Not sure how to add your code? Check our installation guidelines **KANINA KI AWAZ **कनीना की आवाज**

Sunday, July 12, 2026



 



कुल्हाड़ी से किया सिर पर वार
-रोहतक















अस्पताल में एक सप्ताह बाद मौत, मामला दर्ज
**************************************************
****************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। कनीना उप-मंडल के गांव ककराला में एक व्यक्ति के सिर पर कुलहडिय़ों से वार किया। जिन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया जहां कुछ दिनों तक इलाज चलने के बाद आखिर उन्होंने दम तोड़ दिया। कनीना पुलिस में एक व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
 विकास कुमार ककराला ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि 3 जुलाई को उनके पिता संजय पशुओं के पास चारपाई पर ककराला में सो रहे थे। हरफूल नामक व्यक्ति संजय से कुछ दूरी पर बैठक के बाहर सो रहे थे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि हरफूल आए दिन उनसे झगड़ा करते रहते थे। चार जुलाई को सुबह करीब 2 बजे हरफूल अपने हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आया और सो रहे संजय के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। कुछ दूरी पर शिकायतकर्ता का चाचा राजेश भी सो रहा था। जब संजय के चीखने की आवाज आई तो राजेश मौके पर पहुंचा। तब तक हरफूल वहां से जा चुका था। संजय के स्वजन उसे कनीना अस्पताल ले गए जहां से हालत खराब होने के कारण उसे पीजीएमआईएस रोहतक रेफर कर दिया। रोहतक में 11 जुलाई को उनकी मौत हो गई। विकास की शिकायत पर हरफूल नामक व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।


भोजावास में मनाई गई महाराणा प्रताप की जयंती
-समाजसेवियों को किया सम्मानित
**************************************************
****************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
कनीना उपमंडल के गांव भोजावास में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथिअतरलाल और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट, हरियाणा के अध्यक्ष अशोक चौहान ने गणमान्य व्यक्तियों के साथ महाराणा प्रताप और भामाशाह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। आयोजन समिति ने  अतरलाल को भाला भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच पवन तंवर ने की।
 जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अतरलाल व अशोक चौहान ने कहा कि जयंतियां मनाने से समाज में जागरूकता आती है। ये जयंतियां युवाओं में चरित्र निर्माण करती हैं, आत्म सम्मान बढ़ाती हैं और समाज को स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती हैं। इसलिए ऐसी जयंती समारोहों में जरूर भाग लेना चाहिए। भाग सिंह चेयरमैन, सीताराम जांगड़ा, अशोक गोयल ने महाराणा प्रताप के जीवन वृत्तांत का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी को उनके जीवन व शिक्षाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए रविंद्र प्रधान झगड़ोली, करतार पाथेड़ा, ओम सिंह खेड़ी, मास्टर प्रहलाद सिंह, मास्टर बलवान, मनीष जांगड़ा व कर्मवीर गोमला को  साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अशोक चौहान, कर्ण सिंह चौहान, करतार सिंह चौहान, नरेश, नायब सुमेर सिंह, डा.जितेंद्र, कैलाश सेठ, अतर सिंह कैमला, राव रघुवीर मुकदम, शेर सिंह यादव थानेदार, सीताराम जांगड़ा, पवन सरपंच, आशु कवि परमानंद पंडित व मेघ सिंह तंवर को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
फोटो कैप्शन 08: अतरलाल को भाला सौंपते हुए
            09: महाराणा प्रताप को याद करते हुए


गोचर भूमि पर स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव का गोशाला व सामाजिक संगठनों ने किया विरोध
- 19 जुलाई को होगी सर्वसमाज की महापंचायत
**************************************************
****************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
श्रीकृष्ण गोशाला कनीना में रविवार को आयोजित आम सभा में गोशाला संगठन एवं क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने नगरपालिका द्वारा गोचर भूमि पर खेल स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गोशाला के लिए सुरक्षित भूमि किसी भी स्थिति में अन्य उद्देश्य के लिए उपयोग नहीं होनी चाहिए। साथ ही यह भी तय किया गया कि इस विषय पर क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों की 19 जुलाई को प्रात: 9 बजे बाबा मोलडऩाथ आश्रम मैदान में सर्वसमाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसके अलावा एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से मिलकर गोशाला का पक्ष रखेगा।
सभा की अध्यक्षता रामसिंह साहब ने की। गोशाला के प्रधान भगत सिंह ने 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 तक का आय-व्यय विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी सदस्य को विस्तृत विवरण देखना हो तो वह गोशाला कार्यालय से प्राप्त कर सकता है।
प्रधान भगत सिंह ने पिछले एक वर्ष के दौरान गोशाला में हुए विकास कार्यों, आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों तथा गोसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गौशाला के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर संभव प्रयास करेगा।
बैठक में गोचर भूमि पर स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। समाजसेवी दीपचंद यादव ने कहा कि गोशाला के लिए सुरक्षित भूमि को खेल स्टेडियम के लिए देना उचित नहीं है। यदि सरकार खेल स्टेडियम बनाना चाहती है तो उसके लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए, ताकि भविष्य में गोशाला के विस्तार में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम ऐसी जगह बनाया जाए जहां भविष्य में उसके विस्तार की भी पर्याप्त संभावना हो। गोशाला जनसहयोग और वर्षों की मेहनत से स्थापित हुई है, इसलिए इसके नाम सुरक्षित भूमि को यथावत रखा जाना चाहिए।
लोगों का कहना था कि शहर में अन्य स्थानों पर भी पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहां आधुनिक खेल स्टेडियम विकसित किया जा सकता है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई को आयोजित होने वाली सर्वसमाज महापंचायत में क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, ग्रामीणों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। गोशाला का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से मुलाकात कर गोचर भूमि को सुरक्षित रखने की मांग रखेगा।
इस दौरान प्रधान बलवान सिंह आर्य, कृष्ण प्रकाश यादव, सचिव यश यादव, रामपाल सहसचिव, उप प्रधान रवींद्र बंसल, नरेंद्र फौजी, नवीन यादव, पार्षद दीपक चौधरी, पार्षद राकेश कुमार, मुकेश नम्बरदार, मनीष, सतबीर, राज यादव, सुधीर मैनेजर, दीपक यादव, समाजसेवी विजय चेयरमैन, अशोक ठेकेदार, सूबेदार अशोक यादव, कुलदीप नम्बरदार, रत्न शर्मा, सूबेदार अभय सिंह यादव सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन 10: बैठक में विचार विमर्श करते हुए




आईएमटी, जल समझौते और शहर की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस  आंदोलन तेज करेगी- सत्यवीर झुकिया
**************************************************
****************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया के नेतृत्व में रविवार को यादव धर्मशाला महेंद्रगढ़ में कांग्रेस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी आठ ब्लाक अध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया ने बताया कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द ही जिला उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, ब्लाक अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी गांव-गांव, गली-गली, शहर और मोहल्लों में जाकर कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोडऩे का अभियान चलाएंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में तीन प्रमुख मुद्दों पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। पहला, महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव खुडाना में 24 फरवरी 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा किए गए आइएमटी के शिलान्यास के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं होने के विरोध में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेगी। उनका आरोप है कि छह वर्ष बीत जाने के बाद भी परियोजना पर एक प्रतिशत भी कार्य नहीं हुआ।
दूसरा, बरसात के दौरान महेंद्रगढ़ शहर में जलभराव, टूटी सड़कों और खराब जल निकासी व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतरेगी। झुकिया ने कहा कि शहर में जगह-जगह पानी भरने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा मच्छरों के बढऩे से बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
तीसरा, हरियाणा और राजस्थान के बीच हुए जल समझौते के विरोध में भी कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा पहले से ही जल संकट से जूझ रहा है और कई क्षेत्रों में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। ऐसे में हरियाणा का पानी राजस्थान को दिए जाने का निर्णय क्षेत्र के लोगों के हितों के खिलाफ है। कांग्रेस इस फैसले को वापस लेने की मांग करेगी।
सत्यवीर झुकिया ने स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने खुड़ाना आईएमटी का कार्य तेजी से शुरू कराने का वादा किया था। उन्होंने विधायक से सवाल किया कि लगभग दो वर्ष के कार्यकाल में क्या आईएमटी परियोजना पर एक ईंट भी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास कार्यों का हिसाब मांग रही है।
फोटो कैप्शन 07: रविवार को यादव धर्मशाला महेंद्रगढ़ में जिला कांग्रेस बैठक को संबोधित करते कांग्रेस जिला अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया

एसडी ककराला में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित
- विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
**************************************************
****************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काकराला में रविवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में 1235 विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार, उपस्थिति एवं सर्वांगीण विकास की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के शिक्षकों ने प्रत्येक अभिभावक से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, विषयवार प्रदर्शन, गृहकार्य, नियमित उपस्थिति, परीक्षा तैयारी तथा सुधार के क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की। अभिभावकों को बच्चों की दैनिक अध्ययन आदतों, समय प्रबंधन, अनुशासन, सकारात्मक वातावरण तथा मोबाइल के सीमित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में भी आवश्यक सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर सभी अभिभावकों को जुलाई माह का गतिविधि कैलेंडर वितरित किया गया। शिक्षकों ने आगामी शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक, कला एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की दैनिक समय-सारणी का नियमित पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही रिमेडियल कक्षाओं, खेल प्रशिक्षण, संगीत एवं नृत्य, आर्ट एंड क्राफ्ट, नवाचार आधारित शिक्षण, ए आई लैब तथा सीबीएसई गतिविधियों के बारे में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
पीटीएम के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय की अनुशासित व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, गतिविधि आधारित शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विद्यालय प्रबंधन के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने का विश्वास व्यक्त किया।
विद्यालय के चेयरमैन जगदेव यादव ने कहा, एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ककराला का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी को संस्कारवान, अनुशासित, आत्मनिर्भर एवं भविष्य के लिए सक्षम नागरिक बनाना है। विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है तथा पीटीएम इस साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक ओम प्रकाश यादव, सीईओ रामधारी यादव, उप निदेशक पूरण सिंह, समन्वयक देवव्रत, सुनील, प्रियंका यादव, बिंदु सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों की प्रगति, अनुशासन, समय-सारणी एवं आगामी शैक्षणिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा अभिभावकों के सुझावों का स्वागत किया।
फोटो कैप्शन 05: ककराला में पीटीएम का नजारा




मुफ्त चिकित्सा शिविर में पहुंचे 50 मरीज
- 100वां कैंप आयोजित
**************************************************
****************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज।
सेवा भारती संस्था कनीना के सहयोग से उजाला सिग्नस अस्पताल रेवाड़ी द्वारा किडनी रोग एवं सामान्य रोगों का निशुल्क कैंप आयोजित किया गया जिसमें किडनी रोग विशेषज्ञ डा. तरुण यादव, सामान्य रोग विशेषज्ञ डा. जयश्री ने मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया।
 सेवा भारती संस्था द्वारा आयोजित यह 100वां कैंप था जो कि हर माह के दूसरे रविवार के दिन आयोजित किया जाता है। सेवा भारती संस्था प्रतिदिन आर्य समाज मंदिर में निशुल्क ओपीडी भी आयोजित करती है जिसमें औसतन 50 मरीज लाभान्वित होते हैं।
 शिविर में सिग्नल अस्पताल के कृष्ण, मुस्कान किरण, पवन, प्रताप यादव ने सेवाएं दी। कैंप में शाखा अध्यक्ष सुरेश शर्मा, योगेश अग्रवाल, श्याम सुंदर महाशय, अमित सिंगला, प्रेम सिंगला, दिनेश जांगड़ा आदि उपस्थित रहे।
 फोटो कैप्शन 06: मरीज की जांच करते हुए डाक्टर

 

कनीना मंडी में व्यापारी से लूटे 3 लाख रुपये 

कनीना मंडी में एक व्यापारी से 3 लाख रुपये लूटे जाने का समाचार है। विस्तृत ब्यौरा आने का इंतजार है

No comments: