एक सप्ताह की उमस के बाद जमकर बरसे बदरा, 22 एमएम वर्षा हुई, किसानों के चेहरों पर दिखी मुस्कुराहट
-वर्षा हर प्रकार से लाभप्रद-एसडीओ कृषि
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही भीषण गर्मी से आखिरकार बुधवार को राहत मिली। दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। जिस कारण चारों तरफ पानी ही पानी भर गया।
हालांकि राहगीरों को पानी भरा होने के कारण आने जाने में परेशानी जरूर हुईं मगर राहत के आगे सब ठीक लगता है। दूसरी ओर किसानों के चेहरों पर भी मुस्कराहट दिखाई दी जहां वर्षा ना होने से किसानों को फसल न होने की चिंता सता रही थी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आम जन से पुरानी दीवार और पेड़ों के नीचे न खड़ा होने की सलाह दी गई है।
वर्षा के बाद किसान खुश नजर आए। जिन किसानों ने अभी तक बिजाई नहीं की है वे भी बिजाई कर सकते हैं किंतु उन्हें 90 दिन की बजाय 75 दिन वाली वैराइटी की बिजाई करनी होगी। जिन किसानों के बाजरे की फसल खड़ी है उनको लाभ होगा। कनीना क्षेत्र में 22 एमएम वर्षा हुई है। अभी वर्षा का दौर जारी है।
भरा निचले स्थानों पर वर्षा जल-
कनीना में बेहतर वर्षा का जल निचले स्थानों पर, सड़क मार्गों पर तथा यहां वहां भर गया है। जोहड़ों का जल स्तर बढ़ गया है। रेवाड़ी रोड़ पर कई स्थानों पर, कनीना मंडी से गुजरने वाली नहर के साथ साथ कई स्थानों पर, अस्पताल रोड़, बस स्टैंड के अंदर तथा कई अन्य जगह पानी जमा हो गया है। सूबे सिंह, राजेंद्र सिंह एवं अजीत कुमार किसानों का कहना है कि वर्षा हर प्रकार से लाभप्रद है। कम से कम भूमिगत जल स्तर को बढ़ावा देगी। किसान खुश नजर आए। कपास, बाजरे की खड़ी फसल, चारा देने वाली फसलों को लाभ मिलेगा।
क्या कहते हैं एसडीओ कृषि-
एसडीओ कृषि डा. अजय यादव का कहना है कि वर्षा जितनी हो वो क्षेत्र के लिए कम है। यहां की मिट्टी रेतीली है जो जल को जल्द सोख लेती है। जिन किसानों की खरीफ की फसल खड़ी है उन्हें बेहद लाभ मिलेगा किंतु जो अभी भी बीजाई करना चाहे तो 75 दिनों में पकने वाली बाजरे की वैराइटी उगाए। चूंकि अब अगली फसल के लिए कम समय बचा है। उन्होंने कहा कि कम से कम भूमिगत जल में बढ़ोतरी हो पाएगी।
फोटो कैप्शन 6 से 8: वर्षा से जल भराव का नजारा
हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। महेंद्रगढ़ पुलिस ने थाना अटेली क्षेत्र में हत्या के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मवीर वासी तिगरा को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव तिगरा निवासी कृष्ण ने थाना अटेली में शिकायत दी कि उसका बड़ा भाई धर्मवीर नशा करने का आदी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 06 जुलाई की रात धर्मवीर ने घर पर झगड़ा किया। झगड़े के दौरान उसके ताऊ बीरेंद्र को गंभीर चोटें आईं। घायल बीरेंद्र को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल, नारनौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बीरेंद्र की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है पूछताछ में उससे वारदात में प्रयोग की गई लाठी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी से मामले के संबंध में गहन पूछताछ न्यायालय में पेश किया गया।
कट में देरी, लोगों में रोष, अविलंब कट निर्माण की मांग
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। राष्ट्रीय राजमार्ग 152 डी पर बाघोत-सेहलंग के बीच में चढऩे व उतरने के लिए कट बनाने में सरकार व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा की जा रही देरी को लेकर इलाके के लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस सम्बन्ध में बसपा के अतरलाल एडवोकेट ने स्थानीय विधायक व मंत्री आरती सिंह राव व केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन से कट का काम तत्काल शुरू कराने की मांग की है।
अतरलाल ने ज्ञापन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर बाघोत-सेहलंग के बीच चढऩे उतरने के लिए कट बनाने की घोषणा केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की थी परन्तु घोषणा को लगभग 4-5 साल होने को हैं अभी तक कट का कार्य शुरू भी नहीं किया गया है। इस कट के बनने से आस-पास के 40 गांव के लोगों को चढऩे-उतरने की सुविधा मिलती परन्तु कमजोर नेतृत्व के कारण कट का कार्य शुरू नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि बाघोत गांव धार्मिक दृष्टि से पूरे भारत वर्ष में जाना-पहचाना गांव है। यहाँ वर्ष में दो बार शिवरात्रि पर विशाल मेले भरते हैं। नजदीक केन्द्रीय विश्वविद्यालय जाट पाली है। कट के न बनने से इलाके के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि 30 दिन के अंदर कट का कार्य शुरू नहीं हुआ तो जनता फिर से जन आंदोलन करने पर मजबूर होगी।
जवाहर नवोदय विद्यालय करीरा में कक्षा-6 प्रवेश हेतु आनलाइन आवेदन आमंत्रित
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा, जिला महेंद्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) के माध्यम से कक्षा-6 में प्रवेश हेतु आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक नि:शुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय प्राचार्य के अनुसार, वे विद्यार्थी जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिला महेंद्रगढ़ के किसी भी सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा-5 में अध्ययनरत हैं, वे इस प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा विस्तृत विवरणिका भी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल रावत ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं पूर्णत: नि:शुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपने बच्चों का आनलाइन आवेदन अवश्य करें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए अभिभावक विद्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।
फोटो कैप्शन : प्राचार्य बीएम रावत
गली में भैंस नहलाने पर हुआ झगड़ा, मारपीट -पांच लोगों पर मामला दर्ज
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। कनीना उप-मंडल के गांव छितरोली में सार्वजनिक गली में भैंस नहलाने के मामले को लेकर आपस में झगड़ा हुआ, मारपीट हुई जिसमें पांच लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत कनीना थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
मनजीत छितरोली ने पुलिस में दी गई शिकायत में कहा है कि उनका तथा आरोपितों का मकान आमने-सामने है। आरोपित सार्वजनिक गली में भैंस बांधकर नहलाते हैं। 20 जून को शाम के समय जब मनजीत घर से बाहर था तो उसकी पत्नी निर्मला ने भैंस न नहलाने के लिए कहा तो गाली गलौज शुरू कर दी और धमकी दी।
जब मनजीत रात्रि को बाहर से अपने घर लौटा और खाना खाकर गली में टहल रहा था तभी सचिन, रविंद्र ,सुरेश,दीपिका एवं भतेरी ने उसे पकड़ लिया मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करते हुए घर के अंदर ले गए जहां कुल्हाड़ी, ईंट ,पत्थर आदि से वार किया। शोर शराब सुनकर मनजीत की पत्नी निर्मला ,उनकी मां कमलेश और भाई प्रदीप कुमार घर के अंदर आए। जिसके चलते आरोपित सीढिय़ों से चढ़कर भागने लगे। सीढिय़ों पर भीड़ होने के कारण भतेरी देवी गिर गई उन्हें चोटें आई किंतु उन्होंने छत से ईट फेंकना शुरू कर दिया। जिससे प्रदीप कुमार, कमलेश को भी चोट आई। किसी प्रकार जान बचाकर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पुलिस पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सेहलंग के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ इलाज के बाद डाक्टरों ने गंभीर छोटे होने के कारण मनजीत को पीजीआइएमएस रोहतक रेफर कर दिया। 23 जून 2026 को रोहतक से डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान भी आरोपितों ने घर पर ईंट पत्थर फेंकना जारी रखा। अब आकर उन्होंने कनीना पुलिस में शिकायत दी जिस पर कनीना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है, जांच जारी है।
17 जीएनएम छात्राओं का भविष्य अंधेरे में, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री जवाब दें- दिग्विजय सिंह
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। जजपा के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने आज प्रैस को जारी ब्यान में महेंद्रगढ के कालेज आरडीआर सेवा स्कूल आफ नर्सिंग की 17 जीएनएम छात्राओं के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। चौटाला ने साथ ही मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से सवाल करते हुए कहा कि अब तक पूरे मामले की जानकारी होते हुए भी स्वास्थ्य मंत्री ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। आखिरकार मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री इस मामले में कोई कार्रवाई करेंगे या यह मामला भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। उन्होंने कहा की आज जब 17 जीएनएम छात्राएं अपनी बात रखने स्वास्थ्य मंत्री से कनीना में मिली तो स्वास्थ्य मंत्री के द्वारा यह कहना की उनके संज्ञान में यह मामला है। जब स्वास्थ्य मंत्री के संज्ञान में मामला है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
दिग्विजय ने कहा कि पंडित भगवत दयाल शर्मा यूनिवर्सिटी आफ हेल्थ साइंसेज, रोहतक द्वारा 28 फरवरी 2026 को घोषित जीएनएम द्वितीय वर्ष परीक्षा परिणाम में महाविद्यालय द्वारा समय पर इंटरनल अंक विश्वविद्यालय को उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण कई छात्राओं को री-अपीयर अथवा अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। उनका आरोप है कि यदि इंटरनल अंक समय पर भेज दिए जाते तो उनका परिणाम भिन्न हो सकता था।
चौटाला ने कहा कि अब 20 एवं 21 जुलाई 2026 को जीएनएम फाइनल इयर की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, लेकिन द्वितीय वर्ष का परिणाम विवादित होने के कारण उन्हें इन परीक्षाओं से वंचित किया जा रहा है। उनका कहना है कि एक वर्ष का शैक्षणिक नुकसान न तो महाविद्यालय को करने का अधिकार है और न ही विश्वविद्यालय को। इसलिए उन्होंने मांग की है कि जब तक लंबित इंटरनल अंकों का सत्यापन कर संशोधित परिणाम घोषित नहीं किया जाता, तब तक प्रस्तावित फाइनल ईयर परीक्षाओं पर अंतरिम रोक लगाई जाए। साथ ही विश्वविद्यालय चार से पांच कार्य दिवस के भीतर कालेज से सही इंटरनल अंक प्राप्त कर उनका सत्यापन करे, संशोधित परिणाम घोषित करे तथा यदि जांच में किसी अधिकारी या महाविद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सिद्ध होती है तो उनके विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
17 जीएनएम छात्राओं की मांग का समर्थन करते हुए चौटाला ने आरोप लगाया कि संबंधित नर्सिंग कालेज का संचालक कौन है और इसकी देखभाल कौन करता है उसकी जांच कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
दिग्विजय सिंह चौटाला कहा कि शिकायतकर्ताओं के अनुसार संस्थान में एक वर्ष की फीस लगभग 90,000 रुपए ली जाती है। इसके अतिरिक्त आरोप है कि एक दिन का अवकाश लेने अथवा किसी कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने पर छात्राओं से 1000 रुपए तक नकद दंड लिया जाता था तथा कई छात्राओं से एक सेमेस्टर में 2000 से 3000 रुपए तक बिना रसीद नकद राशि वसूली गई। नियमित, नान-अटेंडिंग तथा नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों से अलग-अलग शुल्क लेने एवं अतिरिक्त नकद वसूली के भी आरोप लगाए गए हैं। छात्राओं का कहना है कि फीस रसीदों पर आवश्यक वैधानिक विवरण तथा जीएसटी नंबर भी अंकित नहीं किए गए। उन्होंने वित्तीय अभिलेखों, बैंक लेनदेन एवं फीस रजिस्टर की स्वतंत्र जांच कर अवैध रूप से वसूली गई राशि ब्याज सहित वापस दिलाने की मांग की है।
चौटाला ने कहा कि छात्राओं के अनुसार विश्वविद्यालय के परिणाम गजट में अधिकांश छात्राओं का परिणाम आरजीएनएम-055 अथवा री-अपीयर दर्शाया गया है, जबकि उनका आरोप है कि इसका मुख्य कारण महाविद्यालय द्वारा इंटरनल अंक समय पर अपलोड न किया जाना है। उनका कहना है कि यदि बिना संशोधित परिणाम के 20 एवं 21 जुलाई 2026 की परीक्षाएँ आयोजित कराई गईं तो लगभग 17 छात्राओं का एक और शैक्षणिक वर्ष नष्ट हो जाएगा तथा उन्हें समान अवसर से वंचित होना पड़ेगा।
चौटाला ने हरियाणा सरकार, माननीय स्वास्थ्य मंत्री, विश्वविद्यालय तथा संबंधित अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि क्या जीएनएम छात्राएं न्याय की आशा कर सकती हैं। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि अपने शैक्षणिक अधिकारों, एक वर्ष के भविष्य तथा न्याय की रक्षा करना है। उन्होंने सरकार से अपील की कि छात्राओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संशोधित परिणाम शीघ्र जारी कराया जाए, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी छात्रा का भविष्य प्रशासनिक लापरवाही की भेंट न चढऩे दिया जाए। उन्होंने जल्द से जल्द पूरे प्रकरण की जांच करने की मांग की।
फोटो कैप्शन: दिग्विजय चौटाला
अटेली विधानसभा में लगभ
ग 20 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ, क्षेत्र में विकास को मिली नई गति
-कनीना बस स्टैंड और उन्हाणी फ्लाईओवर का किया निरीक्षण
-कनीना में जल्द शुरू होगा डायलिसिस
-प्रधानमंत्री 17 जुलाई को देंगे हरियाणा को नई सौगातें कोरियावास और भिवानी के मेडिकल कालेजों का उद्घाटन
************************************************
*******************************************************
*************************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री ने अटेली विधानसभा क्षेत्र के धन्यवादी दौरे के दौरान विभिन्न गांवों का दौरा कर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कनीना बस स्टैंड, उन्हाणी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर तथा नहर पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समान विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अटेली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
करीरा गांव में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास-
करीरा गांव में स्वास्थ्य मंत्री ने वीर सैनिक पार्क, राजा राव तुलाराम जिम तथा एससी चौपाल के नवीनीकरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, बीपीएल कॉलोनी के रास्तों तथा बीसी चौपाल का उद्घाटन भी किया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री किसान खेत-खलिहान सड़क योजना के तहत करीरा से गोठड़ा काकड़ संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया तथा घोषणा की कि कनीना सामान्य अस्पताल में शीघ्र ही डायलिसिस की सुविधा शुरू कराई जाएगी।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से करीरा-गोठड़ा तथा करीरा-लिसान संपर्क सड़कों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। वहीं लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) द्वारा मुख्य सड़क से जवाहर नवोदय विद्यालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, गांव से श्मशान घाट तक सड़क निर्माण तथा एससी चौपाल से स्कूल तक सड़क सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी कनीना की ओर से पीडि़त किसान परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। गांव ईसराना के मोहित को 37,500 रुपए, गांव खैराना की सरजीत कुमारी को उनके पति हरि सिंह की मृत्यु के उपरांत 5 लाख तथा गांव इसराना के उदय सिंह को खेत में कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल होने पर 1.25 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई।
कनीना बस स्टैंड बनेगा आधुनिक और दो मंजिला--
स्वास्थ्य मंत्री ने कनीना बस स्टैंड के निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि बस स्टैंड की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और 20 जुलाई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला होगा, जिसमें महिलाओं के लिए अलग प्रतीक्षा कक्ष एवं शौचालय, ड्राइवरों के लिए विश्राम कक्ष, आधुनिक कार्यालय, विशाल वेटिंग हॉल, हरित क्षेत्र एवं सौंदर्यीकरण की विशेष व्यवस्था होगी। बस स्टैंड परिसर भविष्य में क्षेत्र की पहचान बनेगा।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड निर्माण के दौरान प्रभावित दुकानदारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार ने हरसंभव प्रयास किए हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्णय के अनुरूप की जाएगी।
गुढ़ा गांव में भी विकास कार्यों की सौगात--
गुढ़ा गांव में एचआरडीएफ योजना के तहत फिरनी निर्माण, डी-प्लान योजना के तहत कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन, उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास तथा एफएफसी योजना के तहत एससी बस्ती में रास्तों एवं शिविर लाइन निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।
इसके अतिरिक्त गुढ़ा-मोहनपुर सड़क, गुढ़ा-कोका मार्केटिंग रोड, गुढ़ा-नांगल हरनाथ रोड, गुढ़ा-चेलावास सड़क की मरम्मत, उप स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
कैमला गांव में भी विकास कार्यों का लोकार्पण-
कैमला गांव में बीसी चौपाल का पुनर्निर्माण, मिडिल स्कूल में प्रार्थना ग्राउंड, उन्हाणी रोड से धनौंदा रोड तक सड़क निर्माण, शिवधाम में टीनशेड, पार्क का नवीनीकरण, जीआई पाइपलाइन बिछाने, पानी के बोर, नालियों पर क्रॉसिंग जाल, आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत, नई पानी की टंकी तथा विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं निरीक्षण किया गया।
प्रधानमंत्री 17 जुलाई को देंगे हरियाणा को नई सौगातें--
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इनमें कोरियावास और भिवानी के मेडिकल कालेजों का उद्घाटन तथा एशिया की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन का शुभारंभ शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में दक्षिण हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं तथा सरकार जनता की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि नारनौल सामान्य अस्पताल की पुरानी इमारत में रिपेयरिंग का काम चल रहा है टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है एजेन्सीयों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया है उनका तकनीकी जाँच चल रही है। नई इमारत का निर्माण शीघ्र शुरू होगी। तब तक अस्पताल में जलभराव एवं लीकेज जैसी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मरम्मत कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता अश्वनी कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेन्द्र राव, हरियाणा रोडवेज के जीएम देव दत्त, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार पायल, भाजपा नेता धीरज यादव, पूर्व अध्यक्ष दयाराम यादव, पंचायत समिति चेयरमैन जयप्रकाश, मार्केट कमेटी चेयरमैन जे.पी. कोटिया, करीरा की सरपंच सपना यादव, गुढ़ा के सरपंच बीरेंद्र दीक्षित, कैमला की सरपंच डिम्पल जांगड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 01 से 04: आरती सिंह राव कनीना क्षेत्र में उद्घाटन करते हुए एवं संबोधित करते हुए















No comments:
Post a Comment