महिला और पुरुषों के लिए तैरने का उत्तम स्थल बन गया है बलराम समारोह
-तैराकी भी सिखाई जाती है
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। कनीना-गाहड़ा सड़क मार्ग पर बलराम समारोह न केवल विवाह शादियों के लिए प्रसिद्ध है अपितु बच्चे, महिला और बुजुर्गों के लिए स्नान करने, हल्का-फुल्का भोजन करने का स्थल भी बन गया है। वाटर पार्क की ओर बच्चे बहुत आकर्षित हो रहे हैं।
विस्तृत जानकारी देते हुए हनुमान सिंह संचालक बलराम मैरिज पैलेस ने बताया कि उनकी हार्दिक इच्छा थी एक बेहतरीन दर्जे की कैंटीन के साथ महिला और पुरुषों और बच्चों के लिए अलग-अलग स्नान की व्यवस्था हो, तैरने के लिए उनको उचित माध्यम मिले, तैराकी सीखने के लिए अनुभवी व्यक्ति मिले तो निश्चित रूप से लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने छोटे बच्चों, युवाओं और अनुभवी तैराकियों के लिए अलग-अलग स्नान घर बनाए हैं। सुंदर वाटर पार्क/ पूल बने हैं वहीं महिलाओं के लिए अलग से स्नान स्थल बनाया है। सभी स्नान स्थलों पर उत्तम व्यवस्था बनाई गई है। यही नहीं एक महिला और एक पुरुष तैराकी सीखाने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। कोई भी यहां हल्का-फुल्का खाना, नाश्ता भी लेकर स्नान आदि कर सकता है या स्नान के बाद हल्का-फुल्का नाश्ता ले सकता है। उन्होंने बताया कि अभी सभी स्नान करने वाले व्यक्तियों के लिए बीड़ी, सिगरेट तथा अन्य सामग्री बाहर रखने की उचित व्यवस्था होगी, मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे और तब वह स्नान कर पाएंगे। अभी तक ऐसा केंद्र नहीं था, अब उनको उपलब्ध हो जाएगा। यहां पर बच्चे जो स्नान करेंगे उनके लिए सुरक्षा उपलब्ध है।
हनुमान सिंह ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अंदर बिना पूछे नहीं जा सकता। द्वार पर पहरेदार लगा रखे हैं। नियम अनुसार अनुमति मिलने पर ही उन्हें स्नान के लिए अंदर जाने दिया जाएगा। यहां बच्चे बूढ़े सभी खुश है। उन्होंने बताया रविवार और शनिवार को स्नान करने वाले और वाटर पार्क में घूमने के लिए आने वालों की संख्या 200 से अधिक होती है ,अन्य दिनों में डेढ़ सौ व्यक्तियों तक ही यह संख्या पहुंच पाती है। एक महीने के लिए यदि कोई तैराकी सीखना चाहे तो एक निश्चित राशि लेकर उन्हें तैराकी सिखाई जाती है। निश्चित रूप से भविष्य के लिए यह काम आएगी।
फोटो कैप्शन 6: बलराम वाटर पार्क का नजारा
महेंद्रगढ़ पुलिस की मुस्तैदी
- सूचना मिलने के महज 48 घंटे के भीतर नाबालिग को सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंपा
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। पुलिस ने सूचना मिलने के महज 48 घंटे के भीतर एक गुमशुदा नाबालिग बच्चे को सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। यह पूरा घटनाक्रम दिनांक 04 जुलाई का है, जब एक बच्चा स्कूल से आने के बाद माता पिता द्वारा डाटे जाने से नाराज होकर शाम करीब 3:45 बजे अपने परिजनों को बिना बताए घर से अचानक कहीं चला गया था। 05 जुलाई को सगे-संबंधियों, पड़ोस और आसपास के संभावित इलाकों में काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चा तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता और घबराहट बढ़ती चली गई और पुलिस को इसकी सूचना दी।
शाम करीब 5 बजे पुलिस थाना सिटी महेंद्रगढ़ में नाबालिग बच्चे के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और थाना सिटी महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम का गठन किया गया और बच्चे की तलाश के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी व त्वरित कार्रवाई करते हुए। बच्चे के मोबाइल फ़ोन की लोकेशन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने गुजरात से 48 घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद किया।
बच्चे को सकुशल बरामद करने के बाद पुलिस टीम उसे थाने लेकर आई और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की इस त्वरित कार्यशैली के लिए पूरी टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया।
प्रदेश के 16 नए सब-डिवीजनल अस्पतालों में भी शुरू होगी नि:शुल्क डायलिसिस सेवा -आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बोचडिय़ा, हसनपुर व सलीमपुर में लगभग 3.13 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया लोकार्पण
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक बदलाव ला रही है। प्रदेश में फ्री डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। अब इस योजना का विस्तार करते हुए कनीना सहित 16 नए सब-डिवीजनल अस्पतालों में भी निशुल्क डायलिसिस सेवा होंगी। माता एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए मेदांता अस्पताल के साथ एमओयू किया गया है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को मेदांता के विशेषज्ञ चिकित्सक नियमित स्वास्थ्य निगरानी और परामर्श दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री वीरवार को अटेली विधानसभा क्षेत्र के धन्यवादी दौरे के तहत आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रही थी।
इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बोचडिय़ा, हसनपुर एवं सलीमपुर में लगभग 3.13 करोड़ रुपए से पूरे हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने दोनों गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस दौरे के दौरान उन्होंने बोचडिय़ा व हसनपुर ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अटेली विधानसभा का कोई भी गांव विकास से अछूता नहीं रहेगा और प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बोचडिय़ा व हसनपुर में विभिन्न योजना के तहत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से संपर्क मार्ग, फिरनी, चौपाल, चारदीवारी, गेट, बीपीएल कालोनी की गलियां, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल लाइन, स्वागत द्वार तथा 53.44 लाख रुपये की लागत से खेत-खलिहान सड़क सहित अनेक विकास कार्य पूरे किए गए हैं। वहीं सलीमपुर में लगभग 1 करोड़ 67 लाख 54 हजार रुपए की लागत से सड़क निर्माण, बीसी एवं एससी चौपाल, पुस्तकालय फर्नीचर, खेल मैदान की चारदीवारी, टीनशेड, पेयजल टंकी तथा 56.84 लाख रुपये की लागत से दो किलोमीटर सड़क निर्माण सहित अनेक कार्य पूर्ण किए गए हैं।
इस दौरे के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अटेली स्थित अपने कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश यादव, नारनौल एसडीएम अनिरुद्ध यादव, कनीना एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेन्द्र राव, जिला प्रमुख डा. राकेश कुमार, मार्केट कमेटी चेयरमैन दिनेश जेलदार, नगरपालिका चेयरमैन संजय गोयल, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, पंचायत समिति चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद, कुलदीप बोचडिय़ा, भाजपा नेता धीरज यादव, विक्रम सरपंच, कृष्ण कुमार बोचडिय़ा, बोचडिय़ा हसनपुर के सरपंच शेरसिंह, सलीमपुर की सरपंच आरती यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 04 व 05:विकास कार्यों का उद्घाटन करती एवं समस्याएं सुनते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव।
किसानों के खेतों से फव्वारा नोजल चोरी
- अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। कनीना उपमंडल के गांव सुंदरह से अज्ञात चोर किसानों के खेतों से फव्वारा नोजल चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस में राजवीर सुंदरह निवासी ने मामला दर्ज करवाया है ।उन्होंने कहा कि वह जमींदारा करता है और उनके खेत सुंदरह भोजावास रोड़ पर स्थित हैं। जिस पर कपास उगाकर फव्वारा सेट लगा रखा था। 7 जुलाई को रात्रि कोई अज्ञात चोर 14 नोजल चोरी कर ले गया। यही नहीं शमशेर के खेत से 15 नोजल, सुरेश सुंदराह के खेत से 20 नोजल, पंकज सुंदरह निवासी के खेत से 10 फव्वारा नोजल, रमेश सुंदरह के खेत से 10 नोजल चोरी हो गए। सभी नोजल पीतल के थे। पुलिस पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनीना क्षेत्र में फिर से हुई वर्षा
-बुधवार को हुई थी 22 एमएम वर्षा
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में जहां बुधवार को 22 एमएम वर्षा हुई थी वही गुरुवार को फिर से दोपहर पश्चात वर्षा हुई। वर्षा के चलते किसान खुश हैं। यद्यपि बुधवार को हुई वर्षा का गंदा जल सड़कों पर खड़ा हुआ है, निचले स्थान पर जमा है। अभी तक वर्षा का जल समाप्त नहीं हुआ किंतु फिर से वर्षा होने से जल की मात्रा और बढ़ गई है। किसान खुश है क्योंकि लंबे समय तक इंतजार करने के बाद वर्षा हुई है।
राष्ट्रीय मछली पालक दिवस-10 जुलाई
जिला महेंद्रगढ़ में नाम कमा रहा है पिंकी यादव का मत्स्य पालन केंद्र
-कई गांवों में चल रहे हैं ये मछली पालन केंद्र
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। कनीना की पिंकी यादव का कम जमीन तथा कम पानी में मछली पालने का केंद्र आरएसी(रिसर्कुलेटरी अक्वा कल्चर) जिले भर में नाम कमा रहा है। जिले भर में इस प्रकार का यह चौथा केंद्र है। भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार की मिली जुली योजना है। करीब 50 लाख रुपए की लागत से प्रोजेक्ट तैयार है जिस पर सरकार सामान्य व्यक्ति को 40 फीसदी वही एससी के लिए तथा सभी वर्ग की महिलाओं को 60 फीसदी अनुदान देती है। वर्तमान में यह अनुदान घटाकर 25 फीसदी कर दिया है। कोई भी एससी कैटेगरी का किसान/बेरोजगार युवक पंचायत का जोहड़ पट्टे पर लेता है तो प्रथम वर्ष पट्टा राशि पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। आगे लगातार 5 वर्षों तक 40 फीसदी पट्टा राशि अनुदान दिया जाता है। मछलियों के खाद एवं खुराक के लिए 60 फीसदी के हिसाब से अधिकतम 90 हजार रुपए एक हेक्टेयर के तालाब पर अनुदान दिया जाता है।
कनीना में गाहड़ा रोड पर पिंकी यादव ने आधुनिक पद्धति का फार्म स्थापित किया है। कम पानी कम जगह में अधिक उत्पादन लेने के लिए संस्थान जाना जाता है। पिंकी यादव के पति बलदीप यादव ने बताया कि उनका यह संस्थान दो सालों से पैदावार दे रहा है। बच्चा मछली 6 से 8 महीने बाद पैदावार देने लग जाती हैं। दिल्ली में गाजीपुर मार्केट इसके लिए प्रसिद्ध है। करीब एक एकड़ एरिया में उनका यह प्रोजेक्ट 50 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ है। इस प्रोजेक्ट में 35 फीसदी तक लाभ होता है। छोटी सी जगह में जहां पानी को बार-बार साफ करके प्रयोग में लाया जाता है। 8 टैंकों में छोटी-छोटी मछलियां पाली गई हैं। प्रत्येक टैंक में करीब एक लाख लीटर तक पानी भरा है जो एक साल तक प्रयोग किया जा सकता है।
क्या कहते हैं मत्स्य अधिकारी-
उधर मत्स्य अधिकारी महेंद्रगढ़ सोमदत्त ने बताया कि इस संयंत्र पर 36 लाख रुपये लागत तथा 14 लाख रुपये छोटी मछलियां रखने के लिए रखे जाते हैं। ये मछलियां पानी में ऊंचाई तक सांस ले सकती हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली और फरीदाबाद में इनकी मार्केट चलती है। जिला में महेंद्रगढ़ में आरएएस के तहत गादड़वास सुरेहती पिलानिया में बड़े स्तर पर प्रोजेक्ट कार्य कर रहे है। है। इसके अतिरिक्त छीथरोली में फ्रेस वाटर मत्स्य पालन किया जा रहा है। जिसमें पानी पूरे साल तक प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 12 से 16 लाख रुपये तक प्रत्येक छह माह में किसान कमा सकते हैं। क्योंकि हाई तकनीक के जरिए इस पानी को साफ किया जाता है और फिर से मछलियों के लिए उपलब्ध हो जाता है।
इस प्रोजेक्ट के बारे में पिंकी यादव तथा बलदीप ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में कम पानी की सहायता से अधिक मछली उत्पादन कर सकते हैं। इसमें पानी को ड्रम फिल्टर,बायो फिल्टर, आरओ और अल्ट्रावाइलेट किरणों की सहायता से साफ करके उसी पानी को बार बार प्रयोग में लाया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में 8 टैंकों की लंबाई चौड़ाई 25 फुट बाई 25 फुट व उनकी गहराई 5 फुट के लगभग होनी चाहिए। एक टैंक में 6 हजार बच्चा मछली डाली जाती हैं जो छह माह में 500 ग्राम की बन जाती है। जिसमें उच्च घनत्व के अंदर अधिक से अधिक मछली पालन कर सकते हैं। 6 से 8 महीने के अंदर मछली 500 ग्राम वजन से ऊपर हो जाती है। टेंकों में फंगसियस, वियतनाम कोई, पापदा किस्में कल्चर की जाती हैं। राहु एवं कतला प्रजाति की मछली भी पाली जाती है मत्स्य पालन केंद्र के साथ मुर्गी पालन केंद्र भी बना दिया है। मुर्गियों की बीट भी मछली खा लेती हैं जिनमें कुछ प्रोटीन पाया जाता है।
फोटो कैप्शन 02:पिंका यादव का मत्स्य पालन केंद्र
मत्स्य अधिकारी सोमदत
डेंगू की जानकारी दी गई
-रविवार को ड्राई डे मनाना चाहिए
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार और डा. प्रतीक,इंचार्ज पीएचसी धनौंदा के आदेशानुसार आज गांव खरकड़ा बास में कुलदीप सिंह एमपीएचडब्ल्यू और पवन कुमार एचआई ने जुलाई माह को एंटी डेंगू माह के रूप में मनाते हुए एंटी लार्वा एक्टिविटी की और ग्रामीणों को इसके बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वर्षा के मौसम को देखते हुए सभी को अपने घरों में साफ सफाई रखनी चाहिए और टंकी गमले हौदी, फ्रिज, ट्रे आदि समयानुसार साफ करते रहना चाहिए। हर रविवार को ड्राई डे मनाना चाहिए और मच्छरों से बचाव करना चाहिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने चाहिए मच्छर रोधी क्रीम आदि का उपयोग करना चाहिए कोई भी बुखार डेंगू या मलेरिया हो सकता है। बुखार होने पर जांच करवानी चाहिए जो सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपलब्ध है स्वयं कोई दवाई नहीं लेनी चाहिए। डेंगू एडीज मच्छर के काटने से होता है और यह साफ पानी में पनपता है। यह दिन के समय काटता है डेंगू के लक्षणों में तेज बुखार, शरीर पर चकते, उल्टी और मांसपेशियों में दर्द आदि होता हैं। इसलिए कोई बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।
फोटो कैप्शन 03: मौसमी बीमारियों की जानकारी लेते हुए
नशे से दूर रहकर ही युवा बना सकते हैं उज्ज्वल भविष्य
-पीए श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा (महेन्द्रगढ) में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
*********************************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद एवं ब्यूरो के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, करीरा में नशे के विरुद्ध व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन रावत ने की। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डा. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र को कमजोर करता है। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो देश का भविष्य सुरक्षित और समृद्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने काव्य और गायन के माध्यम से भी विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि नशा होता अच्छा तो मां कहती खा ले मेरे बच्चा। यदि नशा होता अच्छा तो पिता कहता ले थोड़ी ली पी क्यों करता है चिंता अपनी जिंदगी जी। नशे के चक्रव्यूह पर चर्चा करते हुए उन्होंने विस्तार से कहा नशा शौक से आरम्भ होता है और इसका अंत भी शोक पर होता है। शौक और शोक में केवल एक मात्रा का अंतर है। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए भारतीय बल पर्याप्त हैं लेकिन जागरूकता के अभाव में नशा कारोबारी अपने स्वार्थ के लिए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं जो कतई स्वीकार्य नहीं है। विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन रावत और उप प्राचार्य धर्मेंद्र ने हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने का संदेश देने का वचन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के 552 छात्र-छात्राओं तथा 30 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की कि नशे की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी सूचना के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 अथवा 9050891508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाती है।
फोटो कैप्शन 01: नवोदय विद्यालय करीरा से नशे के विरुद्ध अभियान चलाते
8 घंटे बिजली रहेगी बंद
******************
***************************************
**************************************************************
*********************************************************
कनीना की आवाज। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम कंडक्टर बदलने और अतिरिक्त पोल लगाने को लेकर 10 जुलाई सुबह 10 बजे शाम 6 बजे तक 11 केवी रामबास एपी और 11 केवी राधा आरडीएस फीडर पर काम किया जाएगा। इसलिए रामबास और इसराना गांव की ढाणी की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।










No comments:
Post a Comment