Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Tuesday, July 7, 2026



 



विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें सभी राजनीतिक दल -डीसी अनुपमा अंजली
-14 जुलाई तक गणना फार्म जमा करवाना सुनिश्चित करें
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा अंजली ने मंगलवार को लघु सचिवालय के मीटिंग हाल में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को लेकर सभी राजनीतिक दलों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) इस कार्य में सहयोग करें तथा 14 जुलाई तक गणना फार्म जमा करवाना सुनिश्चित करें। इस संबंध में नागरिकों की सहायता के लिए जिला स्तर पर टोल फ्री नंबर 01282-1950 भी चालू है।
बैठक में उपायुक्त ने जिला महेंद्रगढ़ में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि जिले में कुल 749607 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 392861 पुरुष और 356745 महिला मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र अनुसार अटेली में 206876, महेंद्रगढ़ में 213998, नारनौल में 159978 और नांगल चौधरी में 168755 मतदाता हैं। जिले में वर्तमान में कुल 772 पोलिंग स्टेशन हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 772 बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म वितरण का कार्य कर चुके हैं। अब तक जिले में कुल 746763 इन्यूमेशन फार्म (ईएफ) बांटे जा चुके हैं, जो कि कुल लक्ष्य का 99.62 प्रतिशत है। इनमें से 549008 फॉर्म डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं और बीएलओ द्वारा 548054 फार्म सत्यापित भी हो चुके हैं।
उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटि रहित बनाने के लिए बीएलओ का पूरा सहयोग करें। नागरिक अपने फार्म भरकर जल्द से जल्द अपने क्षेत्र के बीएलओ को वापस सौंपें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक रहेगी तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
इस मौके पर तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
फोटो कैप्शन 06: राजनीतिक दलों की बैठक लेती डीसी अनुपमा अंजली।





प्रधानमंत्री 17 जुलाई को करेंगे कोरियावास मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल उद्घाटन
-मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए की तैयारियों की समीक्षा
-डीसी अनुपमा अंजली ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल शहर के नजदीक स्थित नवनिर्मित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज तथा राव तुलाराम अस्पताल, कोरियावास का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसी सिलसिले में आज प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उपायुक्त अनुपमा अंजली के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय तरीके से सुनिश्चित किया जाए। दक्षिण हरियाणा के इस महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य प्रोजेक्ट के लोकार्पण को लेकर अभी से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें।
मुख्य सचिव के साथ हुई इस बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली तथा पुलिस अधीक्षक दीपक ने कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर का दौरा किया और वहां चल रही सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, लोगों के बैठने की व्यवस्था और तकनीकी प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि जींद में होने वाले मुख्य समारोह से जुडऩे के लिए कोरियावास में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यहां एक विशाल एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएगी। इस स्क्रीन के माध्यम से जिलावासी और गणमान्य नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले इस वर्चुअल उद्घाटन के ऐतिहासिक क्षणों के गवाह बनेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन को भी लाइव सुनने का अवसर मिलेगा। मेडिकल कालेज के निदेशक डॉ बिजेंद्र सिंह ने मेडिकल कालेज में दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताया।
इस मौके पर एसडीएम अनिरुद्ध यादव, आरटीए मनोज कुमार तथा सीटीएम डॉ मंगल सेन के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
महेंद्रगढ़ जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगे 12 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र---
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले को 13 नए स्वास्थ्य संस्थानों की एक बड़ी सौगात मिली है।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सीएम ने महेंद्रगढ़ के विभिन्न गांवों में 12 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही, क्षेत्र के गांव रामबास (ढाणा) में पहले से चल रहे उप-स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करके अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का दर्जा दे दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हर गांव और हर परिवार तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। रामबास में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होने से अब वहां के निवासियों को ओपीडी, प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और नियमित टीकाकरण जैसी आवश्यक सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे न केवल मरीजों के समय की बचत होगी बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त जिले के छापड़ा सलीमपुर, कनीना, छिलरो, मुंडिया खेड़ा, भडफ़, मोरुंड, नायन, राय मलिकपुर, मुसनोता, चंदपुरा, नांगल नूनिया और सेका गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं। इन सभी केंद्रों के क्रियाशील होने से गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और बच्चों के टीकाकरण जैसे प्राथमिक कार्य सुगम हो जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन नए संस्थानों के आने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे पूरी चिकित्सा व्यवस्था को एक नई मजबूती मिलेगी और यह कदम जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार लोगों को उनके घर द्वार पर ही मुफ्त इलाज मुहैया करवाने को प्रतिबद्ध है। हरियाणा में लगातार स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरीन परिवर्तन हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अंचलों में इन स्वास्थ्य केंद्रों के सुचारू रूप से शुरू होने के बाद स्थानीय स्तर पर ही बुनियादी दवाइयां और स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी, जिससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तुरंत राहत दी जा सकेगी। सरकार आने वाले समय में इन केंद्रों पर आवश्यक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और पर्याप्त स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित करेगी ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी नीतियों का सीधा लाभ निर्बाध रूप से पहुंच सके।
फोटो कैप्शन 05: जिला उपायुक्त कोरियावास मेडिकल कालेज में अधिकारियों को व्यवस्था करने का आदेश देते हुए



महाराणा प्रताप की जयंती 12 को
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
आगामी 12 जुलाई को कनीना मंडल के गांव भोजावास में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। जयंती समारोह के मुख्य अतिथि प्रमुख समाजसेवी नेताजी अतरलाल एडवोकेट होंगे।
 जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष भाग सिंह तंवर व अशोक सिंह खोड़ ने कहा की जयंती समारोह के लिए पांच प्रचार टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग गांवों में जाकर लोगों को जयंती समारोह के लिए आमंत्रित कर रही हैं। उन्होंने कहा की जयंती समारोह को लेकर पूरे जिला में उत्साह है। जयंती समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके जीवन से प्रेरणा लेंगे।


 भोजावास में चलाया नशा मुक्ति अभियान
- नए कानूनों और महिला अधिकारों पर दी जानकारी
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
डोर टू डोर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा गांव भोजावास थाना सदर कनीना का दौरा किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना है। निरीक्षक शारदा एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा गांव के पंचायत घर में लोगों को एकत्रित किया गया, जहां नशे से दूर रहने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस टीम ने युवा वर्ग को नशे से बचने और एक स्वस्थ जीवन चुनने की सीख दी। ग्रामीणों को बताया गया कि जो लोग अनजाने में नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, सरकार व पुलिस उन्हें मुख्य धारा में वापस लाने का हरसंभव प्रयास कर रही है और नशा छोडऩे के इच्छुक व्यक्तियों की पुलिस हर संभव मदद करेगी।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में गांव की गलियों और नुक्कड़ों पर जाकर खुफिया तौर पर नशा करने व बेचने वालों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा बेचने वालों की जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी जागरूक किया गया।
नशा मुक्ति संदेश के साथ-साथ पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक शारदा ने उपस्थित महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया गया। इस पर महिलाओं ने भी खुलकर अपने विचार और सुझाव पुलिस टीम के साथ साझा किए। इस पूरे जागरूकता अभियान के दौरान गांव के सरपंच प्रतिनिधि सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति और महिलाएं मौजूद रहीं।
फोटो कैप्शन 03: पुलिस नए कानूनों की जानकारी देते हुए


हुई 2 एमएम वर्षा, गर्मी से मिली राहत, किसान खुश
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
 कनीना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पश्चात 2 एमएम वर्षा हुई जिससे किसान खुश नजर आए। दो दिनों से भीषण गर्मी और उमस चल रही थी जिसके चलते वर्षा ने राहत दी है। वैसे भी क्षेत्र में कुछ किसानों की बाजरे की फसल खड़ी हुई है, उसे वर्षा का लाभ मिलेगा।
 किसान सूबे सिंह,राजेंद्र सिंह, अजीत कुमार, सुरेश कुमार आदि ने बताया कि कनीना क्षेत्र में देरी से बाजरे की बिजाई हुई है जिसके चलते अभी तक बेहतर फसल नहीं हो पाई है। कनीना क्षेत्र एकमात्र ऐसा क्षेत्र है जहां समुचित मात्रा में बिजाई नहीं हो पाई है। किसानों को दर्द है कि जब बिजाई की गई तब वर्षा ने उनकी बिजाई को ही नष्ट कर दिया। ऐसे में फिर से बिजाई की गई है।  किसान मानते हैं कि समय पर वर्षा होती तो आज उनकी फसल लहलहाने लगती। जहां कनीना के कुछ गांवों में समय पर वर्षा हुई वहां निराई का कार्य चल रहा है जबकि कनीना और आसपास क्षेत्र में अभी तक निराई लायक फसल तैयार नहीं हुई है।
फोटो कैप्शन 04: कनीना क्षेत्र में होती हुई वर्षा


कनीना के गांव धनौंदा में घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने के मामले में एक ओर आरोपी गिरफ्तार
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना के गांव धनौंदा में घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर कनीना की पुलिस टीम ने एक और आरोपी महेश निवासी संजरवास, चरखी-दादरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ कर आज न्यायालय में पेश किया गया। इस मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे पूछताछ में वारदात में प्रयोग किए गए लाठी-डंडे बरामद किए गए थे।
शिकायतकर्ता सुखविन्द्र वासी धनौन्दा ने शिकायत में बताया कि वह हैदराबाद एक कम्पनी में काम करता है। वह कम्पनी से छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। 18 अगस्त को दोपहर में वह आराम कर रहा था। समय करीब 1:30/2 बजे उसके गांव के लड़के 8-10 अन्य लडकों सहित उसके घर के अंदर घुस गए, जिन सभी के हाथो में डंडे, लोहे की राड व कुल्हाड़ी थी और घर में घुसते ही लाठी डंडा व राड से हमला कर दिया, जिन्हें पहले उसकी माता को चोटें मारी। इसके बाद उसे हथियार के बल पर घर से बाहर गली में ले आए, जहां पर पहले से ही 4-5 अन्य लडकें 4-5 मोटरसाइकल लिए हुए खड़े थे। सभी मिलकर लाठी डंडो व कुल्हाड़ी से उसे मारने पीटने लगे, जिससे मेरे दोनों पैरों व बाए हाथ पर चोटें आई। इसके बाद सभी मोटरसाइकलों पर बैठ कर चले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
फोटो कैप्शन 01: पकड़े गए आरोपी





कनीना क्षेत्र में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
- विभिन्न स्थानों पर जनआभार कार्यक्रमों में भी होंगी शामिल
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बुधवार को कनीना क्षेत्र के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी तथा विभिन्न गांवों में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रमों में भाग लेकर स्थानीय नागरिकों से संवाद करेंगी। दौरे का उद्देश्य विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेना तथा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री राव तुलाराम पार्क करीरा में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके उपरांत कनीना बस स्टैंड पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं और सुविधाओं का निरीक्षण करेंगी।
इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री रामपुरी माइनर उन्हानी में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेंगी तथा गुणवत्ता एवं समयबद्ध निर्माण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।
दौरे के क्रम में स्वास्थ्य मंत्री गांव गुढ़ा स्थित बी.सी. चौपाल में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके पश्चात गांव कैमला के शहीद भगत सिंह पार्क में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक विकास परियोजना समय पर, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हो, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की समस्याओं और सुझावों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा तथा उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
फोटो कैप्शन: आरती सिंह राव



उप स्वास्थ्य केंद्र तलवाना में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता शिविर का आयोजन
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
उप स्वास्थ्य केंद्र तलवाना में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता डा. प्रभा यादव द्वारा की गई , जिसमें ग्रामीणों को बालिका शिक्षा, घटते लिंगानुपात तथा कन्या भू्रण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को बेटी के जन्म को सम्मानपूर्वक स्वीकार करने, बेटियों को समान शिक्षा एवं अवसर प्रदान करने तथा समाज में बढ़ते लिंगानुपात को संतुलित बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी को कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त करने एवं बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मी आशा सिंह, सुदेश कुमारी एवं विकास ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया।
शिविर में आशा कार्यकर्ता सुनीता, सुनेहरी, शशी बाला, सुमन, मंजू, पूनम एवं लाली ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा ग्रामीणों को घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
फोटो कैप्शन 02: कनीना के गांव सेहलंग में बेटी बचाने की जागरुकता मुहिम



पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दिनदहाड़े आभूषण चोरी का मामला, दोनों आरोपी गिरफ्तार
****************************************************
*********************************************************
****************************************************
कनीना की आवाज।
थाना शहर कनीना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई सोने के आभूषण चोरी की घटना का कुछ ही समय में सफलतापूर्वक सुलझाया गया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 04 जुलाई 2026 को शाम लगभग 7:30 बजे थाना शहर कनीना में वार्ड नंबर-3 निवासी महिला द्वारा उसके घर से 02 जुलाई को सोने के आभूषण चोरी होने संबंधी शिकायत दी गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित जांच करते हुए कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक घटना में कोई संबंध तो नहीं है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। महेंद्रगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।











No comments: