बचने के लिए पार्कों में लोग घूमते देखे जा सकते हैं। वही सुबह करीब 8 बजाते ही लोग अपने घरों के दरवाजों को बंद कर लेते हैं तथा घरों में छुपे मिलते हैं। बाहर निकलना बहुत कठिन हो गया है। एक और जहां गर्मी तेवर तलख हो गए हैं वहीं बिजली कट भी बढ़ते ही जा रहे हैं। ऐसे में लोग परेशान हैं।
 कनीना क्षेत्र में पशुपालक भी बेहद परेशान है क्योंकि जोहड़ों का पानी या तो सूख गया है या साफ नहीं है जिसके चलते पशुओं को गंदा पानी ही पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। पशु चिकित्सक बताते हैं कि पशुओं को सुबह शाम गर्मी से बचाने के लिए जोहड़ों में छोड़ देना चाहिए किंतु अब धीरे-धीरे जोहड़ लुप्त होते जा रहे हैं। ऐसे में गर्मी बेहद परेशान कर रही है।
 क्षेत्र में तापमान बढऩे से पंखे, कूलर आदि कम काम कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि गर्मी यूं ही चलती रही तो परेशानी बढ़ेगी।  
ज्यों ज्यों दोपहर होता है तो लोग घरों में पूर्णतया छुपे होते हैं। इक्का दुक्का वाहन ही सड़कों पर घूमता नजर आता है तथा लोग गर्मी से बचाव के रास्ते ढूंढते रहते हैं। किंतु विद्यार्थी एवं शिक्षक स्कूलों में पढऩे एवं पढ़ाने जाते हैं।
 गर्मी के कारण जहां जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, कफ्र्यू जैसी हालत बन जाती है। दोपहर को सड़के सुनसान हो जाती है, हर जीव जंतु और इंसान दुबक जाते हैं।  मोलडऩाथ आश्रम के पीछे पक्का जोहड़ है जिसे पानी से भरा हुआ है जिसमें बंदर डुबकी लगाते हैं। भक्त दिनेश कुमार, महेश कुमार, सुरेंद्र, इंद्र देव आदि बताया कि दिन भर बच्चे और लोग  गर्मी से राहत पाने के लिए जोहड़ों में स्नान करते हैं, वही पार्क में बैठे दिखाई देते हैं। पक्षी भी पार्क स्थित जाल के पेड़ के नीचे आराम से धूप से बचते नजर आते हैं। जहां भी देखे बस पानी की किल्लत छाई हुई है जोहड़ों का पानी भी घटता ही जा रहा है, ऐसे पशुओं के लिए और पक्षियों के लिए जल की समस्या बनी हुई है।  कनीना क्षेत्र के लोग पेयजल किल्लत से भी परेशान है और दोनों वक्त पेयजल सप्लाई करने की मांग कर रहे हैं।
 विभिन्न गांवों में लू एवं गर्मी से बीमारों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। अधिकांश समय लोग अपने घरों में बिताते हैं। तुझे भी बाहर जाते हैं तो उस समय भीषण गर्मी होती है। एक और जहां रेहड़ी पर सामान बेचने वाले मजबूरीवश गर्मी में खड़े दिखाई देते हैं ,जिनके पास छत तक नहीं होती वहीं मजदूर भी काम पर जा रहे हैं जिन्हें अपना पेट पालना होता है।  गर्मी एवं लू के चलते एसी, कूलर, पंखे सब खिलौने नजर आते हैं। लोग जब भी बाहर निकलते हैं तो पूरे प्रबंध करके निकलते हैं।











No comments: