श्रीकृष्ण गौशाला में दिया एक लाख रुपये का दान
-गौशाला में किया उनका अभिनंनदन
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। राजकुमार ,राज धर्म कांटा ने अपने लड़का लड़की दोनों की शादी के उपलक्ष्य में गौशाला कनीना में जाकर गौ सेवा की। इस मौके पर नव दंपति रोहित यादव व धर्मपत्नी अन्नू यादव सहित परिजन कलावती देवी, अनिल यादव, राजबाला देवी ने मिलकर गायों को को मीठा खिलाया और श्रीकृष्ण मंदिर में माथा टेका। उसके बाद गौशाला कनीना में एक लाख रुपए का दान भी दिया। साथ में आसपास की गौशालाओं में भी 11000-11000 दान दिया। इस मौके पर प्रधान गौशाला भगत सिंह ने कहा कि गौमाता और कृष्ण भगवान से प्रार्थना करते हैं कि राजकुमार का परिवार फले फूले और इसी प्रकार उन्नति करता रहे ताकि वह गौ माताओं की इसी प्रकार सेवा करते रहे।
उल्लेखनीय है कि कनीना में चल रही गौशाला में गौशाला प्रधान भगत सिंह यादव व उनकी टीम तथा क्षेत्र वासियों की कड़ी मेहनत के कारण श्रीकृष्ण गौशाला कनीना दिन दुगनी रात चौगुनी उन्नति कर रही है। जिसके कारण गौशाला में हजारों गायों की सेवा उनके द्वारा की जा रही है। इसी कड़ी में गौशाला प्रधान भगत सिंह यादव अपने सारे निजी कार्य को छोड़कर गौ सेवा में लगे हुए हैं तथा क्षेत्र के लोगों वह गौशाला में आने वाले को भक्तों को गायों की महिमा के बारे में बताते हैं और उनको गौ सेवा करने की प्रेरणा भी देते हैं। जिसके कारण
सैकड़ों गाये गोद लेने के लिए लोग घरों से चलकर आये हैं। न केवल कनीना अपितु आस पास के गांवों के लोग भी गौशाला में आकर गायों को गोद ले रहे हैं और दान दे रहे हैं। श्रीकृष्ण गौशाला कनीना के प्रधान भगत सिंह यादव ने बताया कि राज सिंह लंबे समय से गौशाला से जुड़े हुए हैं और समय-समय पर निरंतर सहयोग करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि राज सिंह पहले भी चार गायों को गोद ले चुके हैं और गौसेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे प्रेरणादायी कदम दूसरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करते हैं और गौसेवा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर दिलावर सिंह बाबू, रामप्रताप मास्टर, रामपाल, प्रधान बलवान आर्य, सुरजीत नंबरदार करीरा, डॉ. नीरज, डॉ. महेश, नरेंद्र, दीपक, सोनू, सतवीर सिंह]दिलावर बाबूजी ,मास्टर रामप्रताप, रामपाल यादव, सतवीर यादव, मोहन सिंह पूर्व पार्षद, भगत सिंह प्रधान, बलवान आर्य आदि अनेकों गौसेवक मौजूद थे। इस मौके पर राज के परिवार को सम्मानित किया गया।
फोटो कैप्शन 05: गायों की सेवा करता राज परिवार
डा. भीमराव आंबेडकर को किया याद
--जगह जगह मनाया महापरिनिर्वाण दिवस
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर डा. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें पुष्प अर्पित किये।
कनीना उपमंडल के गांव धनौंदा में स्वतंत्रता सेनानी, संविधान निर्माता व भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। बसपा नेता अतरलाल एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डा. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। अध्यक्षता राजेन्द्र सिंह नम्बरदार ने की।
अतरलाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक न्याय के मसीहा तथा भारतीय संविधान के निर्माता थे। उन्होंने अपना सारा जीवन देश की एकता अखंडता के लिए समर्पित किया। असमानता, अन्याय, अभाव के खिलाफ सतत संघर्ष किया। उनका शिक्षा, संगठन और संघर्ष करो का संदेश युगों-युगों तक मानव मात्र को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने समता मूलक और खुशहाल समाज के लिए डा. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को जीवन में धारण करने की अपील की। थानेदार सतपाल, राजेन्द्र सिंह नम्बरदार, सुभाष यादव, रितिक, राजबीर व कैलाश सेठ ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा कानून मंत्री रहते किए गए कार्यों का वर्णन करते हुए उनके शिक्षित बनो, संघर्ष करो और संगठित रहो नारे को युवाओं से अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने देश की एकता, अखंडता तथा संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
फोटो कैप्शन 10: डा. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर नमन करते बसपा कार्यकर्ता।
पेंटिंग प्रतियोगिता व खेलकूद आयोजन
-अव्वल को किया पुरस्कृत
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना मंडी में आज रिलायंस फाउंडेशन के सौजन्य से एक पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों में उत्साह का वातावरण देखते ही बनता था। खेल प्रतियोगिताओं में सुई-धागा दौड़ सहित कई रोचक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
इस प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (लड़के)प्रथम स्थान पर साहिल ,द्वितीय स्थान पर प्रियांशु रहे।
जूनियर वर्ग (लड़कियां)प्रथम स्थान पर मनीषा,द्वितीय स्थान पर ममता रही।
सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान पर अंशिका, द्वितीय स्थान पर कलपी रही। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में
प्रथम स्थान पर भावना (कक्षा 9) द्वितीय स्थान पर ऋषिका (कक्षा 8) तथा तृतीय स्थान पर नायरा (कक्षा 6) ने स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में रिलायंस फाउंडेशन के कम्युनिकेशन प्रभारी मनीष भारद्वाज व अनुपम कुमार, नेटवर्क प्रभारी गगन तथा एचआर- प्रभारी साहिल उपस्थित रहे।
प्रभारी मनीष भारद्वाज ने बताया कि रिलायंस फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने विद्यालय में ब्राडबैंड इंटरनेट की स्थापना करने की घोषणा भी की, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार कौशिक ने अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि विद्यालय में स्मार्ट डिजिटल बोर्ड के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है तथा लैंग्वेज लैब का भी प्रभावी उपयोग हो रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक ओमप्रकाश, हेमंत शर्मा, पवन कुमार, कुलदीप यादव, रेखा यादव, सोमता कुमारी, अंजू यादव, अनीता यादव, शकुंतला यादव, ममता शर्मा ,बीर मति, माया देवी ,महेश कुमार, राकेश कुमार उपस्थित रहे, नरेंद्र कुमार पीटीआई ने निर्णायक की भूमिका निभाई । कार्यक्रम में विद्यार्थियों सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे ।
फोटो कैप्शन 11: अव्वल विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए ।
पेयजल का हो रहा है रिसाव
-दूर दराज तक फैल जाता है जल
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। नहर के साथ-साथ जाने वाले सड़क मार्ग पर जहां बाबा राधे दास के तालाब के पास चौराहा बन रहा है। इस चौराहे के पास ही कुछ कदम आगे पेयजल कई दिनों से रिसाव कर रहा है।
कनीना निवासी सुरेंद्र सिंह, दिनेश कुमार रामपाल, दिनेश आदि ने बताया कि गत दिनों से यह जल रिसाव कर रहा है जिससे न तो पर्याप्त पर जलापूर्ति हो पा रहा है और दूषित पेयजल सप्लाई होने की संभावना बन रही है। इन लोगों ने बताया कि आए दिन दोपहिया वाहन इसमें गिर जाते हैं जिसके लिए एक लाल कपड़ा भी टांग रखा है ताकि दूर से यह दिखाई दे। ग्रामीणों ने बताया कि पहले एक छोटा सा सुराख हुआ था जो धीरे-धीरे बढ़ता ही जा रहा है। इस ओर विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है जिसके चलते जल दूरदराज तक फैल रहा है और सड़क मार्ग के नष्ट होने के होने की संभावना बन गई है। अगर जल्दी समस्या का समाधान नहीं किया तो सड़क मार्ग भी छतिग्रस्त हो जाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी-
इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार से बात हुई उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिल गई है और वे जल्द ही कार्रवाई करेंगे और इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द करवा देंगे ताकि पेयजल खराब न जाए।
फोटो कैप्शन 5: बहता हुआ पेयजल
कनीना में पाला जमना जारी
--गत दिनों से जम रहा है पाला, पड़ रही है कड़ाके की ठंड
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। कनीना क्षेत्र में गत दिनों से हल्का पाला जमता आ रहा है। सुबह सवेरे घास फूस, उपले आदि पर यह पाला जमं हुआ देखा जा सकता है लेकिन अभी इतना पल नहीं पड़ रहा जिससे फसल को कोई नुकसान हो सके। कृषि वैज्ञानिक भी नहीं मानते कि पाले का कोई नुकसान होगा। यदि लगातार पाला पड़ता रहे और मौसम खराब रहे तभी फसल को नुकसान होने का अंदेशा हो सकता है। बहरहाल ठंड सरसों की फसल के लिए बेहतर मानी जा रही है और इस समय जो ठंड पड़ रही हो फसल के लिए भी लाभप्रद है।
फोटो नंबर 01 से 04: उपलों तथा वनस्पतियों पर जमा हुआ पाला
पुलिस ने बरामद की शराब
-वार्ड दस में किरायेदार बेचता था शराब
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर वार्ड 10 में रह रहे किराएदार बलवंत सिंह को अवैध शराब के साथ पकड़ा। नहर के पास खेतों में प्लास्टिक का कट्टा रखकर शराब बेच रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार कर उससे 7 बोतल देशी शराब तथा 23 पव्वा देसी शराब के बरामद किये। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर
-कोहरे में सावधानी बरतने की अपील
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में थाना यातायात प्रबंधक निरीक्षक अनिल कुमार ने अपनी टीम के साथ कनीना और बूचावास टोल प्लाजा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए। सर्दी के मौसम में बढ़ते कोहरे और धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने भारी वाहनों, स्कूल बसों, निजी कारों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों को रोककर उनके आगे और पीछे रिफ्लेक्टर चिपकाए, ताकि अंधेरे या धुंध में ये वाहन दूर से ही दिखाई दे सकें और संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
इस अभियान के दौरान निरीक्षक अनिल कुमार ने केवल रिफ्लेक्टर ही नहीं लगाए, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने चालकों को प्रेरित किया कि वे सड़क पर चलते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और कोहरे के दौरान फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को समझाया कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसों को टाल सकती है।
फोटो कैप्शन 09: पुलिस वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाते हुए
गाड़ी से टक्कर मारकर हत्या के मामले में दो ओर आरोपी पकड़े, डंडे बरामद
--नौताना गांव की घटना
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए थाना सदर कनीना की पुलिस टीम ने दो ओर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान नौताना निवासी सतेंद्र और विशाल के रूप में हुई है। जिनसे पूछताछ में दो डंडे बरामद किए हैं। वारदात को अंजाम देने बाद आरोपी फरार हो गए थे। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने पता लगाया कि आरोपियों की मृतक के लड़के और उसके साथियों के साथ आपस में कहासुनी हो गई थी। जिसको लेकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत प्रभाव से घटनास्थल पर पहुंची और मौके से घटना से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए।
शिकायतकर्ता जोगेन्द्र वासी गांव नौताना ने शिकायत दी कि उसके बड़े भाई सूबे सिंह का लड़का हैप्पी व उसके साथी कुलदीप व नवीन, तीनों दिनांक 28 नवम्बर को करीब 10 रात्रि पर नरेन्द्र के घर के सामने गली में खड़े थे। नीरज, अंकित, सतेन्द्र, विशाल, स्कार्पियो गाडी में आए और आते ही नीरज ने गाड़ी रोककर कुलदीप, नवीन व हैप्पी के साथ डंडे से मार पीट की। इस बारे में उन्हें पता चला तो वह और उसका भाई सूबे सिंह वहां पर गए तो नीरज व उसके साथी वहां से चले गए थे। कुछ समय बाद आरोपी पोता की तरफ से स्कॉर्पियो गाड़ी तेज स्पीड से भगाकर लिए, गाडी को नीरज चला रहा था। जिसने जान से मारने की नीयत से उसके भाई को सीधे टक्कर मारी, जिससे उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
फोटो कैप्शन 07: पकड़े गये दो आरोपी
145 ग्राम अवैध गांजा सहित आरोपी गिरफ्तार
--एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर कनीना में मामला दज
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के दिशा-निर्देशानुसार जिले भर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन हाटस्पाट डामिनेशन चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस द्वारा जुए और नशे के अड्डों को सख्ती से चिह्नित कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सदर कनीना की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तत्परता दिखाते हुए गाव खेड़ी से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसके कब्जे से 145 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस टीम गश्त के दौरान गाँव खेड़ी बस अड्डे पर मौजूद थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि गांव का ही रहने वाला सवाई सिंह अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठकर अवैध गांजा बेच रहा है। सूचना पर टीम ने तुरंत प्रभाव से रेड की, मौके से आरोपी को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से एक पॉलीथिन मिली, जिसमें 145 ग्राम नशीला पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी सवाई सिंह निवासी गांव खेड़ी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर कनीना में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उन्हानी में पुलिस ने चलाया व्यापक जन-जागरूकता अभियान।
--दी सुरक्षा संबंधित जानकारी
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के कुशल नेतृत्व और दिशा-निर्देशों में, महेंद्रगढ़ जिला पुलिस निरंतर एक सुरक्षित और नशा मुक्त समाज की स्थापना के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम ने कनीना उपमंडल के गांव उन्हानी में एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नशा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूक करना था।
नशा एक सामाजिक अभिशाप
नशा मुक्त भारत अभियान की इंचार्ज निरीक्षक शारदा ने ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं को संबोधित करते हुए नशे को समाज के लिए एक नासूर बताया। उन्होंने विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला कर देता है। पुलिस नशा पीडि़तों को मुख्य धारा में वापस लाने के लिए प्रयास कर रही है। यदि आपके परिवार या आस-पास कोई व्यक्ति नशा छोडऩा चाहता है, तो पुलिस उसकी काउंसलिंग और पुनर्वास में पूरी मदद करेगी। इसके अतिरिक्त, जो लोग समाज में नशा फैलाने या बेचने का काम कर रहे हैं, उनकी सूचना हमें निडर होकर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने मानस हेल्पलाइन 1933 के बारे में भी जानकारी दी, जिस पर काल करके नशा मुक्ति के लिए सहायता और परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
नारी शक्ति और सुरक्षा
महिला थाना नारनौल से आई हेड कांस्टेबल शकीला ने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें निडर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 का प्रयोग करें। अकेले में सफर करते समय डायल 112 ट्रिप मॉनिटरिंग का लाभ उठाएं। बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों के लिए पोक्सो एक्ट एक सशक्त कानून है। यदि किसी महिला या बच्ची के साथ कोई अपराध होता है, तो लोक-लाज के डर से उसे छुपाएं नहीं, बल्कि पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं।
सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा
यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात थाना प्रबंधक निरीक्षक अनिल कुमार ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के नियम समझाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क पर जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें। तेज गति से वाहन न चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करना—ये छोटी-छोटी आदतें अमूल्य जीवन को बचा सकती हैं। अभिभावकों से अपील है कि वे कम उम्र के बच्चों को वाहन न दें।
साइबर सुरक्षा और सतर्कता
थाना शहर कनीना की पुलिस टीम ने डिजिटल युग में साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को सचेत किया। टीम ने विस्तार से बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी या बैंक विवरण किसी से साझा न करें और लॉटरी या इनाम के झांसे में न आएं। इसके अलावा, गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें। यदि आपको अपने आस-पास कोई नशा तस्कर या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस आपकी मित्र है और आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
फोटो कैप्शन 08: पुलिस उन्हाणी में जानकारी देते हुए
सचिन कुमार को मिला इंटरनेशनल एजूकेशन आइडल 2025 सम्मान
-मथुरा में दिया गया सम्मान
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। गोपाल किरण समाज सेवी संस्था , दक्षिण एशिया विकास मंच , बृजकला साहित्य अकादमी व जीएलए विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में जीएलए विश्वविद्यालय मथुरा में आयोजित एक कार्यक्रम में कनीना के प्रवक्ता सचिन कुमार को उनके शिक्षा व समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए इंटरनेशनल एजुकेशन आइडल सम्मान 2025 प्रदान किया गया । देश - विदेश से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं , शिक्षाविदों , विचारकों व चिंतकों के बीच देश के ज्वलंत विषयों जैसे भूमंडलीकरण एवं बाजारवाद के दौर में मूल्य-आधारित शिक्षा एवं शिक्षकों की बदलती भूमिका ,भारत मे महिला सशक्तिकरण- प्राचीन काल से आधुनिक काल तक , नई शिक्षा नीति वर्तमान चुनौतियां एवं संभावनाएं व वर्तमान में साहित्य की चुनौतियां और संभावनाएं विषय पर यह गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में पूरे देश से विभिन्न क्षेत्रों में शानदार कार्य कर रहे आईएएस , आईपीएस , आई एफ एस , विश्वविद्यालय के प्रोफेसर व साहित्यकारों ने शिरकत की।
गौरतलब है कि प्रवक्ता सचिन कुमार इससे पहले भी अनेकों मंचों से अपने व्याख्यान दे चुके है तथा रेवाड़ी के नांगल तेजु के माडल संस्कृति विद्यालय में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत है।
फोटो कैप्शन 03: प्रवक्ता सचिन शर्मा को सम्मानित करते हुए।
कोटिया स्कूल में एक भी नियमित शिक्षक नहीं
-30 विद्यार्थी पा रहे हैं शिक्षा , प्रतिनियुक्ति पर आता है एक शिक्षक
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। शहीद हनुमान सिंह राजकीय माध्यमिक विद्यालय कोटिया में वर्तमान में एक भी स्थायी शिक्षक नहीं है। 30 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। एक मुख्य अध्यापक जरूर कार्यरत था जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में बिना शिक्षकों के कैसे पढ़ाई हो?
एसएमसी सदस्य देशराज यादव,करतार सिंह, ओमप्रकाश, राजेंद्र सिंह, रामफल आदि ने बताया कि उनके कोटिया स्कूल में लंबे समय से एक मुख्य अध्यापक कार्यरत था जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो चुका है। अब कोई नियमित शिक्षक विद्यालय में कार्यरत नहीं है। संस्कृत का एक शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार शिक्षा अधिकारियों से शिक्षक भेजने की मांग की है किंतु सब बेकार गया।
अगर शिक्षा अधिकारियों की माने तो उनका कहना है कि एक संस्कृत शिक्षक डेपूट कर रखा है जो कार्यरत सीहोर में है किंतु पढ़ाने के लिए यहां आता है लेकिन वह भी नियमित रूप से नहीं आ पाता। यहां कम से कम से कम यहां तीन शिक्षकों की जरूरत है।
कभी कभार सेवानिवृत्त शिक्षक भी परेशान विद्यार्थियों की समस्या हल करने के लिए विद्यालय में आ जाते हैं। ऐसे में अब बेचारे विद्यार्थी क्या करें? अभिभावक भी अब तो परेशान हो चले हैं। नजदीक दूसरा स्कूल कम से कम 3 किलोमीटर दूर पड़ता है। जहां तक बच्चों को भेजना भी कठिन होता है। एसएमसी पदाधिकारियों ने बताया कि एमआईएस पर मुख्याध्यापक एवं पीटीआई के पद ही खोले हुए हैं बाकी सभी केप्ट रखे हुए हैं।
क्या कहते अधिकारी-
खंड शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह से बात कि तो उनका कहना है कि बार बार उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है किंतु निकट भविष्य में तबादले होने जा रहे हैं जिसमें शिक्षक आ जाएंगे। तब तक एक शिक्षक डेपूट किया हुआ है। सभी पद सृजित करने की भी बात कही गई है। समस्या जल्द ही ठीक होने के आसार है।
फोटो कैप्शन 04: कोटिया स्कूल जहां कोई शिक्षक नहीं
सरसों और गेहूं की कर रहे हैं किसान सिंचाई
-एक बार में 20 किलो यूरिया खाद डालें- डा. अजय
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। कनीना ही नहीं पूरे जिला महेंद्रगढ़ में इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले सरसों की अधिक बिजाई की गई है। जिला महेंद्रगढ़ में 112000 हेक्टेयर पर सरसों उगाई गई है जबकि 29000 हेक्टेयर पर गेहूं की फसल उगाई गई है। इसी क्रम में चना 5000 हेक्टेयर पर वही जौ करीब 125 हेक्टेयर पर उगाया गया है। जहां बरसीम 470 हेक्टेयर पर वहीं करीब 2000 हेक्टेयर पर चारा देने वाली फसले उगाई गई हैं।
इस समय गेहूं और सरसों की फसल बड़ी हो गई है। सर्दी पडऩे से फसलों में आब आ गई है। किसान सूबे सिंह ,कृष्ण कुमार, रवि कुमार, सुनील कुमार आदि ने बताया कि इस समय फसल लहलहाने लगी है। सर्दी कड़ाके की पड़ रही है जिससे फसल में भी आब आ गई है। उन्होंने बताया कि यदि मौसम सही रहा तो अच्छी पैदावार सरसों की मिल पाएगी। विगत वर्ष की तुलना में इस बार सरसों अधिक भूभाग पर उगाई गई है।
कनीना मंडी से रविंद्र बंसल ने बताया कि बार सरसों का एमएससपी 6200 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि गेहूं का एमएसपी 2585 रुपए प्रति क्विंटल रखा गया है। इस बार सरसों के अच्छे भाव मिलने की उम्मीद को लेकर किसानों ने सरसों अधिक उगाई है। गेहूं के मुकाबले जिले में करीब चार गुना अधिक सरसों उगाई गई है। इस समय किसान सिंचाई कर रहे हैं और खेतों में खाद डाल रहे हैं। क्या कहते हैं एसडीओ कृषि विभाग-
एसडीओ कृषि विभाग डा. अजय यादव ने बताया कि किसान पहली सिंचाई गेहूं और सरसों की कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान यूरिया का छिड़काव कर रहे हैं उन्हें एक साथ यूरिया नहीं छिड़कना चाहिए। महज 20 किलो यूरिया एक बार में गेहूं में छिड़के। तत्पश्चात दोबारा से छिड़के। चूंकि यूरिया में नाइट्रोजन होता है जो फसलों को जितना मिल पाता है मिल जाता है बाकी हवा में उड़ जाता है। ऐसे में एक साथ यूरिया का पूरा बैग न डाले। ऐक साथ पूरा बैग छिड़क देने से फसल में कोई विशेष ताकत नहीं आती। उन्होंने कहा कि सरसों में सिंचाई जरूर करें किंतु जहां ढलान हो वहां पानी इक_ा न होने पाए। वरना और रोग होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने का सर्दी से बचने के लिए हल्की सिंचाई करैने पर बल दिया।
फोटो कैप्शन 01: सरसों की फसल और साथ में डा.अजय एसडीओ
सड़क मार्ग को अविलंब किया जाए निर्मित
-आये दिन हो रही हैं दुर्घटनाएं
**************************************************
********************************************************
**************************************************
कनीना की आवाज। बेवल से राताकलां सड़क मार्ग पर लंबे समय से रोड़े तो डाले हुए हैं किंतु तारकोल नहीं डाला गया है जिसके कारण आवागमन में दिक्कत हो रही है। यह करीब 2 किलोमीटर दूरी है। आए दिन छोटी-छोटी दुर्घटनाएं घट रही है।
इस संबंध में इंद्रजीत बेवल, कर्मवीर, देवेंद्र कुमार, मनीष कुमार, मनोज, रवि कुमार आदि ने बताया कि यह सड़क मार्ग मार्केट कमेटी की ओर से निर्मित किया जाना है। ठेकेदार ने इस पर रोड़े डाल दिए हैं किंतु डामर नहीं डाला है जिसके चलते पैदल चलना भी कठिन हो गया है। लोगों ने मांग की है कि अविलंब इस सड़क मार्ग की शुद्ध ली जाए और इस पर डामर डाला जाए ताकि कई गांव के लोगों को लाभ मिल सके।
इस समय में कनीना मार्केट कमेटी के सचिव अजीत कुमार से बात हुई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ठेकेदार को और उच्च अधिकारियों को पत्र प्रेषित करेंगे और इस समस्या का जल्द ही समाधान किया जाएगा।
फोटो कैप्शन 02: सड़क जिस पर पड़े हैं रोड़े, डामर नहीं



















No comments:
Post a Comment